Home Blog Page 2012

50 माईक्रोन से पतली पॉलीथिन के विक्रेता एवं उत्पादक के विरूद्ध होगी दण्डात्मक कार्यवाही । MP NEWS

भोपाल । प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री संजय दुबे ने सभी कलेक्टर्स, नगर निगम आयुक्तों और मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को सिंगल यूज प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए जागरूकता अभियान चलाकर आमजन में इसके उपयोग को कम करने के लिए प्रेरित करने के निर्देश दिये हैं।

उन्होंने कहा है कि अपशिष्ट प्लास्टिक नियम-2016 के नियम के अंतर्गत 50 माईक्रोन से पतली पॉलीथिन के विरूद्ध प्रतिबंधित कार्यवाही के प्रावधान है। श्री दुबे ने तदनुसार कार्यवाही के निर्देश दिये हैं।

प्रमुख सचिव ने कहा है कि कुछ नगरीय निकायों में सिंगल यूज डिस्पोजल सामग्री एवं सभी प्रकार के 50 माईक्रोन से अधिक मोटी प्लास्टिक के विक्रेताओं एवं उत्पादकों के विरूद्ध दण्डात्मक कार्यवाही की जा रही है, जो अनुचित है।

उन्होंने कहा है कि प्लास्टिक अपशिष्ट के विरूद्ध जन-जागरूकता के माध्यम से इसके उपयोग को कम करना ही अभियान का मुख्य उद्देश्य है।

पंचायतों की मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 16 दिसम्बर को

सिवनी : राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा पंचायतों के निर्वाचन के लिए एक जनवरी 2019 की संदर्भ तारीख के आधार पर पंचायतों की फोटोयुक्त मतदाता सूची के वार्षिक पुनरीक्षण के लिए संशोधित कार्यक्रम जारी किया गया है।

उल्लेखनीय है कि पंचायतों के परिसीमन की कार्यवाही के कारण मतदाता सूची में पुनरीक्षण की प्रक्रिया स्थगित कर दी गई थी। फोटोयुक्त अंतिम मतदाता सूची का अंतिम प्रकाशन 16 दिसम्बर 2019 को होगा।

सचिव राज्य निर्वाचन आयोग श्रीमती सुनीता त्रिपाठी ने जानकारी दी है कि फोटोयुक्त प्रारूप मतदाता सूची का ग्राम पंचायत एवं अन्य विहित स्थानों पर सार्वजनिक प्रकाशन 13 नवम्बर को होगा।

स्टैडिंग कमेटी की बैठक 13 से 18 नवम्बर के बीच होगी। प्रारूप मतदाता सूची पर 13 से 21 नवम्बर तक दावा/आपत्ति प्राप्त की जायेगी। दावे/आपत्ति का निराकरण 27 नवम्बर तक होगा।

सारी रात जगमगाया सिवनी शहर , सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब

अभिषेक बघेल, सिवनी । सिवनी का ऐतिहासिक दशहरा देश-दुनिया में प्रसिद्ध है। दूर-दूर से लोग जुटते हैं। सैकड़ों पंडाल और मंदिरों की आभा देखते बनती है। रोशनी से नहाती गलियों और सड़कों पर रातभर दर्शनार्थियों का मेला, चप्पा-चप्पा चमकता है और शहर मानो जीवंत हो उठता है। नवरात्र के आखिरी तीन दिनोंं, विशेषकर दशहरे के दिन दुर्गोत्सव का उत्साह चरम पर पहुंच जाता है। श्रद्धा, आस्था और उत्सव के चटख रंग अमिट छाप छोड़ते हैं। सिवनी की सभ्यता, संस्कृति और विरासत के कारण इसे संस्कारधानी के नाम से भी जाना जाता है। मध्य प्रदेश के सिवनी शहर में ऐसी कई बातें हैं, जो इसे एक अलग ही पहचान देती हैं। उत्सव और त्योहारों को मनाने का इस शहर का तरीका भी इसे खास पहचान देता है।

छोटा-बड़ा हर त्योहार यहां पूरे उत्साह और अनूठी भव्यता से मनाया जाता है। मानो पूरा शहर साथ मिलकर उत्सव मना रहा हो। घरों से लेकर गली-मुहल्लों और बाजारों तक, उत्सव का यह उत्साह हर ओर दिखाई देता है। पंडालों का गढ़ने का काम नवरात्र के आगमन से करीब 20-25 दिन पहले से शुरू हो जाता है। दूर-दूर से कारीगर बुलाए जाते हैं। पंडालों पर लाखों रुपये खर्च होते हैं। लेकिन इनकी चमक-धमक और शोभा श्रद्धालुओं को मोहित कर देती है। इसके अलावा नवरात्र भर मंदिरों, गली-मुहल्लों और पंडालों में भंडारों का आयोजन चलता रहता है।

जानकारों की माने तो सिवनी जिले एवं आस पास के ग्रामीण इलाको सहित अलग-अलग पंडालों में 2000 से अधिक दुर्गा प्रतिमाएं स्थापित की जाती हैं। इनमें से बहुत से पंडालों को किसी न किसी सामाजिक संदेश की थीम पर सजाया जाता है।

दरअसल, यह मंदिरों का शहर है। अनेक प्राचीन मंदिर यहां मौजूद हैं। इनमें देवी मंदिरों की संख्या अधिक है। इसी तरह सिवनी जिले में जिले के एवं बहार से आये हुए लोगो का मन मोहने के लिए सिवनी में गरबा और डांडिया का आयोजन भी बड़े पैमाने पर होता है।

दशहरे पर शाम से लेकर भोर तक चल समारोह आयोजित होता है। पूरे शहर में भव्य तरीके से बड़े चल समारोह निकलते हैं, जिसमें दुर्गा प्रतिमाओं को क्रमवार झांकियों के रूप में रख शोभायात्रा निकाली जाती है। हर झांकी अलग-अलग थीम पर केंद्रित होती है। सुंदर साजसज्जा और बैंड की सुमधुर धुनों के बीच श्रद्धालु गाते-नाचते हुए चलते हैं।

दूर-दूर से पहुंचे लोग जुलूस देखने के लिए सड़कों के दोनों किनारों पर एकत्र हो जाते हैं। रातभर यह चहल-पहल रहती है। जगह-जगह चाय-पान और फलाहार के स्टॉल भी लगते हैं। पूरी रात उत्सव चलता है और करीब-करीब भोर होते तक लोग घरों को लौटते हैं। मूर्तियों को विसर्जन के लिए बनाए गए विशेष जलकुंडों तक ले जाना का क्रम दूसरे दिन तक चलता रहता है।

आतिशबाजी के साथ हुआ रावण दहन

सिवनी। मुख्यालय सहित जिले में मंगलवार को असत्य पर जीत का प्रतीक दशहरा पर्व हर्षोल्लास से मनाया गया । मुख्यालय के दशहरा मैदान में जहां 35 फिट ऊंचा रावण के साथ मेघनाथ और कुंभकरण का पुतला दहन हुआ, वहीं जिले में भी रावण दहन किया गया । मुख्यालय में होने वाले दशहरा समारोह में बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर हुई महाआरती, वृंदावन के कलाकारों द्वारा आध्यात्मिक सांस्कृतिक कार्यक्रम के तहत नृत्य नाटिका सत्यभामा का अहंकार का मंचन और रंगबिरंगी आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र बनी ।

रामदल समिति द्वारा म्युनिसपिल (दशहरा) मैदान में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे । दशहरा मैदान में श्रद्घालुओं व महिलाओं व बधाों के बैठने के लिए विशेष व्यवस्था रही । दोनों प्रवेश द्वार सहित पूरे मैदान में सीसी टीव्ही कैमरे लगाए गए थे । बड़ी-बड़ी टीव्ही स्क्रीनों में माध्यम से कार्यक्रम का सीधा प्रसारण भी किया गया ।

पांच वैदिक ब्राम्हणों द्वारा की गयी महाआरती – रामदल के संरक्षक मंडल व सदस्यों द्वारा दीप प्रज्जवलन के बाद बनारस की गंगा आरती की तर्ज पर ग्वारीघाट में मां नर्मदा की नित्य महाआरती करने वाले पांच वैदिक ब्राह्मणों द्वारा मर्यादा पुरुषोत्तम श्री राम प्रभु की पूजा अर्चना की जाकर महाआरती की गयी ।

वृंदावन के कलाकार की प्रस्तुति – वृंदावन के कलाकारों द्वारा सत्यभामा का अहंकार नृत्य नाटिका का मंचन हुआ । इसमें भगवान श्री कृष्ण देवी रूकमणी द्वारा सत्यभामा का अहंकार को भक्ति द्वारा खत्म किए जाने का प्रदर्शन किया गया ।

नागपुर के कलाकारों ने बनाया रावण का पुतला – नागपुर के कलाकारों द्वारा बुराई के प्रतीक दशानन रावण का पुतला 35 फिट ऊंचा निर्मित किया गया है जिसे रंगबिरंगी आतिशबाजी के साथ श्री राम लक्ष्मण के अग्नि बाणों से रात 9ः30 बजे दहन किया गया । नगर के ब्राह्मण द्वय आचार्य ओम दीक्षितृ गणेश दीक्षित श्री राम लक्ष्मण के स्वरूप में व हनुमान के स्वरूप पं यश चौबे विराजित रहे ।

दशहरा पर्व पर शुक्रवारी गांधी चौक से व्यायामशालाओं की अगुवानी में निकलने वाली देवी प्रतिमाओं की शोभा यात्रा का हिस्सा बनते हुए श्री राम दल की विजय यात्रा में संपूर्ण रामदल व प्रभु श्री राम, श्री लक्ष्मण व महाबली हनुमान आकर्षक रथ में सवार होकर नगर भ्रमण के लिए निकले ।

सिवनी में क्रेन के माध्यम से होगा दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन

सिवनी : नवरात्र पर्व के अवसर पर नगर के विभिन्न स्थानों पर माँ दुर्गा की प्रतिमाओं की स्थापना हुई है. आज 8 अक्टूबर को विजय पर्व दशहरा का चल समारोह शाम 6 बजे से आरभ होगा जहा दशहरा मैदान बस स्टैंड में रामदल समिति द्वारा आयोजित वीभन्न आयोजनों के बाद 35 फिट ऊँचे रावण का दहन व् आतिशबाजी होगी।

चल समारोह में शामिल प्रतिमाएं देर रात्रि दलसागर , मठ तालाब एवं माँ वेंनगंगा लखनवाड़ा घाट में विसर्जित होगी. जिला कलेक्टर प्रवीण सिंह से मिली जानकारी के अनुसार इस वर्ष प्रयोग के तौर पर दलसागर तालाब में मूर्तियों का विसर्जन क्रेन के माध्यम से होगा ताकि गहरे पानी में कोई दुर्गघटना या जन हानि ना हो पाए।

अगले वर्ष ऊक्त व्यवस्था जिले के अन्य प्रमुख मूर्ति विसर्जन स्थलों पर जिला प्रशासन के निर्देश अनुसार् की जायेगी ताकि कोई जन हानि ना हो।

भाईयों को बचाने पानी में कूदी बहन, तीनों की जलसमाधि!

ठेकेदार ने मुरम निकालने के लिये खोदा था गड्ढा!

कान्हीवाड़ा । कान्हीवाड़ा थाना सीमा के भट्टेखारी गाँव में सोमवार की दोपहर को पानी से भरे गड्ढे में डूब जाने के कारण तीन बच्चों की मौत हो गयी। मृतक दो सगे भाईयों के तीन बच्चे हैं। घटना के बाद पुलिस ने तीनों शवों को पीएम के लिये भेज दिया।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि डिल्ली मर्सकोले का पाँच साल का बेटा अमित अपने चाचा हेमराज के पुत्र सुधीर (05) व उसकी बहन संजना (14) के साथ मवेशी लेकर खेत जा रहे थे। इस बीच अमित और सुधीर पैरों में लगे कीचड़ को साफ करने के लिये, समीप ही स्थित एक बड़े गड्ढे की ओर चले गये जिसमें पानी भरा हुआ था। यहाँ दोनों का पैर फिसल गया और वे पानी में डूबने लगे।

सूत्रों ने बताया कि उनको बचाने के लिये संजना ने पानी में छलांग लगा दी लेकिन तीनों की मौत हो गयी। काफी देर तक उनके न आने पर परिजनो ने तलाश की जिसके बाद तीनों के शव पानी में उतराते हुए मिले। यह हादसा जिस स्थान पर हुआ वहाँ से सड़क निर्माण के लिये मुरम निकाली गयी थी जिसके कारण उक्त स्थान पर एक बड़ा जानलेवा गड्ढा निर्मित हो गया। इस गड्ढे में बारिश का पानी भर गया था।

गाँव में पसरा मातम :
घटना के बाद पूरे गाँव में मातम पसर गया। तीन बच्चों की मौत की खबर पर हर कोई स्तब्ध है। इधर परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। हेमराज मर्सकोले की दो ही संतान सुधीर और संजना थीं, जबकि डिल्ली के दो पुत्र थे जिसमें से अमित ने इस हादसे में दम तोड़ दिया है।

ठेकेदार ने खोदा था गड्ढा :
प्राप्त जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत जावना से भट्टेखारी गाँव तक सड़क का निर्माण किया गया था। यहाँ पर ठेकेदार ने गाँव के ही एक किसान के खेत से मिट्टी मुरम निकालने के लिये खुदाई की थी जिसके कारण वहाँ एक बड़ा गड्ढा निर्मित हो गया था। बारिश का पानी उस गड्ढे में भर गया जहाँ तीनों बच्चों की मौत हो गयी। घटना के बाद लोगों ने ठेकेदार पर एफआईआर दर्ज कर उसे गिरफ्तार करने की माँग की है।

ससुराल में फांसी पर झूला युवक!

सिवनी । उगली थाना क्षेत्र में एक युवक का शव उसकी ही ससुराल में फांसी के फंदे पर लटकता मिला है।

पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि ग्राम बटवा निवासी पवन (24) पिता रूपचंद भलावी बीती चार तारीख को ग्राम बाकल स्थित अपनी ससुराल गया हुआ था जहाँ वह लगभग दो दिन रहा। बताया जाता है कि इसी दौरान उसकी बहस, उसी की पत्नि के साथ बीती रात हो गयी। पुलिस सूत्रों ने बताया कि इसके बाद सोमवार 07 अक्टूबर को पवन का शव फांसी के फंदे पर झूलता हुआ दिखायी देने पर ससुराल वालों ने इसकी सूचना पुलिस को दी।

मौके पर पहुँचकर पुलिस ने शव को फांसी के फंदे से नीचे उतरवाया और सभी आवश्यक कार्यवाही करने के बाद पोस्ट मार्टम के लिये भिजवा दिया। पोस्ट मार्टम के उपरांत मृतक के शव को उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

महिला ने खुद को लगायी आग!

सिवनी । एक महिला को आग से झुलस जाने के कारण धनौरा स्थित स्वास्थ्य केन्द्र में दाखिल करवाया गया है।

पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार धनौरा थाना क्षेत्र के ग्राम आमानाला निवासी हिरोंदा बाई (60) पति राम प्रसाद अहिरवार मानसिक रूप से अस्वस्थ्य हैं। बताया जाता है कि हिरोंदा बाई के परिजन जब अन्यत्र गये हुए थे तभी सूना घर देखकर उन्होेंने खुद को आग के हवाले कर दिया।

इस घटना की सूचना जब हिरोंदा बाई के परिवार के सदस्य ग्राम भसूड़ा पिपरिया निवासी मोहन अहिरवार को मिली और वे हिरोंदा बाई का हालचाल जानने के लिये जा रहे थे तभी मोहन अहिरवार भी सड़क दुर्घटना में घायल हो गये। आग से झुलसीं हिरोंदा बाई और सड़क दुर्घटना में घायल हुए मोहन अहिरवार का उपचार धनौरा स्थित स्वास्थ्य केन्द्र मेें किया जा रहा है।

तलवार चमका रहा तत्व धराया

सिवनी । सिवनी के गणेश चौक क्षेत्र में तलवार लेकर लोगों को डरा धमका रहा एक शख्स, पुलिस के द्वारा दबोच लिया गया। पुलिस को सूचना प्राप्त हुई थी कि गणेश चौक के समीप एक युवक तलवार लेकर आने – जाने वाले लोगों को डरा धमका रहा है।

सूचना पाकर पुलिस तत्काल मौके पर पहुँच गयी और अकबर वार्ड निवासी बबलू उर्फ फिरदौस (30) पिता अब्दुल रशीद खान को तलवार सहित अपनी गिरफ्त में ले लिया। आरोपी के विरूद्ध पुलिस के द्वारा 25 आर्म्स एक्ट के तहत कार्यवाही की गयी है।

सड़़क दुर्घटना में 4 की मौत, 3 गंभीर | SEONI ACCIDENT

सिवनी । जिला मुख्यालय से जबलपुर की ओर जाने वाले मार्ग में घुनई घाटी के समीप आज सुबह लगभग 10 बजे हुई वाहन दुर्घटना में 4 लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई तथा इस घटना में 3 लोगों के घायल होने के समाचार हैं।

मिली जानकारी के अनुसार आज प्रात: अर्टिका कार में सवार होकर 7 लोग जबलपुर पनागर की ओर रवाना हुये थे वहीं छपारा व लखनादौन के बीच घुनई घाटी में विपरीत दिशा से आ रहा ट्रक एकाएक कार से जा भिड़ा।

इस घटना में शकीला बी पति शेख शाकिर उम्र 50 वर्ष, हसीना बी पति शेख रियाज 40 वर्ष, शाहिना बी पिता शेख शाकिर उम्र 20 वर्ष तीनों ग्राम भीमगढ़ निवासी तथा अख्तर पिता मजिद खान उम्र 40 वर्ष निवासी ग्राम छपारा की घटनास्थल पर ही मौत हो गई है।

इस वाहन दुर्घटना में शेख शाबिर पिता शेख स्वालिन उम्र 55 वर्ष, शेख शाकीर पिता शेख स्वालिन उम्र 50 वर्ष दोनों ग्राम भीमगढ़ निवासी एवं वकीला बी 45 वर्षीय ग्राम पलारी निवासी गंभीर रूप से घायल हो गये, जिन्हें इलाज हेतु 108 वाहन की मदद से जिला चिकित्सालय सिवनी में भर्ती कराया गया है।

चिकित्सकों ने शेख शाबिर एवं वकीला बी की गंभीर स्थिति देखते हुए उन्हें नागपुर रैफर कर दिया है। जिला मुख्यालय सिवनी में चारों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम किया जाकर शव परिजनों को सौंप दिये गये हैं।