Home Blog Page 2130

बाईक सवार माँ की गोद से गिरकर घायल हुआ मासूम

सिवनी । बण्डोल के समीप घटित एक सड़क हादसे में एक मासूम बच्चा अपनी माँ की गोद से गिरकर घायल हो गया जिसे जिला चिकित्सालय में उपचारार्थ दाखिल करवाया गया है।

दुर्घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि बण्डोल थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम मुंगवानी नवासी इंद्र कुमार इनवाती सोमवार 03 दिसंबर को अपनी पत्नि के साथ बाईक पर सवार होकर छपारा की दिशा में जा रहे थे। इस दौरान उनका दो वर्षीय पुत्र कार्तिक भी अपनी माँ की गोद में बैठा हुआ था।

बताया जाता है कि इसी सफर के दौरान रास्ते में बन गये एक गड्ढे में इनका वाहन असंतुलित हो गया जिसके चलते माँ की गोद में बैठा कार्तिक अपनी माँ की गोद से छिटककर सड़क पर जा गिरा। घायल कार्तिक को तत्काल जिला चिकित्सालय सिवनी ले जाकर भर्त्ती करवाया गया जहाँ उसका उपचार किया जा रहा है।

शराब के नशे में बाईक चालक ने मारी टक्कर

सिवनी । नशे में धुत्त होकर दो पहिया वाहन चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन का चालन करते हुए एक युवक को टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस दुर्घटना में युवक और बाईक चालक दोनों घायल हो गये।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनवाड़ा थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम भण्डारपुर निवासी इंद्रमणि (32) पिता विमल सनोडिया सोमवार 03 दिसंबर को सिवनी आये हुए थे जहाँ उसने छककर मदिरा का सेवन किया।

बताया जाता है कि नशे में धुत्त होने के बाद जब इंद्रमणि बाईक की सवारी गांठ रहा था तभी उसने मंगलीपेठ निवासी नरेन्द्र (42) पिता राजाराम को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में नरेन्द्र के साथ ही साथ बाईक चालक इंद्रमणि भी घायल हो गया। दोनों घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्त्ती करवाया गया जहाँ उनका उपचार किया जा रहा है।

सूअर से टकरायी बाईक

सिवनी । सिवनी शहर ही नहीं अपितु संपूर्ण सिवनी जिले की सड़कों पर आवारा घूम रहे मवेशी सड़क दुर्घटनाओं का लगातार कारण बन रहे हैं लेकिन इन आवारा मवेशियों को सड़क से खदेड़ने की कोई मुहिम न चलाये जाने के कारण वाहन चालकों के जीवन को खतरे में स्पष्ट महसूस किया जाता है।

आवारा मवेशी के कारण लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में घटित एक सड़क हादसे में एक शख्स घायल हो गया। प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनवाड़ा थाना अंतर्गत आने वाले ग्राम थरेली निवासी रूकम सिंह (55) पिता दिमाग चंद सनोडिया के कोई परिचित सोमवार 03 दिसंबर को सिवनी आ रहे थे जिसे लेने के लिये वे बाईक पर सवार होकर अपने घर से रवाना हुए।

बताया जाता है कि घर से निकलने के बाद कुछ ही दूरी पर एक सूअर उनकी बाईक के सामने अचानक आ गया जिससे वे टकराकर नीचे गिर गये। इस दुर्घटना में रूकम सिंह गंभीर रूप से घायल हो गये जिन्हें तत्काल जिला चिकित्साल सिवनी पहुँचाया गया। जिला चिकित्सालय में प्राथमिक उपचार के उपरांत रूकम सिंह की गंभीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सक के द्वारा उन्हें नागपुर रेफर कर दिया गया।

बेहोशी की अवस्था में भर्त्ती किये गये युवक की मौत

सिवनी । बेहोशी की अवस्था में जिला चिकित्सालय पहुँचाये गये एक युवक की मौत उपचार के दौरान हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार लखनवाड़ा थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैरीकला निवासी लूटन (45) पिता तुलाराम सनोडिया का स्वास्थ्य रविवार 02 दिसंबर को अचानक खराब हुआ जिसके चलते परिजनों के द्वारा उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी ले जाकर उपचारार्थ भर्त्ती करवाया गया।

जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान ही लूटन की मौत हो गयी। मृतक के शव का पोस्ट मार्टम करवाये जाने के उपरांत उसे परिजनों को सौंप दिया गया। लूटन की मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसके कारणों का खुलासा फिलहाल नहीं हो सका है।

घायल अवस्था में मिले शख्स की मौत

सिवनी । मड़ई में शामिल होने गया शख्स जब वापस नहीं लौटा तब तलाशी के दौरान वह घायल अवस्था में बेहोश पाया गया जिसकी बाद में मौत हो गयी।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार अरी थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम जमुनिया निवासी गणेश (48) पिता गनाराम मर्सकोले गत दिनों एक मड़ई में शामिल होने के लिये गये हुए थे जहाँ से वापस अपने घर नहीं लौटे थे। ऐसी स्थिति में गणेश के परिजनों ने जब उनकी तलाश आरंभ की तब वे रविवार और सोमवार की दरमियानी रात जंगल में बेहोशी की अवस्था में पाये गये।

घायल गणेश को सोमवार 03 दिसंबर की सुबह लगभग 04 बजे आनन फानन में जिला चिकित्सालय ले जाकर भर्त्ती करवाया गया। जिला चिकित्सालय में गणेश की गंभीर अवस्था को देखते हुए चिकित्सक ने उन्हें नागपुर रेफर कर दिया। बताया जाता है कि गणेश को जब नागपुर ले जाया जा रहा था उसी दौरान रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया। परिजनों का आरोप है कि गणेश के साथ मारपीट की गयी थी। बहरहाल पुलिस मामले की जाँच में जुटी हुई है।

कीटनाशक दवा का सेवन

सिवनी । डूण्डा सिवनी थाना क्षेत्र के एक गाँव में युवती के द्वारा कीटनाशक दवा का सेवन किये जाने के कारण उसे जिला चिकित्सालय में दाखिल करवाया गया है। प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम कोहका निवासी 18 वर्षीय एक युवती ने अज्ञात कारणों के चलते कीटनाशक दवा का सेवन कर लिया। युवती को उपचारार्थ जिला चिकित्सालय में दाखिल करवा दिया गया है, जहाँ उसका उपचार किया जा रहा है।

नशे की हालत में छत से गिरा

सिवनी // कान्हीवाड़ा थाना क्षेत्र के एक गाँव में नशे की हालत में छत पर घूम रहा एक युवक छत से नीचे गिरकर घायल हो गया। पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम हिनौतिया निवासी रोहित (24) पिता बलराम विश्वकर्मा सोमवार 03 दिसंबर को नशे में धुत्त होने के बाद जब छत पर टहल रहा था, उसी दौरान संतुलन बिगड़ जाने के कारण वह छत से नीचे गिरकर घायल हो गया। घायल रोहित को उपचारार्थ जिला चिकित्सालय में दाखिल करवा दिया गया है जहाँ उसका उपचार किया जा रहा है।

दो लोगों पर बके से किया हमला

सिवनी । बण्डोल थाना सीमा के सागर गाँव में एक चिकिन दुकान संचालक ने दो लोगों पर माँस काटने के धारदार हथियार से हमला कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल जिला अस्पताल में भर्त्ती करवाया गया। यहाँ उनकी स्थिति को देखते हुए उन्हें नागपुर रेफर कर दिया गया है।

पुलिस ने आरोपियों पर धारा 307 का मामला दर्ज कर लिया है। फिलहाल आरोपी फरार है। बण्डोल थाना सूत्रोें ने बताया कि नटकंटिया टोला निवासी रेवाराम सनोडिया अपने भांजे राजेश सनोडिया के साथ सागर गाँव गये थे। इसी दौरान वाहन खराब होने पर उसका सुधार कार्य रेवाराम करवा रहे थे।

सूत्रों ने बताया कि इस बीच राजेश पास ही स्थित चिकन व अण्डे की दुकान पर जा पहुँचे और खरीदी को लेकर महिला दुकानदार से बात करने लगे। इसी बीच महिला का पति मोनू रंगारे वहाँ पहुँच गया और राजेश से कहने लगा कि वह उनकी पत्नि से बात क्यों कर रहे हैं।

सूत्रों ने बताया कि इसी बात को लेकर विवाद बढ़ा और मोनू ने चिकन काटने के हथियार से राजेश पर हमला कर दिया। इस बीच रेवाराम भी वहाँ पहुँच गये और उन पर भी मोनू ने हमला कर दिया। घायलों को जिला अस्पताल लाया गया। पुलिस ने मोनू पर मामला दर्ज किया है।

दुकान में आकर नाबालिग बालिका से छेड़खानी करने वाले आरोपी गिरफ्तार

सिवनी // नगर के एक व्यस्ततम बाजार में कपड़े की दुकान में दिनांक 29 नवंबर 2018 को रात करीब 9 बजे दो लड़कों ने पहुंचकर पूछा कि गले में पहनने की चेन है क्या? दुकानदार ने बोला कि यहां कपड़े मिलते हैं चेन नहीं , तभी उसमें से एक लड़के द्वारा अश्लील इशारा करते हुए दुकानदार की मौजूद नाबालिक लड़की से छेड़खानी की जो दुकानदार द्वारा फटकारे जाने पर दोनों लड़के भाग गए और अगले दिन छेड़खानी वाला लड़का अपने बड़े भाई के साथ आया और दुकानदार को पुलिस में रिपोर्ट करने पर मारने की धमकी देने लगा जो परेशान होकर दुकानदार ने थाना कोतवाली में उक्त अज्ञात लड़कों के विरुद्ध की रिपोर्ट करने पर धारा 354(क) , 452 , 506, 34 एवं 7/8 पाक्सो में प्रकरण दर्ज किया गया।

टीआई कोतवाली अरविंद जैन के नेतृत्व में महिला उपनिरीक्षक नीलू उइके , प्रधान आरक्षक संजय आरक्षक बालमुकुंद एवं नितेश ने लड़कों के हुलिए और सीसीटीवी कैमरों की मदद से तीनों लोगों को गिरफ्तार किया , गिरफ्तार किए गए तीन लड़को ने से दो लड़के नाबालिक हैं एवं तीसरा आरोपी सोहेल खान पिता लतीफ खान उम्र करीब 20 साल घसियारी मोहल्ला सिवनी का रहने वाला है ।

पकड़े गए दोनों नाबालिग लोगों में से एक वारासिवनी जिला बालाघाट का रहने वाला है जिसने पुलिस को पूछताछ में बताया कि उसकी दोस्ती यहां रहने वाला वाले लड़के से किशोर जेल में हुई थी जो घटना वारदात के समय दोनों साथ में बाजार में घूम रहे थे।

सायक्लोन को लेकर आयोजकों ने की तैयारी प्रारंभ

सिवनी । विगत कुछ वर्षों से जिला मुख्यालय सिवनी में दैनिक जीवन में स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण के लिये साइकिल का उपयोग करने के लिये सायक्लोन साइकिल रैली का आयोजन किया जा रहा है।

वर्ष 2019 में भी सायक्लोन साइकिल रैली के लिये आयोजकों द्वारा तैयारियां प्रारंभ कर दी गई है। नगर में सुबह-शाम लोगों को साइकिल से आते-जाते देखा जा सकता है, अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता लाने के लिये सायक्लोन साइकिल रैली में बच्चे, युवा और बुजुर्ग शामिल होते है।

उक्त साइकिल रैली का मुख्य उद्देश्य साइकिल को अपने दैनिक जीवन में उपयोग करने, स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ एवं अन्य सामाजिक समस्याओं को लेकर जागरूकता फैलाना है।