Home Blog Page 2129

सिवनी कलेक्टर और राजनैतिक दलों की बैठक

सिवनी (खबर सत्ता ) // विधानसभा निर्वाचन 2018 अंतर्गत आगामी 11 दिसंबर को होने वाली मतगणना को लेकर आज 5 दिसंबर को जिला निर्वाचन एवं कलेक्टर श्री गोपालचंद डाड की अध्यक्षता में राजनैतिक दलों की बैठक का आयोजन किया गया। जिसमें सभी राजनैतिक दलों के प्रत्याशियों एवं प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही । बैठक में जिला निर्वाचन अधिकारी श्री गोपालचंद डाड द्वारा सभी राजनैतिक दलों के प्रतिनिधियों को 11 दिसंबर को जिले की चारो विधानसभा की मतगणना कार्यवाही की जानकारी दी गई।

उन्होंने बताया कि जिला मुख्यालय के पॉलिटेक्निक कॉलेज परिसर में चारो विधानसभा क्षेत्रों का मतगणना कार्य प्रात: 8 बजे से प्रारंभ होगा। जिसमें विधानसभा क्षेत्र बरघाट की मतगणना कक्ष क्रमांक 32 में, विधानसभा क्षेत्र सिवनी की मतगणना कक्ष क्रमांक 31 में, विधानसभा क्षेत्र लखनादौन की मतगणना कक्ष क्रमांक 5 में राउंडवार 14 -14 ईव्हीएम के अनुपात में किया जायेगा। इसी तरह केवलारी विधानसभा क्षेत्र की मतगणना कक्ष क्रमांक 41 एवं 42 में राउंडवार 7 – 7 ईव्हीएम के अनुपात में की जाएगी|

विधानसभावार डाक मतपत्रों की गिनती पृथक कक्ष में की जायेगी | जिसमें बरघाट विधानसभा के डाकमत पत्रों की गिनती कक्ष क्रमांक 34 में, सिवनी विधानसभा के डाकमत पत्रों की गिनती कक्ष क्रमांक 55 में, केवलारी विधानसभा के डाकमत पत्रों की गिनती कक्ष क्रमांक 40 में तथा लखनादौन विधानसभा के डाकमत पत्रों की गिनती कक्ष क्रमांक 8 में की जायेगी । मतगणना करने वाले कर्मचारियों की नियुक्ति भी निर्वाचन आयोग द्वारा नियुक्त प्रेक्षकों के समक्ष रेण्डमाइजेशन के उपरांत की जाएगी |

उन्होंने बताया कि अभ्यर्थी द्वारा नियुक्त प्रत्येक मतगणना एजेंट को निर्वाचन कार्यालय द्वारा जारी पहचान पत्र दिखाने पर ही प्रवेश दिया जायेगा | मोबाइल फोन के साथ ही अन्य सभी इलेक्ट्रोनिक सामग्री पूर्णतः प्रतिबंधित रहेगी | तथा जुलूस / रैली प्राधिकृत अधिकारी की अनुमति उपरांत ही आयोजित की जाएगी |

प्लास्टिक का कचरा जलाने वालों पर हो कार्यवाही- सेवा अभियान

सिवनी। नगर पालिका क्षेत्र सिवनी में विगत कुछ माह से सफाई कर्मियों द्वारा लगभग सभी वार्डों में एकत्र किये गये कचरे को जलाने का कार्य किया जा रहा है जो ना केवल पूर्णत: अवैधानिक है बल्कि इससे नगर में वायु प्रदूषण भी बढऩे की आशंका है, वहीं चिकित्सा विज्ञों की माने तो प्लास्टिक व पॉलीथीन जलाने से कैंसर जैसी बीमारी भी हो सकती है। इस संबंध में माँ वैनगंगा सेवा अभियान लखनवाड़ा द्वारा इस मामले में एक पत्र जिला कलेक्टर गोपाल चंद्र डाड को लिखा गया है।

पत्र में अनुरोध किया गया है कि म.प्र. प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के नियमों का नपा सिवनी द्वारा पालन नहीं किया जा रहा है। प्रावधानों में स्पष्ट है कि किसी भी मानक की प्लास्टिक एवं पॉलीथिन बैगों को जलाया नहीं जा सकता, लेकिन पालिका के सफाई कर्मी अपने कत्र्तव्यों का पालन करने की बजाय एकत्रित कचरे को जलाकर ऐसी गैसों को वायु मंडल में शामिल कर रहे है जो श्वास संबंधी घातक रोगों को जन्म दे सकती है।

मांग की गई है कि प्लास्टिक सहित कचरा जलाने वाले नपा सिवनी के सफाई कर्मियों एवं नागरिकों के खिलाफ वैधानिक कार्यवाही की जाये ताकि कटते जंगलों के बाद पहले से ही सिवनी के तापमान में बढ़ोत्तरी को रोका जा सके।

एसीएबीसी प्रशिक्षण हेतु कृषि विषय के युवाओं से आवेदन आमंत्रित

सिवनी । नोडल अधिकारी सेडमैप – मैनेज एन.टी.आई शरद कुमार मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि केन्द्रीय कृषि एवं कृषक कल्याण मंत्रालय भारत सरकार अंतर्गत राष्ट्रीय कृषि विस्तार प्रबंधन संस्थान (मैनेज) द्वारा नाबार्ड की सहभागिता से एग्री क्लीनिक एण्ड एग्री – बिजनेस सेन्टर स्थापनार्थ प्रशिक्षण का आयोजन मैनेज नोडल संस्थान उद्यमिता विकास केन्द्र मध्य प्रदेश (सेडमैप) में किया जा रहा है।

कृषि, खाद्य प्रसंस्करण एवं दुग्ध उत्पादन आधारित उद्योग व्यवसाय स्थापित करने में रूचि रखने वाले युवाओं का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा। आवेदन हेतु न्यूनतम योग्यता कृषि विषय में हायर सेकण्डरी उत्तीर्ण है। कृषि विषय में उच्च शिक्षित स्नातक अथवा स्नातकोत्तर युवाओं को प्राथमिकता दी जायेगी।

दो माह के निःशुल्क रहवासीय प्रशिक्षण पश्चात एग्री क्लीनिक, एग्री बिजनेस सेन्टर, खाद्य प्रसंस्करण उद्योग या अन्य कृषि आधारित व्यवसाय हेतु नाबार्ड पुनर्वित्त पोषित योजनांतर्गत बैंकों के माध्यम से 20 लाख रूपये तक ऋण की सुविधा है। प्रशिक्षण हेतु आवेदकों का चयन साक्षात्कार के माध्यम से किया जायेगा जिस हेतु आवेदन की अंतिम तिथि 14 दिसंबर है।
आवेदन एवं अन्य जानकारी हेतु शरद मिश्रा नोडल अधिकारी मैनेज से सेडमैप मुख्यालय 16-ए अरेरा हिल्स भोपाल में कार्यालयीन समय पर दूरभाष क्रंमाँक 0755 – 4000905 अथवा मोबाईन नं 93402 05525 पर संपर्क किया जा सकता है।

लोक अदालत का आयोजन 08 को, प्रकरणों में मिलेगी नियमानुसार छूट

सिवनी । जिला एवं सत्र न्यायाधीश, अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एस.के. मिश्र के मार्गदर्शन में जिला स्तर एवं तहसील स्तर पर 08 दिसंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी एवं अनियमितताओं के प्रकरण में भी राजीनामा के आधार पर निपटारा किया जायेगा।

उक्त संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय सिंह कावछा ने बताया कि नगर पालिका निगम अधिनियम 1966 की धारा 162 व 163 तथा मध्य प्रदेश नगर पालिका अधिनियम, 1961 की धारा 130, 131 तथा 132 में निहित शक्तियों को उपयोग में लाते हुए राज्य शासन द्वारा सम्पतिकर अधिभार जल उपभेक्ता प्रभार में शर्तों के साथ छूट प्रदान की जा रही है, यह छूट उन निकायों में प्रभावशील नहीं होगी जहाँ निकाय निर्वाचन की प्रक्रिया प्रारंभ है।

उन्होंने बताया कि इन शर्तों के अनुसार संपत्ति कर के ऐसे प्रकरण जिनमें कर तथा अधिभार की राशि 50 हजार रूपये तक बकाया होने पर मात्र अधिभार में 100 प्रतिशत तक एवं जलकर के ऐसे प्रकरण जिनमें कर तथा अधिभार की राशि 10 हजार रूपये तक बकाया होने पर 100 प्रतिशत तक की छूट दी जायेगी।

इसके अलावा संपत्ति कर के ऐसे प्रकरण जिनमें कर तथा अधिभार की राशि 50 हजार रूपये से अधिक तथा एक लाख रूपये से कम तक बकाया होने पर मात्र अधिभार में 50 प्रतिशत तक की छूट दी जायेगी। इसके अलावा जलकर के ऐसे प्रकरण जिनमें कर तथा अधिभार की राशि 10 हजार से अधिक तथा 50 हजार तक बकाया होने पर मात्र अधिभार में 75 प्रतिशत की छूट दी जायेगी।

 

इसके साथ ही संपत्ति कर के ऐसे प्रकरण जिनमें कर तथा अधिभार की राशि एक लाख रूपये से अधिक बकाया होने पर मात्र अधिभार में 25 प्रतिशत तक की छूट दी जायेगी। जलकर के ऐसे प्रकरण जिनमें कर तथा अधिभार की राशि 50 हजार रूपये से अधिक बकाया होने पर मात्र अधिभार में 50 प्रतिशत की छूट दी जायेगी।

उन्होंने बताया कि यह छूट मात्र एक बार ही दी जायेगी। यह छूट वित्तीय वर्ष 2018 – 2019 तक की बकाया राशि पर ही देय होगी। छूट उपरांत राशि अधिकतम दो किश्तों में जमा करायी जायेगी, जिसमें से कम से कम 50 प्रतिशत राशि लोक अदालत के दिन जमा करायी जाना अनिवार्य होगा। यह छूट 08 दिसंबर को नेशनल लोक अदालत के लिये ही मान्य होगी।

नेशनल लोक अदालत में विद्युत संबंधित प्रकरणों में मिलेगी छूट : जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष जिविसेप्रा डॉ.एस.के. मिश्र, के मार्ग दर्शन में जिला स्तर एवं तहसील स्तर पर 08 दिसंबर को आयोजित नेशनल लोक अदालत में बिजली चोरी एवं अनियमितताओं के प्रकरण में भी राजीनामा के आधार पर निपटारा किया जायेगा।

इस संबंध में जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव विजय सिंह कावछा ने बताया कि विद्युत कंपनी द्वारा विद्युत अधिनियम की 135,138 एवं 126 के तहत दर्ज बिजली चोरी एवं अनियमितताओं के प्रकरण में छूट दिये जाने आदेश जारी किया गया है। जिसके अनुसार न्यायालय में लंबित प्रकरणों में कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश जारी होने की तिथि से 30 दिवस की अवधि समाप्त होने के पश्चात् प्रत्येक 6 माही चक्रवृद्धि अनुसार 16 प्रतिशत की दस से लगने वाले ब्याज की राशि में 100 प्रतिशत की छूट प्रदान की जायेगी।

साथ ही ऐसे प्रकरण जिन्हें न्यायालय में प्रस्तुत नहीं किया गया है, में कंपनी द्वारा आंकलित सिविल दायित्व की राशि पर 25 प्रतिशत एवं आँकलित राशि के भुगतान में चूक किये जाने पर निर्धारण आदेश की तिथि से 30 दिवस के पश्चात प्रत्येक 06 माही लगने वाले चक्रवृद्धि ब्याज की राशि में 100 प्रतिशत छूट दी जायेगी।

वैध मतो का छठा हिस्सा नहीं मिलने पर होगी जमानत राशि जप्त

सिवनी 3 दिसंबर 18/ भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार चुनाव लड़ रहे वे सभी उम्मीदवार अपनी निक्षेप राशि या सुरक्षा निधि गंवा बैठेंगे जिन्हें अपने निर्वाचन क्षेत्र में कुल डाले गये वैध मतों के छठवें हिस्से से कम या बराबर मत प्राप्त होंगे।

आयोग के निर्देशों के मुताबिक कुल वैध मतों के 16.66 प्रतिशत अथवा छठवें हिस्से से कम या बराबर मत मिलने पर उम्मीदवार द्वारा नाम निर्देशन पत्र के साथ जमा की गई निक्षेप राशि जप्त कर ली जायेगी। इस राशि को उसे वापस नहीं किया जायेगा। आम बोलचाल की भाषा में इसे जमानत जप्त हो जाना कहते हैं।

निर्वाचन आयोग के मुताबिक विधानसभा चुनाव लड़ने के लिए सामान्य वर्ग के उम्मीदवारों को 10 हजार रूपए और अनुसूचित वर्ग के प्रत्याशियों को 5 हजार रूपए की सुरक्षा निधि नामजदगी का पर्चा दाखिल करते वक्त जमा करानी होती है। व्यवस्था यह है कि उम्मीदवार यदि अपने विधानसभा क्षेत्र में पड़े कुल वैध मतों का 16.66 प्रतिशत हिस्सा (छठवां हिस्सा) भी हासिल न कर सके तो फिर उसके लिए अपनी यह जमानत राशि बचाना मुमकिन नहीं रह जाता।

बबरिया तालाब में मिली लाश

सिवनी-जिला मुख्यायल के समीप ग्राम मानेगांव के बाबरिया तालाब में आज सुबह 9 बजे एक युवक का शव पानी में तैरता मिला।

घटना की जानकारी डूंडा सिवनी थाना प्रभारी प्रदीप वाल्मीकि को दी गई , मृतक के पास से मिले आधार कार्ड से शव की पहचान हो गई है।

ऊक्त शव मुकेश पिता विष्णु डेहरिया निवासी विवेकानंद वार्ड सिवनी 19 वर्ष का है।

ट्रैक्टर से दबकर महिला की मौत

सिवनी । लखनवाड़ा थाना क्षेत्र में घटित सड़क हादसे के चलते एक महिला की मौत हो गयी। अनियंत्रित बाईक से गिरकर ट्रैक्टर के नीचे आना महिला की मौत का कारण बना।

दुर्घटना के संबंध में जानकारी देते हुए पुलिस सूत्रों ने बताया कि लखनवाड़ा थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम मड़वा निवासी श्रीमति भगवती (45) पति स्व.फग्गू लाल यादव अपने किसी परिचित के साथ बाईक पर सवार होकर सोमवार 03 दिसंबर की शाम छिंदवाड़ा से वापस अपने घर की ओर आ रहीं थीं।

ग्राम हथनापुर और सिमरिया के मध्य उनका वाहन अनियंत्रित हो गया जिसके कारण बाईक पर सवार महिला और पुरूष नीचे गिरकर घायल हो गये। बताया जाता है कि अचानक हुए इस हादसे के दौरान बाईक के पीछे चल रहे ट्रैक्टर क्रमाँक एमपी 22एए 9022 का एक पहिया महिला के हाथ के ऊपर से गुजर गया जिसके चलते महिला गंभीर रूप से घायल हो गयी।

इस दुर्घटना की सूचना तत्काल डायल 100 को दी गयी। सूचना पाकर आरक्षक शैलेन्द्र कर्वेती डायल 100 के पायलट रोहित पटेल के साथ बताये गये मौके पर जा पहुँचे। बताया जाता है कि डायल 100 के माध्यम से घायल भगवती यादव को जिला चिकित्सालय सिवनी लाया जा रहा था तभी रास्ते में ही उन्होंने दम तोड़ दिया।

अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल

सिवनी । धनौरा क्षेत्र में एक बालिका अज्ञात वाहन की टक्कर से घायल हो गयी। घायल को जिला चिकित्सालय में भर्त्ती करवा दिया गया है।

दुर्घटना के संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार धनौरा क्षेत्र निवासी प्रताप बंजारा की आठ वर्षीय पुत्री सुरभी सोमवार 03 दिसंबर को जब अपने घर के समीप खेल रही थी, उसी दौरान वहाँ से गुजर रहे अज्ञात वाहन ने उसे टक्कर मारकर घायल कर दिया। इस दुर्घटना को कारित करने वाला वाहन चालक अपने वाहन सहित मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। घायल सुरभी को जिला चिकित्सालय सिवनी में उपचारार्थ दाखिल करवाया गया है जहाँ उसका उपचार किया जा रहा है।

वृद्ध को नींद में झुलसाया आग ने

सिवनी । ठण्ड से बचाव के लिये आग जलाकर सोया एक वृद्ध उसी आग की चपेट में आकर झुलस गया। घटना केवलारी थाना क्षेत्र में घटित हुई।

केवलारी थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम खैपर बांजरा निवासी ढब्बू (90) पिता चेतराम डहेरिया ने रविवार 02 दिसंबर की रात ठण्ड से बचाव के मद्देनजर गुर्सी सुलगायी और फिर वे उसके समीप ही सो गये। बताया जाता है कि देर रात गुर्सी से निकली चिंगारी ने आग का रूप धारण कर लिया जिसने ढब्बू डहेरिया को अपनी चपेट में ले लिया।

इस आग की चपेट में आने के कारण ढब्बू गंभीर रूप से झुलस गये जिन्हें तत्काल उनके परिजनों के द्वारा जिला चिकित्सालय सिवनी ले जाकर भर्त्ती करवाया गया। जिला चिकित्सालय में उनका उपचार किया जा रहा है।