Home Blog Page 2032

SEONI : 196 लीटर रिपैकेजिंग करते सोयाबीन तेल जप्त

सिवनी- कलेक्टर प्रवीण सिंह के निर्देशन में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग के दल द्वारा खाद्य सामग्री की गुणवत्ता को लेकर की जा रही कार्यवाही की कड़ी में बुधवार 21 अगस्त को दल द्वारा सदर काम्प्लेक्स बुधवारी बाजार सिवनी स्थित मेसर्स श्री साई ट्रेडर्स का निरीक्षण किया गया ।

दल द्वारा निरीक्षण में रिफाइंड सोयाबीन तेल की रिपैकिंग करता पाये जाने पर तेल का नमूना लेकर शेष 196 लीटर रिफाइंड सोयाबीन तेल स्टॉक को जब्त किया गया है।

जिसकी कुल कीमत 15 हजार रुपये है। नमूने को जांच हेतु राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला भोपाल की ओर भेजा जा रहा है। जिनकी विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम कार्यवाही की जावेगी।

जप्त हुई साढ़े 3 क्विंटल सुपारी

सिवनी । जिला कलेक्टर प्रवीण सिंह के निर्देशन में जिले में खाद्य मानक अधिनियम अन्तर्गत खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा सतत रूप से खाद्य विक्रय से जुड़े प्रतिष्ठानों में निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के सेम्पल लेने के साथ ही दूषित सामग्रियों को नष्ट कर संबंधित पर कार्यवाही की जा रही है।

इसी तारतम्य में खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग द्वारा मंगलवार 20 अगस्त को सिवनी मुख्यालय के भैरोगंज (महामाया वार्ड) स्थित मेसर्स राम नारायण साहू के कारखाने का औचक निरीक्षण किया गया। जिसमें दल द्वारा कारखाने में खाद्य पदार्थ सुपारी कतरन का प्रसंस्करण पाये जाने पर सुपारी कतरन के नमूने लेकर इसे जाँच हेतु भोपाल प्रयोगशाला भेजा गया है।

इसके साथ ही मानव उपभोग हेतु विक्रयार्थ 350 किलोग्राम सुपारी जिसकी अनुमानित कीमत 64 हजार रुपये को नियमानुसार जब्त किया गया है। प्रयोगशाला से विश्लेषण रिपोर्ट प्राप्ति उपरांत अग्रिम कार्यवाही की जाएगी।

नाबालिग से दुष्कर्म!

सिवनी । लखनवाड़ा थानांतर्गत नाबालिग युवती के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है।

लखनवाड़ा थाना प्रभारी ने बताया कि लखनवाड़ा थानांतर्गत एक ग्राम में नाबालिग जब शौच के उपरंात अपने घर के लिए जा रही थी तब फुलवान (18) पिता महेश उईके के द्वारा सूनी सड़क का फायदा उठाकर उसका रास्ता रोककर उसके साथ दुष्कर्म किया।

उन्होंने बताया कि इसके बाद युवती जैसे तैसे अपने घर पहुंची और अपने परिजनों को इस बात की जानकारी दी। परिजनों के साथ पीड़िता के द्वारा लखनवाड़ा थाना जाकर इसकी शिकायत की। शिकायत के उपरांत पुलिस के द्वारा आरोपी के खिलाफ धारा 341, 376, 376 (3), 506 भदवि, 34, पासको एक्ट के तहत मामला कायम करते हुए जांच आरंभ कर दी है।

कुंए में गिरी महिला, मौत

सिवनी । डूंडा सिवनी थानांतर्गत केकड़वानी ग्राम में कुंए में गिरने से एक महिला की मौत हो गई।

डूंडा सिवनी पुलिस ने बताया कि थानांतर्गत केकड़वानी ग्राम में बीति शाम एक महिला पानी भर रही थी। असावधानीवश उसका पैर फिसला और वह कुंए में जा गिरी। मृतिका सीताबाई (24) पति दुर्गेश पन्द्रे रक्षा बंधन के त्यौहार को मनाने के लिए मायके आई हुई थी।

महिला को जब बाहर निकाला गया तब तक उसके प्राण पखेरू उड़ चुके थे। पुलिस न शव का पंचनामा बनाकर पोस्ट मार्टम कराने के उपरांत शव को परिजनों को सौंप दिया है।

रिसॉर्ट तक पहुंचा तेंदुआ, फैली दहशत

खवासा । पेंच नेशनल पार्क के टुरिया गेट से कुछ दूरी पर स्थित तथास्तु रिसॉर्ट में गत शाम उस वक्त दहशत फैल गई जब कर्मचारियों ने तेंदुए को यहां देखा। जंगल से नजदीक होने के कारण खेतों से होते हुए कई बार वन्य प्राणी भटकते हुए रिसॉर्ट के करीब पहुंच जाते हैं। सोमवार शाम कर्मचारियों ने रिसॉर्ट के पास तेंदुए को भटकते देखा।

कर्मचारियों की मौजूदगी से फुर्तीला तेंदुआ रिसॉर्ट के सामने स्थित एक बड़े नाले के पाइप में छिपकर दुबक गया। सूचना पर पेंच पार्क का अमला मौके पर पहुंचा और तेंदुए को सुरक्षित जंगल भेजने की कोशिश की गई लेकिन तेंदुआ देर रात तक नाले के पाइप में ही दुबका रहा। पार्क के डिप्टी डायरेक्टर एमवी सिरसैया ने बताया कि मौके पर वन अमला तेंदुए की निगरानी कर रहा है ताकि वह किसी पर हमला ना कर सके। पेंच आफिस से रेस्क्यू वाहन और ंिपजरा भी मौके पर भेजा जा रहा है, जरूरत पड़ने पर तेंदुए को पिंजरे में कैद कर जंगल छोड़ा जा सके।

टाइगर का मूवमेंट, गश्ती दल कर रहा निगरानी-सोमवार शाम खवासा से पचधार के बीच बाघ का मूवमेंट भी दिखाई दिया। हाईवे क्रास कर सड़क के बाघ दूसरी ओर निकले तो वाहन चालक हैरान रह गए। सूचना मिलते ही पेंच का गश्ती दल निगरानी में जुट गया है। खवासा व उसके आसपास बाघ के मूवमेंट को देखते हुए गश्ती बढ़ा दी गई है। वहीं ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की समझाइश दी जा रही है।

क्यों चला था? छोटी मस्जिद मार्ग पर चाक़ू! शराब के लिए मांगे थे पैसे

शराब के लिए पैसे मांगने पर चले चाकू!

सिवनी । बस स्टैण्ड से छोटी मस्जिद मार्ग पर एक चाय दुकान के पास मंगलवार की शाम शराब के लिए पैसे मांगने की बात पर एक युवक को चाकू मारकर घायल कर दिया गया।

कोतवाली पुलिस ने बताया कि पिंजारी मोहल्ला निवासी मोहम्मद आरिफ (19) पिता अकील अंसारी को छोटी मस्जिद मार्ग पर गोलू पठान उर्फ सोहिल, बब्लू पठान, दानिश पठान एवं बिलाल पठान के द्वारा शराब के लिए पैसे नहीं देने पर चाकू मारकर घायल कर दिया गया।

पुलिस ने बताया कि इन युवकों के द्वारा मोहम्मद आरिफ से शराब के लिए पैसे की मांग की जा रही थी। आरिफ के द्वारा मना किए जाने पर इनके द्वारा उसे चाकू मारकर घालय कर दिया। घायल को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

वहीं, पुलिस सूत्रों ने आगे बताया कि इस मामले की तह में पुराना विवाद हो सकता है। उभय पक्षों के बीच पिछले दिनों विवाद भी हुआ बताया जा रहा है। बहरहाल पुलिस ने धारा 294, 324, 227, 506, 34 आईपीसी के तहत मामला कायम कर जांच आरंभ कर दी है।

क्या POP प्रतिमाओं पर लगेगा प्रतिबंध ?

कलाकारों के हुनर को बर्बाद कर रहा पीओपी

सिवनी । विघ्नहर्ता, बुद्धि विनायक भगवान गणेश का पूजन अगले माह की शुरुआत में प्रांरभ होने वाला है। जिले में गणपति प्रतिमा स्थापित किए जाने हेतु तैयारियां आरंभ हो गई हैं। जिले में भगवान गणेश की लगभग एक हजार से ज्यादा प्रतिमाएं लोगों के घरों और सार्वजनिक पण्डालों में स्थापित की जाती हैं।

ऐसे में मूर्तिकारों ने महीना भर पहले से ही उत्सव की तैयारी शुरु कर दी है। वहीं प्रशासन ने अबतक पीओपी याने प्लास्टर ऑफ पेरिस की प्रतिमाओं पर प्रतिबंध नहीं लगाया है। ऐसे में आशंका है कि आखिरी वक्त में फिर पीओपी की प्रतिमाएं शहर में आएंगी और जल स्त्रोत प्रदूषण का शिकार होंगे।

तहसील मुख्यालय केवलारी में भी प्रतिमाओं के निर्माण का सिलसिला शुरु हो गया है। बाजार वार्ड में रहने वाले कुम्हार परिवारों ने काम शुरु कर दिया है और इन दिनों प्रतिमाओं का आकार दिया जा रहा है। कलाकारों का कहना है कि बड़ी प्रतिमाओं के निर्माण में कम से कम एक पखवाड़े का वक्त लगता है।

मूर्तिकारों ने बताया कि बड़ी प्रतिमाएं ऑर्डर पर ही बनाई जाती हैं। वहीं घरों में स्थापना के लिए छोटी प्रतिमाएं तैयार की जाती हैं। क्षेत्र में कई परिवार पिछली कई पीढिय़ों से प्रतिमाओं का निर्माण करते चले आ रहे हैं। गणपति प्रतिमाओं के निर्माण के बाद दुर्गा प्रतिमाओं का निर्माण भी शुरु कर दिया जाएगा।

मूर्तिकार दिनेश ठाकुर का कहना है कि इस साल मंहगाई में काफी इजाफा हुआ है। गणपति प्रतिमा निर्माण के लिए मिट्टी उगली से आती है। यह मिट्टी पिछले साल मात्र ढाई हजार रुपए प्रति ट्राली आती थी वह अब साढ़े तीन हजार रुपए में आने लगी है। इसके साथ ही लकड़ी के फट्टे, भूसा, पैरा आदि के दामों में भी इजाफा हुआ है। प्रतिमाओं का रंग अमरावती और नागपुर से आता है, उसके दामों में भी इजाफा हुआ है लेकिन ग्राहक पिछले साल के दामों में ही प्रतिमाओं की मांग करता है।

प्लास्टर ऑफ पेरिस या पीओपी मूर्तिकला को तबाह कर रहा है। मूर्तिकार दिनेश ठाकुर का कहना है कि पीओपी की एक बोरी से दो तीन प्रतिमाओं का निर्माण हो जाता है। इसके साथ ही उसमें सांचे और सस्ते सिंथेटिक रंगों के कारण चमक भी आ जाती है। कलाकार मिट्टी की मूर्ति में अपना हुनर दिखाता है। ऐसे में पीओपी कला को मार रहा है। पीओपी की सस्ती, हल्की मूर्तियों के कारण लोग उनकी ओर आकर्षित होते हैं।

पीओपी पर लगे प्रतिबंध : मूर्तिकार दिनेश ठाकुर , विधान ठाकुर और साथियों का कहना है कि जहां पीओपी की एक मूर्ति चंद मिनट में तैयार हो जाती है वहीं मिट्टी से मूर्ति तैयार करने में अच्छा खासा पसीना बहाना पड़ता है। मिट्टी लाने से लेकर मूर्ति भेजने तक में लोग लगते हैं। आजकर मजदूर भी मंहगे मिलते हैं।

मूर्तिकारों का कहना है कि पीओपी की मूर्ति कई महीनों तक नहीं घुलती है। इससे जलाशय दूषित होते हैं। प्रशासन हर साल आखिरी दिनों में पीओपी पर प्रतिबंध की घोषणा करता है लेकिन तब तक मूर्तियां लोगों के घरों तक पहुंच जाती हैं। ऐसे में समय रहते प्रशासन को प्रतिबंध का ऐलान कर कार्रवाई शुरु कर देनी चाहिए। जिससे लोग जागरूक हों और मूर्तिकारों की कला का भी सम्मान हो।

खेत में मृत मिला युवक!

छपारा । समीपस्थ गांव माल्हनवाड़ा गांव के पास खेत में रविवार को युवक का शव मिला है। सूचना के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर छानबीन शुरु कर दी है। मृतक की शिनाख्त गहरानाला बंजर निवासी संतोष कुमरे (40) के रुप में हुई है।

पुलिस को मिली जानकारी के मुताबिक मृतक लगभग सात आठ वर्षाे से अपनी बुआ मनिया बाई के यहां माल्हनवाड़ा में रहता था। मृतक की बुआ के बेटे सकरलाल ने पुलिस को जानकारी दी की 17 अगस्त की शाम को संतोष घर से खेत जाने की बात कहकर निकला था, लेकिन देर रात तक घर नही पहुंचा। अक्सर कई बार वह रात में खेत में ही रुक जाया करता था इसलिए घर वालों ने ध्यान नहीं दिया। दूसरे दिन शाम को गांव के शिवहरे नामक किसान ने उसे अपने खेत के बीचों बीच मृत पड़ा देखा जिसकी जानकारी उसने ग्राम वासियों, परिजनों व पुलिस को दी।

छपारा पुलिस ने मृतक के शव को सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया। सोमवार सुबह मृतक के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने बताया कि मृतक मानसिक बीमारी से ग्रसित था। अक्सर वह घर से बाहर रहता था। परिजनों ने आशंका जताई है कि युवक को खेत पर किसी जहरीले कीड़े काटा होगा जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच में ले लिया है।

सेंट्रल बैंक परिसर से महिला के 30 हजार रुपए पार

छपारा । थाने के सामने स्थित सेंट्रल बैंक प्रांगण से ग्रामीण महिला के थैले से 30 हजार रुपए पार हो गए। इसकी शिकायत महिला ने थाने में दर्ज कराई है। पुलिस ने इस मामले में छानबीन शुरु कर दी है।

सोमवार को दोपहर 12 बजे बस स्टैण्ड के पास स्थित सेंट्रल बैंक से प्रधानमंत्री आवास योजना की किश्त के 40 हजार रुपए निकालने अपने बेटे कैलाश बाकलवार के साथ भगवती पति भागचंद बाकलनवार (58) गई थी। काउंटर से 40 हजार निकाल कर उसका बेटा थैले में रखकर बैंक से बाहर आया। उसके पीछे भगवती थी जिनके पास रुपयों स भरा थैला था। जैसे ही बैंक के बाहर थैले के अंदर रखी रकम देखी गई तो उसमें नोट की गड्डियां कम नजर आईं गिनने पर पाया कि उसमें से 30 हजार रुपए किसी ने पार कर दिए। महिला ने घटना की जानकारी तुरंत बैंक प्रबंधक को दी। इसके बाद भी पता नहीं चल पाया आखिर महिला के थैले से 30 हजार रुपए किस व्यक्ति ने कब और कैसे पार कर दिए।

घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने बैंक पहुंचकर बैंक के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला, लेकिन कोई कोई सुराग नहीं मिल पाया। आखिर महिला के थैले में रखे रुपए बैंक प्रांगण से किसने पार कर दिए। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।

15 दिन पूर्व भी एक युवती का मोबाइल भी सेंट्रल बैंक के प्रांगण के अंदर से गायब हो गया था जिसका भी आज तक अता पता नहीं चला है। इससे पूर्व भी कई घटनाएं सेंट्रल बैंक में हो चुकी हैं। बावजूद इसके अब तक बैंक प्रबंधन ने इस पर कोई ठोस कदम नहीं उठाया है। जिससे बैंक प्रबंधन और उसकी सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

बैंक के उपभोक्ताओं का कहना है कि रोजाना सेंट्रल बैंक में लाखों का लेन-देन होता है। बैंक गेट के पास और उससे लगे एटीएम में कोई भी सुरक्षाकर्मी तैनात नहीं है। घटना के संबंध में जब बैंक प्रबंधक सतीश सिंह से चर्चा की गई तो उन्होंने कहा कि हितग्राही ने कैश काउंटर से रुपए निकालकर बाहर चला गया। इस दौरान क्या हुआ हम सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में देख चुके हैं, पुलिस भी जाँच कर रही है। मैने उधााधिकारियों को इस घटना से अवगत करा दिया है। जल्द ही बैंक प्रबंधन द्वारा और कैमरों को बढ़ाया जाएगा। जिससे सुरक्षा व्यवस्था और दुरुस्त हो सके।

विंग कमांडर Abhinandan का बदला पूरा, गिरफ्तार करने वाले PAK कमांडो को सेना ने किया ढेर

0

भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन Abhinandan वर्धमान को पकड़ने वाला पाकिस्तानी कमांडो नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सुरक्षाबलों की गोलीबारी में मारा गया. 

abhinandan-news
abhinandan

नई दिल्ली: भारतीय वायुसेना के पायलट विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को पकड़ने वाला पाकिस्तानी कमांडो नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर भारतीय सुरक्षाबलों की गोलीबारी में मारा गया. इसी साल फरवरी में भारतीय वायुसेना के पायलट अभिनंदन का विमान पाकिस्तान में दुर्घटनाग्रस्त हो गया था, जिसके बाद उन्हें वहां पकड़ लिया गया था. खबरों के अनुसार, पाकिस्तानी सेना के स्पेशल सर्विस ग्रुप के एक सूबेदार अहमद खान को भारतीय सेना ने नियंत्रण रेखा के नकियाल सेक्टर में 17 अगस्त को उस वक्त मार गिराया  जब वह भारत में घुसपैठियों को प्रवेश कराने की कोशिशें कर रहा था.

27 फरवरी को जब अभिनंदन के पकड़े जाने की तस्वीरों को पाकिस्तान ने जारी किया था, उसमें दाढ़ीवाले सैनिक खान को भारतीय पायलट के पीछे खड़ा देखा जा सकता है. भारतीय वायुसेना ने पुलवामा आतंकी हमले के बाद बालाकोट पर हवाई कार्रवाई की थी. इसके अगले ही दिन पाकिस्तानी बलों ने अभिनंदन को उस वक्त पकड़ा था, जब उनका मिग 21 विमान पाकिस्तानी विमान का पीछा करते समय क्रैश हो गया था. 

ऐसी जानकारी है कि अहमद खान नौशेरा, सुंदरबनी और पल्लन वाला सेक्टरों में घुसपैठ करवाता था.जैश-ए-मोहम्मद के आतंकवादियों को भारतीय सीमा में प्रवेश करा कर खान और उसके साथी कश्मीर में आतंकवाद को जिंदा रखने का प्रयास करते थे. 

जांबाज विंग कमांडर अभिनंदन को वीर चक्र सम्‍मान
जम्मू कश्मीर में पाकिस्तानी लड़ाकू विमान के साथ हुई मुठभेड़ के दौरान पाक सीमा में घुसकर पाकिस्तानी विमान को मार गिराने वाले भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान को वीर चक्र से नवाजा जाएगा. 15 अगस्त को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर उन्हें सम्मानित किया जाएगा. वीर चक्र युद्धक्षेत्र में दिया जाने वाला वीरता पुरस्कार है. वीरता के लिए दिए जाना वाला यह तीसरा सबसे बड़ा पुरस्कार है. इससे पहले परम वीर चक्र और महावीर चक्र पुरस्कार आते हैं. 

भारतीय वायुसेना के विंग कमांडर अभिनंदन वर्धमान ने 27 फरवरी को देश की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहे पाकिस्तानी लड़ाकू विमानों को खदेड़ने में अहम भूमिका निभाई थी. अभिनंदन ने इस दौरान पाकिस्तान के एक एफ-16 लड़ाकू विमान को भी मार गिराया था.

इनपुट आईएएनएस से भी