Home Blog Page 56

जबलपुर: मंडला में नाबालिग से गैंगरेप का आरोपी राजन निर्दोष, मुख्य आरोपी अभिषेक ठाकुर, हेमंत वणक्षकर गिरफ्तार

जबलपुर: जबलपुर में एक 15 वर्षीय नाबालिग लड़की द्वारा दर्ज कराए गए सामूहिक दुष्कर्म के मामले में पुलिस जांच के बाद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। प्रारंभिक एफआईआर में जिन युवकों के नाम दर्ज किए गए थे, वे इस अपराध में शामिल नहीं पाए गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि वास्तविक घटना जबलपुर में नहीं, बल्कि मंडला जिले में घटी थी, और इसमें राजन नामक सोशल मीडिया मित्र या उसके कोई भी साथी शामिल नहीं थे। असली आरोपी 22 वर्षीय अभिषेक ठाकुर को मंडला से गिरफ्तार कर लिया गया है।

क्या था मामला?

घमापुर थाने में दर्ज कराई गई शिकायत में नाबालिग ने बताया था कि सोशल मीडिया पर बने दोस्त राजन और उसके तीन साथियों ने उसका अपहरण किया और तीन दिनों तक सामूहिक दुष्कर्म किया।

पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए फौरन जांच शुरू की और तकनीकी साक्ष्यों, कॉल डिटेल्स और मोबाइल लोकेशन के आधार पर पूरे घटनाक्रम को खंगालना शुरू किया।

जांच में सामने आया सच

पुलिस जांच में पाया गया कि शिकायत में नामजद युवकों की घटनास्थल पर कोई मौजूदगी नहीं थी। असल में, नाबालिग गुरुवार रात करीब 9 बजे घर से निकली थी, क्योंकि उसका अपनी मां से मोबाइल और सोशल मीडिया के इस्तेमाल को लेकर विवाद हुआ था।

इसके बाद वह रायपुर जाने वाली एक बस में सवार हुई, जहां उसकी मुलाकात मंडला निवासी अभिषेक ठाकुर (22) से हुई। रात करीब 11 बजे अभिषेक ने उसे मंडला में बस से उतारकर अपने दोस्त हेमंत वणक्षकर (35) के घर ले गया। यहीं पर उसके साथ दुष्कर्म किया गया।

घटना के बाद की स्थिति

दुष्कर्म के बाद आरोपी ने अगली सुबह उसे रायपुर जाने वाली दूसरी बस में बिठा दिया। लेकिन बस कवर्धा के पास खराब हो गई, जिससे वह मंडला लौट आई और फिर किसी तरह जबलपुर में अपने घर पहुंची।

डर और पारिवारिक दबाव के कारण उसने एफआईआर में राजन और अन्य निर्दोष युवकों के नाम लिखवा दिए। जांच में यह स्पष्ट हो गया कि इन लोगों का अपराध से कोई लेना-देना नहीं था।

मुख्य आरोपी गिरफ्तार, पोक्सो के तहत मामला दर्ज

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी अभिषेक ठाकुर और उसके सहयोगी हेमंत वणक्षकर को गिरफ्तार कर लिया। दोनों पर पोक्सो एक्ट और भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है।

जांच में शामिल पुलिस टीम में थाना प्रभारी प्रसन्न शर्मा, एसआई आशा माहौर, कांस्टेबल अश्वनी द्विवेदी, संतोष जाट, शैलेंद्र पटवा, बालमुकुंद, और साइबर सेल के हेड कांस्टेबल अमित पटेल शामिल थे, जिन्होंने 24 घंटे के भीतर सच्चाई सामने ला दी।

सोशल मीडिया पर सतर्कता की जरूरत

इस घटना ने एक बार फिर यह उजागर कर दिया कि सोशल मीडिया के माध्यम से अनजान लोगों से संपर्क बच्चों के लिए कितना खतरनाक हो सकता है।

परिजनों को चाहिए कि वे अपने बच्चों की ऑनलाइन गतिविधियों पर नजर रखें और उन्हें सही दिशा दिखाएं, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

सिवनी नगर पालिका अध्यक्ष पद से हटाए गए शफीक खान: भ्रष्टाचार के आरोपों में राज्य शासन ने की बड़ी कार्रवाई

Seoni Nagar Palika News: राजनीतिक हलकों में मचा हड़कंप, अगला अध्यक्ष कौन बनेगा इस पर अटकलें तेज

सिवनी (मध्यप्रदेश), 2 मई 2025 – मध्यप्रदेश शासन ने नगर पालिका परिषद सिवनी के अध्यक्ष एवं कांग्रेस नेता शफीक खान को उनके पद से तत्काल प्रभाव से पदच्युत कर दिया है। यह कार्रवाई मध्यप्रदेश नगरपालिका अधिनियम 1961 की धारा 4-क के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों के तहत की गई है। शफीक खान पर वित्तीय अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के गंभीर आरोप सिद्ध होने के बाद यह सख्त कदम उठाया गया है।

राज्य शासन द्वारा जारी आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि नगर पालिका को हुई आर्थिक क्षति की भरपाई के लिए शफीक खान उत्तरदायी अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ समान रूप से जिम्मेदार होंगे।

जांच में भ्रष्टाचार सिद्ध, वसूली के आदेश

नगरीय विकास एवं आवास विभाग के सूत्रों के अनुसार, विभाग के अपर सचिव शिवराज सिंह वर्मा द्वारा हस्ताक्षरित आदेश में कहा गया है कि वित्तीय अनियमितताओं की जांच में शफीक खान समेत नगर पालिका के कई अधिकारी और कर्मचारी दोषी पाए गए हैं। इस कारण सभी से राजस्व की वसूली के निर्देश भी जारी किए गए हैं।

भ्रष्टाचार का गढ़ बन चुकी थी सिवनी नगर पालिका

स्थानीय नागरिकों का कहना है कि नगर पालिका परिषद सिवनी में कांग्रेस का अध्यक्ष होने के बावजूद यहां वर्षों से भ्रष्टाचार चरम पर रहा। सिवनी विधायक और सांसद दोनों भाजपा से हैं, प्रदेश और केंद्र में भी भाजपा की सरकार है, इसके बावजूद नगर पालिका परिषद में जनता के पैसे की जमकर लूट हुई।

नगरपालिका के अंदरूनी सूत्रों के मुताबिक, सालों से जमे अधिकारियों ने हर सरकार में अपनी कुर्सी बचाए रखी और भ्रष्टाचार की सारी सीमाएं लांघ दीं। चाहे भाजपा की सरकार रही हो या कांग्रेस की, इन अधिकारियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई।

लीज घोटाले का मामला भी चर्चा में

हाल ही में राजस्व समिति के सभापति हाजी सोहेल पाशा ने नगरपालिका द्वारा करोड़ों रुपये की संपत्ति को कोड़ियों के भाव पर लीज पर दिए जाने पर आपत्ति जताई थी और जिलाधिकारी को पत्र लिखा था। हाजी पाशा का आरोप है कि इस शिकायत के बाद उन्हें सभापति पद से हटा दिया गया, जिससे राजनीतिक साजिश की भी आशंका जताई जा रही है।

स्वतंत्र जांच की मांग

जनता और सामाजिक संगठनों का कहना है कि अब तक नगर पालिका परिषद में जो घोटाले हुए हैं, उनकी जांच स्वतंत्र एजेंसी से कराई जानी चाहिए। दोषी अधिकारियों की वेतन, पेंशन और भत्तों से वसूली की जानी चाहिए, ताकि आने वाले समय में एक नजीर स्थापित हो सके।

कांग्रेस की चुप्पी पर सवाल

स्थानीय लोगों ने यह भी आरोप लगाया कि कांग्रेस शासित इस नगर पालिका में भ्रष्टाचार खुलकर चलता रहा, लेकिन जिला कांग्रेस अध्यक्ष राजकुमार खुराना ने कभी इस विषय में कोई प्रतिक्रिया नहीं दी। इससे उनकी मौन सहमति भी मानी जा रही है।

अब अगला अध्यक्ष कौन?

शफीक खान के पद से हटते ही नया अध्यक्ष कौन होगा इसको लेकर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया है। कई स्थानीय नेता और कार्यकर्ता अपने समर्थकों को अध्यक्ष पद दिलाने की ताकत झोंक रहे हैं। यह देखना दिलचस्प होगा कि अब यह कुर्सी कांग्रेस के पास रहती है या भाजपा के पास जाती है।

सिवनी: औद्योगिक भूखंडो के आवंटन के लिए ऑनलाईन आवेदन आमंत्रित

सिवनी / सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यम विभाग, मध्यप्रदेश शासन द्वारा मंदसौर, खरगोन, सीहोर, देवास, उमरिया भिंड, अलीरापुर, उज्जैन, नीमच, टीकमगढ, अनूनपुर, रतलाम, दतिया, बडवानी, सिवनी, सतना, विदिशा, मुरैना, अशोकनगर, मण्डला, सागर एवं धार जिलों में स्थित विभागीय औद्योगिक क्षेत्रों में रिक्त्त औद्योगिक भूखंडो के आवंटन हेतु दिनांक 01.05.2025 प्रातः 11.00 बजें से दिनांक 15.05.2025 को अपराहन 5.00 बजे तक एक्सप्रेशन ऑफ इन्टरेस्ट आमंत्रित किए गए है। उक्त प्रकिया पोर्टल mpmsme.gov.in पर संपादित की जाएगी।

महाप्रबंधक जिला व्‍यापार एवं उद्योग केन्‍द्र सिवनी बताया कि प्रक्रिया अंतर्गत प्रत्येक भूखंड हेतु आवेदन शुल्क 5000/- होगा। आवेदन शुल्क वापसी योग्य नही होगा। आवेदन शुल्क के अतिरिक्त आवेदित भूमि हेतु आवेदन दिनांक को प्रचलित प्रब्याजी (Premium) की 25 प्रतिशत अग्रिम राशि पोर्टल के माध्यम से ऑनलाइन जमा करनी होगी।

भूखंडो का आवंटन मध्यप्रदेश एमएसएमई को औद्योगिक भूमि तथा भवन आवंटन एवं प्रबंधन नियम 2025 के प्रावधानों के अनुसार किया जाएगा। नियम, प्रकिया एवं भूखंडो आदि की विस्तृत जानकारी विभाग की वेबसाईट mpmsme.gov.in से प्राप्त की जा सकती है।

RTE Admission: अशासकीय स्‍कूलों में आरटीई अंतर्गत मिलेगा नि:शुल्‍क प्रवेश, समय सारणी जारी

RTE ADMISSION 2025: जिला परियोजना समन्‍वय जिला शिक्षा केन्‍द्र सिवनी द्वारा बताया गया कि शासन के आदेशानुसार शैक्षणिक सत्र 2025-26 हेतु शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अंतर्गत गैर अनुदान मान्‍यता प्राप्‍त अशासकीय स्‍कूलों में नि:शुल्‍क ऑनलाईन प्रवेश के संबंध में समय सारणी जारी की गई है।

नि:शुल्‍क एवं अनिवार्य बाल शिक्षा का अधिकार अधिनियम 2009 की धारा 12 (1) (ग) के प्रभावी क्रियान्‍वयन तथा कमजोर वर्ग एवं वंचित समूह के बच्‍चों के नि:शुल्‍क प्रवेश की प्रकिया को पारदर्शी और आसान बनाने के उददेश्‍य से ऑनलाईन आवेदन, आवेदन पश्‍चात सत्‍यापन अधिकारियों द्वारा मूल दस्‍तावेजों से सत्‍यापन, सत्‍यापन में पात्र पाए गए बच्‍चों में से ऑनलाईन लॉटरी के माध्‍यम से सीटों का आवंटन, आवंटन पश्‍चात सत्र 2025-26 के नि:शुल्‍क प्रवेश की कार्यवाही की जाना है।

नि:शुल्‍क प्रवेश हेतु मान्‍यता प्राप्‍त अशासकीय स्‍कूल एवं उनमें उपलब्‍ध कक्षा की सीट का पोर्टल पर प्रदर्शन दिनांक 05 मई 2025 से, पोर्टल पर ऑनलाईन आवेदन एवं त्रुटि सुधार दिनांक 07 मई 2025 से दिनांक 21 मई 2025 तक, आवेदन पश्‍चात सत्‍यापन केन्‍द्र (शासकीय जनशिक्षा केन्‍द्र) में सत्‍यापन कराना दिनांक 07 मई 2025 से दिनांक 23 मई 2025 तक, रेण्‍डम पद्वति से ऑनलाईन लॉटरी द्वारा स्‍कूल का आवंटन एवं चयनित आवेदकों को एसएमएस द्वारा सूचना दिनांक 29 मई 2025, आवंटन उपरांत अशासकीय स्‍कूल में प्रवेश हेतु उपस्थित होना एवं स्‍कूल द्वारा मोबाईल एप्‍प के माध्‍यम से एडमीशन रिपोर्टिंग दिनांक 02 जून 2025 से दिनांक 10 जून 2025 तक किये जायेंगे।

प्रथम चरण के उपरांत रिक्‍त रह गयी सीटों में द्वितीय चरण के माध्‍यम से आवंटन किया जायेगा-

प्रवेश हेतु पात्रता – वंचित समूह ( अनुसूचित जाति, अनूसूचित जनजाति, वनभूमि के पट़टाधारी परिवार, विमुक्‍त जाति, नि:शक्‍त बच्‍चे(मेडीकल बोर्ड से जारी प्रमाण पत्र अनुसार), एचआईवी ग्रस्‍त बच्‍चे)

कमजोर वर्ग – (गरीबी रेखा से नीचे रहने वाले परिवार के बच्‍चे, अनाथ बच्‍चे, कोविड-19 से माता पिता/अभिभावक की मृत्‍यु के कारण अनाथ बच्‍चों की शिक्षा, आर्थिक सहायता तथा खादय सुरक्षा के लिये मुख्‍यमंत्री कोविड-19 बाल कल्‍याण योजना के हितग्राही)

आयु सीमा -सत्र 2025-26 के प्रवेश हेतु आवेदक की आयु की गणना हेतु प्री-प्रायमरी कक्षाओं (नर्सरी, केजी-1, केजी-2) के लिये न्‍यूनतम आयु की गणना 31 जुलाई 2025 तथा कक्षा-1 के लिये 30 सितम्‍बर 2025 की स्थिति में की जायेगी। नर्सरी हेतु न्‍यूनतम आयु 03वर्ष एवं अधिकतम आयु 04 वर्ष 06 माह, केजी-1 हेतु न्‍यूनतम आयु 04वर्ष एवं अधिकतम आयु 05 वर्ष 06 माह, केजी-2 हेतु न्‍यूनतम आयु 05 वर्ष एवं अधिकतम आयु 06 वर्ष 06 माह एवं कक्षा-1 हेतु न्‍यूनतम न्‍यूनतम आयु 06वर्ष एवं अधिकतम आयु 07 वर्ष 06 माह निर्धारित है।

ऑनलाईन आवेदन की प्रकिया – नि:शुल्‍क प्रवेश हेतु आवेदन केवल ऑनलाईन ही किए जा सकेंगे, ऑफलाईन आवेदन मान्‍य नहीं होगा। अत: आवेदक द्वारा किसी भी कार्यालय अथवा प्रायवेट स्‍कूल में आवेदन की हार्ड कॉपी जमा नहीं की जाये। आवेदक आरटीई पोर्टल पर अपना आवेदन स्‍वयं ही ऑनलाईन दर्जा कर सकते हैं। आवेदकों द्वारा नि:शुल्‍क प्रवेश हेतु अपना आवेदन पत्र आटीई पोर्टल http://rteportal.mp.gov.in पर दर्ज किया जा सकेगा।

एक आवेदक केवल एक ही ऑनलाईन आवेदन करने हेतु पात्र होगा। ऑनलाईन आवेदन में कम से कम तीन स्‍कूलों को विकल्‍प के रूप में दर्ज करना होगा एवं अधिकतम 10 स्‍कूलों का चयन किया जा सकता है। यदि किसी आवेदक के स्‍वयं के ग्राम /वार्ड, पडोस अथवा विस्‍तारित पडोस में तीन से कम अशासकीय स्‍कूल हैं तो तीन से कम स्‍कूल आवेदन में दर्ज करने की छूट रहेगी। अधिक जानकारी के लिए संदर्भित पत्र का भलीभांति अध्‍ययन किया जाकर ही फार्म भरने की कार्यवाही की जावे ताकि ऑनलाईन फार्म भरते समय समस्‍या/त्रुटि न हो।

समस्‍त नागरिकों से अनुरोध है कि संदर्भित पत्र में दिए गए निर्देशानुसार पात्र बच्‍चों के अधिक से अधिक फार्म भरवाकर योजना का लाभ प्राप्‍त करें। फार्म भरने के बाद दस्‍तावेजों का सत्‍यापन किसी भी जनशिक्षा केन्‍द्र में कराना अनिवार्य होगा। दस्‍तावेजों का सत्‍यापन कराने पर ही बच्‍चे लॉटरी हेतु पात्र होगा। अधिक जानकारी के लिए नजदीकी अशासकीय स्‍कूल, जनशिक्षा केन्‍द्र, जनपद शिक्षा केन्‍द्र, अथवा जिला शिक्षा केन्‍द्र में संपर्क किया जा सकता है।

MP Board Result 2025 Date Kab Aayega: 10वीं और 12वीं के रिजल्ट पर आया नया अपडेट, जानिए कब जारी होगा रिजल्ट?

MP Board Result 2025 Date Kab Aayega: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) द्वारा आयोजित 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षाओं में सम्मिलित लाखों छात्रों के लिए यह समय अत्यंत महत्वपूर्ण है। छात्र और अभिभावक बेसब्री से MP Board Result 2025 की घोषणा का इंतजार कर रहे हैं। इस लेख में हम आपको बताएंगे कि एमपी बोर्ड 10वीं और 12वीं का रिजल्ट कब आएगा, कैसे आप इसे चेक कर सकते हैं, और इससे जुड़ी अन्य आवश्यक जानकारी।

MP Board Result 2025 Date: कब जारी होगा रिजल्ट?

एमपीबीएसई द्वारा प्राप्त नवीनतम जानकारी के अनुसार, MP Board Result 2025 की घोषणा मई के दूसरे सप्ताह में की जा सकती है। बोर्ड ने आंतरिक सूत्रों के हवाले से यह संकेत दिया है कि डिजिटल मार्कशीट अपलोड करने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है, और जैसे ही यह प्रक्रिया पूर्ण होगी, परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।

बोर्ड की वेबसाइट पर रिजल्ट की तारीख से एक दिन पहले प्रेस नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा जिसमें परिणाम घोषित करने की तिथि और समय का उल्लेख होगा।

रिजल्ट कहां और कैसे देखें?

रिजल्ट जारी होते ही छात्र निम्नलिखित आधिकारिक वेबसाइट्स पर जाकर अपना परिणाम देख सकते हैं:

रिजल्ट देखने के लिए छात्रों को निम्नलिखित जानकारियों की आवश्यकता होगी:

  • रोल नंबर
  • एप्लिकेशन नंबर
  • जन्मतिथि (यदि मांगी जाए)

इन वेबसाइट्स पर लॉगिन कर छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट डाउनलोड कर सकते हैं। इसके अलावा कुछ थर्ड पार्टी रिजल्ट प्लेटफॉर्म भी उपलब्ध हो सकते हैं, लेकिन आधिकारिक स्रोत सबसे विश्वसनीय होता है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में होगा टॉपर्स का ऐलान

एमपीबीएसई मुख्यालय, भोपाल में रिजल्ट की घोषणा के समय एक प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया जाएगा। इस प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान:

  • 10वीं और 12वीं के टॉपर्स के नामों की आधिकारिक घोषणा की जाएगी।
  • जिलेवार टॉपर्स की सूची भी सार्वजनिक की जा सकती है।
  • छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट को डाउनलोड करने का तरीका भी जान सकेंगे।
  • पिछले वर्षों की तुलना में इस बार के रिजल्ट के आँकड़ों पर भी प्रकाश डाला जाएगा।

कुल कितने छात्रों ने दी परीक्षा?

वर्ष 2025 में MP Board 10वीं और 12वीं की परीक्षाओं में कुल 16.60 लाख से अधिक छात्र सम्मिलित हुए हैं। इनमें:

  • 10वीं कक्षा के छात्र: लगभग 9 लाख
  • 12वीं कक्षा के छात्र: लगभग 7.6 लाख

इतनी बड़ी संख्या में छात्रों के परीक्षा देने के कारण, बोर्ड को मूल्यांकन प्रक्रिया को पूर्ण करने में कुछ समय लग रहा है। लेकिन बोर्ड का यह प्रयास है कि परिणाम ससमय और पारदर्शी तरीके से घोषित किए जाएं।

कैसे डाउनलोड करें डिजिटल मार्कशीट?

रिजल्ट घोषित होने के बाद छात्र अपनी डिजिटल मार्कशीट निम्नलिखित चरणों का पालन कर डाउनलोड कर सकते हैं:

  1. आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं
  2. “MP Board Result 2025” लिंक पर क्लिक करें
  3. रोल नंबर और अन्य विवरण दर्ज करें
  4. सबमिट बटन पर क्लिक करें
  5. आपकी मार्कशीट स्क्रीन पर दिखाई देगी
  6. इसे पीडीएफ फॉर्मेट में डाउनलोड करें और प्रिंट निकाल लें

डिजिटल मार्कशीट को स्कूल द्वारा प्रमाणित कराना जरूरी होगा, विशेषकर यदि आप उच्च शिक्षा संस्थानों में प्रवेश लेना चाहते हैं।

मोबाइल पर ऐसे चेक करें रिजल्ट

एमपी बोर्ड ने छात्रों की सुविधा के लिए मोबाइल से भी रिजल्ट देखने की सुविधा प्रदान की है। आप नीचे दिए गए तरीकों से रिजल्ट चेक कर सकते हैं:

  • एमपी ऑनलाइन मोबाइल ऐप डाउनलोड करें
  • ऐप में जाकर “रिजल्ट” सेक्शन में जाएं
  • रोल नंबर दर्ज कर रिजल्ट देखें

इसके अलावा, SMS सुविधा भी सक्रिय की जा सकती है जिसमें छात्र एक विशेष फॉर्मेट में अपना रोल नंबर भेजकर परिणाम प्राप्त कर सकते हैं। इसकी जानकारी बोर्ड की वेबसाइट पर दी जाएगी।

रिजल्ट से जुड़े महत्वपूर्ण निर्देश

  • रिजल्ट घोषित होते ही आधिकारिक वेबसाइट क्रैश हो सकती है, इसलिए धैर्य बनाए रखें।
  • परिणाम का स्क्रीनशॉट जरूर लें, लेकिन प्रमाण के रूप में केवल डिजिटल मार्कशीट को ही मान्यता प्राप्त है।
  • मार्कशीट में किसी प्रकार की त्रुटि होने पर, तुरंत अपने स्कूल से संपर्क करें या बोर्ड की हेल्पलाइन पर सूचना दें।
  • पुनर्मूल्यांकन की सुविधा भी कुछ दिनों बाद शुरू हो जाएगी, जिसकी सूचना वेबसाइट पर दी जाएगी।

भविष्य की योजना और करियर गाइडेंस

रिजल्ट के बाद छात्रों के लिए सबसे बड़ा सवाल होता है – अब आगे क्या करें? इसके लिए एमपी बोर्ड छात्रों को विभिन्न माध्यमों से गाइडेंस प्रदान करता है:

  • करियर काउंसलिंग सत्र का आयोजन
  • कॉलेज एडमिशन प्रक्रिया की जानकारी
  • वैकल्पिक कोर्सेस और स्किल डेवेलपमेंट प्रोग्राम्स की सूची

इससे छात्रों को अपने भविष्य की योजना बनाने में मदद मिलती है।

MP Board Result 2025 कब आएगा

MP Board Result 2025 की घोषणा अब ज्यादा दूर नहीं है। सभी छात्र और अभिभावक सलाह दी जाती है कि वे नियमित रूप से MPBSE की आधिकारिक वेबसाइट और सोशल मीडिया अकाउंट्स पर नजर बनाए रखें ताकि किसी भी अपडेट से वे चूक न जाएं। रिजल्ट घोषित होने के बाद, छात्र अपने मोबाइल या कंप्यूटर के माध्यम से रिजल्ट और मार्कशीट आसानी से डाउनलोड कर सकेंगे।

भोपाल: शादी के 3 दिन बाद पति के बड़े भाई ने महिला से किया बलात्कार

भोपाल (मध्य प्रदेश): इस साल जनवरी में शादी के तीन दिन बाद ही एक महिला के साथ उसके जीजा (पति के बड़े भाई) ने बलात्कार किया। बैरसिया पुलिस ने बुधवार को जीजा, महिला के पति और दो अन्य रिश्तेदारों के खिलाफ मामला दर्ज किया। पुलिस ने बताया कि उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी हैं।

रिपोर्ट के मुताबिक, 20 वर्षीय महिला ने जनवरी में एक युवक से प्रेम विवाह किया था। अपनी शिकायत में महिला ने आरोप लगाया है कि उसके पति के बड़े भाई ने शादी के तीन दिन बाद घर पर अकेली होने पर उसके साथ बलात्कार किया।

महिला ने अपने पति और सास को घटना के बारे में बताया लेकिन दोनों ने विश्वास करने से इनकार कर दिया और उसे चुप रहने को कहा।

हालांकि, आरोपी ने कुछ महीनों के अंतराल के बाद फिर से उसके साथ बलात्कार और छेड़छाड़ की कोशिश की। इसके बाद महिला अपने पति के घर से भाग गई और पुलिस के पास पहुंची।

एक अन्य घटना में सुखी सेवनिया थाना क्षेत्र में एक व्यक्ति ने प्रतीकात्मक विवाह करके विधवा महिला के साथ बलात्कार किया। 27 वर्षीय महिला ने दावा किया कि उसके पति की दो महीने पहले मृत्यु हो गई थी जिसके बाद अरविंद जैन ने उससे शादी का वादा किया था।

19 अप्रैल को अरविंद ने उसके माथे पर सिंदूर लगाया और उसे अपने घर ले गया। लेकिन, 10 दिनों तक उसका यौन शोषण करने के बाद अरविंद ने उसे घर से निकाल दिया। मंगलवार रात को महिला ने पुलिस से संपर्क किया और प्राइवेट ड्राइवर अरविंद के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई।

सिवनी के गांधी वार्ड में रेत खाली करने आए ट्रक ने बिजली के खंभे को मारी टक्कर, 12 घंटों से बिजली गुल

सिवनी: सिवनी जिला मुख्यालय के गांधी वार्ड काली चौक क्षेत्र में देर रात हुई एक दुर्घटना ने स्थानीय नागरिकों को परेशानी में डाल दिया। मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात लगभग 2 बजे एक भारी भरकम रेत से भरा ट्रक, सुफी दरगाह के पास भारत रत्न स्कूल रोड पर रेत खाली करने गया था। रेत खाली करने के पश्चात जब ट्रक वापस लौट रहा था, तभी उसने बिजली के खंभे को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे क्षेत्र में एक जोरदार धमाका सुनाई दिया और पूरी कॉलोनी की बिजली व्यवस्था अस्त-व्यस्त हो गई।

दुर्घटना की रात : नागरिकों की नींद में खलल

घटना के दौरान अधिकांश नागरिक गहरी नींद में थे, लेकिन जैसे ही जोरदार धमाका हुआ, मोहल्ले के निवासी घरों से बाहर निकल आए। बाहर निकलकर देखा गया कि बिजली का खंभा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त होकर सड़क पर गिर गया था, जिससे बिजली की आपूर्ति तुरंत बाधित हो गई।

बिजली के तारों में तेज़ स्पार्किंग भी देखी गई, जिससे कुछ देर के लिए लोगों में दहशत का माहौल उत्पन्न हो गया। गनीमत रही कि इस हादसे में कोई व्यक्ति घायल नहीं हुआ, अन्यथा स्थिति और भी गंभीर हो सकती थी।

बिजली विभाग की त्वरित कार्रवाई

घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग की टीम सुबह होते ही घटनास्थल पर पहुंच गई। विभाग की ओर से पुराने खंभे को हटाकर नया खंभा स्थापित करने का कार्य युद्ध स्तर पर जारी है। भीषण गर्मी में बिजली न होने से क्षेत्रवासी बुरी तरह प्रभावित हुए हैं, खासकर बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चे इस हालात में अधिक पीड़ित हैं।

बिजली कर्मचारियों द्वारा पसीना बहाकर लगातार मरम्मत कार्य किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र में जल्द से जल्द बिजली बहाल की जा सके। विभाग की मानें तो शाम तक बिजली आपूर्ति पुनः शुरू कर दी जाएगी, जिससे मोहल्ले में सामान्य स्थिति लौट आएगी।

स्थानीय निवासियों की पीड़ा

गांधी वार्ड के निवासी, जो पहले ही गर्मी से परेशान थे, अब बिजली न होने के कारण और भी मुश्किल में हैं। लोगों का कहना है कि कई बार भारी वाहन तंग गलियों में प्रवेश करते हैं, जिससे न केवल ट्रैफिक जाम की स्थिति बनती है, और सड़कें खराब हो रही है बल्कि इस तरह के हादसे भी होते हैं।

स्थानीय निवासी का कहना है, “यह पहला मौका नहीं है जब कोई भारी वाहन बिजली के खंभे से टकराया हो। प्रशासन को इस ओर विशेष ध्यान देने की आवश्यकता है।”

प्रशासन और ट्रैफिक विभाग से अपेक्षा

इस दुर्घटना के बाद प्रशासन और ट्रैफिक विभाग से यह अपेक्षा की जा रही है कि वो भारी वाहनों की आवाजाही पर उचित नियंत्रण लगाएं। भारत रत्न स्कूल रोड जैसे तंग रास्तों पर इस तरह के बड़े ट्रकों को अनुमति देना न केवल खतरनाक है, बल्कि यह नागरिकों की सुरक्षा के लिए गंभीर चुनौती भी बन सकता है।

बिजली के खंभे गिरने से अन्य समस्याएं भी पैदा

इस हादसे के चलते न केवल बिजली गुल हुई, बल्कि इंटरनेट सेवा, पानी की मोटरें और कई आवश्यक उपकरण भी बंद हो गए। छात्रों की ऑनलाइन पढ़ाई, वर्क फ्रॉम होम करने वाले कर्मचारियों और दुकानदारों को भी काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।

स्थानीय दुकानदार का कहना है, “पूरी रात और सुबह का समय बिजली के बिना निकालना बहुत कठिन हो गया। अगर प्रशासन इस पर ध्यान देता तो ऐसी स्थिति से बचा जा सकता था।”

गर्मी में बिजली गुल होना बना लोगों की पीड़ा

इन दिनों सिवनी में भीषण गर्मी पड़ रही है और ऐसे में बिजली का गुल होना नागरिकों के लिए सबसे बड़ी समस्या बन गया है। पंखे, कूलर और एसी बंद होने से बच्चों व बुजुर्गों की हालत अत्यंत खराब हो गई।

बिजली विभाग की कोशिशें ज़ारी हैं, लेकिन क्षेत्रवासियों की मांग है कि स्थायी समाधान के लिए ट्रांसफार्मर और बिजली के खंभों की स्थिति की नियमित जांच की जाए और उन्हें मजबूत बनाया जाए।

स्थानीय मीडिया और सोशल मीडिया पर खबर की गूंज

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय मीडिया संस्थानों और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर यह खबर तेजी से वायरल हो गई। लोग प्रशासन की लापरवाही को उजागर कर रहे हैं और मांग कर रहे हैं कि जिम्मेदार ट्रक ड्राइवर पर उचित कार्रवाई हो।

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार 2025 के लिए ऑनलाइन आवेदन 15 मई तक

Rajya Stariya Shikshak Puraskar 2025: सिवनी जिला शिक्षा अधिकारी द्वारा जानकारी देकर बताया गया ‍कि लोक शिक्षण संचालनालय म.प्र. भोपाल के द्वारा राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार 2025 हेतु ऑनलाईन आवेदन/नामांकन प्रक्रिया एवं चयन के मापदण्ड प्रसारित किये जा चुके है। स्कूल शिक्षा विभाग के विमर्श पोर्टल लिंक www.vimarsh.mp.gov.in पर दिनांक 15 अप्रैल से 15 मई 2025 तक ऑनलाईन आवेदन, नामांकन एवं शिक्षक द्वारा किये गये उत्कृष्ट कार्यों के साथ-साथ पाँच वर्ष के सत्यापित परीक्षा परिणाम को अपलोड करने हेतु तिथि निर्धारित की गई है।

उन्होंने बताया कि आवेदन हेतु शासकीय/स्थानीय निकाय/अनुदान प्राप्त/ प्राथमिक/ माध्यमिक/ हाईस्कूल/हायर सेकेण्डरी स्कूल/माध्यमिक शिक्षा मण्डल द्वारा संचालित मॉडल विद्यालयों में कार्यरत नियमित शिक्षक संवर्ग नामांकन हेतु पात्र होंगे। सेवानिवृत्त शिक्षक, शैक्षिक प्रशासक, शैक्षिक निरीक्षक, प्रशिक्षण संस्थाओं में कार्यरत शैक्षिक संवर्ग, जनशिक्षक, संविदा शिक्षक, अध्यापक, छात्रावास अधीक्षक, अशासकीय विद्यालयों में कार्यरत शिक्षक संवर्ग एवं ट्यूशन कार्य में संलिप्त रहने वाले शिक्षक संवर्ग आदि नामांकन हेतु पात्र नही होगें।

कक्षा 9-12वीं अंतर्गत विगत पाँच वर्षों में शिक्षक द्वारा पढ़ाई गई कक्षा में कुल छात्रों की संख्या का प्रतिवर्ष उत्तीर्ण छात्रों का परीक्षा परिणाम 80 प्रतिशत अथवा उससे अधिक होना अनिवार्य होगा। इसी प्रकार कक्षा 1 से 8वीं अंतर्गत कक्षावार 80 प्रतिशत छात्रों का परीक्षाफल ‘‘ए’’ ग्रेड होने पर ही शिक्षक का आवेदन पात्रता श्रेणी में मान्य होगा। नियमित रूप से कक्षा में अध्यापन कराने वाले शिक्षक तथा विद्यालय में 90 प्रतिशत अथवा उससे अधिक उपस्थिति होने पर ही आवेदन/नामांकन हेतु पात्र होगें।

राज्य स्तरीय शिक्षक पुरस्कार प्राथमिक एवं माध्यमिक श्रेणी (कक्षा 1 से 😎, उच्चतर माध्यमिक (कक्षा 9 से 12) अंतर्गत देय होगा। विशेष श्रेणी अंतर्गत दिव्यांग शिक्षक/दिव्यांग विद्यार्थियों की शिक्षा में संलग्न शिक्षक एवं परम्परागत संस्कृत पाठशाला के संस्कृत शिक्षक/मदरसों के अरबी, फारसी भाषा के शिक्षकों को उपर्युक्त दोनों श्रेणियों में वरीयता दी जायेगी। प्राथमिक, माध्यमिक श्रेणी कक्षा 1 से 8 तक के लिए श्रेणीवार पुरस्कारों की अधिकतम संख्या-8 एवं उच्चतर माध्यमिक श्रेणी कक्षा 9 से 12 तक के लिए श्रेणीवार पुरस्कारों की अधिकतम संख्या-6 निर्धारित है। इस प्रकार कुल पुरस्कारों की संख्या-14 होगी। शिक्षा के क्षेत्र में किये गये उत्कृष्ट कार्य से संबंधित अभिलेख, सहायक सामग्री/की गई गतिविधियों का प्रतिवेदन/किये गये कार्यों के फोटोग्राफ्स, आडियों-वीड़ियों आदि ऑनलाईन अपलोड करने होगें।

यदि नामांकनकर्ता शिक्षक द्वारा अपलोड किये गई जानकारी एवं कोई भी अभिलेख/पत्र आडियों-वीडियों सत्यापन के समय गलत पाया जाता है तो शिक्षक के विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही की जायेगी। जिला शिक्षा अधिकारी एस.एस.कुमरे ने बताया कि शिक्षक आवेदन करने हेतु पात्रता के संबंध में विस्तृत निर्देश एवं जानकारी उक्त वेबसाइट पर देख सकते हैं

सिवनी: थाना डूण्डासिवनी पुलिस ने पकड़ा बड़ी मात्रा में अवैध शराब का जखीरा

सिवनी: अर्टिगा कार से हुई 36 पेटी शराब जप्त. पुलिस अधीक्षक महोदय सुनील कुमार मेहता के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जीडी शर्मा, नगर पुलिस अधीक्षक सिवनी पूजा पांडे के मार्गदर्शन में डूंडासिवनी पुलिस व्दारा अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर रोकथाम लगाने हेतु सतत निर्देश दिये गये है.

इसी तारतम्य में थाना डूण्डासिवनी पुलिस द्वारा एक सफेद रंग की अर्टिगा कार में अवैध परिवहन करते हुए 36 पेटी देशी शराब सफेद एवं लाल मसाला शराब जप्त करने में बड़ी सफलता प्राप्त की है।

थाना डूंडासिवनी में दिनांक 28/04/2025 को मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि एक सफेद रंग की अर्टिगा कार में अवैध शराब का परिवहन किया जा रहा है जो कटंगी अरी से जनता नगर की ओर आ रही है सूचना पर तत्काल पुलिस स्टाफ रवाना किया गया जो रात्रि करीबन 09/00 बजे एक सफेद रंग की अर्टिगा कार अरी तरफ से आते हुए दिखाई दी थी

फिर कार चालक पुलिस की गाड़ी को देखकर अर्टिगा कार को जनता नगर बाईपास से बरघाट बाईपास रोड़ की तरफ तेज गति से भगाने लगा पुलिस के द्वारा उक्त संदिग्ध अर्टिगा कार का पीछा किया गया जो कार चालक कार को जगदम्बा सिटी के गेट के पास खड़ी कर अंधेरे का फायदा उठाकर भाग निकला।

पुलिस के द्वारा संदिग्ध अर्टिगा कार क्रमांक MP50R5050 की तलाशी लेने पर कार के अंदर 36 पेटी देशी मदिरा सफेद एवं लाल मसाला कुल 1396 पाव (323.28 लीटर) भरी होना पायी गयी। जो मौके पर कार्यवाही कर मय अर्टिगा कार के उक्त अवैध शराब को जप्त कर अज्ञात चालक के विरूध्द धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के अंतर्गत अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।

  • आरोपीः- अज्ञात ( अर्टिगा कार क्रमांक MP50R5050 का चालक )
  • जप्त मशरुकाः- (1) सफेद रंग की अर्टिगा कार क्रमांक MP50R5050 कुल कीमती लगभग 500000/- रूपये
  • (2) 8 पेटी देशी सफेद प्लेन एवं 28 पेटी देशी लाल मसाला कुल 36 पेटी शराब मात्रा 323.28 लीटर कीमती करीबन 177000/- रूपये
  • कुल बरामद सम्पत्ति की कीमत लगभग 677000/- रुपये ।

सराहनीय कार्यः – निरीक्षक सतीश तिवारी, उपनिरी मनोज कुमार जंघेला, प्रआर. 90 सुंदर श्याम, प्रआर 377 सुजान सिंह बघेल, प्रआर 366 शेखर बघेल, प्रआर 450 मुकेश गोडाने, प्रआर 164 मनोज मरावी, आर. 403 रोहित रघुवंशी, आर. 140 कृष्ण कुमार भालेकर, आर. 49 जितेन्द्र बघेल, आर 150 रवि धुर्वे, चालक आर.527 चंद्रदीप हिवारे, सैनिक 58 मुकेश कटरे का सराहनीय कार्य रहा।

PM MODI ने रक्षा मंत्री, एनएसए, सीडीएस और सभी सशस्त्र सेना प्रमुखों के साथ आवास पर महत्वपूर्ण बैठक की अध्यक्षता की

0

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मंगलवार को केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (एनएसए) अजीत डोभाल, चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (सीडीएस) अनिल चौहान और सभी सशस्त्र बलों के प्रमुखों के साथ एक उच्च स्तरीय सुरक्षा बैठक की अध्यक्षता की। यह बैठक कल होने वाली सुरक्षा संबंधी कैबिनेट समिति (सीसीएस) की बैठक से पहले हो रही है।

इससे पहले आज केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन ने आंतरिक सुरक्षा स्थिति की समीक्षा और उभरते खतरे का आकलन करने के लिए एक उच्च स्तरीय बैठक बुलाई।

आईएएनएस की रिपोर्ट के अनुसार, बैठक में सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) के महानिदेशक दलजीत सिंह चौधरी, राष्ट्रीय सुरक्षा गार्ड (एनएसजी) के महानिदेशक ब्रिघु श्रीनिवासन और असम राइफल्स के महानिदेशक लेफ्टिनेंट जनरल विकास लखेरा सहित प्रमुख सुरक्षा नेताओं ने भाग लिया।

बैठक में सीमा सुरक्षा को मजबूत करने, आतंकवाद-रोधी क्षमताओं को बढ़ाने तथा सुरक्षा बलों के बीच खुफिया सूचनाओं के आदान-प्रदान में समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा हुई।

प्रथम सीसीएस बैठक के बाद भारत ने पाकिस्तान के विरुद्ध कड़े कदमों की घोषणा की, जिसमें सिंधु जल संधि को रोकना, अटारी सीमा को बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए वीजा रद्द करना, अनेक पाकिस्तानी यूट्यूब चैनलों और एक्स खातों को बंद करना, तथा दोनों पक्षों के दूतावासों में कर्मचारियों की संख्या में कमी करके राजनयिक संबंधों को कम करना शामिल था, जिससे प्रभावी रूप से कर्मचारियों को अपने देश वापस लौटना पड़ा।

ये निर्णायक कदम 22 अप्रैल को पहलगाम की बैसरन घाटी में हुए दुखद हमले के बाद उठाए गए हैं, जिसमें एक नेपाली नागरिक सहित 26 लोग खूबसूरत घास के मैदानों में छुट्टियां मना रहे थे और उनकी जान चली गई। इस विनाशकारी घटना ने भारत और अंतरराष्ट्रीय समुदाय दोनों को बुरी तरह प्रभावित किया है।