Home Blog Page 2118

नये साल का जमकर जश्न मनाया लोगों ने

सिवनी ||नये साल का पहला दिन अधिकांश लोगों ने प्रकृति की गोद में बिताया। जिले के लगभग सभी पिकनिक स्पॉट में बड़ी संख्या में सैलानी पहुँचे। सुबह से देर रात तक पिकनिक स्पॉट में भारी भीड़ रही। कुछ पिकनिक स्पॉट में पुलिस तैनात थी, जबकि अधिकांश जगह सैलानियों की सुरक्षा के लिये प्रशासन ने कोई व्यवस्था नहीं की थी। हालांकि किसी भी पिकनिक स्पॉट में किसी घटना की सूचना नहीं मिली।

वैष्णवी धाम में उमड़े श्रद्धालु
शहर से लगे वैष्णवी देवी धाम (सीलादेही) में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। साल का पहला दिन मनाने बड़ी संख्या में लोग यहाँ पहुँचे। बच्चों के झूले, विभिन्न सामग्रियों की दुकानों व प्राकृतिक सौन्दर्य का आनंद उठाने के साथ वैष्णो देवी, दुर्गाजी, पद्मनाभ स्वामी के दर्शन किये गये। पलारी टेकरी स्थित शनि मंदिर में भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुँचे।

अंबामाई में लगा जमावड़ा : कटंगी रोड पर स्थित पिकनिक स्पॉट अम्बामाई में लोगों ने साल का पहला दिन गुजारा। प्राचीन मंदिर में मातारानी के दर्शन के बाद लोगों ने प्राकृतिक सौन्दर्य का आनंद लिया। परिवार के साथ पहुँचे लोगों ने दूधिया पानी व प्राकृतिक सौन्दर्य के बीच अपना दिन बिताया।

लोगों ने बताया कि प्रकृति के बीच आकर मन को शांति मिलती है। मिट्टी से बने एशिया के सबसे बड़े भीमगढ़ बाँध को देखने दूर-दूर से सैलानी पहुँचे। मुख्यालय समेत दूर-दूर से सैलानी यहाँ पहुँचे। डेम में लबालब भरे पानी और पहाड़ी पर स्थित रेस्ट हाऊस के आसपास घने जंगल को देखकर सैलानी उत्साहित हुए।

धार्मिक स्थलों में पहुँचे लोग : जिले के धार्मिक स्थानों में भी बड़ी संख्या में मंगलवार को श्रद्धालु पहुँचे। वर्ष 2018 को अलविदा कहकर नये साल में चैन व अमन की प्रार्थना की। जिले के गुरु रत्नेश्वर धाम दिघोरी में स्थापित एशिया के सबसे बड़े स्फटिक शिवलिंग के दर्शन करने दूर-दूर से श्रद्धालु पहुँचे।

यहाँ जगतगुरु स्वरूपानंद महाराज ने विधि विधान से शिवलिंग की स्थापना करायी थी। इसके अलावा सांईपुरम, मठघोघरा, प्राचीन आष्टा काली मंदिर, मुण्डारा, डोंगरदेव, महाकालेश्वर आदि धार्मिक स्थानों में सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं की खासी भीड़ रही। लखनादौन के मठघोघरा में प्राकृतिक सौन्दर्य, झरने व पहाड़ी के बीच विराजमान शिवलिंग के श्रद्धालुओं ने दर्शन किये।

धार्मिक स्थानों के अलावा प्राकृतिक सौन्दर्य से भरपूर विभिन्न पिकनिक स्पॉटों को देखकर यहाँ पहुँचे श्रद्धालु भाव विभोर हो गये। ड्यूटीघाट, गौशाला डैम, सोनावानी, सिद्धघाट, मोर्चागढ़, पण्डरापानी, बबरिया डैम, पायली नान्ही कन्हार, बावनथड़ी आदि पिकनिक स्थलों में दूर-दूर से सैलानी पहुँचे। इसके अलावा पर्यटन स्थल पायली में भी बड़ी संख्या में दूर-दूर से सैलानी पहुँचे। बरगी डेम के कारण इस क्षेत्र में नर्मदा नदी का अथाह जल व बीच में स्थित छोटे टापू से सैलानी आकर्षित हुए।

दुर्घटनाओं भरा रहा साल का आखिरी दिन

सिवनी ।। जिले में परिवहन विभाग एवं यातायात पुलिस की अनदेखी का खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ रहा है। जिले के अराजक यातायात ने वर्ष के आखिरी दिन भी अपना कहर बरपाया। अलग – अलग सड़क हादसों में जहाँ एक युवती सहित दो लोगों की मौत हो गयी वहीं कुछ घायल हो गये।

बस के नीचे आयी छात्रा ने तोड़ा दम :

सोमवार 31 दिसंबर की सुबह बस में सवार होकर सिवनी स्थित कॉलेज में अध्ययन करने आयी छात्रा बस से उतरते समय बस की चपेट में आ गयी, जिससे उसकी मृत्यु हो गयी। बण्डोल थाना क्षेत्र के ग्राम परासिया निवासी रोशनी (19) पिता देवी प्रसाद बस क्रमाँक एमपी 49 पी 2360 जो नरसिंहपुर से सिवनी होकर बालाघाट जाने के लिये निकली थी, उसमें सवार होकर सिवनी तक आयी थी।

सिवनी बस स्टैण्ड में जब बस रिवर्स हो रही थी, उसी समय छात्रा बस से उतरते समय उसी बस की चपेट में आ गयी जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गयी। उसे उपचार हेतु जिला चिकित्सालय लाया गया जहाँ उपचार के दौरान उसकी मृत्यु हो गयी। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मृतिका के शव का पंचनामा बनाने के उपरांत पीएम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है। विगत एक सप्ताह पूर्व बस स्टैण्ड में बस की चपेट में आने से हेल्पर बंटी बघेल की मृत्यु हो गयी थी और यह दूसरी घटना पुनः बस स्टैण्ड में घटित हुई, जिसमें छात्रा की मृत्यु हो गयी।

डंपर ने ली फिर एक की जान :

जिले में इस साल डंपरों की अंधाधुध गति के कारण कई घरों के चिराग बुझे। वर्ष के आखिरी दिन भी एक व्यक्ति एक डंपर की चपेट में आ गया। केवलारी थाना के ग्राम झोला निवासी अशोक (42) पिता जौहर राजपूत रविवार एवं सोमवार की रात सड़क किनारे टहल रहे थे तभी उगली से केवलारी की ओर जा रहे तेज रफ्तार डंपर ने उसे चपेट में ले लिया।

इससे अशोक राजपूत गंभीर रूप से घायल हो गये उन्हें केवलारी सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र लाया गया, जहाँ से गंभीर स्थिति के चलते जिला चिकित्सालय रैफर कर दिया गया। जिला चिकित्सालय में उपचार के दौरान अशोक राजपूत ने दम तोड़ दिया। पुलिस द्वारा मर्ग कायम कर मृतक के शव का पंचनामा बना पीएम करवाकर परिजनों को सौंप दिया गया है।

बाइक से गिरकर गंभीर :

जिले के केवलारी थाना क्षेत्र अंतर्गत आने वाले पलारी पेट्रोल पंप के समीप सोमवार सुबह बाइक में सवार एक व्यक्ति चलती बाइक से सड़क पर गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट आयी है। केवलारी थाना क्षेत्र के ग्राम पाथरफोड़ी निवासी बैसाखू (50) पिता लक्खू इड़पाचे अपने रिश्तेदार मोहन (48) पिता कुँवर सिंह इड़पाचे के साथ सोमवार सुबह ग्राम डूण्डा सिवनी से बाइक में सवार होकर पाथरफोड़ी जाने के लिये निकले तभी पलारी पेट्रोल पंप के पास चलती बाइक से बैसाखू बाइक से गिर गया, जिससे उसे गंभीर चोट आयी है। घायल को जिला चिकित्सालय में भर्त्ती करवाया गया है।

-9 डिग्री की ठंड में पर्यटकों की रक्षा के लिए अपने बिस्तर दे देने वाली इंडियन आर्मी को दिल से सलाम

0

बर्फ़बारी का सीज़न है. हर साल सैलानी देश के पहाड़ी इलाकों में कुदरत के इस अद्भुत नज़ारे को देखने के लिए पहुंच जाते हैं. लेकिन कभी-कभी मौसम की मार भी पर्यटकों को झेलनी पड़ती है. ऐसा ही हुआ सिक्किम के नाथू ला में, जहां भारी हिमपात की वजह से करीब 2800 पर्यटक फंस गए. इन्हें रेस्क्यू करने के लिए भारतीय सेना ने दिन रात एक कर दिया. इंडियन आर्मी के जवानों ने अपने बिस्तर भी पर्यटकों दे दिए और ख़ुद -9 डिग्री के तापमान में बाहर उनकी सुरक्षा में तैनात रहे.

दरअसल, शनिवार को हुई भारी बर्फ़बारी में नाथू ला में करीब 300-400 वाहन फंस गए. उनको सुरक्षित बाहर निकालने के लिए भारतीय सेना ने बचाव कार्य शुरू किया . भीषण सर्दी में भारतीय सेना के जवानों ने सभी टूरिस्ट्स को सेना के बेस कैंप 17th Mile Area पहुंचाया.

ज़िले के मजिस्ट्रेट कपिल मीणा ने बताया कि, ‘सभी पर्यटकों को रेस्क्यू कर लिया गया है. साथ ही उन्हें बेस कैंप में खाना और दवाईयां भी दी गई. उन्हें जल्द ही गंगटोक भेजा जाएगा, ताकि वो अपने-अपने घर लौट सकें.’

इन्हीं में से एक पर्यटक ने बताया कि- ‘भारतीय सेना के जवानों ने अपना बिस्तर पर्यटकों से शेयर किया और पूरी रात -9 डिग्री के तापमान में बाहर पहरा देते रहे ताकि हम सुरक्षित और ज़िंदा रह सकें. उन्होंने हम सभी के लिए जो किया है, उसके सामने धन्यवाद जैसा शब्द भी छोटा लगता है.’


हैट्स ऑफ़ इंडियन आर्मी. 

रिश्वतखोर पुलिस अधिकारी को हुई 4 वर्ष की सजा

जिला – सिवनी के विशेष न्यायालय (भष्ट्राचार निवारण अधिनियम 1988) ने रिश्वत के एक और मामले में सजा सुनाई है । मीडिया सेल प्रभारी मनोज सैयाम द्वारा बताया गया कि । यह घटना वर्ष 2016 की है घटना के समय इस मामले का अभियुक्त नरेंद्र जैन थाना कोतवाली सिवनी में सहायक उपनिरीक्षक के पद पर पदस्थ था जिसके द्वारा थाना- कोतवाली के अपराध क्रमांक 993/15 में दर्ज धारा -420 (34) भा0द0वी0 के अंतर्गत आरोपी , रजनी कोष्टा , दिनेश पाटिल एवं मोहन लांजेवार के विरूद्ध फरियादिया श्रीमति वैजंती बघेल के द्वारा की गई शिकायत पर विवेचना की जा रही थी । विवेचनाधिकारी नरेंद्र जैन के द्वारा उक्त तीनों आरोपीगणों को गिरफ्तार करने की एवज में 1 लाख रुपये की मांग फरियादिया वैजन्ती बघेल से कर रहा था ।

जिसकी शिकायत फरियादिया के द्वारा दिनांक 01-03-16 को लोकायुक्त पुलिस जबलपुर को की थी ।जिसके बाद गिरफ्तार करने के एवज में 4000 रुपये रिश्वत देने की बात तय हुई थी ।दिनांक 04-03-16 को अभियुक्त नरेंद्र जैन , वैजंती बघेल के घर ग्राम मानेगांव स्थित घर में पहुँचा जहाँ पर पहले से लोकायुक्त पुलिस दूसरे कमरे में छुप कर बैठी थी । अभियुक्त के रिश्वत मांगने पर वैजन्ती बघेल ने उसे 2000रुपये दिए जिसे अभियुक्त ने अपनी पेंट की जेब मे रख लिया तभी लोकायुक्त पुलिस की टीम निरिक्षक मनोज गुप्ता के साथ कमरे बाहर आकर अभियुक्त नरेंद्र जैन को पकड़ लिया और उसके उसके पास से रिश्वत के 2000 रुपये बरामद कर कार्यवाही की गई और अपराध कायम कर विवेचनापूर्ण पश्चात माननीय न्यायालय में चालान प्रस्तुत किया था । जिस पर विशेष न्यायाधीश श्रीमान संजीव श्रीवास्तव की न्यायायल में सुनवाई की गई ।

जिसमे शासन की ओर से विशेष लोक अभियोजक श्रीमती – दीपा मर्सकोले , जिला अभियोजन अधिकारी सिवनी के द्वारा गवाहों और सबूतों को पेश किया और महत्वपूर्ण और विधिक तर्क प्रस्तुत कर अभियुक्त के द्वारा रिश्वत लेने के अपराध को प्रमाणित कराया । जिस पर माननीय न्यायालय द्वारा विश्ववसनीय साक्ष्य को द्रष्टिगत रखते हुए आरोपी नरेंद्र जैन को भष्ट्राचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा-7 में 3 वर्ष , धारा- 13(1)डी0, 13(2) – में 4 वर्ष के कारावास एवं 10 हजार रुपये जुर्माना और न देने पर 6 -6 माह के अतिरिक्त कारावास का निर्णय दिनांक 31-12-18 को सुनाया है ।।

ऋषभ पुनः बनाये गए प्रान्त कार्यकारणी

सिवनी // अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के 64 वे राष्ट्रीय अधिवेशन कर्णावती गुजरात से सिवनी जिले से ऋषभ कटरे को पुनः दूसरी बार प्रान्त कार्यकारणी सदस्य का दायित्व दिया गया गौरतलब है कि ऋषभ सिवनी जिले की विद्यार्थी परिषद की बंडोल इकाई से साल 2016 में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से जुड़े और 2018 में प्रथम बार प्रान्त कार्यकारणी सदस्य की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गयी है और उन्होंने पूरे वर्ष संगठन के कार्यो को गति देने का कार्य किया उनकी यही सक्रियता को देखते हुए पुनः ये जिम्मेदारी दी गयी।।

बस की चपेट में आने से कॉलेज की छात्रा मृत

सिवनी- मुख्यालय के प्राइवेट बस स्टेंड में आज सुबह लगभग 10 बजे कालेज में अध्यनन करने एक छात्रा की बस में दबकर मौत हो गई है ।

कोतवाली सिवनी से मिली जानकारी के अनुसार बंडोल थाने के ग्राम परसिया निवासी रोशनी पिता देवी प्रसाद भारद्वाज मंगल वर्धनी बस की चपेट में आ गई जिसकी इलाज के दौरान मौत हो गई ।

आरोपी वाहन चालक रंजन कौरव नरसिंहपुर को नगर कोतवाल सिवनी के निरेदश पर गिरफतार कर बस जप्ती के बाद धारा 279,337,304A का मामला दर्ज कर लिया गया है

SPL -2018 शायनिग स्टार ने जीते अपने दोनों मुकाबले

सिवनी की अब तक कि सबसे हाईटेक टैनिस बाल क्रिकेट चेम्पियनशिप सिवनी प्रीमियर लीग SPL के लीग पूल के मुकाबले 31 दिसंबर से प्रारंभ होने जा रहे हैं।
गौरतलब हो की 23 दिसंबर से प्रारंभ होने वाली सिवनी प्रीमियर लीग प्रतियोगिता अपने शबाब पर पहुंच चुकी है इस प्रतियोगिता में सिवनी जिले की वे सभी नामी ग्रामी टीमें और क्लबों ने अपने बेहतर खिलाड़ियों के साथ प्रतिनिधित्व किया था।प्रतियोगिता का प्रथम चरण नाक आउट पद्धति से खेला गया था जिसमें 12 टीमों ने अपने बेहतर खेल कला कौशल का प्रदर्शन दिखाया इन12 टीमों में से ओपन वर्ग में 4 टीमो ने लीग मुकाबलों में अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करेंगे नाक आउट मुकाबले से क्वालीफाई किया है।

जिन टीमो ने प्रतियोगिता के लीग मुकाबलों में पहुंची हैं वे है बाबा इलेवन, शाइनिंग स्टार ,सचिन इलेवन ,और देव क्लब हैं वहीं गत वर्ष विजेता एसपीएल की चैंपियन बोयज़ क्लब और रनरअप रही डायमंड क्लब डायरेक्ट पूल में प्रवेश किया है।

आज 31 दिसंबर पहले पूल का प्रथम मैच डायमंड क्लब शाइनिंग स्टार के मध्य 12 से खेला गया जहा पहले बल्लेबाजी करते हुए सायनिग ने सुनील की 42 रन की पारी की मदद से 10 ओवरों में 120 रन बनाए।

जवाब में बैटिंग करने उतरी डायमंड क्लब 10 ओवर के 105 रन ही बना सकी इस पारी में उत्सव बैरागी ने 55 रन बनाए,इस तरह पहला मुकाबला सायनिग स्टार ने जीता।

दोपहर 2 बजे से लीग मुकाबले में देव क्लब की भिड़ंत डायमंड क्लब से हुई जहा पहले बल्लेबाजी करते हुए डायमंड ने 10 ओवर में 116 रन बटोरे,लक्ष्य का पीछा करते हुए देव क्लब ने समीर की 55 रनों की आतिशी पारी की मदद से मात्र 7 ओवर में 116 का लक्च्य हासिल कर बड़ी जीत दर्ज कर डाली।

आज 31 दिसम्बर का तीसरा मैच 3 बजे से देव क्लब और शाइनिंग स्टार के मध्य खेला गया जहा देव क्लब ने पहले बल्ल्लेबाजी करते हुए 10 ओवर में मात्र96 रन ही बना पाई,सायनिग स्टार के बंटी बिसेन दवारा 7 गेंद में बनाये गये 27 रन की मदद से अंतिम मैच सायनिग स्टार ने अपने कब्जे में किया।

SPL के लीग मैचो का दूसरा पूल जो की 1 जनवरी से खेला जाएगा जिसमें बॉयज क्लब, बाबा इलेवन,एवं सिवनी की नई उभरती हुई टीम सचिन 11अपने खेल का प्रदर्शन करेंगे प्रतियोगिता का सेमीफाइनल मुकाबले 2 जनवरी को होंगे वही प्रतियोगिता का वहीं फाइनल मुकाबला 3 जनवरी को मिशन स्कूल ग्राउंड में खेला जाएगा।।

प्रतियोगिता संयोजक क़ाबिज़ खान और अध्यक्ष नरेंद्र ठाकुर ,सचिव मंजिस भरद्वाज ने नगरवासियों से प्रतियोगिता स्थल पहुचकर खिलाड़ियों और टीमो के हौसला अफजाई करने की अपील की है।।

नववर्ष पर सीलादेही में होगी श्रीयंत्र की पूजा

सिवनी । मुख्यालय से नागपुर रोड पर स्थित ग्राम सीलादेही की सुरम्य पहाडिय़ों पर स्थापित माँ वैष्णोदेवी धाम में प्रतिवर्ष अनुसार इस वर्ष भी नववर्ष के अवसर पर मेले का आयोजन 1 जनवरी 2019 को होगा। वैष्णोदेवी धाम सीलादेही की सेवादार श्रीमति विद्या गोविंद नेमा द्वारा बताया गया कि नववर्ष के प्रथम दिन दोपहर 2 बजे देश-प्रदेश एवं जिले की उन्नति, प्रगति एवं शांति के लिये श्रीयंत्र की विशेष पूजा प्रकांड पंडितों की उपस्थिति में की जायेगी, जिसके पश्चात प्रसाद वितरण भी होगा। समिति ने सभी धर्मप्रेमियों और श्रद्धालुओं से आग्रह किया है कि वे इस अवसर पर पधार कर धर्मलाभ अर्जित करें।

सिवनी पुलिस को बड़ी सफलता झारखंड से धरदबोचा लाये ATM ठग को

सिवनी-आज 31 दिसम्बर सिवनी पुलिस ने एटीएम ठग को हजारों कि.मी.दूर झारखंड से पकड़ने मे सफलता हासिल की है, सिवनी एस पी. ललित साक्यवार ने बताया कि चार माह पूर्व सिवनी ललमटिया निवासी रिटायर्ड शिक्षक प्रीतम डेहरिया से फोन करके 9,57,786 रूपये की ओनलाइन एटीएम ठगी की गई

जिसको सायवर सेल की मदद से ट्रैप किया गया सिवनी पुलिस ने झारखंड राज्य के सियाटाड ग्राम से कृष्णमोहन मंडल को गिरफ्तार कर लाई जिसके पास रूपये तो नहीं मिले उन रुपये से कृष्ण मोहन मंडल ने एक कार और एलसीडी खरीद ली गौरतलब हो कि आरोपी मात्र आठवीं कक्षा तक की पढाई किया है जिसने ओनलाइन एटीएम ठगी की घटना को अंजाम दिया है फिलहाल सिवनी पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है.

जिससे कि और भी बडे खुलासे होने की संभावना हैं वहीं प्रीतमलाल डेहरिया का कहना है कि मै सिवनी पुलिस का शुक्रगुज़ार हू जिन्होंने मेरी जिंदगी भर की जमा कमाई 9,57,786 रू को हजारों क.मी. दूर से वापस लाने मे मेरी मदद की.

दोपहिया वाहन की टक्कर से मासूम की मौत

सिवनी । जिले में इन दिनों दो पहिया वाहन हवा की मानिंद रफ्तार पकड़कर सड़क पर कुलांचे भर रहे हैं लेकिन इन पर किसी का बस रह गया हो, ऐसा नजर नहीं आता है। डूण्डा सिवनी थाना क्षेत्र के एक ग्राम में दो वर्षीय एक मासूम बच्ची की मौत अज्ञात दो पहिया वाहन की टक्कर से हो गयी।

प्राप्त जानकारी के अनुसार डूण्डा सिवनी थाना के अंतर्गत आने वाले ग्राम उड़ेपानी निवासी विजय कुमार मरकाम की दो वर्षीय पुत्री अर्पिता शनिवार की रात लगभग नौ बजे जब रोड क्रॉस कर रही थी तभी वहाँ से गुजर रहे एक तेज रफ्तार दो पहिया वाहन के चालक ने लापरवाही पूर्वक वाहन चलाते हुए अर्पिता को टक्कर मार दी।

बताया जाता है कि यह टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि अर्पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना को कारित करने वाला दो पहिया वाहन का चालक अपने वाहन सहित मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। मृत अर्पिता के शव का पोस्ट मार्टम रविवार 30 दिसंबर को करवाये जाने के उपरांत उसे परिजनों को सौंप दिया गया।

बताया जाता है कि यह टक्कर इतनी जबर्दस्त थी कि अर्पिता ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। इस दुर्घटना को कारित करने वाला दो पहिया वाहन का चालक अपने वाहन सहित मौके से भाग निकलने में कामयाब हो गया। मृत अर्पिता के शव का पोस्ट मार्टम रविवार 30 दिसंबर को करवाये जाने के उपरांत उसे परिजनों को सौंप दिया गया।