Home Blog Page 2114

मीसाबंदी पेंशन बंद, विरोध चालू

सरकार के निर्णय के विरोध में सौंपेंगे ज्ञापन

25 जून 1975 से 21 मार्च 1977 तक देश में इंदिरा काँग्रेस के द्वारा लगाये गये आपात काल के दौरान एमआईएसए मीसा, डीआई के तहत जेलों में निरूद्ध कर रखे गये लोगों को प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा उन्हें लोकतंत्र सेनानी की श्रेणी में रखा जाकर निरूद्ध अवधि के आधार पर उन्हें जय प्रकाश नारायण सम्मान निधि प्रतिमाह दिये जाने का प्रावधान सुनिश्चित किया गया था, जो प्रदेश की नयी सरकार द्वारा समीक्षा किये जाने के नाम पर फिलहाल रोक दी गयी है।

लोकतंत्र सेनानी संगठन के द्वारा प्रदेश सरकार के इस निर्णय के विरोध में कल 07 जनवरी को जिला कलेक्टर के माध्यम से प्रदेश के राज्यपाल के नाम एक ज्ञापन सौंपा जायेगा और उनसे प्रदेश सरकार द्वारा लगायी गयी सम्मान निधि की रोक को बहाल किये जाने की माँग की जायेगी।

संगठन के जिला अध्यक्ष सुदर्शन बाझल द्वारा मीडिया प्रभारी के माध्यम से जारी की गयी विज्ञप्ति में उक्ताशय के साथ कहा गया है कि 25 जून 1975 को पूरे देश में लोकनायक जय प्रकाश नारायण के नेत्तृत्व में चलाये गये आंदोलन को कुचलने के लिये यह आपात काल लागू किया गया था और पूरे देश के काँग्रेस विरोधी राजनैतिक दलों के नेताओं उनके कार्यकर्त्ताओं विभिन्न धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक संगठनों पर प्रतिबंध लगाया जाकर उनके पदाधिकारियों और कार्यकर्त्ताओं को जेलों में बंद कर दिया गया था।

संगठन के मीडिया प्रभारी द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार इस दौरान जब विरोधी नेताओं, कार्यकर्त्ताओं और प्रतिबंधित संगठनों के लोगों को जेलों में बंद किया जा रहा था तो उस समय कई लोगों के साथ बड़ा ही अमानवीय व्यवहार भी किया गया। पुलिस द्वारा लोगों को थानों में लॉकप में बंद किया जाकर बुरी तरह पीटा गया, जब व्यक्ति ने पीने को पानी माँगा तो उसे पानी की बजाय पेशाब तक पिलायी गयी थी।

विज्ञप्ति के अनुसार इतना ही नहीं जेलों में बंद मीसा बंदियों को यातना देने के उद्देश्य से जेलों के गुनाह खानों में तक बंद रखा गया था। इतना ही नहीं इस बंदी के दौरान उन्हें जेलों में पर्याप्त चिकित्सा सुविधा तक उपलब्ध नहीं करवायी गयी थी। परिणाम स्वरूप सिवनी नगर के एक होनहार युवक सोमनाथ हेडाऊ की जेल में चिकित्सा सुविधा समय पर न मिलने के कारण मृत्यु तक हो गयी थी। यातना की पराकाष्ठा ऐसी थी कि उस समय जेल में निरूद्ध सिवनी जिले के एक मीसा बंदी गनपत बेसले की पत्नि का देहावसान हो गया था, लेकिन उन्हें अंतिम संस्कार हेतु पैरोल (जेल से छोड़ने की अनुमति) नहीं दी गयी थी।

विज्ञप्ति के अनुसार जो लोग जेलों में बंद थे उनमें कोई डॉक्टर था, कोई वकील तो कोई व्यापारी और जो युवा थे उनमें से अधिकांश हाई स्कूल या महाविद्यालय के विद्यार्थी थे। लगभग 19 माह की इस मीसा बंदी के दौरान इन सब का कारोबार और भविष्य प्रभावित हुए बिना नहीं रहा।

विज्ञप्ति के अनुसार अब यदि प्रदेश सरकार ने आपातकाल के इन पीड़ित और प्रभावित लोगों को सम्मान निधि देने के साथ ही यदि उन्हें लोकतंत्र सेनानी की उपाधि दी है तो भला यह कैसे अनुचित कहा या माना जा सकता है। फिर सरकार ने ये फैसले सदन की अनुमति से लिये हैं और उसके लिये बजट का प्रावधान भी सुनिश्चित कर रखा है।

यहाँ यह भी उल्लेखनीय होगा कि प्रदेश सरकार द्वारा लोकतंत्र सेनानियों को सम्मान निधि देने के लिये 60 करोड़ रूपये का जो प्रावधान किया गया है वह पूरा खर्च भी नहीं हो रहा है। ऐसी स्थिति में प्रदेश की नयी सरकार का यह दावा गलत साबित हो जाता है कि इसमें बजट से अधिक की राशि खर्च की जा रही है।

दमदार ट्रिक, Whatsapp पर डिलीट हुआ मैसेज पढ़ना हो तो करें ऐसा…

अगर आप व्हाट्सएप (Whatsapp) की बात करें तो सबसे पहले दिमाग में वीडियो कॉलिंग और दोस्तों से ग्रुप चैट का दिमाग में आता है. आज के समय में यह मैसेजिंग का सबसे अच्छा और सस्ता साधन बन चुका है.

नई दिल्ली : अगर आप व्हाट्सएप (Whatsapp) की बात करें तो सबसे पहले दिमाग में वीडियो कॉलिंग और दोस्तों से ग्रुप चैट का दिमाग में आता है. आज के समय में यह मैसेजिंग का सबसे अच्छा और सस्ता साधन बन चुका है. इस पर करोड़ों यूजर्स अपने फ्रेंड और फैमिली की फोटो और वीडियो शेयर कर सकते हैं. व्हाट्सएप स्टेटस आने के बाद इसे यूज करने का मजा और बढ़ गया है. लेकिन अगर आप इसके कुछ हिडेन फीचर्स जानते हैं तो आपको और भी ज्यादा मजा आएगा. आपसे पूछा जाए कि क्या आप व्हाट्सएप के डिलीट हुए मैसेज को रिकवर कर सकते हैं तो शायद आपका जवाब न में हो.

मैसेज को रिकवर करना है आसान
लेकिन कुछ ऐसे भी फीचर्स है जिनसे मैसेज को रिकवर करना आसान हो जाता है. आगे आप पढ़िए ऐसी ट्रिक जिससे आप व्हाट्सएप पर डिलीट किए गए मैसेज को पड़ सकते हैं. इसके लिए सबसे पहले तो यह जरूरी है कि आपका स्मार्टफोन एंड्रायड किटकैट से ऊपर वेरिएंट का होना चाहिए. डिलीट हुए मैसेज को पढ़ने के लिए आप नोटिफिकेशन हिस्ट्री एप डाउनलोड करें. एप डाउनलोड होने पर इसमें दिए गए नोटिफिकेशन और एडमिनिस्ट्रेटर ऐक्सेस को ऑन कर दें. अब डाउनलोड और इंस्टॉल होने के बाद यह एप नोटिफिकेशन हिस्ट्री को रिकॉर्ड करने लगेगा.

शुरुआती 100 करेक्टर ही पढ़ने की सुविधा
इसके बाद आप एप को खोलें और व्हाट्सएप आइकन पर क्लिक कर दें. नोटिफिकेशन हिस्ट्री एप पर व्हाट्सएप आइकन को खोलने के बाद उस कॉन्टैक्ट को सर्च करें जिसके डिलीट किए गए मैसेज को आप पढ़ना चाहते हैं. कॉन्टैक्ट पर सिलेक्ट करते ही आप डिलीट किए गए मैसेज को आसानी से पढ़ सकते हैं. इस एप से आप किसी भी मैसेज के शुरुआती 100 करेक्टर ही रिकॉर्ड कर सकते हैं. साथ ही फोन के री-स्टार्ट होने पर इस एप में रिकॉर्ड हुए सभी मैसेज डिलीट हो जाएंगे.



पार्षद के प्रयास से बने आयुष्मान कार्ड

सिवनी-आज दिनांक 6 दिन रविवार को प्रधानमंत्री आयुष्मान योजना का लाभ अकबर वार्ड वासियों को मिला जिसमें हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी एवं बाबरिया स्कूल आदिवासी टोला में शिविर लगाया गया लगभग 370 लोगों ने अपना पंजीयन कराया इस कार्य में सहयोगी समाजसेवी महिला मोर्चा की सदस्य अंजू दीदी वार्ड पार्षद गप्पू तिवारी मनीष सूर्यवंशी देबू भैया बंदना ,उमाशंकर चौधरी जी एवं अन्य लोगों का सहयोग रहा

जल्द ही मध्यप्रदेश में शराब होगी महंगी

भोपाल- मध्य प्रदेश में इस बार शराब और महंगी हो सकती है। सरकार खाली खजाना भरने के लिए लाइसेंस नवीनीकरण फीस में पांच फीसदी का इजाफा करने का प्रस्ताव तैयार कर रही है। इसके माध्यम से 500 से 600 करोड़ रुपये की अतिरिक्त आमदनी संभावित है

2018-19 में शराब दुकानों के लाइसेंस का नवीनीकरण 15 फीसदी फीस बढ़ाकर किया था। इससे इस वित्तीय वर्ष में करीब नौ हजार करोड़ रुपये की आय मिलने का अनुमान लगाया गया है। अभी तक आबकारी से सरकार को पांच हजार 861 करोड़ रुपये की आय हो चुकी है।

सूत्रों के मुताबिक, प्रदेश में इस बार अभी तब लगभग साढ़े तीन हजार करोड़ रुपए का राजस्व घाटा चल रहा है। स्टेट जीएसटी और स्टाम्प एवं पंजीयन को छोड़कर सभी आय के स्रोत से वसूली तय लक्ष्य से कम चल रही है। बताया जा रहा है कि राजस्व में वृद्धि के लिए आबकारी से होने वाली आय को बढ़ाने की तैयारी की जा रही है। इसमें शराब दुकानों के लाइसेंस नवीनीकरण की फीस में 15 की जगह 20 फीसदी वृद्धि की जा सकती है। इससे पांच सौ से छह सौ करोड़ रुपए की अतिरिक्त आय का अनुमान लगाया जा रहा है।

नहीं लगाएंगे कोई नया कर

भनोत वित्त मंत्री तरुण भनोत ने बताया कांग्रेस सरकार के लिए जनहित सर्वोपरि है। जनता के ऊपर टैक्स का कोई नया बोझ नहीं लादा जाएगा। राजस्व बढ़ाने के रास्ते जरूर तलाशे जा रहे हैं।

रास्ता रोककर किया कुल्हाड़ी से प्रहार, माँ-बेटा घायल

सिवनी । पुराने लेन-देन को लेकर एक युवक ने दूसरे युवक को कुल्हाड़ी मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। इस दौरान घायल युवक को बचाने आयी महिला पर भी आरोपी ने कुल्हाड़ी मारकर उसे भी घायल कर दिया।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार केवलारी क्षेत्र निवासी कृष्णा (31) पिता भूप सिंह बघेल के पास हार्वेस्टर है और इस हार्वेस्टर से उसने कुछ दिन पहले ग्राम डोभ निवासी शिवनाथ (26) पिता कमल सिंह बघेल के खेत में गहानी जैसा कृषि संबंधित कार्य किया था। बताया जाता है कि इस कार्य के तीन हजार रूपये शिवनाथ के द्वारा कृष्णा को भुगतान करने से रोक लिये गये थे।

बताया जाता है कि शनिवार 05 जनवरी को जब शिवनाथ अपने खेत की ओर जा रहे थे तभी रास्ते में उन्हें कृष्णा मिल गया जिसके हाथ में कुल्हाड़ी रखी हुई थी। कृष्णा ने शिवनाथ का रास्ता रोककर उससे पुराने पैसों की माँग करते हुए उसके साथ गाली गलौज करना आरंभ कर दिया जिस पर शिवनाथ ने कृष्णा को गाली न देने की बात कही।

शिवनाथ की बात से आक्रोशित होकर कृष्णा ने शिवनाथ पर कुल्हाड़ी से वार करते हुए उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। दोनों का विवाद होते देख मौके पर आयी शिवनाथ की माँ श्रीमति राजकुमारी (50) पति कमल सिंह बघेल ने जब शिवनाथ को बचाने का प्रयास किया तो कृष्णा ने श्रीमति राजकुमारी पर भी कुल्हाड़ी का वार करते हुए उन्हें घायल कर दिया।

घायल शिवनाथ और उनकी माँ श्रीमति राजकुमारी को उपचार के लिये तत्काल केवलारी स्थित स्वास्थ्य केन्द्र पहुँचाया गया जहाँ चिकित्सक ने शिवनाथ की गंभीर अवस्था को देखते हुए उन्हें जिला चिकित्सालय सिवनी रेफर कर दिया जबकि श्रीमति राजकुमारी का उपचार केवलारी में किया जा रहा है। केवलारी थाना प्रभारी प्रदीप पांडे ने जानकारी देते हुए बताया कि इस मामले में आरोपी के विरूद्ध धारा 307, 294 के तहत प्रकरण कायम करते हुए पुलिस के द्वारा जाँच आरंभ कर दी गयी है।

मानसिक तनाव के बीच आत्महत्या की कोशिश

सिवनी । कोतवाली थाना क्षेत्र के एक गाँव में तनावग्रस्त एक युवक ने कुंए में कूदकर आत्महत्या करने की कोशिश की जिसे मौके पर उपस्थित लोगों के द्वारा बचा लिया गया।

पुलिस सूत्रों ने मामले के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि सिवनी के ग्राम खैरी निवासी मोहन (22) पिता शेर सिंह सनोडिया पिछले कुछ दिनों से तनावग्रस्त चल रहे हैं। इसी तनाव से आजिज आकर मोहन ने शनिवार 05 जनवरी को कुंए में कूदकर आत्महत्या करने का प्रयास किया जिसे मौके पर उपस्थित कुछ लोगों के द्वारा देख लिया गया।

कुंए में कूदे मोहन को तत्काल कुंए से बाहर निकाल लिया गया और फिर उन्हें उपचार के लिये जिला चिकित्सालय सिवनी में दाखिल करवा दिया गया।

कलेक्टर एसपी ने किया बस स्टैंड का औचक निरीक्षण

प्रमुख मार्गों की यातायात व्यवस्था का किया अवलोकन

सिवनी-आज 5 जनवरी 2019 को कलेक्टर प्रवीण सिंह एवं एसपी ललित शाक्यवार द्वारा आज सिवनी नगरीय क्षेत्र की यातायात व्यवस्था एवं अतिक्रमण समस्या को लेकर बस स्टैंड सिवनी, नवीन सब्जी मंडी प्रांगण सिवनी सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया। शासकीय एवं प्राइवेट बस स्टैंड परिसर का निरीक्षण कर कलेक्टर श्री सिंह द्वारा मुख्य नगरपालिका अधिकारी सिवनी को बस स्टैंड मार्ग के दोनों तरफ फैले अतिक्रमण को तत्काल हटाए जाने के निर्देश दिए | इसी तरह दुकानों के सामने बनाई गई पैराफिट वाल को तोड़कर पार्किंग व्यवस्था बनाने के निर्देश भी दिए, उन्होंने बस स्टैंड परिसर में बसों को बेवजह ना खड़े रखने के निर्देश बस संचालकों को को दिए उन्होंने कहा कि निर्धारित समय के 10 मिनट पहले ही बसें बस स्टैंड में पहुंचे |

बेवजह बस स्टैंड में खड़े ना रहे ताकि यात्रियों सहित अन्य वाहनों को सुविधा हो |

वहीं पुलिस अधीक्षक ललित शाक्यवार द्वारा अतिक्रमणकारियों को तत्काल अपने अतिक्रमण हटाने के निर्देश दिए साथ ही उन्होंने बस संचालकों से चर्चा कर बसों के आगमन मार्ग को भी परिवर्तित किया।
इसके उपरांत कलेक्टर श्री सिंह द्वारा नागपुर रोड स्थित नवीन सब्जी मंडी प्रांगण, सहित प्रमुख मार्गों का निरीक्षण किया गया।

कमलनाथ की मुसीबतों का ‘खलनायक’ कौन ?

भोपाल- मध्य प्रदेश में कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार तो आ गई लेकिन सत्ता के मुखिया को लगातार दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। विभागों के बंटवारे से शुरू हुई माथापच्ची वंदेमातरम न होने के साथ और बढ़ गई।

एमपी में कांग्रेस की सरकार बनते ही, कमलनाथ के लिए बढ़ रही हैं ‘मुसीबतें’ सचिवालय में वंदेमातरम न होने पर घिर गई एमपी कांग्रेस सरकार, सफाई में कहा था बदलेंगे स्वरूप मीसाबंदियों की पेंशन मामले ने और बढ़ा दी मुसीबत, बीजेपी ने कर ली बैठक असामाजिक तत्वों ने उद्घाटन पट्टी में शिवराज के नाम पर पोत दिया पेंट, बढ़ा बवाल भोपाल मध्य प्रदेश में डेढ़ दशक बाद कांग्रेस को सत्ता की कमान मिली है। ऐसे में लोक लुभावन चुनावी वादे पूरे करने के अभियान में कांग्रेस तेजी ला पाती कि उससे पहले ही विवाद जोर पकड़ने लगे हैं। यही नहीं, विपक्षी दल को हाथोंहाथ ऐसे मुद्दे सौंपे जा रहे हैं, जो मुख्यमंत्री कमलनाथ की मुसीबत तो बढ़ाएंगे ही साथ ही सरकार की छवि पर भी असर डालेंगे, इस संभावना को नकारा नहीं जा सकता है।

राज्य की सत्ता में बदलाव 11 दिसंबर को ही हो गया था लेकिन बतौर मुख्यमंत्री कमलनाथ ने कमान 17 दिसंबर को संभाली। उन्होंने शपथ लेते ही किसानों की कर्जमाफी सहित कई बड़े फैसले लिए। उसके बाद मंत्रिमंडल चयन, विभाग वितरण, नए मुख्य सचिव के चयन में काफी माथापच्ची हुई। सरकार का काम रफ्तार पकड़ पाता कि उससे पहले वल्लभ भवन के उद्यान में होने वाले वंदेमातरम पर अस्थायी रोक का विवाद पैदा हो गया। इतना ही नहीं, अब मीसाबंदी सम्मान निधि (पेंशन) के फिर से निर्धारण और अब भोपाल के पुल पर लगी उद्घाटन पट्टिका पर पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नाम पर रंग पोते जाने का मामला गरमा गया है।

हिरण के मांस एवं बंदूक सहित आरोपी गिरफ्तार

सिवनी -मुख्यालय के घसियारी महोल्ला कटंगी रोड़ निवासी शानू उर्फ शमीम खान व. मुहम्मद इशाक खान को मारबोडी के जंगल से वन्यप्राणी का शिकार किया एक गंजे में पकता हुआ मांस सहित कच्चा मॉस एवं एक 22 बोर की राइफल जप्त की गई है।

आज 5 दिसम्बर की शाम वन विभाग एवम पुलिस की संयुक्त कार्यवाही में ऊक्त सफतला हासिल हुई है। यह कार्यवाही वन मंडल अधिकारी टी एस सुलिया उपवनमण्डल अधिकारी राकेश कुडापे के मार्गदर्शन में हुई ,जहा उड़न दस्त प्रभारी के के तिवारी, अर्पित मिश्रा, विवेक मिश्र सुधीर पटले मुलायम सिंह बघेल एवं थाना कोतवाली में पदस्थ जे .एन .गेडाम सब इंस्पेक्टर सहित आशीष कुडापे विपिन सरेठा कृपाल सिंह बघेल अतीस राहंगडाले देवेंद्र अहिरवार आत्माराम सिमोनिया अनिता धूर्बे सुजाता भूते प्रदीप तिवारी विमल डोंगरे शामिल रहे।

सूत्रों से मिल रही जानकारी के अनुसार गिरफतार युवक के अन्य साथी भी इस मामले में शामिल थे जिनकी तलाश की जा रही है वही मॉस किस वन्य जीव का हे इसकी पुष्टि नही हो पा रही है क्योंकि आरोपी इसे चीतल का माँस बता रहा है जबकि मुखीबरो के अनुसार ऊक्त मॉस काले हिरण का हे। फ़िलहाल वन विभाग द्वारा आरोपि के खिलाफ वन्य जीव सरक्षण की धारा 1972 के तहत मामला कायम कर लिया है।

कान्हा टाइगर रिजर्व में 4 वर्षीय बाघिन की मृत्यु

कान्हा टाईगर रिजर्व के किसली परिक्षेत्र में आज गश्ती के दौरान लगभग 4 वर्षीय बाघिन मृत अवस्था में मिली। घटना-स्थल के आसपास के क्षेत्र की तफतीश में बाघिन की किसी अन्य बाघ से लड़ाई एवं घसीटने के निशान मिले हैं।

घटना-स्थल के आस-पास कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिलने से पुष्टि होती है कि बाघिन की मृत्यु आपसी लड़ाई में ही हुई है। मृत बाघिन के गले में केनाईन व शरीर में नाखून के निशान मिले। मृत बाघिन के आधे से ज्यादा शरीर को अन्य बाघ द्वारा खा लिया गया था। बाघिन का राष्ट्रीय बाघ संरक्षण प्राधिकरण, नई दिल्ली एवं डब्ल्यू.डब्ल्यू.एफ. इण्डिया के प्रतिनिधि, क्षेत्र संचालक कान्हा टाईगर रिजर्व तथा वन्य-प्राणी चिकित्सक की उपस्थिति में पोस्ट मार्टम के बाद शवदाह कर दिया गया है।