Home Blog Page 2048

प्रदेश में एक अगस्त से “आपकी सरकार आपके द्वार” योजना शुरू होगी

भोपाल । प्रदेश के नागरिकों विशेष रूप से ग्रामीण रहवासियों की समस्याओं के निराकरण और विकास के सुझावों पर अमल के लिये आगामी एक अगस्त से आपकी सरकार आपके द्वार की शुरूआत हो रही है।

इसके अंतर्गत जिला स्तर पर कलेक्टर प्रत्येक तीन माह के लिये ग्राम भ्रमण और शिविर निर्धारित कर हर माह दो भ्रमण कार्यक्रम और शिविर लगवायेंगे, जिसकी जानकारी जिले के सभी जन-प्रतिनिधियों को दी जायेगी। शिविर के लिये विकासखण्ड मुख्यालय या विकासखण्ड के ऐसे गाँव का चयन किया जायेगा, जहाँ साप्ताहिक बाजार या हाट भरता हो।

विस्तृत दिशा-निर्देश जारी

राज्य सरकार ने प्रदेश के सभी विभागों, विभागाध्यक्षों, कमिश्नरों, कलेक्टरों को इस बारे में विस्तृत निर्देश भेजे हैं। निर्देशों में कहा गया है कि समय और धन के अप-व्यय को रोकने के लिये गाँव के आकस्मिक भ्रमण और एक समय-सारणी के अनुसार विकासखण्ड मुख्यालयों पर शिविर लगाये जायें।

विभिन्न सरकारी योजनाओं और सुविधाओं का निरीक्षण कर प्रशासन की जवाबदेही सुनिश्चित की जाये। इन प्रयासों से शासन-प्रशासन को ग्रामीण नागरिकों के अधिक नजदीक ले जाने में आसानी होगी।

ग्राम भ्रमण होगा और विकासखण्ड शिविर लगेंगे

आपकी सरकार आपके द्वार के प्रथम भाग में चयनित विकासखण्ड के एक गाँव का चयन कर आम जनता से सीधे संबंध वाले विभागों के सभी जिला अधिकारी एक ही वाहन में ग्राम तक पहुँचकर शासकीय योजनाओं का जायजा लेंगे। भ्रमण वाले गाँव का नाम गोपनीय रहेगा।

भ्रमण में गाँव की सभी संस्थाओं का निरीक्षण किया जायेगा। इन संस्थाओं में स्कूल, आँगनवाड़ी केन्द्र, राशन की दुकान, अस्पताल, ग्राम पंचायत का दफ्तर शामिल हैं। भ्रमण सुबह 9 से दोपहर एक बजे तक रहेगा। इसके बाद दोपहर दो बजे से विकासखण्ड स्तरीय शिविर लगेंगे। शिविर में कलेक्टर सहित भ्रमण करने वाले जिला अधिकारी शामिल रहेंगे।

14 विभागों के जिला अधिकारी शामिल होंगे शिविरों में

जिले के मंत्रियों और विधायकों से सम्पर्क कर शिविरों की रूपरेखा तिथिवार तय की जायेगी। कलेक्टर शिविर की सभी व्यवस्थाएँ करेंगे। प्रत्येक मंत्री और विधायक एक माह में कम से कम दो विकासखण्ड शिविरों में मौजूद रहेंगे।

आमजन से अधिक संबंध वाले, राजस्व, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, वन, ऊर्जा, आदिम जाति कल्याण, अनुसूचित जाति कल्याण, पिछड़ा वर्ग एवं अल्पसंख्यक कल्याण, किसान-कल्याण और कृषि विकास, लोक स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण, स्कूल शिक्षा, जल-संसाधन, लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी, सहकारिता और खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता विभागों के जिला स्तर के अधिकारी शिविरों में आवश्यक रूप से हिस्सा लेंगे।

शिविरों में होगा समस्याओं का निराकरण

शिविर में आने वाले आवेदक समस्याओं का तत्काल निराकरण प्राप्त करेंगे। जिन आवेदनों का तुरंत निराकरण संभव नहीं होगा, उसके संबंध में आवेदक को सूचित किया जायेगा। एक समय-सीमा में निराकरण का कार्य किया जायेगा।

शिविरों को दिखावे से दूर रखकर व्यवस्थित ढंग से लगाने और आमतौर पर उसी दिन समस्या हल करने को प्राथमिकता दी जायेगी। शिविर में आवेदकों के लिये सुविधाजनक प्रतीक्षालय का इंतजाम भी किया जायेगा।

कलेक्टर द्वारा शिविर के संबंध में मुनादी एवं अन्य उपायों से भी ग्रामीणों तक सूचना पहुँचाने का कार्य किया जायेगा। संभागीय कमिश्नर भी शिविरों में सुविधानुसार मौजूद रहेंगे। शिविर पूर्ण हो जाने पर राज्य सरकार को विस्तृत प्रतिवेदन भेजा जायेगा।

सी सी रोड निर्माण : अधूरी पुलिया छोड़ भागा ठेकेदार

ग्रामवासियो के जन सहयोग से आवागमन के लायक रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है विडियो देखे खबर के अंत में

सिवनी // जिला सिवनी में आने वाली केवलारी तहसील के ग्राम नवीन पलारी में पलारी चौराहा से जबलपुर रोड में सी सी रोड का निर्माण कार्य हुआ था. जिसमे ठेकेदार द्वारा ग्राम नवीन पलारी में पुलिया कार्य अधूरा छोड़ दिया गया है पुलिया कार्य अधूरा छोड़ने से लगातार हो रही बारिश से बारिश का पानी पुलिया बनने वाली जगह पर एकत्रित हो रहा है जिससे भारी मात्रा में कीचड़ दलदल हो लगातार होता जा रहा है ।

जिस स्थान पर पुलिया निर्माड अधूरा छोड़ा गया उस पुलिया से ग्राम के सभी छात्र छात्राओ को स्कूल आने जाने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है साथ ही किसानों को भी आने जाने और भारी वाहन को लाने ले जाने में भारी समस्या हो रही है इस विषय मे ग्रामीणों के द्वारा सी एम हेल्पलाइन और अन्य माध्यमों से उच्च अधिकारी को सूचना दी गयी एवं जिम्मेदार जनप्रतिनिधियों कोभी शिकायत की गई परंतु किसी के कान में जूं तक नही रेंगी और आज दिनांक तक कोई कार्यवाही नही हुई है ग्रामीणों में भारी आक्रोश बना हुआ है

सभी ग्रामवासियो के जन सहयोग से आवागमन के लायक रास्ता बनाने का प्रयास किया जा रहा है सभी नवीन पलारी के ग्रामीणों द्वारा सचेत किया गया है कि अगर पुलिया निर्माण नही होने से किसी प्रकार की अनहोनी होती है तो इसकी जिम्मेदारी सम्बन्धित विभाग और जिला प्रशासन की होगी

VIDEO देखें : सिवनी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में रीछ का आतंक

सिवनी जिले के ग्रामीण क्षेत्र में रीछ का आतंक VIDEO खबर के अंत में है

सिवनी- जिले के नागपुर रोड के ग्राम खवासा के पास के ग्राम खंडासा में आज 6 जुलाई की सुबह से ही ग्राम में एक रीछ पेड़ पर चढ़ा हुआ देखा गया है। जिससे सुबह से ही ग्राम में दहशत बनी हुई है

ग्रामीणों के प्राप्त जानकारी के अनुसार इसकी जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दे दी गई है लेकिन वन अमला नही पहुचा है, जबकि ग्रामीणों ने रीछ को घेर कर रखा हुआ है, सारे ग्राम में दहशत का माहौल बना हुआ है।

चैनल को सब्सक्राइब करना ना भूले

शुभम बघेल के खिलाफ हुई NSA की कार्रवाई, पंहुचा जेल

shubham-baghel-seoni
Shubham Baghel

सिवनी । जिले में विगत 22 मई को डूंडासिवनी थाना क्षेत्र अंतर्गत मंडला रोड से गौर मांस के साथ एक्टिवा व ऑटो में सवार एक महिला व दो युवकों को पकड़कर उनके साथ मारपीट किए जाने का सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल हुआ था।

घटना को लेकर बीते 25 मई को डूंडासिवनी पुलिस द्वारा घटना में संलिप्त तीन आरोपितों के साथ मारपीट करने वाले 5 आरोपितों शुभम पिता संजय बघेल, योगेश पिता दिलीप उइके, दीपेश पिता दिलीप नामदेव, रोहित पिता ज्ञानचंद यादव व श्यामलाल पिता मोहर डहेरिया के खिलाफ विभिन्न धाराओं के तहत प्रकरण दर्ज कर उन्हें कोर्ट के समक्ष प्रस्तुत किया गया था जिसके बाद सभी आरोपितों को कोर्ट ने जमानत पर रिहा कर दिया था।

पूर्व में भी शुभम बघेल के खिलाफ अनेक मामले डूंडासिवनी थाने में पंजीकृत थे जिसके आधार पर शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए 3 जुलाई को शुभम के खिलाफ राष्ट्रीय सुरक्षा अधिनियम के अंतर्गत मामला दर्ज कर उसे कोर्ट में प्रस्तुत किया जहां से कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है।

सिवनी में चालू हुआ मजनू धरपकड़ अभियान : 1 दर्जन मजनू धराये

स्कूल कॉलेजों के आसपास सादे कपड़ों में कोतवाली पुलिस का चल रहा है मजनू धरपकड़ अभियान

सिवनी । पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कुमार प्रतीक द्वारा 01 जुलाई से नए शैक्षणिक सत्र के प्रारंभ होने पर सिवनी नगर के कन्या विद्यालयों , महाविद्यालयों ,कोचिंग संस्थानों के लगने एवं छूटने के समय पर स्कूल कॉलेज आते -जाते रास्तों में लड़कियों का पीछा करने वाले शरारती और असामाजिक तत्वों की धरपकड़ के लिए विगत 3 दिवस से मजनू धर पकड़ अभियान चलाया जा रहा है।

टीआई कोतवाली अरविंद जैन के द्वारा सादे कपड़े में महिला उपनिरीक्षक ममता परस्ते , मंजू रहंगडाले , महिला आरक्षक फरहीन, सुजाता एवं सादे कपड़े में चीता मोबाइल पार्टी तथा निर्भया मोबाइल के साथ सिवनी नगर में स्थित विभिन्न कन्या हाई स्कूल , कॉलेज और कोचिंग संस्थानों के आसपास लड़कियों के आते जाते छेड़खानी करने के फिराक में मोटरसाइकिल पर घूमने वाले लड़कों को पकड़ा जा रहा है ।

उक्त धरपकड़ में पकड़े गए नाबालिग लड़कों को उनके पैरेंट्स को बुलाकर सख्त हिदायत दी गई है एवं बालिग आरोपियों के विरुद्ध प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की जा रही है। अब तक विगत तीन दिवस में करीब एक दर्जन ऐसे असामाजिक तत्व पकड़े जा चुके हैं , जो स्कूल कॉलेज एवं कोचिंग संस्थानों के लगने एवं छुटने के समय रास्तों पर खड़े होकर मोटरसाइकिल से गुजरकर लड़कियों के साथ छेड़खानी के फिराक में घूमते पाए गए हैं ।

पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कुमार प्रतीक के द्वारा सिवनी नगर में ऐसे स्थानों पर जहां बच्चों का पढ़ने लिखने के लिए आना जाना होता है वहां सादे कपड़े में पुलिस कर्मचारियों को तैनात किया जा कर असामाजिक तत्वों पर कड़ी नजर रखी जा कर सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।

मोटरसाइकिल पर छेड़खानी करने के लिए घूमते फिरते पाए जाने वाले असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कोतवाली पुलिस का उक्त अभियान अभी लगातार जारी रहेगा।

बैंक अकाउंट खुलवा कर करोड़ो का व्यापार व धोखाधड़ी : मामला दर्ज

नौकरी का लालच देकर बैंकों में अकाउंट खुलवा कर करोड़ों का व्यापार कर धोखाधड़ी करने का मामला दर्ज

सिवनी । ग्राम कपूर्दा तहसील चौरई जिला छिंदवाड़ा निवासी एक दर्जन नवयुवकों द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री गोपाल खांडेल से मिलकर शिकायत की गई थी कि उन्हें संयुक्त आयुक्त राज्य कर विभाग, जबलपुर की टीम के द्वारा नोटिस मिलने पर जानकारी मिली कि उनके सिवनी स्थित बैंकों में खाते खोले गए हैं और करोड़ों रुपए का लेन-देन का व्यापार किया गया है जो दीपेश तिवारी पिता दिलीप तिवारी निवासी अकबर वार्ड , सिवनी के द्वारा नौकरी का आश्वासन देकर बैंकों में खाता खुला कर करोड़ों रुपए का व्यापार कर धोखाधड़ी की गई है।

पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कुमार प्रतीक के निर्देशन में एसडीओपी सिवनी श्री संजीव कुमार पाठक एवं कोतवाली टीआई अरविंद जैन , उप निरीक्षक देवेंद्र उइके द्वारा उक्त धोखाधड़ी के मामले में जांच की जा कर आवश्यक दस्तावेज ही साक्ष्य एकत्र किए गए , जांच में पीड़ित नवयुवकों विकास नायक, संजू यादव शुभम नायक, अरुण इरपाचे, अकुल पंचेश्वर, नवीन शर्मा, दुर्गेश यादव ,आनंद इरपाची , राजेंद्र वर्मा एवं विशाल मालवी सभी निवासी ग्राम कपुरदा थाना चौरई जिला छिंदवाड़ा के कथन लिए जाने के उपरांत सिवनी स्थित कोटक महिंद्रा बैंक, एक्सिस बैंक और बैंक ऑफ महाराष्ट्र में खोले खातों के लेनदेन की जानकारियां , खाता खोलने के लिए भरे गए फॉर्म , आदि दस्तावेजी साक्ष्य एकत्र किए गए।

इसके साथ ही मोबाइलों के कॉल डिटेल भी प्राप्त किए गए एवम जीएसटी विभाग जबलपुर से जानकारी एवं दस्तावेज प्राप्त किए गए , जांच पर पाया गया कि अनावेदक दीपेश तिवारी निवासी अकबर वार्ड बारापत्थर सिवनी के द्वारा उक्त कपूर्दा निवासियों नवयुवकों से नौकरी दिलाने के नाम पर उनके आईडी प्राप्त करके बैंकों में खाते खुलवाए गए ।

पुलिस को जांच में पता चला कि अंकित ब्रदर्स , विशाल एजेंसी , संजू बाबा ट्रेडर्स , बोपचे एजेंसी और कमर्शियल कारपोरेशन नाम की फर्मों से करोड़ो रुपए का व्यापार किया गया, जिसकी भनक नवयुवकों को भी नहीं थी, बैंक खातों से कर को बचाने के लिए विभिन्न फर्मो के नाम से व्यापार किया जा कर करोड़ों का लेनदेन किया जाकर टैक्स की चोरी की गई ।

स्टेट टैक्स एंटी एवेजन ब्यूरो जबलपुर के द्वारा ग्राम कपुरदा निवासी उक्त युवकों को नोटिस जारी किए जाने पर पहली बार इस बात का खुलासा हुआ । उक्त बेरोजगार नवयुवकों के पैरों से तब जमीन खिसक गई जब उन्हें स्टेट टैक्स एंटी एवेजन ब्यूरो जबलपुर का नोटिस मिला कि करोड़ों में व्यापार करने के बाद भी टैक्स क्यों नहीं जमा किया गया ।

उक्त मामले में प्रथम दृष्टया धोखाधड़ी का अपराध पाए जाने से अपराध क्रमांक 464 / 19 धारा 420 भारतीय दंड विधान पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। पुलिस अधीक्षक सिवनी श्रीकुमार प्रतीक के निर्देशन में कोतवाली पुलिस द्वारा आवश्यक साक्ष्य एकत्र कर कार्रवाई की जा रही है।

सिवनी TI द्वारा मारपीट कर झूठा प्रकरण बनाया गया : पीड़ित

रात में पकड़े गये युवकों ने लगाये झूठा प्रकरण बनाने के आरोप

सिवनी । (अभिषेक बघेल ) बीति रात कोतवाली पुलिस के द्वारा कथित रूप से नशे की हालत में पकड़े गये दो युवाओं के द्वारा नगर कोतवाल और कोतवाली पुलिस पर मारपीट कर झूठा प्रकरण बनाये जाने के आरोप लगाये गये हैं।

शांतानु उर्फ मोनू गुरूंग (22) पिता राम कुमार गुरूंग निवासी बारापत्थर के द्वारा जारी विज्ञप्ति के अनुसार 03 और 04 जुलाई की दरमियानी रात वे अपने मित्र शशांक तिवारी के साथ उसके पिता के सिर पर चोट लग जाने के कारण देखने गये थे। शशांक के पिता का उपचार कराया जाकर उन्हें घर भेज दिया गया था।

विज्ञप्ति के अनुसार इसके बाद वे रात बारह से 01 बजे के बीच शशांक के पिता की दवाई लेने बस स्टैण्ड गये हुए थे। इसी दौरान पुलिस के द्वारा उन्हें पकड़कर थाने ले जाया गया। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके द्वारा दवाई लेने के उद्देश्य से बस स्टैण्ड जाया गया था, पर उनकी एक बात नहीं सुनी गयी।

विज्ञप्ति के अनुसार इसके बाद उन्हें जबरन जिला चिकित्सालय ले जाया गया जहाँ उन्हें बाहर ही रखकर कुछ कागज़ तैयार करवाये गये और इसके बाद उन दोनों को थाने ले जाया गया। इसके बाद थाने में उनके साथ लाठियों और लात घूसों से उनकी पिटाई की गयी।

विज्ञप्ति के अनुसार सुबह थाने में उनकी बुलट के साथ उनकी फोटो खिंचवाईं गयी और उसके बाद उनके खिलाफ धारा 151 का झूठा प्रकरण बनाकर तहसीलदार के समक्ष पेश किया गया, जहाँ मुचलके पर उन्हें छोड़ा गया है। उन्होंने कोतवाली पुलिस पर पैसा माँगने के आरोप भी लगाये हैं।

वाहन दुर्घटना : एक की मौत दूसरा गम्भीर

सिवनी– जिला मुख्यालय से नागपुर रोड N H 7 मार्ग पर आज 5 जुलाई की सुबह लगभग 11 बजे मोटरसायकिल में सवार दो युवक दुर्गघटना ग्रस्त हो गये।

जानकारी के अनुसार घटना के दौरान मौके पर ही रामचरण पिता सुखलाल भलावी उम्र 46 की मौत हो गई वही अन्य युवक सुरेंद्र पिता बीजू कुमरे 35 गम्भीर रूप से घायल हुआ है।

VIDEO : स्कूली वाहन हुआ दुर्घटनाग्रस्त

सिवनी- जिले केवलारी विकास खंड के ग्राम पलारी के पास आशादीप स्कूल की वेन दुर्घटनाग्रस्त हो गयी ।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 5 जुलाई की सुबह आशादीप स्कूल की वेन हादसे का शिकार हो गई, इस घटना में कुछ स्कूली बच्चो को मामूली चोट आई है जिनका ईलाज जारी है।

सिवनी सहित MP के 26 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी | MP WEATHER FORECAST

MP WEATHER FORECAST
MP WEATHER FORECAST

सिवनीमध्यप्रदेश के कई जिलों में मूसलाधार बारिश हो रही है। बुरहानपुर में केले की फसल पूरी तरह से बर्बाद हो गई है। जबलपुर में लगातार बारिश हो रही हैं। सड़कें पानी में डूब गईं हैं। कलेक्टर ने अलर्ट जारी कर दिया है। अब तक 20 से ज्यादा लोगों की मौतों हो चुकीं हैं। अब मौसम विभाग द्वारा मध्यप्रदेश में आने वाले 48 घंटो के दौरान 26 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है । MP WEATHER FORECAST

मध्यप्रदेश में पूरी तरह से अब मानसून छा चुका है। ज्यादातर जिलो में बारिश का दौर शुरू हो गया है। मौसम विभाग द्वारा आने वाले 48 घंटे के दौरान प्रदेश के 26 जिलो में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। इनमें से कई जिलो में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है।

ये है भारी बारिश वाले जिले मध्यप्रदेश के धार, इंदौर, खंडवा, खरगोन, अलीराजपुर, झाबुआ, बडवानी, बुरहानपुर, होशंगाबाद, बैतूल, हरदा, उमरिया, अनूपपुर, शहडोल, डिडोरी, छिंदवाडा, जबलपुर, मंडला, बालाघाट, नरसिहपुर, सिवनी, कटनी, उज्जैन, रतलाम, मंदसौर, सीहोर जिलो में भारी बारिश और कई जिलो में अति भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। जबकि मध्यप्रदेश के बाकी जिलों में भी गरज-चमक के साथ बौछारे पडने का दौर रहेगा।