मृतक की पुत्री तीन माह से थी लापता, लग रहे पुलिस पर कोताही के आरोप
सिवनी । जिले के केवलारी थाना क्षेत्र में खैररांजी गाँव में एक व्यक्ति का शव मिलने से सनसनी फैल गयी। ग्रामीणों का आरोप है कि मृतक की नाबालिग पुत्री तीन माह से लापता है। इसकी शिकायत करने के बाद भी पुलिस हाथ पर हाथ रखे ही बैठी रही। वहीं, मृतक के परिजनों का कहना है कि मृतक दिमागी रूप से बीमार था।
खैररांजी के ग्रामीणों का कहना है कि मृतक
प्रेम सिंह (58) पिता मानक धुर्वे निवासी खैररांजी की
नाबालिग पुत्री का गाँव के ही प्रदीप कुमार पिता नोक सिंह के द्वारा लगातार ही
शारीरिक शोषण किया गया था। इसके बाद सामाजिक पंचायत में प्रदीप के द्वारा अपनी
गलती को स्वीकार करते हुए नाबालिग से विवाह की बात कही गयी थी।
ग्रामीणों के अनुसार इसके बाद 11 जुलाई को प्रदीप उक्त नाबालिग युवती को लेकर कहीं चला गया था। परिजनों
ने नाबालिग की पतासाजी की, किन्तु उसकी कोई
खोज खबर न मिल पाने के चलते परिजन कई बार थाने गये और इस मामले में रिपोर्ट
लिखवाना चाहा किन्तु पुलिस ने उनकी एक न सुनी।
इधर, केवलारी पुलिस सूत्रों ने बताया कि पिछले कुछ महीनों से केवलारी थाने में दलाल नुमा लोगों की आमद रफत बहुत ही ज्यादा होने के कारण फरियादियों को सुनवायी के पहले अनेक चरणों (माध्यमों) से होकर गुजरना पड़ता है।
सूत्रों ने आगे बताया कि नाबालिग की माता
की बात केवलारी पुलिस इसलिये नहीं सुन रही थी क्योंकि इस मामले में युवक का दबाव
(किस प्रकार का यह स्पष्ट नहीं) पुलिस पर बहुत ज्यादा था। बाद में जब 26 अगस्त को नाबालिग की माँ गाँव के प्रभावशाली लोगों को लेकर थाने पहुँची
तब उसकी फरियाद सुनी गयी।
पुलिस सूत्रों का कहना है कि केवलारी के
थाना प्रभारी के.के. अवस्थी के द्वारा इस मामले को बहुत ही हल्के रूप में लिया
गया। उनके द्वारा फरियादी के द्वारा रिपोर्ट लिखवाये जाने के बाद भी आरोपी से न तो
पूछताछ की गयी और न ही आरोपी के 11 जुलाई के बाद के
काल रिकॉर्ड और लोकेशन ही जानने के प्रयास किये गये।
सूत्रों ने बताया कि इस मामले में नाबालिग
की माता के द्वारा क्षेत्र के संसद सदस्य और केंद्रीय मंत्री फग्गन सिंह कुलस्ते
को 05 अक्टूबर को एक आवेदन सौंपकर सारी बातें विस्तार से बतायी गयीं थीं।
केंद्रीय मंत्री के द्वारा जिला पुलिस अधीक्षक को उसी आवेदन पर व्यक्तिगत रूचि
लेने के निर्देश दिये गये थे।
सूत्रों ने बताया कि इस पूरे घटनाक्रम के
बाद बुधवार को गायब नाबालिग के पिता का शव एक कुंए में मिलने से सनसनी फैल गयी।
इसके बाद ग्रामीण आक्रोशित हो उठे। इस बात की जानकारी जैसे ही पुलिस के उच्चाधिकारियों
को मिली,
वैसे ही केवलारी सहित आसपास के थाना क्ष़्ोत्रों
की पुलिस को घटना स्थल पर भेज दिया गया।
सूत्रों का कहना था कि इस मामले में एक
ऑडियो रिकॉर्डिंग के वायरल होने जिसमें आरोपी के द्वारा लगातार अपने परिजनों से
बातचीत की जा रही थी के बाद आरोपी प्रदीप के पिता, बहन और उसकी माता को पुलिस ने गिरफ्तार कर माननीय न्यायालय में पेश किया, जहाँ से उन्हें जेल भेज दिया गया है।
गर्भवती थी नाबालिग : ग्रामीणों के बीच चल
रही चर्चाओं के अनुसार नाबालिग गर्भवती हो चुकी थी। इसके बाद संभवतः गर्भपात
करवाने के उद्देश्य से आरोपी के द्वारा उसे खैररांजी से अन्यत्र ले जाया गया था, इसके बाद वह वापस नहीं लौटी।