Home Blog Page 2111

आरोपी को हुई सजा

सिवनी-जिला सिवनी के तहसील केवलारी का यह मामला वर्ष 2013 का है प्रार्थी शिवराम यादव ने थाना केवलारी में उपस्थित होकर इस बात की रिपोर्ट लिखाया कि वह ग्राम जामुन- पानी में रहता है और खेती किसानी का काम करता है उसी दिनांक को वह केवलारी किसी काम से आया था उसके परीचित ओम चंदेल ने दूरभाष पर सूचना दिया कि उसका भाई अंतराम यादव का किसी अज्ञात वाहन के चालक ने टक्कर मार दिया है जो बगलई के पास रोड पर पड़ा है । उसके द्वारा अपने भाई को उठाकर ऊगली अस्पताल में इलाज हेतु पहुँचाया है , जिसको दाहिने पैर पर चोट है ।

जिस पर पुलिस ने थाने के अपराध क्रमांक 49 / 13 पर धारा- 279, 337 भा0द0वी0 का मामला दर्ज कर अन्वेषण में आरोपी जगन्नाथ चंदेल पिता मोहनलाल चंदेल निवासी मरका वाडा थाना -तहसील केवलारी के द्वारा घटना के समय ट्रेक्टर क्रमांक M P-22-AA /4784 को तेजी एवं लापरवाही से चलाकर अंतराम को टक्कर मारना पाया था जिसके विरुद्ध चालान धारा-338 भा0द0वी0 को बढ़ाकर न्यायालय में अभियोग पत्र प्रस्तुत किया था जिस पर जिला सिवनी के न्यायाधीश श्रीमान रुपेंद्र सिंह मंडावी न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी की न्यायालय में सुनवाई की गई जिसमें शासन की ओर से श्रीमती- शीतल सरेयाम , सहायक जिला अभियोजन अधिकारी के द्वारा गवाह एवं सबूतों को पेश कर आरोपी के द्वारा अपराध करना सिद्ध कराया ।

जिस पर माननीय न्यायालय ने आरोपी जगन्नाथ चंदेल को धारा 279भा0द0वी0 में न्यायालय उठने तक की सजा तथा धारा 338 में ₹1000 से दंडित करने का निर्णय सुनाया है। ।

09 जुआरी पुलिस की गिरफ्त में

सिवनी। कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर कार्यवाही करते हुए सिवनी के एक घर में ताश की 52 पत्तियों के साथ जुआ खेल रहे 09 लोगों को अपनी गिरफ्त में ले लिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार वर्तमान में कोतवाली की कमान सम्हाल रहे खेमेन्द्र जैतवार को मुखबिर से सूचना मिली थी कि सिवनी के कुचबुंदिया मोहल्ले में निवास करने वाले विमल पिता नंद किशोर माना ठाकुर के घर में कुछ लोग जुआ खेल रहे हैं।
सूचना मिलते ही खेमेन्द्र जैतवार ने एक टीम का गठन करते हुए उसमें उन्होंने एएसआई प्रमोद भारद्वाज, प्रधान आरक्षक संजय यादव, आरक्षक नितेश, सुधीर, राकेश, चंचलेश और सैनिक प्रदीप को शामिल किया और बताये गये मौके की घेराबंदी करना आरंभ कर दिया। पुलिस की इस टीम ने विमल माना ठाकुर की घर की परछी में जुआ खेल रहे नौ लोगों को धर दबोचा।

गुरूवार 10 जनवरी की रात में की गयी इस कार्यवाही के दौरान पुलिस ने जुआ खेल रहे तिलक वार्ड निवासी अमन पिता रविन्द्र राय, विमल पिता नंद किशोर माना ठाकुर, खैरी निवासी रामदास पिता भगवान दास सनोडिया, तिलक वार्ड निवासी सुशील पिता दुलीचंद माना ठाकुर, सिवनी निवासी राहुल पिता बाबू लाल बघेल, कुचबुंदिया मोहल्ला निवासी रिंकू पिता दिलीप माना ठाकुर, मंगलीपेठ निवासी अमन पिता रमेश झंझोर और भोंगाखेड़ा निवासी दिग्विजय पिता अर्जुन सिंह बघेल के पास से 30750 रूपये की जप्ति बनाते हुए आरोपियों के विरूद्ध 13 जुआ एक्ट के तहत मामला कायम किया है।

एसडी खरे हुए पंचतत्व में विलीन

सिवनी। सेवा निवृत जिला मलेरिया अधिकारी शंभू दयाल खरे शनिवार की सुबह ब्रम्हलीन हो गए। वे लगभग 85 वर्ष के थे। आप जिला मलेरिया अधिकारी के पद से वर्ष 1992 में सेवा निवृत हुए थे। वे अपने पीछे पत्नि, एक पुत्री, तीन पुत्र चार्टर्ड एकाऊॅटेंट संजय खरे, दैनिक हिन्द गजट के प्रबंध संपादक शरद खरे एवं समाचार एजेंसी ऑफ इंडिया के संपादक लिमटी खरे सहित नाती पोतों का भरा पूरा परिवार छोड़ गए हैं।

मूलतः दमोह निवासी एसडी खरे का जन्म 15 मार्च 1935 को दमोह में हुआ था। वे अपने पिता की चौथी संतान थे। आपने उस समय के जबलपुर के मशहूर माडल स्कूल और राबर्टसन कॉलेज से शिक्षा ग्रहण की थी। आप प्रांतीय शिक्षण महाविद्यालय (पीएसएम) एवं माडल स्कूल जबलपुर में व्याख्याता भी रहे।

आपने 1960 में बतौर जिला मलेरिया अधिकारी की नौकरी नीमच से आरंभ की। इसके बाद आप मंदसौर, सागर, दमोह, टीकमगढ़, मण्डला, पन्ना शहडोल में भी पदस्थ रहे। अपनी नौकरी के दौरान आप सबसे अधिक समय तक सिवनी में रहे और आपको सिवनी की आबोहवा इतनी भाई कि आप यहीं बस गए। आपने शनिवार की सुबह लगभग सात बजे अंतिम सांस ली। वे ज्यारत नाका स्थित अपनी पुत्री के निवास पर थे।

आपकी अंतिम यात्रा आपके कनिष्ट पुत्र लिमटी खरे के हाऊसिंग बोर्ड स्थित निवास से कटंगी नाका मोक्षधाम के लिए रवाना हुई, जिसमें बड़ी तादाद में लोगों ने आपको अंतिम बिदाई दी। आपको मुखाग्नि आपके ज्येष्ठ पुत्र संजय खरे ने दी।

परिवार इस दुख की घड़ी में परिजनों को गहन दुख सहने की क्षमता ईश्वर से प्रदान कर दिवंगत आत्मा की चिरशांति की कामना ईश्वर से करता है।

पप्पी कप लखनादौन

श्वांस रोधक मुकाबलों में कक्का बरगी ने दोनों मैच जीते गोविंद की बल्लेबाजी और अफ़रोज़ की शानदार गेंदबाजी ने म्युनिसिपल मैदान में शमा बांधा म्युनिसिपल ग्राउंड में आयोजित पप्पी कप लखनादौन अपने पूरे शबाब में हैं। दर्शकों की दिन ब दिन उमड़ती भीड़ पप्पी कप की सफलता की कहानी बयान कर रही है। गौरतलब हो की 10 जनवरी से प्रारंभ हुई सीज़न की प्रतियोगिता के नॉक आउट मुकाबलों में आज 2 मैच खेले गए

पप्पी कप मीडिया प्रभारी ने बताया कि पहला मैच बॉयज सिवनी और कक्का इलेवन बरगी के मध्य खेला गया जिसमें बॉयज सिवनी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 16 ओवर में 131 रनों के लक्ष्य कक्का बरगी को दिया वहीं बरगी की ओर से गोविंद ने जोरदार बल्लेबाजी करते हुए बरगी के खाते में जीत भर दी

दूसरे मैच में समय की कमी को देखते हुए मैच 15ओवर का हुआ बॉयज सिवनी को हराकर अगले दौर में पहुंची बरगी का सामना महावीर स्पोर्टिंग लखनादौन के साथ प्रारम्भ हुआ बरगी ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और 15 ओवर में महज 111 रन ही बना सकी महावीर के गेंदबाजों ने जोरदार गेंदबाजी की जवाब में उतरी महावीर ने धीरे धीरे अपना स्कोर बढ़ाना चालू किया और जीत की और अग्रसर हो चली लेकिन क्रिकेट अनिश्चितताओं से लबरेज खेल है जो सही भी साबित हुआ और बरगी के गेंदबाजों ने अपना सबकुछ झोंकते हुए महावीर लखनादौन को महज 106 रनों पर रोक कर रख दिया और बरगी ने जीत दर्ज की

अंतिम गेंद तक चली कशमकश में जीती बरगी पहले मैच में गोविंद और दूसरे मैच में अफरोज को मिला मेन ऑफ द मैच मीडिया प्रभारी शीत तिवारी ने बताया कि आज 13 तारीख को पहला मुकाबला डेयर डेविल्स लखनादौन और यूनिक सिवनी के मध्य खेला जाएगा

किसानों को किया याद

सिवनी -सिवनी जिले के किसान साथियों ने 12जनवरी को मुलताई में हुए 21वां शहीद किसान स्मृति सम्मेलन एवं 253वीं किसान महापंचायत में पहुंच कर 24 शहीद किसानों को श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए अपने विचार भी प्रकट किये ।

कार्यक्रम की अध्यक्षता श्री टन्टी चौधरी जी ने की ।सिवनी जिले से डॉ राजकुमार सनोड़िया, मनिराम सनोड़िया , रामकुमार सनोड़िया,गुलाब चंद सनोड़िया, मस्तराम सनोड़िया, संजय वन्देवार , शेरू सनोड़िया, आदि पहुँचे ।

आखिर क्या है सिवनी सायकल ऑन, क्यो हो रहा है इतना प्रमोशन ?

सिवनी पर्यावरण प्रदूषण के जलते सवाल की आँच से आज हर कोई बुरी तरह झुलस रहा है। इस सर्वनाशी समस्या ने इंसानी अस्तित्व पर ही जब सवालिया निशान लगा दिया है तब भला कौन इससे अलग रह सकता है। सिवनी के युवाओं के द्वारा सायक्लोन के नाम से एक अभियान को चार साल पहले आरंभ किया गया था,जिसके बेहतर प्रतिसाद सामने आ रहे हैं।

वर्तमान में सांस लेने के लिये हवा, पीने का पानी, स्वयं का आवास,आस पास का वातावरण पूरी तरह प्रदूषित हो चुका है। इस कारण मनुष्यों में अनेक रोग उत्पन्न हो गये हैं क्योंकि भौतिक वादी मशीनी युग ने नागरिक की स्वास्थ्य क्षमता को अत्याधिक कमजोर कर दिया है। इस विषय को लेकर सिवनी के जागरूक युवाओं के द्वारा एक संकल्प लेकर सायकिल रैली का आयोजन चार साल पहले किया गया था।

इस अवसर पर 02 फरवरी को स्वास्थ्य एवं पर्यावरण की रक्षा के लिये सायकिल रैली कार्यक्रम पर्यावरण संरक्षण जैसे ज्वलंत मुद्दे पर आपसी भाई चारा एवं एकता को सुदृढ़ बनाने के उद्धेश्य से उक्त रैली भव्यता के साथ आयोजित करने का निर्णय इस साल युवाओं के द्वारा लिया गया है।

यह सायक्लोन रैली का ही असर माना जा सकता है कि युवाओं के अलावा हर वर्ग के लोग अब साल भर कभी न कभी सायकिल का प्रयोग करते नजर आते हैं। आयोजकों के द्वारा इस रैली का प्रभावी तरीके से प्रमोशन भी किया जा रहा है। आयोजकों ने उम्मीद जाहिर की है कि पिछले साल से ज्यादा तादाद में इस साल लोग अपनी – अपनी सायकिल के साथ 02 फरवरी को इस रैली में हिस्सा लेंगे।

सायकल ऑन में अपना रजिस्ट्रेशन कराने के लिए यहाँ क्लिक करे

VIDEO सिवनी जिला अस्पताल जिसका हाल बेहाल, क्या सिवनी कलेक्टर करेंगे इसपर कार्यवाही ?

वीडियो देखे खबर के अंत में

सिवनी-नवागत कलेक्टर प्रवीण सिंह द्वारा जिले में स्वास्थ्य सुविधाएं बेहतर बनाए रखने हेतु प्रयास किये जा रहे हैं, लेकिन कोई प्रभाव इंदिरा गांधी हॉस्पिटल सिवनी में पदस्थ डाक्टरो पर पड़ता नही दिखाई दे रहा।मामला आज 11 जनवरी का हे जब सुबह 8.30 बजे आंरभ होने वाली ओपीडी में एक भी डाक्टर 9.20 तक मौजूद नही थे।

सिविल सर्जन डाक्टर नावकर को जानकारी देने के बाद वे स्वयं 9.30 पर ओ पी डी में सेवा देने आये।वही कई मरीज इस दौरान लाइन में लग कर डाक्टरो का इंतेजार करते देखे गये।यहा बता दे की इस दौरान ओ पी डी कक्ष में डॉक्टर तो नदारत थे ही ड्यूटी पर तैनात नर्से व अन्य पैरामेडिकल स्टाफ भी मौजूद नही था।

प्रदेश में सरकार तो बदली ,जिला कलेक्टर भी बदल गए, लेकिन हॉस्पिटल में वर्षो से पदस्थ डॉक्टरो का रवैया नही बदल पाया जबकि जिला कलेक्टर खुद इस हॉस्पिटल में व्याप्त भर्रा शाही को समाप्त करने के लिये गम्भीर नजर आ रहे है।

सुखदेव पांसे बने प्रभारी मंत्री

सिवनी- मध्यप्रदेश सरकार द्वारा आज सभी जिलो के लिये प्रभारी मंत्रियों की नियुक्ति कर दी है। आज जारी सूचि में बैतूल से विधायक एवं मंत्री सूखदेव पांसे को सिवनी एवं छिन्दवाड़ा का प्रभारी मंत्री बनाया गया है।

पूर्व मण्डी सचिव के.के. राय गये जेल!

आय से अधिक संपत्ति मामले में चार साल की सजा व 70 लाख रूपये का जुर्माना

सिवनी । अपने सेवाकाल में सबसे अधिक समय तक कृषि उपज मण्डी में बतौर निरीक्षक और एवं सचिव पदस्थ रहे के.के. राय को आय से अधिक मामले में चार साल की सजा एवं 70 लाख रूपये का जुर्माना ठोका गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार अपनी शासकीय नौकरी के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत वरिष्ठ पत्रकार ओम प्रकाश दुबे के द्वारा वर्ष 2008 में लोकायुक्त से की गयी थी। लोकायुक्त की प्रारंभिक जाँच में प्रथम दृष्टया यही पाया गया कि के.के. राय के द्वारा नौकरी के दौरान आय से अधिक संपत्ति अर्जित की गयी थी।

बताया जाता है कि लोकायुक्त पुलिस के द्वारा इस मामले में अपराध दर्ज करते हुए धारा 13(1)सी, 13(2) भ्रष्टाचार अधिनियम 1988 के अधीन प्रथम सूचना दर्ज कर मामले को जाँच में लिया गया। इसके उपरांत लोकायुक्त पुलिस के द्वारा 04 नवंबर 2009 को सर्च वारंट जारी करते हुए के.के. राय की संपत्ति की जाँच की गयी।

बताया जाता है कि इस दौरान के.के. राय के भार्गव कॉलोनी स्थित आवास एवं जबलपुर रोड स्थित दो गोदामों एवं कार्यालय में छापा मारकर तलाशी ली गयी। इस दौरान प्रथम दृष्टया यही बात सामने आयी कि आरोपी के द्वारा आय से अधिक संपत्ति अर्जित की गयी थी। उप पुलिस अधीक्षक एच.पी. चौधरी के नेत्तृत्व में यह विवेचना की गयी थी।

बताया जाता है कि इस पूरे मामले में विशेष लोक अभियोजक दीपा मर्सकोले, जिला अभियोजन अधिकारी के द्वारा गवाहों, सबूतों और महत्वपूर्ण दस्तावेजों एवं तर्कों के जरिये आय से अधिक संपत्ति प्राप्त करने का आरोप सिद्ध कराया गया। मानननीय विशेष न्यायधीश (भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम) संजीव श्रीवास्तव के द्वारा आरोप सही पाये जाने पर आरोपी के.के. राय को धारा 13(1)सी, 13(2) के तहत चार साल का कारावास एवं 70 लाख रूपये का जुर्माना लगाया है। आरोपी के.के. राय को जेल भेज दिया गया है।