Home Blog Page 2043

सैप्टिक टैंक में गिरकर मासूम की मौत

सिवनी । निर्माणाधीन मकान के खुले सैप्टिक टैंक में एक मासूम के गिर जाने के कारण उसकी मौत हो गयी। घटना डूण्डा सिवनी थाना क्षेत्र की है।

पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि शास्त्री वार्ड क्षेत्र में मानेगाँव रोड पर डिवाईन स्कूल के समीप खड़क सिंह मरावी के मकान का निर्माण कार्य इन दिनों जारी है। बताया जाता है कि इसी क्षेत्र में निवास करने वाले सियाराम की 07 वर्षीय पुत्री अनन्या, रविवार की शाम को अन्य कुछ बच्चों के साथ खेलते हुए इस निर्माणाधीन मकान की ओर चली गयी।

खड़क सिंह मरावी के इस मकान के लिये बनाया गया सैप्टिक टैंक इन दिनों खुला हुआ है जिसमें पानी भर गया है। बताया जाता है कि अनन्या खेलते – खेलते इस सैप्टिक टैंक में जा गिरी जिसका किसी को कोई पता नहीं चल सका। अंधेरा होने पर जब अनन्या के परिजनों ने उसकी तलाश आरंभ की तब वह उन्हें सैप्टिक टैंक में मिल गयी।

अनन्या के परिजन उसे लेकर तत्काल जिला चिकित्सालय पहुँचे जहाँ चिकित्सक ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृत बच्ची का पोस्ट मार्टम करवाने के उपरांत उसे उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। मौके पर उपस्थित लोगों ने बताया कि निर्माणाधीन उक्त मकान में घटना के समय यदि कोई चौकीदार तैनात रहता तो संभव था कि यह दर्दनाक हादसा घटित नहीं होता।

अभद्रता की वजह से डाक्टर घर्डे के खिलाफ खुला मोर्चा

सिवनी- सिवनी जिले में आज सोमवार दिनांक 22 जुलाई को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट में आयोजित समीक्षा बैठक में डी.एच.ओ. डॉक्टर एम. एस. घर्डे के द्वारा बी.एम.ओ. एवं मेडिकल ऑफिसर का अपमान किये जाने का मामला सामने आया है .

प्राप्त जानकारी के अनुसार सोमवार की सुबह बरघाट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट में मीटिंग होनी थी जहा पर डी-एच्. ओ. , बी.एम्.ओ., मेडिकल ऑफिसर एवं कर्मचारी उपस्थित थे किन्तु कुछ ही समय बाद सभी कर्मचारी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से बाहर आते दिखाई पड़े .

जानकारी के अनुसार जब कर्मचारियों से पुछा गया तो उनके द्वारा बताया गया की डी.एच्.ओ. डॉ. एम.एस. घर्डे द्वारा मीटिंग में बी.एम.ओ. एवं मेडिकल ऑफिसर का अपमान और अभद्रता से बात की गई , जिसके कारण सभी कर्मचारियों ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बरघाट में आयोजित समीक्षा बैठक मीटिंग का बहिष्कार किया।

SEONI: मंगली पेठ में जुआं खेलते आधा दर्जन से ज्यादा आरोपी गिरफ्तार

सिवनी । पुलिस अधीक्षक सिवनी श्री कुमार प्रतीक के निर्देशन में टीआई कोतवाली अरविंद जैन ने कोतवाली स्टाफ के साथ रविवार को शाम करीब 5:00 बजे मंगलीपेठ में उस्मान कबाड़ी के पीछे सात लोगों को ताश के पत्तों पर दांव लगाकर जुआं खेलते हुए पकड़ा।

प्राप्त जानकारी के अनुसार पकड़े गए युवकों में 1. तौफीक पिता सफीक खान उम्र 36 साल निवासी हड्डी गोदाम 2. राजा पिता हनीफ खान उम्र 22 साल निवासी मंगली पेठ 3. शाहबाज पिता सगीर खान उम्र 26 साल निवासी हड्डी गोदाम 4. हनीफ खान पिता और रशीद खान उम्र 25 साल निवासी मंगली पेठ 5. अशफाक अली पिता इस्तियाक अली उम्र 45 साल निवासी मंगली पेठ 6. विक्की यादव पिता सुंदर लाल यादव उम्र 28 साल कटंगी रोड 7. अल्फीस पिता शमीम खान उम्र 19 साल निवासी हड्डी गोदाम सिवनी से ₹8000 नगदी एवं ताश के पत्ते जप्त किया जा कर गिरफ्तार किया गया है ।

टीआई कोतवाली अरविंद जैन के साथ उप निरीक्षक देवेंद्र उइके, आरक्षक इरफान , नीरज और राजेंद्र एवं होमगार्ड सैनिक वकील के द्वारा घेराबंदी की जाकर उक्त जुआरियों को पकड़ा गया है।

SEONI: बेटी की हत्या के शक में पुलिस कर रही थी पूछताछ, थाने की छत से कूदकर दी जान

सिवनी। बेटी की हत्या के शक में पुलिस एक शख्स को पूछताछ के लिए थाने लाई थी। इसी दौरान पुलिस हिरासत में उसने थाने की छत से नीचे छलांग लगा दी। इस घटना के बाद शख्स को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। लेकिन उसकी मौत हो गई। इस मामले में मजिस्ट्रिल जांच के आदेश हो गए हैं। बता दें कि संदेह के आधार पर पुलिस इसे पूछताछ के लिए छपारा थाने लाई थी। इसी दौरान वो मौका पाकर थाने की छत से कूद गया।

ये है पूरा मामला

जिले के छपारा पुलिस थाने में बेटी की हत्या के संदेह में पिता सुरेश सनोड़िया (52) को पुलिस ने 19 जुलाई की शाम पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। लघुशंका का बहाना बनाकर रात करीब 11 बजे संदेही ने थाने की छत से छलांग लगा दी। इसके बाद पुलिस उसे गंभीर हालत में छपारा अस्पताल लेकर पहुंचीं। यहां गंभीर हालत को देखते हुए डाॅक्टरों ने सुरेश को जिला अस्पताल रैफर कर दिया। जिला अस्पताल में इलाज के दौरान 20 जुलाई की अल सुबह सुरेश की मौत हो गई।

पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक को बताया कि पूरे घटनाक्रम की नियमानुसार मजिस्ट्रियल जांच कराई जाएगी। जांच में अगर कोई दोषी पाया जाता है, तो संबंधित के खिलाफ कराई की जाएगी। प्राथमिक जांच में छपारा थाने में पदस्थ पुलिस बल या कर्मचारियों की लापरवाही सामने नहीं आई है।

कलेक्टर की पहल 23 जुलाई को रक्तदान शिविर

सिवनी-आप जानते हैं कि शासन के निर्देशानुसार दस्तक अभियान में 00 से 05 वर्ष के बच्चों की विभिन्न तरह की जांच एवं टीकाकरण के दौरान जिले में लगभग एक हजार बच्चे ऐसे चिन्हित हुए हैं जिनका हिमोग्लोबिन (शरीर में रक्त) न्यूनतम से कम है ये बच्चे अधिकतर गरीब, मजदूर परिवार एवं ग्रामीण क्षेत्रों के हैं ।

इन चिन्हित बच्चों को अपने घर से चिकित्सालय लाकर रक्त चढ़ाया जाना (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) अत्यावश्यक है किन्तु जिला चिकित्सालय के रक्त कोष में वांछित मात्रा में रक्त की कमी है ।

मैं प्रवीण सिंह सिवनी कलेक्टर , सभी जिलाधिकारियों से अपील करता हूं कि जिले में कम हिमोग्लोबिन वाले चिन्हित इन एक हजार बच्चों को रक्त चढ़ाने (ब्लड ट्रांसफ्यूजन) किए जाने हेतु दिनांक 23 जुलाई 2019 को जिला चिकित्सालय सिवनी में शासकीय विभागों एवं अन्य संस्थाओं के सहयोग से आयोजित वृहद रक्तदान शिविर में आप स्वयं एवं अधीनस्थ अमले को उपस्थित होने हेतु प्रेरित करें मेरी अाप सभी से अपेक्षा है कि मेरे साथ आप स्वयं भी रक्तदान कर शिविर का शुभारंभ करने हेतु आगे आएं एवं जरूरतमंद 5 साल से कम उम्र के बच्चों के ब्लड ट्रांसफ्यूजन में सहयोगी बने ।

सिवनी कलेक्टर ने दिए BMO की वेतनवृद्धि रोकने एवं ऑपरेटर के वेतन काटने के निर्देश

दस्तक अभियान में लापरवाही पर BMO बरघाट की वेतनवृदद्धि रोकने एवं BPM बरघाट तथा डाटा एंटी आपरेटर के वेतन काटने के निर्देश

सिवनी । कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में दस्तक अभियान की क्रियान्वयन संबंधी बैठक में मेरे साथ मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्य्वेत अधिकारी, सभी विकासखंड चिकित्सा अधिकारी एवं अन्य स्वास्य् रं अधिकारियों की उपस्थिति रही ।

बैठक में दस्तक अभियान का लक्ष्य पूरा करने हेतु प्रयास नहीं करने के कारण विकास खंड चिकित्सा अधिकारी बरघाट की दो वेतन वृद्धि रोके जाने हेतु कारण बताओ नोटिस जारी किए जाने के निर्देश दिए गए, साथ ही बीपीएम बरघाट के द्वारा उक्त अभियान में लापरवाही बरतने के लिए 7 दिन का वेतन काटने के निर्देश दिए गए ।

सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लखनादौन के डाटा एंट्री ऑपरेटर नीलू परते, कनीजा खान एवं नीरज यादव द्वारा पोर्टल में एंट्री नहीं की गई एवं सहयोग नहीं किया गया इसीलिए उनका माह जुलाई का वेतन आहरण पर रोक लगाई गई है और भविष्य में कार्य संतोषजनक नहीं होने पर सेवा समाप्त करने हेतु चेतावनी पत्र जारी किया गया है ।

सभी बीएमओ इस आशय का प्रमाण पत्र देंगे की उनके कार्य क्षेत्र अंतर्गत शत प्रतिशत एंट्री कर ली गई है । दिनांक 25 जुलाई 2019 तक दस्तक अभियान के सभी इंडिकेटर्स में लक्ष्य पूर्ण करने हेतु सभी बीएमओ एवं जिला स्तरीय अधिकारियों को निर्देश जारी किए गए ।

सिवनी जिले में काजू उत्पादन !

सिवनी जिले में काजू उत्पादन की असीमित संभावनाएं

निदेशक काजू एवं कोको विकास निदेशालय कोच्चि केरल डा. व्यंकटेश द्वारा काजू उत्पादक किसानों से भेंट ।

सिवनी । घंसौर विकासखंड में काजू उत्पादन की अपार संभावनाओं को देखते हुए गत कुछ वर्षों पूर्व से काजू के 450 पौधे 30 किसानों को उपलब्ध कराए जाकर उद्यानिकी विभाग के सहयोग से काजू उत्पादन प्रारंभ हुआ है ।

जिले में काजू उत्पादन क्षेत्र विस्तार के मद्देनजर निदेशक काजू एवं कोको विकास निदेशालय कोच्चि केरल के डा. व्यंकटेश द्वारा दिनांक 19 जुलाई 2019 विकासखंड घन्सोर की मृदा जलवायु तापमान की जानकारी ली गयी।

ग्राम पनारझिर में पूर्व में रोपित हुये काजू पौधों का अवलोकन किया एवं संबंधित किसानों से काजू उत्पादन के संबंध में चर्चा की तथा काजू उत्पादन में ध्यान रखने योग्य बारीकियों से अवगत कराया गया । इस दौरान विभाग के सहायक संचालक श्रीमती नीलम पाटील एवं अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे ।

Satta Queen लता बाई के घर पकड़ाया बड़ा सट्टा!

Satta Queen
(Satta Queen)

सिवनी । सट्टा क्वीन (Satta Queen) के नाम से मशहूर लता बाई कुल्हाड़े के सिवनी में भगत सिंह वार्ड स्थित निवास पर डूण्डा सिवनी पुलिस के द्वारा दबिश दी जाकर बड़ा सट्टा पकड़ा गया है। इस कार्यवाही में लता बाई सहित दस आरोपियों को भी पुलिस ने अपना मेहमान बनाया है।

पुलिस सूत्रों ने को बताया कि जिला पुलिस अधीक्षक कुमार प्रतीक को सूचना मिल रही थी कि कोतवाली थाना क्षेत्र में लता बाई के निवास पर सट्टे का बड़ा कारोबार चल रहा है। इस मामले में पुलिस अधीक्षक के द्वारा डूण्डा सिवनी थाना प्रभारी को कार्यवाही के निर्देश दिये गये।

सूत्रों ने बताया कि डूण्डा सिवनी थाना प्रभारी जितेंद्र गढ़वाल के नेत्तृत्व में लगभग एक दर्जन महिला और पुरूष पुलिस कर्मियों के द्वारा लता बाई के घर छापा मारा गया। इस छापे की कार्यवाही में पुलिस को मोबाईल, केल्कुलेटर, सट्टे की पर्चियां और 19 हजार 100 रूपये मिले। मौके से लगभग आधा दर्जन से ज्यादा लोग फरार हो गये।

सूत्रों ने बताया कि मौके पर दबिश देने गया पुलिस बल सिविल ड्रेस में था। पहले महिला पुलिस कर्मियों के द्वारा लता बाई के निवास के सामने एक कंप्यूटर दुकान पर जाकर कंप्यूटर के बारे में पतासाजी करते हुए लता बाई के घर का बाहर से मुआयना किया गया।

सूत्रों ने आगे बताया कि इसके बाद सही समय पर पुलिस के द्वारा लता बाई के घर पर छापा मारा गया। इस छापे में लगभग आधा दर्जन से ज्यादा लोग मौके से भागने में भी सफल हो गये बताये जा रहे है। लता बाई लंबे समय से सट्टे के कारोबार में लिप्त बतायी जा रही हैं। डूण्डा सिवनी पुलिस के द्वारा इस मामले की कायमी शून्य में की जाकर मामला कोतवाली पुलिस को सौंप दिया गया है।

सूत्रों ने बताया कि लता बाई उस समय चर्चाओं में आयी थी जब लता बाई और तत्कालीन नगर निरीक्षक आर.के. दुबे के बीच कथित तौर पर हुए वार्तालाप की ऑडियो क्लिप उजागर हुई थी। इस क्लिप में नहा धोकर आना वाला जुमला उस समय जमकर चर्चित भी हुआ था।

सूदखोरी : युवक ने खाया चूहामार

सिवनी । जिले में एक बार फिर सूदखोरों के हौसले बुलंदी पर दिख रहे हैं। डेढ़ से बीस फीसदी तक मासिक ब्याज पर लोग पैसा देकर, दबंगई से वूसल रहे हैं।

प्राप्त जानकारी के अनुसार सूदखोर द्वारा दिये गये रुपये का 10 गुना ब्याज वसूलने व धमकी से परेशान होकर एक युवक ने चूहामार दवा का सेवन कर लिया, जिससे उसका स्वास्थ्य बिगड़ गया। युवक को जिला अस्पताल में भर्त्ती करवाया गया है।

जिला अस्पताल में भर्त्ती मंगलीपेठ निवासी अरुण (18) पिता रमेश चौधरी ने बताया कि उन्होंने अनुराग बघेल से 02 माह पूर्व 02 हजार रुपये उधार लिये थे जिसका अनुराग बघेल ने ब्याज लगाकर 15 हजार रुपये कर दिया और अनुराग द्वारा अरुण से 15 हजार रुपये की माँग की जा रही है।

बताया गया कि रुपये नहीं देने पर अनुराग ने अरुण की बाईक छीन ली और उन्हें पैसे नहीं लौटाने पर मारने की धमकी दी। इन परिस्थितियों से तंग आकर अरूण ने मंगलवार को चूहामार दवा खरीदकर उसका सेवन कर लिया।

छिंदवाड़ा वासी की दो पहिया की टक्कर से मौत!

accident

सिवनी । सिवनी में कोतवाली के समीप हुए एक सड़क हादसे में बाईक चालक ने पैदल राहगीर को टक्कर मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया जिसकी बाद में मौत हो गयी।

दुर्घटना के संबंध में पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार छिंदवाड़ा स्थित आईटीआई के समीप कृष्णा नगर में निवास करने वाले राज उर्फ राजेश (32) पिता मूरत मालवीय, वर्तमान में सिवनी में अपना कामकाज देख रहे थे। बताया जाता है कि गुरूवार 18 जुलाई को राजेश मालवीय सिवनी में बस स्टैण्ड स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर के समीप से होकर गुजर रहे थे तभी एक बाईक चालक ने उन्हें टक्कर मार दी।

इस दुर्घटना के चलते राजेश मालवीय गंभीर रूप से घायल हो गये। वहीं आरोपी बाईक चालक अपने वाहन सहित दुर्घटना स्थल से भाग निकला। सूचना पाकर मौके पर पहुँची 108 एंबुलेंस की सहायता से घायल राजेश को जिला चिकित्सालय में दाखिल करवाया गया जहाँ उपचार के दौरान उनकी मौत हो गयी। मृतक के शव का पोस्ट मार्टम करवाये जाने के उपरांत उसके परिजनों को सौंप दिया गया।

गौरतलब होगा कि दोपहर लगभग साढ़े 12 बजे जिस क्षेत्र में यह दुर्घटना घटित हुई, वहाँ यातायात विभाग के सिपाही की तैनाती रहती है। यही नहीं बल्कि डायल 100 को भी यहीं खड़े हुए देखा जा सकता है। इसके साथ ही आश्चर्य जनक बात यह भी है कि चंद कदमों के फासले पर कोतवाली स्थित होने के बाद भी पुलिस को ऐसी दुर्घटना की जानकारी लगभग चार घण्टे बाद ही मिल सकी जिसमें घायल की मौत हो गयी।