Home Blog Page 1982

सिवनी कलेक्टर मोटरसाइकिल पर निकले शहर भ्रमण पर

सिवनी। नगर को स्वच्छ सुंदर एवं आम नागरिकों के यातायात हेतु सुगम बनाने के लिये जिला प्रशासन द्वारा डूंडासिवनी, भैरोगंज, बस स्टैंड, बुधवारी बाजार, छिंदवाड़ा चौक सहित अन्य व्यापारिक क्षेत्रों में व्यापक रूप से अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया गया था, जिसका मुख्य उद्देश्य नगर को मॉडल शहर की श्रेणी में ला खड़ा करना है।

विगत 7 दिसंबर तक कलेक्टर सिवनी द्वारा इस अभियान के पश्चात आम नागरिकों, राजनैतिक दलों, सामाजिक संगठनों एवं मीडिया कर्मियों से खाली हुई शासकीय भूमि का जनहित में उपयोग हेतु सुझाव भी मांगे गये थे, जिसके पश्चात मॉडल रोड का चौड़ीकरण और पोल स्फिटिंग का कार्य प्रगति पर है.

वहीं विगत 13 दिसंबर की रात लगभग 7 बजे जमीनी हकीकत से रूबरू होने के लिये कलेक्टर प्रवीण सिंह अढायच एवं संयुक्त कलेक्टर श्यामवीर सिंह मोटरसाइकिल पर सवार होकर नगर भ्रमण हेतु निकले, जहां उन्होंने बुधवारी बाजार, नेहरू रोड एवं गांधी चौक का औचक निरीक्षण कर अतिक्रमणों के संबंध में जानकारी ली।

इसके पश्चात वे प्रायवेट बस स्टैंड पहुंचे, जहां उन्होंने पूर्व में अतिरिक्त परिवहन अधिकारी देवेश बाथम को दिये गये निर्देशों का पालन हेतु किये गये कार्यों का निरीक्षण किया, जहां उन्होंने पाया कि अभी कई ऐसी बसें रात में खड़ी हुई है, जो किसी मार्ग पर संचालित नहीं हो रही है।

15 दिसंबर को करेंगे पैदल भ्रमण
नगर में कपड़े का व्यापार करने वाले व्यावसायियों द्वारा विगत दिनों कलेक्टर सिवनी से मुलाकात कर उनसे अनुरोध किया था कि वे नगर के एक मात्र व्यापारिक क्षेत्र बुधवारी बाजार का निरीक्षण करें, ताकि क्षेत्र में शेष रह गये अतिक्रमणों की जानकारी उन्हें प्राप्त हो सके। व्यापारियों का आग्रह स्वीकार करते हुये कलेक्टर प्रवीण सिंह अढायच आगामी 15 दिसंबर को पैदल नगर भृमण करेगे।

श्रमजीवी पत्रकार परिषद का जिला स्तरीय सम्मलेन 4 जनवरी को

सिवनी। पत्रकार हित में सतत कार्यशील संगठन श्रमजीवी पत्रकार परिषद मध्यप्रदेश के जिला इकाई सिवनी का जिला स्तरीय सम्मेेलन नए वर्ष 2020 के प्रथम माह जनवरी के प्रथम सप्ताह में 4 जनवरी 2019 दिन शनिवार को जिला मुख्यालय सिवनी के बारापत्थर क्षेत्र में राशि लान में आयोजित होने जा रहा है। इस कार्यक्रम के लिए प्रदेश इकाई से अनुमति भी मिल चुकी है। इस सम्मेलन में जिले भर के परिषद से जुड़े सदस्यों, पदाधिकारियों की उपस्थिति रहेगी।

श्रमजीवी पत्रकार परिषद के जिला अध्यक्ष सूर्य प्रकाश विश्वकर्मा और महासचिव प्रशांत शुक्ला ने जिले के समस्त ब्लॉक अध्यक्ष से आग्रह किया गया है कि वे अपने-अपने क्षेत्र के पत्रकारों की सदस्यता व नवीनीकरण संबंधी प्रक्रिया पूर्ण कर फार्म पूर्ण करवा लें। परिषद से जुडऩे के लिए पत्रकारों को संस्थान द्वारा परिचय पत्र, दो फोटो व प्रदेश इकाई द्वारा निर्धारित शुल्क देना अनिवार्य है।

जो पत्रकार साथी परिषद से जुडऩा चाहते हैं वे अपने अपने क्षेत्र के ब्लॉक अध्यक्ष से संपर्क कर संपूर्ण औपचारिकताओं के साथ फॉर्म भरकर जमा कर दें। सम्मेलन के पूर्व परिषद के फॉर्म जिला कार्यालय सिवनी जमा कराने की जिम्मेदारी परिषद के ब्लाक अध्यक्षों को सौंपी गई है।

इस सम्मेलन में परिषद के संयोजक नलिनकांत बाजपेयी, प्रदेश अध्यक्ष परमानंद तिवारी, प्रदेश स्तरीय अखबारों के संपादक, सिवनी जिले के जनप्रतिनिधिगण तथा जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहेंगे। सिवनी जिला इकाई के पदाधिकारियों को भी इस आयोजन को लेकर जिम्मेदारी सौंपी जा रही है। सभी ब्लॉक अध्यक्ष से आग्रह है कि सदस्यता संबंधी कार्य समय पर पूर्ण कर ले तथा स्थानीय स्तर पर आयोजन पर आने के लिए एक बैठक का आयोजन भी कर लें।

परिषद की सदस्यता व नवीनीकरण के संबंध में सिवनी में सूर्यप्रकाश विश्वकर्मा (9425842997), प्रशांत शुक्ला (9425175891), केवलारी में नीलेश अवधिया (9424381052), छपारा में अश्वनी मिश्रा (9424363326) व प्रदीप श्रीवास्तव (7354900363), घंसौर में जितेन्द्र भारद्वाज (9424388319) व सुभाष बकोड़े (9424966776), लखनादौन में आशीष श्रीवास्तव (9425843403), धूमा में सुनील शिवहरे (8770294173), धनोरा में विनोद सोनी (9424759584), बरघाट में नीरज मिश्रा (9425445828) से संपर्क किया जा सकता है।

किसानो के लिए शिवराज सिंह चौहान दिल्ली से 3 लाख मेट्रिक टन यूरिया ले आए

भोपाल। कांग्रेस की कमलनाथ सरकार बार-बार भाजपा के नेताओं से अपील कर रही थी कि वह केंद्र से अतिरिक्त यूरिया दिलाने के लिए मदद करें। कांग्रेस नेताओं के बयान राजनीतिक थे लेकिन शिवराज सिंह चौहान ने मौके का फायदा उठाया और केंद्र सरकार से मध्यप्रदेश के लिए करीब तीन लाख मैट्रिक टन अतिरिक्त यूरिया ले आए। बता दें कि मध्य प्रदेश में यूरिया के लिए हाहाकार मचा हुआ है। 

शिवराज सिंह के आग्रह पर नरेंद्र सिंह तोमर से अतिरिक्त यूरिया मंजूर

भारतीय जनता पार्टी की तरफ से आ रही आधिकारिक सूचना के अनुसार भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराजसिंह चौहान ने शुक्रवार को दिल्ली में केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेंद्रसिंह तोमर से मुलाकात कर मध्यप्रदेश में हो रही यूरिया की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने प्रदेश के किसानों को हो रही समस्या के निवारण के लिए श्री शिवराजसिंह चौहान की पहल को स्वीकार करते हुए मध्यप्रदेश को अतिरिक्त 2.88 लाख मैट्रिक टन यूरिया के आवंटन का निर्णय लिया है। केंद्र सरकार की मदद से अब प्रदेश को 15.4 लाख मैट्रिक टन यूरिया से बढ़कर लगभग 18 लाख मैट्रिक टन से अधिक का आवंटन किया जाएगा।

सोमवार से शिवराज के यूरिया का वितरण शुरू हो जाएगा

केंद्रीय कृषि मंत्री श्री तोमर ने श्री शिवराज सिंह चौहान की मांग को ध्यान में रखते हुए बताया कि प्रदेश को केंद्र से यूरिया के 15 रैक अगले 2 से 3 दिन में प्राप्त हो जाएंगे तथा केंद्र सरकार द्वारा दिसंबर माह में यूरिया की लगभग 5 लाख मैट्रिक टन यूरिया के स्थान पर 7 लाख मैट्रिक टन से अधिक यूरिया की पूर्ति की जाएगी।

मध्यप्रदेश में यूरिया की किल्लत के लिए कमलनाथ जिम्मेदार: शिवराज सिंह

श्री शिवराजसिंह चौहान ने केंद्रीय कृषि मंत्री श्री नरेन्द्रसिंह तोमर को प्रदेश सरकार के यूरिया वितरण में कुप्रबंधन और राज्य सरकार की लापरवाही से अवगत कराया। उन्होंने बताया कि प्रदेश की कांग्रेस सरकार की यूरिया आवंटन की लापरवाही और कुप्रबंधन के कारण आज प्रदेश के किसान यूरिया की किल्लत झेल रहे है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में यूरिया की किल्लत खाद्य वितरण नेटवर्क में परिवर्तन के कारण हुई है जिसके लिए सीधे तौर पर प्रदेश की कमलनाथ सरकार जिम्मेदार है।

धनौरा टीआई पर रिश्वत के आरोप!

सिवनी । धनौरा थाना प्रभारी पर एक महिला ने एक लाख रुपये की रिश्वत के आरोप लगाये हैं। महिला ने मामले की शिकायत शुक्रवार को प्रभारी पुलिस अधीक्षक से की है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार घोघरी रैयत की रहने वाली महिला ने शिकायत में बताया कि 09 दिसंबर को वह अपने खेत में थी। उसी दौरान गाँव के सुरेंद्र, पतिराम व बड़े गुड्डू आये और उसके साथ छेड़छाड़ की। विरोध करने पर आरोपियों के द्वारा उसे जान से मारने की धमकी दी गयी।

महिला के अनुसार वह धनौरा थाने गयी थी लेकिन थाना प्रभारी ने कार्यवाही करने की बजाय उसके और उसके भाई के साथ दुर्व्यवहार किया। महिला का आरोप है कि थाना प्रभारी आरोपियों से मिले हुए हैं और एक लाख रुपये की रिश्वत लेकर आरोपियों को बचाया गया। इस मामले में धनौरा थाना प्रभारी एस.एस. भारद्वाज का कहना है कि आरोप बेबुनियाद हैं। घटना में जिनको आरोपी बताया गया है वह ऐसा कृत्य नहीं कर सकते। मामला जमीनी विवाद से जुड़ा है जिसकी जाँच की जा रही है।

टोना टोटका के साये में सिवनी जिला पंचायत !

सिवनी । जिला मुख्यालय के उप नगरीय क्षेत्र बनते जा रहे बींझावाड़ा स्थित जिला पंचायत कार्यालय परिसर में टोना – टोटका को लेकर तरह – तरह की चर्चाएं व्याप्त हैं।

बताया जाता है कि तीन – चार दिनों से जिला पंचायत कार्यालय के अलग – अलग गेट व प्रवेश द्वार के पास सिंदूर, काली मटकी, हड्डियां, नीबू, अण्डे और दीये रखे हुए कर्मचारियों को दिखायी दे रहे हैं। परेशान करने के उद्देश्य से या फिर अन्य प्रयोजन से टोना – टोटका किया जा रहा है, यह कहा नहीं जा सकता लेकिन टोना – टोटका को देखते हुए जिला पंचायत कार्यालय के कुछ कर्मचारी डरे और सहमे हुए हैं, खासकर महिला कर्मचारी ज्यादा डरी हुईं हैं।

जिला पंचायत के कर्मचारी सहित कार्यालय के सामने स्थित दुकान संचालक केशव यादव ने बताया कि तीन – चार दिनों से अज्ञात लोगों के द्वारा जिला पंचायत कार्यालय परिसर में टोटका किया जा रहा है। सबसे पहले एनआरएलएम कार्यालय के सामने सफेद चौकोर बनाकर उसके अंदर काला घेरा बनाकर दीया रखा पाया गया।

इसके बाद जिला पंचायत के पिछले दरवाजे के पास मुर्गी के तीन अण्डे, एक नींबू, हड्डी, तीन दीये पाये गये जिसमें सिंदूर लगा हुआ है। उनके अनुसार ऐसा प्रतित होता है कि दीये रात में जलाये गये हैं। इसके बाद बुधवार को जिला पंचायत के सेकेण्ड नंबर के गेट के पास सिंदूर लगी हुई काली हाण्डी पायी गयी, जिसे जिला पंचायत के कर्मचारियों द्वारा ग्रामीणों के माध्यम से बाहर फिंकवा दिया गया है।

फिर हुआ अतिक्रमण, हटवायीं दुकानें!

सिवनी । अतिक्रमण हटाये जाने के बाद प्रशासन की ढील का फायदा उठाते हुए पुनः पुरानी स्थान पर लौट रहे अतिक्रमण कारियों पर पालिका और पुलिस प्रशासन ने सख्ती दिखाते हुए, उनको हटवाया गया।

गत दिवस नगर पालिका का अमला लगातार वाहन में सायरन बजाते हुए अतिक्रमण कारियों को हटने की हिदायत देता रहा। साथ ही कहा गया कि यदि फिर दुकानें लगायी गयीं तो सामान की जप्ति की जायेगी। पुलिस का अमला भी सड़क पर आया और दुकानों को हटवाने में पालिका की मदद की।

वहीं, शहर के बस स्टैण्ड बुधवारी बाज़ार क्षेत्र से हटाये गये फुटपाथी दुकानदारों का कहना है कि अस्थायी रूप से ही दुकानें लगाने दी जायें ताकि आय अर्जित हो सके। उन्होंने कहा कि पिछले 15 दिनों से वे अपना रोजगार नहीं कर पा रहे हैं। ऐसे में प्रशासन से उनकी आर्थिक स्थिति व समस्या की ओर ध्यान देने की अपील की गयी है।

सिवनी जिले में भाजपा का धरना प्रदर्शन आज

सिवनी । प्रदेश सरकार की किसान विरोधी नीतियों के तहत नगर भाजपा द्वारा शनिवार 14 दिसंबर को नगर पालिका चौराहे में दोपहर 12 बजे से 03 बजे तक धरना दिया जाकर काँग्रेस की किसान विरोधी नीतियों को उजागर किया जायेगा। उक्त आशय की जानकारी भाजपा नगर अध्यक्ष नरेंद्र गुड्डू ठाकुर द्वारा दी गयी।

श्री ठाकुर ने कहा कि वास्तव में प्रदेश की काँग्रेस सरकार किसान विरोधी है, जो सिर्फ अपने राजनीतिक हितों के लिये किसानों का इस्तेमाल करना जानती है। काँग्रेस ने न पहले कभी किसानों का हित देखा है, न अब उनकी सहायता करना चाहती है। इसीलिये मुख्यमंत्री किसानों को राहत और मुआवजा देने में तरह – तरह की बहानेबाजी कर रहे हैं। मुख्यमंत्री कमल नाथ द्वारा दिल्ली में दिया गया बयान झूठ का पुलिंदा है, जिसमें उन्होंने बारिश से नुकसान की भरपाई न होने के संबंध में केंद्र से पैसा न मिलने की बात कही है।

नगर अध्यक्ष श्री ठाकुर ने कहा कि कमल नाथ सरकार सत्ता में आने के बाद से ही किसानों के प्रति अपनी जिम्मेदारियों से कन्नी काटती रही है। किसानों का कर्ज माफ करने से बचने के लिये यह सरकार तरह – तरह के बहाने बनाती रही है। कभी लाल – पीले फॉर्म भरवाकर समय पास किया, तो कभी चुनावी आचार संहिता का बहाना लिया और किसी न किसी तरह कर्जमाफी को टालती ही रही है। बारिश और बाढ़ से प्रदेश के लाखों किसान बर्बाद हो गये, लेकिन यहाँ भी सरकार बहानेबाजी ही कर रही है।

श्री ठाकुर ने कहा कि, केंद्र सरकार ने अपनी तरफ से सर्वे कराकर राज्य सरकार को पैसा दिया। इसके अलावा राज्य सरकार के पास आपदा राहत की भी 900 करोड़ की राशि इस सरकार के पास है लेकिन इस सरकार ने किसानों को 900 रुपये भी नहीं दिये। वास्तव में यह सरकार केंद्र से मिले पैसे और आपदा राहत के पैसे को दबाकर अपनी मंत्रियों की फिजूल खर्ची पर फूंकना चाहती है, इसीलिये मुख्यमंत्री कमल नाथ प्रदेश के किसानों को केंद्र का नाम लेकर लगातार गुमराह कर रहे हैं।

कार्टून : भाजपा का घोषणा पत्र

कार्टून : भाजपा का घोषणा पत्र