भारत में कोरोना वायरस से पहली मौत, इस राज्य का है मामला
भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण की पहली मौत की पुष्टि हुई है.
नई दिल्ली/बेंगलुरू: भारत में कोरोना वायरस (Coronavirus) संक्रमण की पहली मौत की पुष्टि हुई है. कोरोना वायरस के कारण कर्नाटक के कलबुर्गी में गुरुवार को 76 वर्षीय एक व्यक्ति की मौत हो गई. कर्नाटक सरकार के स्वास्थ्य मंत्री ने इसकी पुष्टि की है. भारत में कोरोना वायरस के संक्रमण मे 74 मामले सामने आ चुके हैं.
प्राप्त जानकारी के मुताबिक, “29 फरवरी को सऊदी अरब के जेद्दाह से लौटे थे. कोरोना के लक्षण पाए जाने पर परिजनों ने उन्हें 10 मार्च को हैदराबाद के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया था. परिवार के लोग उन्हें बेहतर इलाज के लिए हैदराबाद से वापस कलबुर्गी ला रहे थे, इसी बीच रास्ते में उनकी मौत हो गई.” कर्नाटक के स्वास्थ मंत्री बी. बी श्रीरामुलु ने अपने एक ट्वीट में इस बात की जानकारी देते हुए लिखा, “कलबुर्गी में 76 वर्षीय जिस व्यक्ति की मौत हुई है, उनके कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हो चुकी है. प्रोटोकॉल के मुताबिक, आइसोलेशन और अन्य उपाय अपनाए जा रहे हैं.”
कर्नाटक के स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, “तेलंगाना सरकार को भी इस बारे में जानकारी दे दी गई है क्योंकि वह वहां निजी अस्पताल में भर्ती होने गए थे. मृतक के परिजनों जिनकी संख्या करीब 30 के आसपास थी, उनको एक घर में अलग रखा गया है, उन पर नजर रखी जा रही है.”
महामारी रोग अधिनियम लागू करें राज्य
कैबिनेट सचिव ने कहा है कि सभी राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों को महामारी रोग अधिनियम, 1897 की धारा दो के प्रावधानों को लागू करना चाहिए, ताकि केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय और राज्य सरकारों द्वारा जारी सभी परामर्श लागू हो सकें। भारत ने कोरोना प्रभावित देशों से अब तक 948 यात्रियों को निकाला है। इनमें 900 भारतीय और 48 अन्य देशों के नागरिक शामिल हैं। कर्नाटक के स्वास्थ्य विभाग के कमिश्नर का कहना है कि राज्य में मरीजों की पहचान के साथ साथ उनकी जांच और उन पर निगरानी का काम जारी है। उन्होंने यह भी बताया कि जिस 76 वर्षीय शख्स की मौत हुई है वह तेलंगाना के किसी अस्पताल में भर्ती था।
किन राज्यों में कितने मरीज
मंत्रालय ने राज्यवार आंकड़े बताते हुए कहा कि दिल्ली में गुरुवार तक कोरोना वायरस के 15 मामले सामने आ चुके हैं। उत्तर प्रदेश में 11, कर्नाटक में चार, महाराष्ट्र में 11 और लद्दाख में तीन मामले सामने आ चुके हैं। मंत्रालय ने कहा कि राजस्थान, तेलंगाना, तमिलनाडु, जम्मू-कश्मीर और पंजाब में एक-एक मामला सामने आया है। केरल में अब तक कोरोना वायरस के 17 मामले सामने आ चुके हैं, जिनमें वे तीन लोग भी शामिल हैं, जिन्हें पिछले महीने इलाज के बाद छुट्टी दे दी गई थी। मंत्रालय ने कहा कि कोरोना वायरस से संक्रमित 76 लोगों में 17 विदेशी नागरिक हैं। इनमें 16 इतालवी और एक कनाडाई नागरिक है।
कोरोना को मात देने को हर स्तर पर प्रयास
कोरोना वायरस की चुनौती से निपटने के लिए हर स्तर पर प्रयास किए जा रहे हैं। सरकारी स्तर पर जहां संदिग्धों की पहचान कर उन्हें आइसोलेशन में रखा जा रहा है वहीं बाहर से आने वाले लोगों पर भी कड़ी निगरानी रखी जा रही है। इसके लिए कई राज्यों में विशेषज्ञ चिकित्सकों की पूरी टीम लगाई गई है। इसके लिए कोरेनटाइन बेड आरक्षित किए गए हैं।
जम्मू-कश्मीर के कुलगाम में खुला निजी स्कूल सील
जम्मू-कश्मीर प्रशासन ने गुरुवार को सरकारी आदेश की अवज्ञा कर छात्रों की जान संकट में डालने पर दक्षिण कश्मीर के एक निजी स्कूल को सील कर दिया। स्कूल प्रबंधकों के खिलाफ संबंधित नियमों के तहत जांच भी बैठा दी गई है।
बिहार में 11 अधिकारियों की टीम करेगी मॉनीटरिंग
बिहार में भी स्वास्थ्य विभाग ने निगरानी की व्यवस्था को और चुस्त-दुरुस्त करने की पहल की है। स्वास्थ्य विभाग ने प्रदेश के छह मेडिकल कॉलेज-अस्पताल में निदेशक प्रमुखों को तैनात करते हुए उन्हें इसका दायित्व सौंपा है। जबकि नेपाल-बिहार सीमा के सात जिलों में सात अपर निदेशकों को तैनात किया गया है। विमान सेवा पर भी इसका खासा असर पड़ा है।
उत्तर प्रदेश में 1093 कोरेनटाइन बेड आरक्षित
उत्तर प्रदेश में में कोरोना प्रभावित सात देशों चीन, ईरान, दक्षिण कोरिया, इटली, जर्मनी, फ्रांस और स्पेन की यात्रा से वापस लौटे लोगों को 14 दिनों तक विभिन्न अस्पतालों में कोरेनटाइन बेड (आइसोलेशन के साथ अलग आरक्षित किए गए विशेष बेड) पर भर्ती किया जाएगा। इसके लिए पूरे प्रदेश में 1093 कोरेनटाइन बेड आरक्षित किए गए हैं। शुक्रवार से उप्र के एयरपोर्ट पर आ रहे विदेशी व भारतीय लोगों को चिन्हित करने का काम शुरू होगा। सऊदी अरेबियंस एयरलाइंस का 300 सीटों वाला ए-330 कैटेगरी का एयरक्राफ्ट एसवी-890 जेद्दा से लखनऊ के बीच 14, 17,19, 22, 24, 26, 29 और 31 मार्च तक निरस्त रहेगा। यह विमान लखनऊ से जेद्दा भी रवाना नहीं होगा।