मथुरा । विश्व हिन्दू परिषद के महासचिव एवं अयोध्या में श्रीराम जन्मभूमि मंदिर का कार्यभार देखने वाले चम्पत राय शुक्रवार श्रीकृष्ण की नगरी मथुरा के वृंदावन नगर पहुंचे, जहां उन्होंने संतों और धर्माचार्यों से मुलाकात कर मंदिर निर्माण पर वार्ता की है।
गौरतलब हो कि विश्व हिन्दू परिषद के महासचिव चम्पत राय दो दिन के प्रवास को वृंदावन पहुंचे हैं। यहां उन्होंने अयोध्या में चल रहे श्रीराम जन्मभूमि मंदिर के निर्माण से संबंधित सभी जानकारी संतों और धर्माचार्यों के समक्ष रखी।
वार्ता के बाद संतों ने बताया श्रीराम मंदिर का निर्माण कार्य बहुत तेजी के साथ चल रहा है और समय से पूर्व इसे पूरा कर लिए जाने की संभावना है। यहां से वह महंत फूलडोल बिहारीदास महाराज से मिलने पहुंचे।
इसके बाद उन्होंने भागवत प्रवक्ता संजीव कृष्ण ठाकुर के आश्रम में पहुंचकर संतों और धर्माचार्यों के साथ बैठक की। यहां भी उन्होंने हिंदुओं की आस्था का केंद्र निर्माणाधीन श्रीराम मंदिर की प्रगति के बारे में भी चर्चा की।