सिवनी: दिल्ली नागपुर इंडस्ट्रियल कारिडोर का लाभ सिवनी जिले को भी मिलेगा। इंडस्ट्रियल कारिडोर में जिले के शामिल हो जाने से औद्योगिक विकास की संभावनाएं बढ़ जायेगी। यद्यपि राज्य सरकार द्वारा दिल्ली नागपुर इंडस्ट्रियल कारिडोर के मार्ग को परिवर्तित कर दिया गया है किंतु इससे सिवनी जिले को कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा।
वृहद एवं मध्यम उद्योग के निवेशकों को सिवनी जिले में भूमि, बिजली एवं ट्रांसपोर्टिंग सहित शासन द्वारा निर्धारित सारी सुविधायें प्राप्त होंगी।
यह जानकारी सांसद डॉ. ढालसिंह बिसेन को उनके भोपाल प्रवास के दौरान संजय शुक्ला सचिव औद्योगिक नीति एवं निवेश प्रोत्साहन विभाग ने देते हुए बताया कि इस संबंध में भूमि अधिग्रहण सहित अन्य आदेश जिला प्रशासन को शीघ्र जारी किये जा रहे है।
इस योजना में यह भी प्रावधान है कि यदि कोई भूमि स्वामी अपनी निजी भूमि का विक्रय करना चाहता है, तो शासन द्वारा निर्धारित दर पर उसे खरीदा जा सकता है।
उल्लेखनीय है कि सांसद डॉ. बिसेन ने लोकसभा के मानसून सत्र में नियम 370 के अधीन अविलंबनीय लोक महत्व के विषयांतर्गत नागपुर दिल्ली इंडस्ट्रियल का मामला उठाया था, जिसमें उन्होंने राज्य सरकार द्वारा मार्ग परिवर्तित करने पर आपत्ति जताते हुए सिवनी जैसे पिछड़े जिले को औद्योगिक विकास से वंचित किये जाने पर ध्यान आकृष्ट करते हुए योजना में सिवनी को शामिल करने का आग्रह किया था।
मानसून सत्र में उठाये गये इस मामले के बाद मार्ग परिवर्तन में संशोधन तो नहीं किया गया किंतु इस इंडस्ट्रियल कारिडोर में सिवनी जिले को शामिल करके औद्योगिक विकास का मार्ग जरूर प्रशस्त कर दिया गया है।