गुना । जिले के बमोरी इलाके में बुधवार सुबह सडक़ हादसे में एक मजदूर की मौत हो गयी। बमोरी के अकोदिया गांव के पास की यह घटना है। चने की फसल काटने के लिए एक बाइक पर पांच मजदूर बैठकर जा रहे थे, तभी गाडी स्लिप हो गयी और ट्रैक्टर की चपेट में आ गयी।
एक मजदूर ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, वहीं एक अन्य गंभीर रूप से घायल हो गया।
अकोदिया गांव के रहने वाले मलचा बारेला, बूटा बारेला मजदूरी का काम करते हैं। बुधवार सुबह करीब 8 बजे ये दोनों अपने तीन और साथियों के साथ चने की फसल काटने बांसखेड़ी गांव जा रहे थे। एक बाइक पर 5 लोग सवार थे।
बांसखेड़ी के रास्ते में एक जगह अचानक इनकी बाइक स्लिप हो गयी। सामने से आ रहे एक ट्रैक्टर-ट्रॉली की चपेट में बाइक आ गयी। इसमें मलचा के ऊपर ट्रॉली का पहिया चढ़ गया। हादसे में उसने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
हादसे में दो और मजदूर बूटा और रमेश घायल हो गए। मौके से एम्बुलेंस को सूचना दी गयी। घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बूटा की हालत गंभीर बताई जा रही है। वहीं मलचा के शव को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग दर्ज कर जांच में ले लिया है।