Homeमध्य प्रदेशइंदौर: देशभक्ति के जज्बे, जोश और जुनून के साथ मनाया गया स्वतंत्रता...

इंदौर: देशभक्ति के जज्बे, जोश और जुनून के साथ मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

Indore: Independence Day celebrated with patriotism, zeal and passion

Date:

इंदौर। जिले में आजादी के अमृत महोत्सव और हर घर तिरंगा अभियान के तहत घर-घर फहराये गये राष्ट्रीय ध्वजों के बीच सोमवार को स्वतंत्रता दिवस का महापर्व देशभक्ति के जज्बे, जोश और जुनून के साथ मनाया गया।

पूर्ण गरिमा, उत्साह, उमंग और हर्षोल्लास के साथ इंदौर के महेश गार्ड लाइन स्थित सशस्त्र पुलिस प्रशिक्षण महाविद्यालय के मैदान में आयोजित मुख्य समारोह में प्रदेश के गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने राष्ट्रीय ध्वज फहराया तथा रस्मी परेड की सलामी ली।

कार्यक्रम में अपार उत्साह और उमंग के साथ राष्ट्रीय धुन के बीच जवानों ने आकर्षक परेड प्रस्तुत की। स्वतंत्रता दिवस के इस राष्ट्रीय महापर्व पर जिले के प्रमुख सार्वजनिक स्थानों, शासकीय कार्यालयों और शैक्षणिक संस्थाओं में भी ध्वजारोहण किया गया। हर घर तिरंगा अभियान के तहत इंदौर जिले का हर घर तिरंगामय था।

मंत्री ने किया खुली जीप से परेड का निरीक्षण

मुख्य समारोह में मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने खुली जीप में परेड का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ कलेक्टर मनीष सिंह तथा अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनीष कपूरिया भी थे। समारोह में डॉ. मिश्रा ने मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के संदेश का वाचन किया। समारोह में सशस्त्र बलों ने स्वतंत्रता दिवस अमर रहे के नारों के साथ हर्ष फायर किये। खुले आकाश में रंगीन गुब्बारे छोड़े गये।

15 दलों ने प्रस्तुत की आकर्षक परेड

परेड का नेतृत्व रक्षित निरीक्षक जयसिंह तोमर ने किया। उनका अनुसरण टूआयसी सूबेदार गजेंद्र सिंह निगवाल ने किया। परेड में कुल 15 दलों ने भाग लिया। इनमें आरएपीटीसी, प्रथम वाहिनी, 15वी वाहिनी, जिला पुलिस बल (पुरूष और महिला) नगर सेना, अग्निशमन सेवा, यातायात, एनसीसी-9 एमपी, स्काउट बॉयज और गल्स, रेडक्रास, स्टूडेंट पुलिस केडेट के प्लाटून शामिल थे। बीएसएफ तथा प्रथम वाहिनी के बैंड ने सुमधुर स्वर लहरियों के साथ राष्ट्रभक्ति से ओतप्रोत गीतों की संगीतमयी प्रस्तुतियाँ दी।

बच्चों ने दी देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां

समारोह में गरिमा विद्यालय, अहिल्या आश्रम उच्चत्तर माध्यमिक विद्यालय-एक, उत्कृष्ठ विद्यालय बाल विनय मंदिर तथा स्टूडेंट पुलिस के केडेट के बच्चों ने देशभक्ति से ओतप्रोत सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुतियां दी। समारोह में सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देने वाले स्कूलों को पुरस्कृत भी किया गया।

परेड में श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले दलों को भी पुरस्कृत किया गया। परेड के “अ” वर्ग में प्रथम स्थान आरएपीटीसी और द्वितीय स्थान प्रथम वाहिनी को दिया गया। “ब” वर्ग में प्रथम स्थान बीएसएफ के बैंड और द्वितीय स्थान प्रथम वाहिनी के बैंड को प्राप्त हुआ।

समारोह में जिले में वर्षभर में उत्कृष्ठ कार्य करने वाले अधिकारी-कर्मचारियों सहित अन्य संस्थाओं के प्रतिनिधियों को मुख्य अतिथि डॉ. मिश्रा ने पुरस्कृत किया।

कार्यक्रम में महापौर पुष्यमित्र भार्गव, पूर्व महापौर कृष्णमुरारी मोघे, कलेक्टर मनीष सिंह, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त मनीष कपूरिया, नगर निगम आयुक्त प्रतिभा पाल, इंदौर विकास प्राधिकरण के अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा, विधायक महेंद्र हार्डिया, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, गौरव रणदिवे सहित अन्य जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारीगण उपस्थित थे।

मंत्री डॉ. मिश्रा हुए तिरंगा यात्रा में शामिल

गृहमंत्री डॉ, नरोत्तम मिश्रा सोमवार को अपने इंदौर प्रवास के दौरान कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स द्वारा आजादी के अमृत महोत्सव के अंतर्गत मेडिस्टा हॉस्पिटल मूसाखेड़ी से प्रारंभ की गई भव्य तिरंगा यात्रा में शामिल हुए। इस अवसर पर मंत्री डॉ मिश्रा ने झंडा वंदन भी किया।

कलेक्टर कार्यालय में ध्वजारोहण

जिले में स्वतंत्रता दिवस पूर्ण उमंग और उल्लास के साथ मनाया गया। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर अशासकीय, शासकीय, सार्वजनिक भवनों और कार्यालयों में भी ध्वजारोहण किये गये। कलेक्टर कार्यालय में कलेक्टर मनीष सिंह ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर अपर कलेक्टर पवन जैन, अभय बेड़ेकर, अजयदेव शर्मा, आरएस मंडलोई सहित अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद थे। इसी तरह संभागायुक्त कार्यालय में एडिशनल कमिश्नर रजनी सिंह ने ध्वजारोहण किया।

हाईकोर्ट में ध्वजारोहण

मध्यप्रदेश हाईकोर्ट की इंदौर खंडपीठ परिसर में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर प्रशासनिक न्यायाधीश न्यायमूर्ति विवेक रूसिया द्वारा ध्वजारोहण किया गया। इस अवसर पर हाईकोर्ट के न्यायाधीशगण सहित अधिकारीगण और अधिवक्तागण मौजूद थे।

मंत्री डॉ. मिश्रा ने शासकीय स्कूल में बच्चों के बीच बैठकर किया मध्यान्ह भोजन

गृह मंत्री डॉ. नरोत्तम मिश्रा ने आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर इंदौर के महाराणा प्रताप नगर स्थित अहिल्या आश्रम शासकीय विद्यालय क्रमांक-2 में पहुंचकर बच्चों के साथ मध्यान्ह भोजन किया। इस अवसर पर कलेक्टर मनीष सिंह, पूर्व विधायक सुदर्शन गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ वंदना शर्मा सहित अन्य अधिकारी भी विशेष रूप से मौजूद थे। बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर मध्यान्ह भोजन में विशेष रूप से खीर, पूरी, लड्डू, छोले की सब्जी आदि परोसे गए। मंत्री डॉ. मिश्रा ने बच्चों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दी।

SHUBHAM SHARMA
SHUBHAM SHARMAhttps://shubham.khabarsatta.com
Shubham Sharma – Indian Journalist & Media Personality | Shubham Sharma is a renowned Indian journalist and media personality. He is the Director of Khabar Arena Media & Network Pvt. Ltd. and the Founder of Khabar Satta, a leading news website established in 2017. With extensive experience in digital journalism, he has made a significant impact in the Indian media industry.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related