विवादित ट्वीट्स के चलते हरियाणा कांग्रेस के नेता पंकज पुनिया के खिलाफ लखनऊ में एफआईआर दर्ज की गई है। ट्वीट्स में एक समुदाय विशेष और उसके ईश्वर के उल्लेख को लेकर एफआईआर दर्ज की गई है।
लखनऊ : उत्तर प्रदेश की सत्ता पर काबिज भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) और विपक्षी कांग्रेस में बस पॉलिटिक्स पर घमासान जारी है। इस विवाद ने अब एफआईआर, मुकदमा और कानूनबाजी का रूप ले लिया है। ताजा मामले में हरियाणा कांग्रेस के नेता पंकज पुनिया के खिलाफ बुधवार को लखनऊ के हजरतगंज थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई। उन्होंने ट्विटर पर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी की थी.
पुलिस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि पुलिस के खिलाफ भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) और सूचना प्रौद्योगिकी संशोधन कानून (आईटी ऐक्ट) की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। प्राथमिकी साइबर सेल के उपनिरीक्षक सुरेश गिरि ने दर्ज कराई है।
गिरि ने अपनी शिकायत में कहा कि सोशल मीडिया की निगरानी के दौरान उन्होंने कांग्रेस नेता का ट्वीट देखा, जिसमें एक समुदाय विशेष और उसके ईश्वर का उल्लेख था। इसकी वजह से राजनीतिक एवं धार्मिक संघर्ष बढ़ने की आशंका थी और इससे हालात विस्फोटक बन गए।
पंकज पुनिया ने मंगलवार को अपने ट्वीट में उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया था कि बसें चलाने के नाम पर प्रदेश सरकार राजनीति खेल रही है। शिकायत में कहा गया है कि पुनिया ने ईश्वर के नाम का भी उल्लेख किया और कुछ कथित आपत्तिजनक टिप्पणियां कीं।