Home Blog Page 2002

ट्रेन से कटे हाथ को पटरी पर छोड़कर भागा युवक

जबलपुर, खबर सत्ता । मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म छह पर गुरुवार को उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने कटनी की ओर से आ रही महाकौशल एक्सप्रेस ट्रेन के सामने छलांग लगा दी। वह ट्रैक पर गिरा और उसका बायां हाथ ट्रेन की चपेट में आने से कटकर अलग हो गया। घटना के बाद वह भागकर निजी अस्पताल पहुंच गया। वहां उसकी हालत नाजुक बताई जा रही है। जीआरपी ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

जबलपुर में आज गुरुवार को दोपहर 12.30 बजे के लगभग रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 6 पर अफरातफरी मच गई, जब पटरी पर कटा हाथ छोड़कर युवक घायल हालत में भाग निकला। खून से लथपथ कटा हाथ देखकर लोगों में हड़कम्प मच गया था, हालांकि घटना की खबर मिलते ही जीआरपी मौके पर पहुंच गई थी।बताया गया है कि मुख्य रेलवे स्टेशन के प्लेटफार्म क्रमांक 6 पर आज गुरुवार को दोपहर 12.30 बजे के लगभग एक युवक काफी देर से इधर से उधर घूम रहा था।

युवक के मंसूबों से अनभिज्ञ लोग उस वक्त स्तब्ध रह गए, जब सामने से आ रही ट्रेन के सामने युवक कूद गया, पटरी पर गिरते ही युवक का हाथ कटकर अलग हो गया. हाथ कटने के बाद युवक दूसरी ओर से घायल हालत में भाग निकला, युवक का कटा हाथ और भागते युवक को देखकर लोगों में हड़कम्प व चीख पुकार मच गई. घटना के बाद प्लेटफार्म पर भीड़ लगी रही। इस संबंध में इस बीच मौके पर पहुंची जीआरपी ने युवक की तलाश की लेकिन काफी देर तक युवक का पता नहीं चल सका. इसके बाद खबर मिली कि युवक को उसके साथी नेपियर टाउन स्थित सिटी अस्पताल लेकर गए है।

पुलिस को पूछताछ में घायल युवक मोहम्मद अनवर शाह उर्फ अन्नू पिता असगर शाह निवासी आजाद नगर मोहरिया हनुमानताल जबलपुर ने पुलिस को पूछताछ में बताया कि कटनी पेशी पर जाने के लिए स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार कर रहा था, ट्रेन आई तो चढ़ते वक्त गिर गया। जबकि पुलिस का कहना है कि उसने कटनी पेशी पर जाना बताया है और वह उस ट्रेन में चढऩे की बात कह रहा है जो कटनी की ओर से आ रही थी।

हाथ कटने के बाद भी अनवर शाह स्टेशन से भाग निकला, जिसका खून जगह जगह टपकता रहा, जिसे उसके साथियों ने पकड़ा और उठाकर नेपियर टाउन स्थित सिटी अस्पताल ले गए। जहां पर हाथ को देखते हुए भरती कर डाक्टरों ने उपचार शुरु कर दिया।

खबर यह भी है कि युवक के बारे में जानकारी मिलते ही जीआरपी के अधिकारी प्लेटफार्म से कटा हाथ उठाकर अस्पताल पहुंचे और परिजनों के सामने युवक का कटा हाथ डाक्टरों को दिया है।

फ़र्ज़ी एजेंट के खिलाफ मामला दर्ज

सिवनी , खबर सत्ता -जिले के धुमा थाना अंतर्गत आज धोखाधड़ी का मामला कायम किया गया है,थाना प्रभारी देवकरण डेहरिया ने बताया कि अपने आप को सहारा कम्पनी का एजेंट बताकर बसूली करने वाले सतेन्द्र साहू के विरूद्ध धोखाधड़ी धड़ी का मुकदमा पंजीबद्घ किया गया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार आज 1 नवंबर थाना धुमा में फरियादी राजकुमार अहिरवार की रिपोर्ट पर धारा 406,420 भादवि का मामला दर्ज कर लिया गया है।

मालूम हो की आरोपी कई लोगो के लाखों रुपये लेकर अप्रेल माह से फरार है जिसकी तलाश में धुमा थाना पुलिस लगी हुई है।

छठ पूजा पर्व पर 2 नवम्बर को ऐच्छिक अवकाश घोषित

भोपाल, खबर सत्ता । राज्य शासन ने छठ पूजा पर्व पर शनिवार, 2 नवम्बर को प्रदेश के शासकीय कार्यालयों एवं संस्थाओं के लिये ऐच्छिक अवकाश घोषित किया है।

छठ पूजा पर्व को ऐच्छिक अवकाश की सूची में सम्मिलित किया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग द्वारा आज यह आदेश जारी किया गया।

कम आवक से बढ़ गए हरी सब्जियों के दाम

सिवनी,खबर सत्ता : सब्जियों के भाव ने इन दिनों गृहिणियों की रसोई का बजट बिगाड़ कर रख दिया है। आम आदमी की थाली से हरी सब्जियां गायब होने लगी हैं। बारिश के बीच सब्जियों की लोकल आवक कम होने से हरी सब्जियों के दाम में जबरदस्त उछाल आया है। कम आय वाले परिवारों के लिए हरी सब्जी खरीदकर खाना मुश्किल हो रहा है।

इधर दालों से भी लोगों को राहत नहीं मिल रही है। ठंड शुरू होने के बावजूद आवक कम होने से थोक सब्जी मंडी में हरी सब्जियों के दामों में तेजी बनी हुई है। प्याज के साथ ही फूल गोभी, भिंडी, मैथी जैसी सब्जियों के दाम 60 से 80 रुपए किलो बने हुए हैं। वहीं इस सीजन में चना भाजी 200 रुपए किलो तक बिक रही है। हरी धनिया का भाव भी 150 रुपए किलो से कम नहीं हुआ है।

यह हैं सब्जियों के भाव – नागपुर रोड थोक सब्जी मंडी में टमाटर 40 रुपए किलो, मैथी 80 रुपए, गोभी 60 रुपए, अदरक 120 रुपए, लाल भाजी 40 रुपए, पालक 40 रुपए, मिर्च 60 रुपए, प्याज 50 रुपए किलो, भिंडी 40 रुपए, मूली 40 रुपए, कद्दू 30 रुपए, बैगन 40 रुपए, लौकी 20 रुपए किलो तक बिक रहा है। वहीं चिल्हर मंडी में सब्जियों के दाम इससे भी ज्यादा हैं।

दाल भी नहीं दे रही राहत – इधर दालों के रेट भी अधिक होने से आम लोगों को राहत नहीं मिल रही है। वर्तमान तुअर दाल 90 रुपए के भाव बिक रही है। लोगों का कहना है कि बाजार में सब्जियों के दाम मंहगे चल रहे हैं। समझ में नहीं आता कि क्या सब्जी खरीदें। कोई भी सब्जी 40 रुपए प्रतिकिलो से नीचे नहीं है। पांच लोगों के परिवार में एक टाइम की सब्जी बनाने में कम से कम 100 रुपए खर्च हो रहे हैं। टमाटर के साथ भिंडी, फूल गोभी, पत्तागोभी, बरबटी, शिमला मिर्च, परमल, फर्राश फली, सेमी सहित भाजियों के भाव में तेजी है। सब्जियों के बढ़े दामों का मुख्य कारण स्थानीय और बाहरी क्षेत्र से शहर की सब्जी मंडी में हरी सब्जियों की आवक कम होना बताया जा रहा है। दीपावली पर्व के बाद सब्जियों के भाव में काफी उछाल आया है।

जिला स्तरीय गोपाल पुरस्कार में मिलेगी 50 हजार रूपये की राशि

सिवनी :  भारतीय देशी नस्ल के दुधारू पशुओं के पालन को प्रोत्साहित करने के लिये शासन द्वारा गोपाल पुरस्कार दिया जाता है। इसके तहत देशी नस्ल की सर्वाधिक दूध देने वाली गाय तथा भैंस के पालक को जिला स्तर पर 50-50 हजार रूपये का प्रथम पुरस्कार दिया जायेगा।

द्वितीय पुरस्कार के रूप में 25 हजार रूपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 15 हजार रूपये की राशि दी जायेगी। सात पशु पालकों को सांत्वना पुरस्कार के रूप में पांच-पांच हजार रूपये की राशि दी जायेगी। प्रत्येक विकासखण्ड में भी गोपाल पुरस्कार प्रदान किये जायेंगे। विकासखण्ड स्तर पर प्रथम पुरस्कार 10 हजार रूपये, द्वितीय पुरस्कार 7500 रूपये तथा तृतीय पुरस्कार के रूप में 5 हजार रूपये की राशि दी जायेगी। गाय पालन तथा भैंस पालन के लिये अलग-अलग पुरस्कार दिये जायेंगे।

विकासखण्ड स्तरीय प्रतियोगिता के विजेताओं को जिला स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेने का अवसर मिलेगा। विकासखण्ड स्तर पर 4 नवम्बर से 16 नवम्बर तक प्रतियोगितायें आयोजित की जायेंगी। जिला स्तरीय प्रतियोगिता 25 नवम्बर से 30 नवम्बर तक आयोजित होगी। प्रतियोगिता में शामिल होने के लिये दुधारू गाय तथा भैंस का देशी नस्ल का होना अनिवार्य है। गाय के लिये प्रतिदिन चार लीटर या उससे अधिक एवं भैंस के लिये प्रतिदिन छ: लीटर या उससे अधिक दुग्ध उत्पादन होने पर ही प्रतियोगिता में शामिल होने का अवसर मिलेगा। गोपाल पुरस्कार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्राप्त करने के लिये पशुपालक अपने निकटतम पशु औषधालय अथवा पशु चिकित्सा अधिकारी से सम्पर्क कर सकते हैं।

पिकनिक मनाने गये युवक की मौत!

सिवनी । अपने साथियों के साथ पिकनिक मनाने के लिये गये एक युवक की मौत हो गयी। शव का पोस्टमार्टम करवाकर उसके परिजनों को सौंप दिया गया है।

पुलिस सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार बण्डोल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले ग्राम बांकी निवासी राजा (35) पिता प्रहलाद जंघेला अपने चार साथियों के साथ पिकनिक मनाने के लिये, बुधवार 30 अक्टूबर को नेशनल हाइवे पर सिंह पेट्रोल पंप के समीप स्थित एक ढाबा गया हुआ था।

पुलिस सूत्रों ने बताया कि संभवतया यहाँ इन युवकों ने जमकर मदिरा का सेवन भी किया जिसके बाद राजा, वहीं एक खटिया बिछाकर लेट गया। कुछ देर बाद राजा के साथियों ने, खटिया पर लेटे राजा को नशे में धुत्त समझकर वहीं छोड़ दिया और वे अपने – अपने घर चले गये। शाम को जब ढाबा संचालक ने राजा को बेसुध अवस्था में देखा तब इसकी जानकारी डायल 100 को दे दी गयी।

मौके पर डायल 100 के साथ ही 108 एंबुलेंस भी पहुँच गयी जिसके बाद राजा को जिला चिकित्सालय भिजवाया गया। जिला चिकित्सालय में चिकित्सक ने राजा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने इस मामले में अपनी जाँच आरंभ कर दी है।

युवती ने की फांसी लगाकर आत्महत्या!

सिवनी । सिवनी में एक युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। कारण अज्ञात है। पुलिस सूत्रों ने जानकारी देते हुए बताया कि कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत साकार सिटी ललमटिया निवासी मनीषा उर्फ मोना (25) पिता लखन लाल बर्मन ने, बुधवार और गुरूवार की दरमियानी रात लगभग दो बजे, अपने ही घर की छत पर फांसी का फंदा बनाकर आत्महत्या कर ली। युवती के द्वारा आत्महत्या किये जाने का कारण अज्ञात है। पुलिस ने इस मामले में अपनी जाँच आरंभ कर दी है।

रन फ़ॉर यूनिटी : एकता का संदेश देने सड़को पर दौड़ पड़ा सिवनी जिला

सिवनी, खबर सत्ता : स्व. श्रीमति इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि एवं स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल की जन्म तिथि 31 अक्टूबर “राष्ट्रीय संकल्प दिवस” एवं “राष्ट्रीय एकता दिवस” के रूप में मनाया गया। जिसमें जिला स्तर पर सर्वप्रथम प्रात: 8 बजे “रन फॉर युनिटी” दौड़ का आयोजन किया गया।

जिसमें जिले के जनप्रतिनिधियों ,सभी विभागों के अधिकारियों एवं कर्मचारियों, प्रतिभागियों, एन.सी.सी. एवं एन.एस.एस. के छात्र-छात्रायें, खेल संघ के पदाधिकारियों, तथा जिले के गणमान्य नागरिकों ने पूरे उत्साह से सहभागिता दी। कोतवाली थाना सिवनी से प्रारंभ हुई यह दौड़ नगर पालिका चौक होते हुये नेहरु रोड, शुक्रवारी चौक, गणेश चौक, मिशन स्कूल, कलेक्टर आफिस चौराहा, पाल पेट्रोल पंप से होकर चिकित्सालय सिवनी के नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र में समाप्त हुई।

इसके उपरांत नर्सिंग प्रशिक्षण केन्द्र जिला चिकित्सालय सिवनी के सभागार में महापुरुषों के जीवन एवं उनके आदर्शों में प्रकाश डालने हेतु व्याख्यान कार्यक्रम का आयोजन किया गया। जिसका शुभारंभ अतिथियों ने स्व. श्रीमति इंदिरा गांधी एवं स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल के चित्र में पुष्प एवं माल्यापर्ण कर किये।।

नगरपालिका अध्यक्ष श्रीमती आरती शुक्ला ने अपने उद्बोधन में कहा कि सरदार वल्लभ भाई पटेल ने अखंड भारत के निर्माण में अपना बहुमूल्य योगदान दिया है। आजादी के बाद उन्होंने छोटे छोटे रियासतों को सँयुक्त कर देश को एक धागे में पिरो दिया। जो हमारे भारत वर्ष के अखंडता की आधार है । उन्होंने नारी शक्ति की प्रतीक पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के योगदानों पर भी प्रकाश डाला।

कार्यक्रम में श्री राजकुमार खुराना ने कहा कि आजादी के उपरांत महात्मा गांधी जी द्वारा सौपी गयी देश की सभी रियासतों को एक करने की जिम्मेदारी सरदार पटेल जी ने बेहतर रूप से निभाकर देश को एक किया हैं। इसी तरह पूर्व प्रधान मंत्री स्व. श्रीमति इंदिरा गांधी जी ने देश के लिए कार्य किया तथा अपने प्राणों को भी देश को समर्पित कर दिया। उन्होंने कहा कि इन महान नेताओ के जीवन दर्शन को हम सभी को अपने जीवन में उतारना चाहिए।

कार्यक्रम में स्व. श्रीमति इंदिरा गांधी एवं स्व. सरदार वल्लभ भाई पटेल जी जीवन से संबंधित क्वीज प्रतियोगिता का आयोजन किया गया, जिसमें सही जवाब देने वाले प्रतिभागी को जिला खेल और युवा कल्याण विभाग सिवनी की ओर से उपस्थिति अतिथियों के हस्ते पुरस्कृत किया गया। इसी तरह “रन फॉर युनिटी” दौड़ में बालिका वर्ग में प्रथम स्थान में रही गौरी सनोडिया, द्वितीय राधिका सनोडिया एवं तृतीय स्थान में रही नौशीन नाज तथा बालक वर्ग में प्रथम स्थान में रहे सचिन चंद्रवंशी, द्वितीय डेविड शरणागत तथा तृतीय स्थान में रहे ओमकार चंद्रवंशी को पुरूस्कृत किया गया।

कार्यक्रम के अंत में कलेक्टर श्री प्रवीण सिंह द्वारा सभी को राष्ट्रीय एकता एवं अखण्डता बनाए रखने तथा देश की आंतरिक सुरक्षा में अपना योगदान करने की शपथ दिलाई। कार्यक्रम में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सिवनी श्री सुनील दुबे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री कमलेश खरपुसे, सहायक कलेक्टर श्री श्यामबीर सहित अन्य जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों/ कर्मचारियों की उपस्थिति रही।

पाकिस्तान में भीषण हादसा : ट्रेन में रखे सिलेंडर में भीषण विस्फोट,65 यात्रियों की मौत बढ़ सकती तादाद

0

पाकिस्तान में पूर्वी पंजाब प्रात में गुरूवार की सुबह एक बड़ी ट्रेन दुर्घटना हो गई. वहां पर कराची-रावलपिंडी तेजगाम एक्सप्रेस ट्रेन में विस्फोट के बाद आग लगने से ट्रेन की तीन बोगियों जल गई। इसमें अब तक मरनेवालों की संखाय बढ़कर 65 हो गई है.

प्राप्त जानकारी के अनुसार दुर्घटना के समय तेजगाम एक्सप्रेस कराची से रावलपिंडी जा रही थी. इसी दौरान एक यात्री के गैस सिलेंडर में विस्फोट हो गया। रेलवे अधिकारियों ने गैस सिलेंडर के फटने की पुष्टि की है. बताया जा रहा है कि जब यह विस्फोट हुआ उस समय यात्री नाश्ता तैयार कर रहे थे.

रेल मंत्री शेख राशिद ने कहा कि दुर्घटनाग्रस्त रेल लाइन को दो घंटे में दुरूस्त कर लिया जाएगा और इसके बाद यातायात बहाल हो जाएगी. उन्होंने कहा कि आग पर काबू पा लिया गया है और अब वहां कूलिंग प्रयास किये जा रहे हैं

इस दुर्घटना में ट्रेन के तीन डिब्बे पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गये जिनमें दो इकोनॉमी और एक बिजनेस क्लास के डिब्बे शामिल हैं. पाकिस्तान रेलवे के मुख्य कार्यकारी अधिकारी ऐजाज अहमद ने कहा कि इस घटना से ट्रेनों का परिचालन प्रभावित नहीं हुआ है. पाकिस्तान के प्रधानमंत्री इमरान खान ने इस दुर्घटना में लोगों की मौत पर गहरा दुख प्रकट करते हुए अधिकारियों को घायल लोगों की बेहतरीन इलाज के इंतजाम करने के निदेर्श दिये हैं.

वचन-पत्र देने पर ही अध्यापकों को मिलेगा सातवाँ वेतनमान | MP NEWS

सातवाँ वेतनमान । 7th Pay Commision MP

भोपाल, खबर सत्ता : स्कूल शिक्षा विभाग ने स्पष्ट किया है कि म.प्र. राज्य स्कूल शिक्षा सेवा (शैक्षणिक संवर्ग) सेवा, शर्तें एवं भर्ती नियम-2018 के अंतर्गत दिनांक एक जुलाई, 2018 से सुसंगत पदों पर नियुक्त एवं जिला पंचायत से छठवें वेतनमान के वेतन निर्धारण का अनुमोदन प्राप्त लोक-सेवकों से निर्धारित प्रारूप में वचन-पत्र प्राप्त होने पर ही सातवाँ वेतनमान प्राप्त हो सकेगा।

सातवाँ वेतनमान एक अक्टूबर, 2019 (अक्टूबर पेड इन नवम्बर-2019) से प्रदान किया जाये। सातवें वेतनमान में नियमानुसार वेतन निर्धारण अनुमोदन के उपरांत नियमानुसार एरियर प्रदान करने के संबंध में शासन द्वारा पृथक् से आदेश जारी किया जायेगा।

उल्लेखनीय है कि विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि भर्ती नियम-2018 के अंतर्गत सेवा में नियुक्त व्यक्ति की सेवाएँ एक जुलाई, 2018 से प्रारंभ होंगी तथा तद्नुसार इस सेवा में नियुक्ति पर दिनांक एक जुलाई, 2018 की स्थिति में म.प्र. वेतन परीक्षण नियम-2017 के प्रावधानों के अंतर्गत वेतन निर्धारित किया जाये।