भाजपा की परिवर्तन यात्रा और बंगाल भाजपा अध्यक्ष के काफिले पर हमला, तीन जख्मी

Khabar Satta
By
Khabar Satta
खबर सत्ता डेस्क, कार्यालय संवाददाता
2 Min Read

कोलकाता। West Bengal: उत्तर 24 परगना जिले के मालंचा इलाके में शनिवार को भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर कुछ लोगों ने हमला किया, वहीं दूसरी तरफ इसी जिले के मिनाखां अंचल में बंगाल भाजपा अध्यक्ष दिलीप घोष के काफिले पर भी हमला किया गया। इसमें भाजपा के तीन कार्यकर्ता गंभीर रूप से जख्मी हो गए हैं। दोनों हमलों का आरोप सत्ताधारी दल तृणमूल कांग्रेस पर लगा है। दूसरी तरफ, तृणमूल ने इसे भाजपा की सोची-समझी साजिश करार दिया है। भाजपा की परिवर्तन यात्रा जब मालंचा इलाके से गुजर रही थी तो उसे निशाना करके कुछ लोगों ने पथराव किया। इसके बाद बम भी फेंके गए। दूसरी तरफ, मिनाखां इलाके से दिलीप घोष के काफिले के गुजरते वक्त उस पर भी हमला हुआ।

बमबाजी में दिलीप घोष की गाड़ी के पीछे चल रही दो गाड़ियों को नुकसान पहुंचा है। हमले में तीन भाजपा कार्यकर्ता गंभीर रूप से जख्मी हुए हैं। उत्तर 24 परगना जिला तृणमूल कांग्रेस के अध्यक्ष व राज्य के कृषि विपणन मंत्री ज्योतिप्रिय मल्लिक ने कहा कि भाजपा ने खुद ही इस हमले को अंजाम दिया है। दरअसल, उसकी परिवर्तन यात्रा में भीड़ नहीं हो रही इसलिए सुर्खियां बनाने के लिए अपने लोगों से ही पथराव व बमबाजी करा रही है। वे लोग समझ गए हैं कि बंगाल में गुजरात की संस्कृति नहीं चलने वाली है। इस बीच, मिनाखां में तृणमूल कांग्रेस के एक कार्यालय पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने हमला करके जमकर तोडफ़ोड़ की।

एएनआइ के मुताबिक, पश्चिम बंगाल में नॉर्थ 24 परगना के नॉर्थ दुमदुम इलाके में टीएमसी कार्यकर्ताओं ने कथित तौर पर भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला कर दिया। भाजपा नेता अर्जुन सिंह ने कहा कि हमारे लोगों को टीएमसी के गुंडों ने पुलिस के सामने मारा। बंगाल में भाजपा की बात करना अपराध है। पुलिस और टीएमसी के गुंडे मिलकर यह सब काम करते हैं। गौरतलब है कि इससे पहले भी कई बार भाजपा कार्यकर्ताओं पर हमला हो चुका है।

Share This Article
Follow:
खबर सत्ता डेस्क, कार्यालय संवाददाता
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *