सिवनी । छिंदवाड़ा के चौरई अनुविभाग के चांद पुलिस थाने में पदस्थ कार्यवाहक प्रधान आरक्षक विजय बघेल (46) की हत्या के बाद शव को सिवनी के बम्होड़ी (बरघाट) जंगल में दफन करने का मामला प्रकाश में आया है।
प्रधान आरक्षक विजय बघेल मूलत: सिवनी के जैतपुर गांव का रहने वाला था, 15-20 दिन इनकी पदस्थापना छिंदवाड़ा पुलिस लाइन से चौरई अंतर्गत पुलिस थाना चांद में की गई थी। हालाँकि अभी मृतक आरक्षक विजय बघेल चौरई में परिवार के साथ रह रहा था।
चौरई पुलिस से प्राप्त जानकारी के अनुसार दो दिन पहले 21 सितंबर को विजय बघेल के लापता होने पर छानबीन शुरू हुई थी। संदिग्ध से लगातार पूछताछ जारी थी पूछताछ में खुलासा हुआ कि चौरई मे प्रधान आरक्षक की हत्या कर शव को सिवनी लाकर बरघाट बम्होड़ी के जंगल में दफन कर दिया गया है।
जानकारी लगने के बाद 23 सितंबर गुरुवार सुबह को आरोपित को साथ लेकर चौरई पुलिस दफ़न किये गए स्थान पर पहुंची. प्रशासनिक सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार हत्या में शामिल संदेही सिवनी का रहने वाला ही है।
बात यह भी सामने आई है कि मृतक प्रधान आरक्षक व आरोपित एक दूसरे से पहले से परिचित थे। हालाँकि अभी तक हत्या का कारण पता नहीं चल पाया है, मृतक प्रधान आरक्षक का शव बरामद करने सिवनी के बम्होड़ी (बरघाट) में पुलिस बल की मौजूदगी में खुदाई कराई जा रही है, प्रकरण में जांच की जा रही है।