सिवनी । शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के लिये प्रदेश सरकार के द्वारा 13 करोड़ रूपये की राशि स्वीकृत की गयी है। इस राशि से विद्यार्थियों को आधुनिक शिक्षा, शैक्षणिक गुणवत्ता सहित अन्य सुधार कार्य करवाये जायेंगे।
उक्ताशय की बात पी.जी. कॉलेज़ की जन भागीदारी समिति के नव नियुक्त अध्यक्ष आनंद पंजवानी द्वारा जारी विज्ञप्ति में कही गयी है। उन्होंने बताया कि सिवनी के शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय का शुमार प्रदेश के टॉप टेन बड़े महाविद्यालयों में किया जाता है। कई सालों से महाविद्यालय प्रशासन के द्वारा विद्यार्थियों के शैक्षणिक विकास के लिये प्रस्ताव बनाकर भेजे जाते थे और राशि की माँग की जाती थी।
उन्होंने बताया कि उनके जन भागीदारी समिति के अध्यक्ष बनने के बाद महाविद्यालय प्रशासन के द्वारा इस बात की जानकारी उनके एवं जन भागीदारी समिति के सदस्यों के समक्ष रखी गयी। आनंद पंजवानी ने बताया कि उन्होंने प्रभारी मंत्री सुखदेव पांसे के जरिये उच्च शिक्षा मंत्री जीतू पटवारी एवं मुख्यमंत्री कमल नाथ को अवगत कराया।
उन्होंने बताया कि इन प्रयासों से पी.जी. कॉलेज़ को 13 करोड़ की राशि स्वीकृत की गयी है। इस राशि से 10 बड़े अध्ययन कक्षों, पुस्तकालय, 06 स्मार्ट क्लास, 100 कंप्यूटर वाली लैब, अत्याधुनिक जिम, ईको फ्रेण्डली परिसर, छात्राओं के लिये अत्याधुनिक कॉमन रूम, विभिन्न संकायों के लिये 06 प्रयोगशालाएं, ऑडिटोरियम का जीर्णांेद्धार आदि कार्य करवाया जायेगा।