सिवनी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के 01 जुलाई को प्रस्तावित सिवनी प्रवास को लेकर जिला प्रशासन द्वारा तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच गई हैं। कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कार्यक्रम स्थल पॉलिटेक्निक मैदान, हेलीपैड सहित विभिन्न स्थलों का विस्तृत निरीक्षण कर तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने कार्यक्रम के प्रत्येक पहलू की बारीकी से समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्रीमती मीना ने मंच व्यवस्था, बैठक व्यवस्था, हितग्राहियों के बैठने की व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता, शौचालय, बैरिकेडिंग, सुरक्षा व्यवस्था, वाहन पार्किंग, यातायात प्रबंधन, चिकित्सा सुविधा, प्रदर्शनी स्थल तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्देश दिए कि सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में उच्च गुणवत्ता के साथ पूर्ण की जाएं तथा कार्यक्रम में शामिल होने वाले नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
कलेक्टर श्रीमती मीना ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक व्यवस्था की नियमित मॉनिटरिंग करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम की गरिमा के अनुरूप सभी व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से सुनिश्चित की जाएं।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम के दौरान विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण, हितलाभ वितरण तथा विभिन्न विभागों द्वारा विकास एवं जनकल्याणकारी योजनाओं पर आधारित प्रदर्शनी भी आयोजित की जाएगी, जो कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण होगी


