सिवनी । द्विपीठाधीश्वर जगतगुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद सरस्वती महाराज के कृपापात्र शिष्य जो अब निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर के रूप में अभिषिक्त हो चुके हैं, उनका प्रथम सिवनी आगमन 10 नवंबर को हो रहा है। इस हेतु उनके श्रद्धालुओं द्वारा भव्य स्वागत सत्कार की तैयारियां प्रारंभ कर दी गयी हैं.
उल्लेखनीय होगा कि स्वामी प्रज्ञानानंद महाराज को पिछले दिनों तीर्थराज प्रयाग के कुंभ में बसंत पंचमी के दिन द्विपीठाधीश्वर के द्वारा दण्ड दीक्षा दी गयी थी। इसके बाद उनका निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर के पद पर 13 मार्च फाल्गुन शुक्ल सप्तमी की सुबह वाराणसी में पट्टाभिषेक किया गया था। यह कार्यक्रम जगद्गुरू शंकराचार्य स्वामी स्वरूपानंद महाराज की अध्यक्षता में हुआ था जिसका नेत्तृत्व अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष स्वामी नरेंद्र गिरी जी महाराज के द्वारा किया गया था।
दण्ड दीक्षा के बाद निरंजन पीठाधीश्वर आचार्य महामण्डलेश्वर के पद पर आसीन होने के बाद स्वामी प्रज्ञानानंद गिरी जी महाराज का प्रथम सिवनी आगमन होने जा रहा है। आचार्य महामण्डलेश्वर प्रज्ञानानंद जी का जन्म सिवनी जिले के ही पलारी के समीपस्थ ग्राम साठई में हुआ है। बाल्यावस्था से ही धर्म के अनुरागी होने के कारण उन्होंने सन्यास मार्ग का अनुगमन किया। परिणाम स्वरूप उन्होंने द्विपीठाधीश्वर से पहले गुरूदीक्षा ली उसके बाद वे दण्ड दीक्षा लेकर अब महामण्डलेश्वर के पद पर अभिषिक्त हुए हैं। वे जयपुर में महाराज श्री के आश्रम प्रभारी भी हैं।
उनके आगमन को लेकर श्रद्धालुओं में भारी उत्साह व्याप्त है और वे सभी उनके इस प्रथम आगमन को भव्य स्वरूप देने की तैयारियों में जुट गये हैं। उनके कार्यक्रम की प्रारंभिक तैयारी की एक बैठक स्वामी बलवंतानंद के मार्गदर्शन में हुई जिसमें आयोजकों ने उपस्थित होकर कार्यक्रम तैयार किया है। उनका आगमन 10 नवंबर को दोपहर के समय मण्डला मार्ग से होगा। उनके सिवनी पहुँचते ही डूण्डा सिवनी में आगवानी की जायेगी और यहाँ से वे परशुराम भवन के समीप स्थित श्रीमाता मंदिर में पूजन – दर्शन के उपरांत नगर में प्रवेश करेंगे। आयोजकों ने यहाँ से नगर में एक भव्य शोभायात्रा निकालने की रूपरेखा बनायी है।
रविवार 10 नवंबर को यह शोभायात्रा डूण्डा सिवनी से प्रारंभ होकर नगर के प्रमुख मार्गाें से होते हुए स्मृति लॉन पहुँचेगी जहाँ भक्तजनों को उनके आर्शीवाद स्वरूप आर्शीवचन सुनने को मिलेंगे। आयोजकों ने सभी धर्मानुरागी जनों से कार्यक्रम में बढ़ चढ़ कर हिस्सा लेने की अपील की है।