नगर में 22 अगस्त को होगा सद्भाव रक्षा सूत्र का नि:शुल्क वितरण
सिवनी। स्वाबलंबन एवं देश प्रेम से प्रेरित सागर के केन्द्रीय जेल में बंदी भाईयों के द्वारा उनके हाथों से बनायी गयी राखियों का गत दिवस विमोचन कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर सिवनी में पावन चातुर्मास कर रहे जैन मुनि श्री अजित सागर जी महाराज, ऐलक श्री दयासागर जी महाराज, ऐलक श्री विवेकानंद सागर जी महाराज की गरिमामय प्रेरणादायी उपस्थिति रही ।
विमोचन कार्यक्रम चातुर्मास समारोह समिति के संयोजक पूर्व विधायक नरेश दिवाकर सहित अन्य सामजिक बंधुओ की उपस्थिति में हुआ था।
परम पूज्य आचार्य श्री विद्यासागर जी महाराज की प्रेरणा से केन्द्रीय जेल सागर के बंदीगृह में बंदी भाईयो ने इंडिया नहीं भारत बोलो तथा सदभावना राखी के नाम से सुंदर राखियाँ एवं रक्षासूत्र बनाये है।
ज्ञातव्य है कि वर्तमान समय में पूज्य जैन मुनि अजित सागर जी महाराज संघ सिवनी में वर्षायोग हेतु विराजमान है। अजित सागर महाराज की प्रेरणा से आगामी 22 अगस्त की दोपहर 12 बजे से मुख्यालय सिवनी में इंडिया नहीं भारत बोलो की प्रेरणा देने वाली सद्भाव राखी का नि: शुल्क वितरण किया जायेगा।
इस कार्यक्रम का आरंभ स्थानीय बारापत्थर में स्थित स्मृति लॉन से होगा, जिसके पश्चात अभियान में शामिल विभिन्न संगठनों के जागरूक नागरिक, महिलायें, बालिकायें व नव युवतियां राखी का नि:शुल्क वितरण बाहुबली चौक, भैरोगंज स्थित सोमवारी चौक, बुधवारी बाजार एवं छिंदवाड़ा चौक में करेंगी।
इस जनजागरण अभियान में चतुर्मास समारोह समिति अुनश्री आर्ट, टीम नेकी की दीवार एवं कलचुरी महिला मंडल विशेष सहायोगी के रूप में शामिल होंगे.