सिवनी/ कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने मानसून अवधि को दृष्टिगत रखते हुए जिले में रेत उत्खनन पर प्रतिबंध संबंधी आदेश जारी किए हैं। यह आदेश भारत सरकार के पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय द्वारा जारी सतत रेत खनन प्रबंधन दिशा-निर्देश, 2016, भारतीय मौसम विज्ञान विभाग, नागपुर तथा संचालक, भौमिकी एवं खनिकर्म, भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के परिपालन में जारी किया गया है।
जारी आदेश के अनुसार जिले में मानसून की सक्रियता को देखते हुए 30 जून 2026 की मध्यरात्रि से 1 अक्टूबर 2026 तक जिले की सभी रेत खदानों, नदियों एवं नालों से रेत उत्खनन पर पूर्णतः प्रतिबंध रहेगा। इस अवधि में किसी भी स्थान से रेत का उत्खनन नहीं किया जा सकेगा।
कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना द्वारा जारी यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा। उन्होंने संबंधित विभागों एवं अधिकारियों को प्रतिबंध अवधि में आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित कराने तथा अवैध रेत उत्खनन पर प्रभावी निगरानी रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए हैं।


