उज्जैन। सेना भर्ती के लिये केन्द्र सरकार की अग्निपथ योजना का देश के विभिन्न राज्यों में हिंसक विरोध हो रहा है। रविवार रात सोशल मीडिया के उज्जैन ग्रुप में कतिपय युवकों ने महाआंदोलन, दिल्ली चलो की पोस्ट वायरल की।
माधव नगर थाना पुलिस ने दोनों युवकों को रात को ही उनके घर से उठा लिया। इधर, सोमवार को पुलिस शहर के खेल मैदानों सहित प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन पर तैनात रही।
माधव नगर थाना पुलिस ने बताया कि सूत्रों से व्हाट्सएप ग्रुप के स्क्रीन शॉट प्राप्त हुए थे, जिनमें महाआंदोलन,दिल्ली चलो, 21 को टीडीओ के खिलाफ अकादमी बंद कर टॉवर चौक पर एकत्रित होने की बात लिखी थी।
सोशल मीडिया पर चल रहे मैसेजों को पुलिस ने गंभीरता से लेकर तुरंत प्रकरण दर्ज कर विकास पारगी और सिसौदिया को गिरफ्तार कर लिया।
रेलवे स्टेशन पर पहुंचने के लिये तीन प्रवेश द्वार मेनगेट के अलावा मालगोदाम और प्लेटफार्म- 8 की ओर माधव नगर प्रवेश द्वार हैं। तीनों गेटों पर पुलिस बल तैनात किया गया।
इसी प्रकार प्रशिक्षु आईपीएस विनोद मीणा के नेतृत्व में पुलिस कंट्रोल रूम से 40 वाहनों में सवार होकर पुलिस बल फ्लेग मार्च पर निकला। यह बल यूनिवर्सिटी मैदान,दशहरा मैदान,पोलिटेक्निक कॉलेज मैदान,शास्त्री नगर मैदान, हरिफाटक ब्रिज होते हुए क्षीरसागर मैदान पहुंचा।
एसपी सत्येंद्र कुमार शुक्ला ने बताया कि स्थिति शांत और नियंत्रण में है। कोई भी माहौल खराब करेगा तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।