भोपाल । उत्तरी पहाड़ी राज्यों में हुई बर्फबारी के कारण वहां से आ रही ठंडी हवाओं से मध्य प्रदेश के कई जिलों में पारा तेजी से लुढ़का है। कई जिलों का न्यूनतम तापमान सामान्य से नीचे गया है, जिसके कारण घना कोहरा छाया रहा।
पिछले 24 घंटों के दौरान मध्यप्रदेश के ग्वालियर, सिवनी, दतिया, सागर एवं नौगांव में शीतलहर का प्रभाव रहा। इसके अलावा, भोपाल, सागर एवं ग्वालियर संभागों के जिलों में पिछले 24 घंटों के दौरान न्यूनतम तापमान में विशेष रूप से गिरावट आई।
वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला ने बताया कि जम्मू कश्मीर से आ रही बर्फीली हवाओं ने शहर को ठिठुरा दिया है। 19 दिसंबर से तापमान और गिरेगा, यानी अंचल में कड़ाके की ठंड पडऩा शुरू हो जाएगी। साथ ही कोहरा भी छाएगा। कोहरा भी दो से तीन दिन तक रह सकता है।
साथ ही शीत लहर चलने के आसार बन गए हैं, यानी आगामी दिन ठंड के लिहाज से काफी परेशानी वाले हो सकते है। पिछले 24 घंटों में प्रदेश में सबसे कम न्यूनतम तापमान 4 डिग्री सेल्सियस ग्वालियर, दतिया एवं नौगांव में दर्ज किया गया। सागर, ग्वालियर एवं चंबल संभागों के 14 जिलों में अगले तीन दिन कहीं-कहीं पर शीत लहर चलने की संभावना है।
आगे ऐसा रहेगा मौसम
मौसम को प्रभावित करने वाला सिस्टम नहीं है। इस कारण उत्तरी हवा का आना जारी रहेगा। यह हवा अपने साथ जम्मू कश्मीर से बर्फीली ठंडक लेकर आ रही है। इससे रात के तापमान में गिरावट आना जारी रहेगी। 19 दिसंबर से तापमान ज्यादा गिरेगा। मध्यम से घना कोहरा भी छा सकता है।
बादल व बूंदाबांदी की वजह से हवा में नमी आ गई है।कोहरा दो दिन तक रह सकता है।यदि दिन में कोहरा छाता है तो धूप नहीं निकलेगी। ठंड का यह दौर 25 दिसंबर तक जारी रह सकता है। उत्तर भारत के अधिकतर हिस्सों में शीत लहर चलना शुरू हो गई है। 24 घंटे में शीत लहर ग्वालियर पहुंच सकती है। इससे ग्वालियर में भी शीत लहर चलने के आसार बन गए हैं।