HomeदेशNusrat Jahan: इस सप्ताह देश में सोशल मीडिया और न्यूज़ प्लेटफार्म पर...

Nusrat Jahan: इस सप्ताह देश में सोशल मीडिया और न्यूज़ प्लेटफार्म पर छाई रहीं नुसरत जहां

Date:

नुसरत जहां (Nusrat Jahan), चर्चाएं वहांः एक तो सिने जगत की माया, ऊपर से सियासत में मिली शोहरत, आग का ऐसा दरिया है जिसके पार जाकर ज़िंदगी को नाटक बन जाने से बचाए रखना हर किसी के वश की बात नहीं।

टॉलीवुड के नाम से मशहूर बांग्ला फिल्मों की जानी-मानी अभिनेत्री से राजनीति में कदम रखने वाली नुसरत जहां भी खुद को इससे अलग साबित नहीं कर पायीं। निजी ज़िंदगी को लेकर पूरे सप्ताह वे नित नयी सुर्खियों में बनी हुई हैं।

बांग्ला फिल्मों के जरिये एक बड़े दर्शक वर्ग तक नुसरत जहां (Nusrat Jahan) की पहुंच पहले से थी, 2019 के लोकसभा चुनाव में टीएमसी के टिकट पर पश्चिम बंगाल की बशीरहाट संसदीय सीट से उनकी दमदार जीत इसकी तस्दीक भी करती है। इस जीत के साथ वे पश्चिम बंगाल की सीमाओं से बाहर पूरे देश में जाना-माना चेहरा बनकर उभरीं।

उनकी इस ताज़ातरीन शोहरत ने उस समय नयी चर्चाओं को जन्म दिया जब वे कुछ दिनों के बाद ही एक व्यापारी निखिल जैन के साथ तुर्की जाकर शादी कर ली। मजहबी दीवारों के घेरे से बाहर जाकर नुसरत जहां के रिश्ते का विरोध भी हुआ लेकिन उन्होंने ख़ास परवाह नहीं की। अपनी सिंदूर भरी मांग के साथ दुर्गापूजा पर पश्चिम बंगाल के ‘सिंदूर खेला’ में नुसरत-निखिल की चर्चित जोड़ी ने मीडिया के कैमरों पर जैसे बंगाल का जादू कर दिया।

फिल्मों के साथ राजनीति में भी जिस तरह अप्रत्याशित रूप से सीन बदल जाता है, उसी तरह नुसरत जहां के क़िस्से में भी पूरे असर के साथ यह सामने आया। नुसरत और निखिल के रिश्तों में न केवल दरार आ गयी बल्कि दो किनारों पर खड़े दोनों ने एक-दूसरे पर इल्ज़ामों की बरसात शुरू कर दी।

अव्वल तो नुसरत ने निखिल से शादी की बात सिरे से यह कहते हुए खारिज कर दी कि यह लिव-इन रिलेशनशिप था इसलिए तलाक का सवाल नहीं होता। उन्होंने बयान जारी किया कि निखिल से उनकी शादी वैध नहीं थी क्योंकि भारत में अंतरधार्मिक विवाह के लिए विशेष विवाह अधिनियम के तहत मान्यता की जरूरत होती है जो उनके मामले में नहीं हुआ।

उन्होंने यह भी कहा कि निखिल जैन से उनका अलगाव पहले ही हो गया था लेकिन निजी ज़िंदगी को वे खुद तक सीमित रखना चाहती थीं।

निखिल जैन के साथ नुसरत जहां के अलगाव की चर्चाएं तब शुरू हुई जब एक बीजेपी नेता यश दासगुप्ता से उनकी नजदीकियों की बात कही जाने लगी। इसके बाद तो नुसरत जहां की निजी ज़िंदगी की परतें उघड़कर सार्वजनिक चर्चाओं में शामिल हो गयी जिसमें उनके गर्भवती होने से लेकर कई दूसरी बातें सामने आई।

इस दौरान निखिल जैन ने भी साफ कर दिया कि पिछले साल नवंबर से ही वे नुसरत जहां से अलग रह रहे हैं। उनका कहना था कि जिस दिन उन्हें पता चला कि नुसरत किसी और के साथ रहना चाहती हैं तो उन्होंने यह फ़ैसला किया।

SHUBHAM SHARMA
SHUBHAM SHARMAhttps://shubham.khabarsatta.com
Shubham Sharma – Indian Journalist & Media Personality | Shubham Sharma is a renowned Indian journalist and media personality. He is the Director of Khabar Arena Media & Network Pvt. Ltd. and the Founder of Khabar Satta, a leading news website established in 2017. With extensive experience in digital journalism, he has made a significant impact in the Indian media industry.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related