भारत-चीन के बीच सीमा विवाद के लिए नेहरू जिम्मेदार: केंद्रीय मंत्री

By SHUBHAM SHARMA

Published on:

नई दिल्ली। लद्दाख और सिक्किम और चीन के साथ सीमा विवाद के बीच केंद्रीय मंत्री डॉ. जितेंद्र सिंह ने शुक्रवार को एक बड़ा बयान दिया है। केंद्रीय मंत्री ने राहुल गांधी को निशाने पर लेते हुए भारत-चीन के बीच सीमा विवाद के लिए पूर्व प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू को जिम्मेदार ठहराया है। जितेंद्र सिंह ने कहा, चीन के मामले में कांग्रेस ने सीधी आलोचना शुरू कर दी है, उन्होंने यह भी नहीं देखा या हो सकता है कि वह भूल गए हैं कि चीन का मुद्दा जवाहरलाल नेहरू छोड़कर गए थे।

जितेंद्र सिंह ने आगे कहा कि जवाहरलाल नेहरू दिल्ली की गलियों में चाऊ एन लाई के साथ घूमा करते थे और लोग ‘हिंदी चीनी भाई-भाई’ के नारे लगाते थे। उसके बाद दोनो देशों के बीच जो हुआ वह इतिहास है, इस वजह से साल 1962 में युद्ध हुआ और हम आज भी इसका परिणाम भुगत रहे हैं। बता दें कि भारत-चीन सीमा पर दोनों देशों के बीच हुई झड़प के बाद से तनाव बढ़ गया है जिसको लेकर कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने केंद्र सरकार से सफाई देने को कहा था।

राहुल गांधी का बयान

पिछले सप्ताह कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने इस मुद्दे पर केंद्र की चुप्पी को लेकर सवाल उठाया था। उन्होंने कहा, चीन के साथ सीमा विवाद पर केंद्र सरकार की चुप्पी कई अटकलों को जन्म दे रही है। राहुल ने आगे कहा, वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) पर भारत-चीन के बीच विवाद को लेकर लगाई जा रही अटकलों पर केंद्र सरकार को सफाई देने की जरूरत है। राहुल गांधी ने अपने ट्वीट के माध्यम से केंद्र सरकार पर चीन के साथ विवाद को लेकर कई सवाल दागे। उन्होंने लिखा, चीन के साथ सीमा पर स्थिति को लेकर अटकलों का बाजार गर्म है, ऐसे में केंद्र सरकार को सामने आकर साफ-साफ सबकुछ बताने की आवश्यकता है, कि सीमा पर क्या हो रहा है?

SHUBHAM SHARMA

Shubham Sharma is an Indian Journalist and Media personality. He is the Director of the Khabar Arena Media & Network Private Limited , an Indian media conglomerate, and founded Khabar Satta News Website in 2017.

Leave a Comment