लखनऊ, 23 अप्रैल । उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में पश्चिमी विधान सभा क्षेत्र के भाजपा विधायक सुरेश चन्द्र श्रीवास्तव का कोरोना से निधन हो गया है। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई नेताओं ने विधायक के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है।
विधायक के परिजनों से मिली जानकारी के अनुसार सुरेश चंद्र श्रीवास्तव कोरोना संक्रमित होने के बाद सात दिन से पीजीआई में वेंटिलेटर पर थे। उनकी पत्नी और बेट भी संक्रमित है। इलाज के दौरान शुक्रवार देर शाम विधायक सुरेश श्रीवास्तव का निधन हो गया। इससे पूर्व औरैया सदर से भाजपा विधायक रमेश दिवाकर का भी कोरोना से ही निधन हुआ था।
रक्षा मंत्री और मुख्यमंत्री ने जताया दुख
विधायक के निधन पर लखनऊ से सांसद और देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश के दोनों उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य व डा. दिनेश शर्मा समेत कई नेताओं ने गहरा दुख व्यक्त किया है।
राजनाथ सिंह ने ट्वीट किया है कि लखनऊ शहर से विधायक एवं उत्तर प्रदेश भाजपा के वरिष्ठ नेता सुरेश श्रीवास्तव के निधन का समाचार बेहद पीड़ादायक है। जनप्रतिनिधि के रूप में उनकी सादगी, सरलता और उनकी कर्मठता अपने आप में एक मिसाल थी। उनके शोकाकुल परिवार के प्रति मेरी संवेदनाएं।
प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शान्ति के लिए प्रार्थना करते हुए शोक संतप्त परिजनों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की है।