Home Blog Page 45

15 जुलाई से नैनपुर, सिवनी, छिंदवाड़ा, आमला, भोपाल, इटारसी होकर इंदौर जायेगी पेंचवेली एक्सप्रेस

Penchvalley Express News – दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे (SECR) ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। इंदौर-सिवनी (पेंचवैली) एक्सप्रेस (19343/19344) को अब नैनपुर तक विस्तारित किया जा रहा है। यह निर्णय रेलवे बोर्ड द्वारा अनुमोदित किया गया है और इसकी उद्घाटन यात्रा 14 जुलाई 2025 को नैनपुर से प्रारंभ होगी।

रेलवे द्वारा जारी अधिसूचना के अनुसार:

  • ट्रेन संख्या 19343 (इंदौर – सिवनी) पेंचवैली एक्सप्रेस अब 15 जुलाई 2025 से नैनपुर तक चलेगी।
  • वापसी में ट्रेन संख्या 19344 (छिंदवाड़ा – इंदौर) पेंचवैली एक्सप्रेस अब नैनपुर से इंदौर तक चलेगी।

पेंचवेली एक्सप्रेस नैनपुर से इंदौर जाते समय का टाइम टेबल इस प्रकार है:

स्टेशन19344 (नैनपुर-इंदौर) प्रस्थान
नैनपुर (NIR)प्रस्थान – 19:00 बजे
केवलारी (KLZ)19:15 / 19:17 बजे
भोमा (BHV)19:43 / 19:45 बजे
सिवनी (SEY)20:05 / 20:10 बजे
चौरई (CHUA)20:28 / 20:30 बजे
छिंदवाड़ा (CWA)22:15 / 22:25 बजे
इंदौर (INDB)आगमन – 12:45 बजे

पेंचवेली एक्सप्रेस इंदौर से नैनपुर जाते समय का टाइम टेबल इस प्रकार है:

स्टेशन19343 (इंदौर-नैनपुर) प्रस्थान19344 (नैनपुर-इंदौर) प्रस्थान
इंदौर (INDB)13:05 बजेआगमन – 12:45 बजे
छिंदवाड़ा (CWA)03:20 / 03:35 बजे22:15 / 22:25 बजे
चौरई (CHUA)04:03 / 04:05 बजे20:28 / 20:30 बजे
सिवनी (SEY)04:40 / 04:45 बजे20:05 / 20:10 बजे
भोमा (BHV)05:03 / 05:05 बजे19:43 / 19:45 बजे
केवलारी (KLZ)05:23 / 05:25 बजे19:15 / 19:17 बजे
नैनपुर (NIR)आगमन – 06:30 बजेप्रस्थान – 19:00 बजे

🔧 मेंटेनेंस व्यवस्था में बदलाव:

  • प्राथमिक मेंटेनेंस अब इंदौर (WR) में RBPC के साथ और दूसरा सिरा नैनपुर (SECR) में होगा।
  • नई ट्रेन विस्तार के अनुसार छिंदवाड़ा से नैनपुर के बीच वाणिज्यिक ठहराव चौरई, सिवनी, भोमा, केवलारी, और नैनपुर में होगा।

सेवाओं में और परिवर्तन:

ट्रेन संख्या 59396 (सिवनी-बेतुल पैसेंजर) और 59395 (बेतुल-छिंदवाड़ा पैसेंजर) को अब पेंचवैली एक्सप्रेस से अलग कर दिया गया है। इन ट्रेनों को SECR रैक लिंक से जोड़कर अब 58829/58830 (सिवनी-बेतुल-सिवनी) के रूप में चलाया जाएगा। ये परिवर्तन भी 14 जुलाई 2025 से प्रभावी होंगे।

⏱️ नई समयसारणी इस प्रकार है:

स्टेशन58829 (सिवनी-बेतुल)58830 (बेतुल-सिवनी)
सिवनी (SEY)05:30 बजेआगमन – —-
चौरई (CHUA)06:24 / 06:26 बजे—-
छिंदवाड़ा (CWA)07:10 / 08:00 बजे20:15 / 20:25 बजे
बैतूल (BZU)आगमन – 12:35 बजेप्रस्थान – 16:00 बजे

छिंदवाड़ा-बेतुल-छिंदवाड़ा मार्ग के बीच समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है।

📝 रेलवे ने क्या कहा?

दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे के प्रमुख परिचालन प्रबंधक कार्यालय, बिलासपुर द्वारा जारी अधिसूचना में बताया गया है कि यात्रियों की सुविधा और ट्रैफिक मैनेजमेंट को ध्यान में रखते हुए यह बड़ा निर्णय लिया गया है।

इस आदेश पर हस्ताक्षर किए हैं –
अजय फ्रांसिस डेनियल,
उप मुख्य परिचालन प्रबंधक (परिवर्तन एवं FOIS), SECR, बिलासपुर।

इंदौर और नैनपुर के यात्रियों के लिए यह एक अच्छी खबर है। यह विस्तार न केवल यात्रा को सुगम बनाएगा, बल्कि मध्यप्रदेश के विभिन्न जिलों को बेहतर तरीके से आपस में जोड़ेगा। पेंचवैली एक्सप्रेस के विस्तार से पर्यटन, व्यापार और यातायात सभी क्षेत्रों को लाभ पहुंचेगा।

सिवनी में स्कूली ऑटो की चपेट में आया 18 माह का मासूम, मौके पर ही हुई मौत

सिवनी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र में स्थित केजीएन कॉलोनी 03 जुलाई 2025 की दोपहर उस समय मातम में बदल गई जब हड्डी गोदाम एरिया में 18 माह का मासूम बच्चा रोहान खान एक स्कूली ऑटो की चपेट में आ गया। यह दर्दनाक हादसा दोपहर लगभग 1:30 बजे घटित हुआ, जब बच्चा सड़क पर खेल रहा था और उसी वक्त एक स्कूली ऑटो तेजी से वहां से गुजर रहा था।

इस दुर्घटना का CCTV वीडियो भी सामने आया है, जो घटना की वास्तविकता को दर्शाता है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि बच्चा सड़क के किनारे खेल रहा था और ऑटो चालक ने बिना सतर्कता के वाहन आगे बढ़ाया, जिससे बच्चा चपेट में आ गया। यह दृश्य इतना हृदय विदारक था कि देखने वालों की रूह कांप उठी।

घटना के बाद पूरे क्षेत्र में पसरा मातम, परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल

घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। बच्चे की मां-बाप का रो-रो कर बुरा हाल है। क्षेत्र में शोक का माहौल व्याप्त है। इस नन्हे जीवन की अकाल मृत्यु ने हर किसी की आंखों को नम कर दिया है। मासूम रोहान की मौत ने पूरे इलाके में दुख की लहर दौड़ा दी है।

ऑटो चालक मौके से फरार, पुलिस कर रही तलाश

दुर्घटना के तुरंत बाद ऑटो चालक मौके से फरार हो गया। कोतवाली थाना पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच प्रारंभ कर दी है। CCTV फुटेज के आधार पर चालक की पहचान की जा रही है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं। एफआईआर दर्ज कर ली गई है और धारा 304A (गैर इरादतन हत्या) के तहत मामला दर्ज किया गया है।

स्थानीय लोगों की मांग – ऑटो चालकों पर लगे नियंत्रण

इस दर्दनाक हादसे के बाद स्थानीय नागरिकों में आक्रोश व्याप्त है। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि स्कूली वाहनों पर सख्त निगरानी रखी जाए। कई लोगों ने बताया कि स्कूली ऑटो चालक अक्सर ओवरलोडिंग करते हैं, तेज गति से वाहन चलाते हैं और ट्रैफिक नियमों का पालन नहीं करते। यदि समय रहते ट्रैफिक नियमों का कड़ाई से पालन करवाया जाता तो यह मासूम आज जीवित होता।

दर्दनाक घटना से मिले सबक

  • सिवनी में घटित यह घटना सिर्फ एक दुर्घटना नहीं बल्कि व्यवस्था की खामियों का परिणाम है।
  • हमें यह समझना होगा कि बच्चों की सुरक्षा सबसे पहली प्राथमिकता होनी चाहिए।
  • यातायात नियमों का पालन, वाहन की वैधता की जांच, चालकों की योग्यता – ये सभी पहलुओं पर संवेदनशीलता और सख्ती दोनों जरूरी हैं।
  • हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी बनती है कि हम ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न होने दें।

स्वच्छता ही सेवा — बजरंग दल का सेवा सप्ताह: उमा घाट पर चला सफाई अभियान, मातृशक्ति ने भी दिखाया उत्साह

जबलपुर, 2 जुलाई 2025 — विश्व हिंदू परिषद महाकोशल प्रांत के बजरंग दल द्वारा चलाए जा रहे “सेवा सप्ताह” के अंतर्गत आज ग्वारीघाट स्थित उमा घाट पर एक विशेष स्वच्छता अभियान का आयोजन किया गया। यह अभियान सेवा सप्ताह के दूसरे दिन आयोजित किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लेकर सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय दिया।

प्रमुख नेतृत्व रहा उपस्थित

इस सेवा कार्य में संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी भी सक्रिय रूप से शामिल हुए। प्रमुख रूप से उपस्थित रहे —

  • विभाग मंत्री श्री पंकज श्रीवास्त्रि
  • बजरंग दल विभाग संयोजक सुमित सिंह ठाकुर
  • जिला मंत्री राकेश सिंह, प्रशांत सिसोदिया, नवीन राजपूत
  • बजरंग दल जिला संयोजक रोहित चौकसे
  • अन्य कार्यकर्ता — अमित शर्मा, गौरव सोनकर, अरविंद सिसोदिया, सत्यम बर्मन आदि

इन सभी कार्यकर्ताओं ने घाट की सफाई कर न केवल श्रमदान किया, बल्कि समाज के प्रति अपनी सेवा भावना को भी सशक्त किया।

मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी का योगदान

अभियान की विशेष बात यह रही कि इसमें मातृशक्ति और दुर्गा वाहिनी की बहनों ने भी बढ़-चढ़कर भाग लिया। उन्होंने अपने योगदान से यह सिद्ध किया कि स्वच्छता जैसे कार्य में महिलाएं भी पुरुषों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर चल रही हैं। घाट की सफाई में उन्होंने उल्लेखनीय भूमिका निभाई और सामाजिक जागरूकता का संदेश दिया।

हनुमान चालीसा के साथ हुआ समापन

कार्यक्रम के अंत में सभी उपस्थित कार्यकर्ताओं और बहनों ने सामूहिक हनुमान चालीसा पाठ किया। यह आयोजन आध्यात्मिक ऊर्जा और सामाजिक समर्पण का अद्भुत संगम रहा।

बजरंग दल का यह सेवा अभियान समाज में स्वच्छता, सेवा और संस्कार का संदेश प्रसारित कर रहा है। उमा घाट की स्वच्छता के साथ-साथ लोगों में स्वच्छता के प्रति जागरूकता भी बढ़ी है। इस तरह के आयोजन न केवल धार्मिक स्थलों की स्वच्छता सुनिश्चित करते हैं, बल्कि युवाओं में राष्ट्रसेवा की भावना को भी प्रोत्साहित करते हैं।

अगला कार्यक्रम: सेवा सप्ताह के आगामी दिनों में बजरंग दल द्वारा अन्य सामाजिक और स्वच्छता से जुड़े कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।

MP-CG में सबसे ज्यादा FWA ग्राहक रिलायंस जियो के पास

भोपाल- अमेरिका की सबसे बड़ी दूरसंचार कंपनी टी-मोबाइल को पीछे छोड़ कर दुनिया की सबसे बड़ी फिक्सड वायरलेस एक्सेस सर्विस प्रोवाइडर कंपनी बनने की राह पर रिलायंस जियो ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ टेलीकॉम सर्किल में सबसे ज्यादा मोबाइल और ब्रॉडबैंड ग्राहक जोड़े है। टेलीकॉम रेगुलेट्री अथॉरिटी ऑफ इंडिया (ट्राई) की मई 2025 की रिपोर्ट में एक बार फिर जियो ने मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में सबसे ज्यादा मोबाइल और ब्रॉडबैंड ग्राहकों को जोड़ा है।

मई 2025 में रिलायंस जियो से 4.2 लाख मोबाइल ग्राहक जुड़े है। वहीं, जियो फाइबर और FWA जियो एयर फाइबर ब्रॉडबैंड सर्विस को 54  हजार से ज्यादा ग्राहकों ने अपनाया है। जबकि समान अवधि में एयरटेल के 8 हजार मोबाइल ग्राहक बढ़े लेकिन बीएसएनएल के 37 हजार और सबसे ज्यादा वाडाफोन-आईडिया के 56 हजार ज्यादा मोबाइल ग्राहक घटे है।
 
 
ट्राई के आंकड़ों के मुताबिक मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ में सभी टेलीकॉम कंपनियों के मोबाइल ग्राहकों की संख्या 8.1 करोड़ से ज्यादा हो चुकी है। वहीं,फिक्सड वायरलेस एक्सेस (FWA) और वायरलेस एक्सेस ब्राडबैंड उपभोक्ता 24.9 लाख से ज्यादा है।

इसमें जियो की मोबाइल ग्राहक 4.6 करोड़ और ब्रॉडबैंड ग्राहक 13.9 लाख से कहीं अधिक है। साथ ही मार्केट शेयर पर गौर करें तो मोबाइल उपभोक्ता में बाजार हिस्सेदारी 56.7 फिसदी और ब्रॉडबैंड इंटरनेट सेवा प्रदाता में मार्केट शेयर 56.1 प्रतिशत है।
 
फिक्सड वायरलेस एक्सेस (FWA) को सरल शब्दों में समझे तो घरों व दफ्तरों में उपलब्ध वाई-फाई सर्विस को FWA यानी फिक्सड वायरलेस एक्सेस सर्विस कहा जाता है। आईसीआईसीआई सिक्योरिटिस की हालिया रिपोर्ट में बताया कि रिलायंस जियो के पास जून 2025 तक दुनिया के सबसे अधिक FWA ग्राहक होने की संभावना है। वर्तमान में  मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सर्किल की सबसे बड़ी FWA  यानी फिक्सड वायरलेस एक्सेस सर्विस प्रोवाइडर कंपनी रिलायंस जियो है।
 
जियो के पास मध्यप्रदेश-छत्तीसगढ़ सर्किल में मौजूद कुल 5जी क्षमता का 70 फिसदी से ज्यादा हिस्सा है।जो कि दोनों प्रदेश के सभी 88  जिलों में उपलब्ध है। रिलायंस जियो की उन्नत स्टैडअलोन ट्रू5जी सेवा की पहुंच दोनों राज्यों के शहरी क्षेत्र के साथ गांव-गांव तक है। इसी वजह से उद्यमियों के साथ सुदूर इलाके में रहने वाले ग्रामीण उपभोक्ता की ब्रॉडबैंड सेवा के लिए पहली पसंद रिलायंस जियो की फाइबर और एयर फाइबर सर्विस है।
 

सिवनी कोतवाली में होमगार्ड जवान की मनमानी, बिना वर्दी जमा रहा धौंस!

सिवनी: सिवनी कोतवाली में एक होमगार्ड जवान की कथित मनमानी और नियमों के उल्लंघन का मामला फिर सामने आया है। बताया जा रहा है कि यह जवान बिना वर्दी पहने ही कोतवाली में धौंस जमाता है और उसकी “तूती बोलती है”, जिससे पुलिसकर्मी और आम लोग भी परेशान हैं। चौंकाने वाली बात यह है कि यह जवान पहले भी सिवनी कोतवाली में पदस्थ रह चुका है, और तब भी उसके व्यवहार को लेकर शिकायतें मिली थीं।

सूत्रों के अनुसार, यह होमगार्ड कर्मी वर्दी पहनना ज़रूरी नहीं समझता और अक्सर सिविल कपड़ों में ही कोतवाली परिसर में घूमता है। वह अपनी पुरानी पदस्थापना का हवाला देकर लोगों पर रौब झाड़ता है, जिससे एक तरह का “आतंक” का माहौल बन गया है। होमगार्ड नियमों के तहत, ड्यूटी पर मौजूद हर जवान को अनिवार्य रूप से वर्दी पहननी होती है। इस जवान का यह व्यवहार न सिर्फ अनुशासनहीनता है, बल्कि इससे पुलिस विभाग की छवि पर भी नकारात्मक असर पड़ रहा है।

स्थानीय निवासियों और कुछ पुलिसकर्मियों ने भी नाम न छापने की शर्त पर बताया कि इस जवान का रवैया पहले भी विवादास्पद रहा है। अब उसकी दोबारा कोतवाली में मौजूदगी से सवाल उठ रहे हैं कि आखिर क्यों ऐसे कर्मियों पर समय रहते नकेल नहीं कसी जाती।
देखना होगा कि सिवनी कोतवाली का उच्च प्रबंधन इस मामले पर कब संज्ञान लेता है और इस बेलगाम होमगार्ड जवान पर कब तक कार्रवाई होती है, ताकि कोतवाली परिसर में नियमों का सम्मान सुनिश्चित किया जा सके।

Jabalpur Acid Attack: बचपन की दोस्त इशिता ने श्रद्धा के चेहरे पर फेंका तेज़ाब

Jabalpur Acid Attack: जबलपुर के गौरीघाट थाना क्षेत्र की अवधपुरी कॉलोनी में रविवार रात एक चौंकाने वाली घटना सामने आई, जिसमें एक युवती पर उसकी पुरानी सहेली ने ही एसिड अटैक कर दिया। यह वारदात रात करीब 10:30 बजे की है, जब 22 वर्षीय इशिता साहू ने 21 वर्षीय श्रद्धा दास पर तेजाब फेंक दिया।

घटना के बाद श्रद्धा को तत्काल एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां डॉक्टरों ने बताया कि वह करीब 50 प्रतिशत तक झुलस चुकी है, हालांकि उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।

बातचीत बंद होने के बाद बढ़ी रंजिश

श्रद्धा का एक पुरुष मित्र – जो इशिता का भी करीबी था – के साथ एक वीडियो वायरल हुआ। कथित तौर पर इशिता ने अपमानित महसूस किया और हमले की योजना बनाना शुरू कर दिया. श्रद्धा के परिवार के अनुसार, वह और इशिता पहले काफी अच्छी दोस्त थीं, लेकिन पिछले एक साल से दोनों के बीच बातचीत बंद थी। श्रद्धा की मां ज्योत्सना दास ने बताया कि 2013-14 से उनका परिवार इस कॉलोनी में रह रहा है। श्रद्धा और इशिता पहले बहुत समय साथ बिताते थे, लेकिन धीरे-धीरे उनके बीच मनमुटाव शुरू हो गया।

श्रद्धा की मां के अनुसार, इशिता, श्रद्धा से ईर्ष्या रखती थी। उनका यह भी कहना है कि इशिता के माता-पिता कोई काम नहीं करते, जबकि श्रद्धा पढ़ाई के साथ-साथ तीन-तीन जगह काम करती है। यही वजह थी कि इशिता को उसकी सफलता से जलन होती थी। उन्होंने यह भी बताया कि दो महीने से श्रद्धा ने इशिता से बातचीत बंद कर दी थी और उसका फोन नंबर भी ब्लॉक कर दिया था।

इशिता की मां पर भी लगे आरोप

श्रद्धा के परिवार का आरोप है कि इशिता की मां भी इस घटना में शामिल है। बताया जा रहा है कि इशिता की मां ने खुद श्रद्धा को फोन कर इशिता से बात करने के लिए कहा था, लेकिन श्रद्धा ने व्यस्तता का हवाला देकर मना कर दिया था।

घटना के तुरंत बाद पुलिस ने इशिता को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। वहीं, उसके माता-पिता – अग्नि साहू और उनकी पत्नी – घर से फरार हैं। पुलिस ने उनके घर पर ताला लगवा दिया है और उनकी तलाश जारी है।

ऐसे दिया वारदात को अंजाम

रविवार की रात इशिता, श्रद्धा के घर पहुंची और गेट पर आवाज लगाई। श्रद्धा ने जवाब दिया कि वह परीक्षा की तैयारी कर रही है, इसलिए बाहर नहीं आ सकती। इस पर इशिता ने कहा, “तुम्हारे लिए एक सरप्राइज है, बस दो मिनट के लिए बाहर आओ।” श्रद्धा बाहर आई और दोनों के बीच थोड़ी बातचीत हुई। जब श्रद्धा वापस घर के अंदर जा रही थी, तभी इशिता ने अचानक उस पर तेजाब फेंक दिया।

श्रद्धा की चीख सुनकर उसकी मां बाहर दौड़ीं, तब देखा कि श्रद्धा के कपड़े जल चुके हैं और वह बुरी तरह से झुलसी हुई है। उसकी मां ने तुरंत उसे बाथरूम में ले जाकर पानी डाला और उसे अस्पताल पहुंचाया।

पुलिस जांच जारी, आरोपी गिरफ्तार

जबलपुर एसिड अटैक मामले में हालिया घटनाक्रम में, यह पता चला है कि आरोपी इशिता साहू को एक साथी के साथ गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, इशिता ने अंश शर्मा नामक अपने दोस्त की मदद से फर्जी दस्तावेजों के आधार पर एसिड खरीदा था।

अंश ने खुद को कॉलेज प्रोफेसर बताकर इशिता की ओर से दुकानदार से बात की। उन्होंने दुकानदार को यकीन दिलाने के लिए कॉलेज की नकली मुहरें, दस्तावेज और लेटरहेड भी बनाए।

बीबीए की छात्रा श्रद्धा पर उसकी सहेली इशिता ने उसके घर के बाहर हमला किया। इशिता उसे सरप्राइज देने के बहाने उससे मिलने आई थी। जब श्रद्धा बाहर जाने से मना करके घर लौटी तो इशिता ने उसके चेहरे पर तेजाब फेंक दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। फिलहाल उसका इलाज एक निजी अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर है।

MP WEATHER: सिवनी समेत MP के 25 से अधिक जिलों में भारी बारिश का अलर्ट जारी

सिवनी (मध्य प्रदेश): मौसम विभाग ने मंगलवार को राज्य भर के 25 से ज़्यादा जिलों में बहुत भारी से भारी बारिश का अलर्ट जारी किया है। 24 घंटे में बारिश का आंकड़ा 8 इंच से ज़्यादा हो सकता है

मौसम विभाग के अनुसार, मानसून की रेखा मध्य प्रदेश से होकर गुजर रही है, जिसके कारण भारी बारिश हो सकती है। इस बीच, गुजरात के सौराष्ट्र-कच्छ में सक्रिय कम दबाव वाले क्षेत्र के कारण अगले 4 दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है।

जबलपुर, ग्वालियर, नर्मदापुरम, चंबल, सागर संभागों में सबसे ज्यादा बारिश होने की संभावना है।इंदौर-उज्जैन संभाग के जिलों में हल्की बारिश होगी।

आज इन जिलों में बारिश का अलर्ट

मौसम विभाग के मुताबिक, मंगलवार को अशोकनगर, शिवपुरी, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सिवनी, मंडला और बालाघाट में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है।

अगले 24 घंटों में श्योपुर, राजगढ़, सीहोर, विदिशा, बैतूल, रायसेन, सागर, निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, दमोह, जबलपुर, मैहर, सतना, पन्ना, सीधी समेत कई जिलों में 8 इंच तक बारिश होने की संभावना है। भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर में हल्की बारिश जारी रहेगी।

बारिश से दिन के तापमान में भारी गिरावट

इससे पहले सोमवार को खजुराहो, नर्मदापुरम और छिंदवाड़ा समेत 24 से ज्यादा जिलों में भारी बारिश हुई।

इसके अलावा बैतूल, भोपाल, दतिया, गुना, इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन, जबलपुर, बुरहानपुर, रायसेन, धार, भिंड, रतलाम, मऊगंज, शाजापुर, मंडला, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, उमरिया, बालाघाट में हवा के साथ छिटपुट बौछारें पड़ीं।

मानसून के कारण दिन के तापमान में उल्लेखनीय गिरावट आई है, पचमढ़ी में 23.2°C, सिवनी में 24.6°C और बैतूल में 25.5°C तापमान दर्ज किया गया।

अगले 2 दिनों का मौसम

2 जुलाई: नीमच, मंदसौर, विदिशा, रायसेन, सागर, छतरपुर, दमोह, पन्ना, कटनी, जबलपुर, सिवनी, मंडला, डिंडोरी और बालाघाट में भारी बारिश का अलर्ट है। बाकी जिलों में भी बारिश का येलो अलर्ट है.

3 जुलाई: सीधी, सिंगरौली, कटनी, डिंडोरी, बालाघाट में बहुत भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट है। निवाड़ी, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, शहडोल, दमोह, जबलपुर, मंडला, सिवनी, सागर, रायसेन, नर्मदापुरम और बैतूल में भारी बारिश हो सकती है।

बागेश्वर धाम के पंडित धीरेंद्र शास्त्री अपने जन्मदिन पर भक्तों से बोले “नो गिफ्ट सिर्फ एक ईंट”

छतरपुर (मध्य प्रदेश): बागेश्वर धाम सरकार के नाम से मशहूर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने अपने जन्मदिन पर अपने भक्तों से एक खास तोहफा मांगा है। उन्होंने अपने भक्तों से आग्रह किया है कि वे उनके जन्मदिन पर उन्हें ‘एक ईंट’ भेंट करके कैंसर अस्पताल के लिए योगदान दें।

बाबा बागेश्वर हर साल 4 जुलाई को अपना जन्मदिन मनाते हैं। इस साल भी कुछ अलग नहीं है और उन्होंने अपने भक्तों से आग्रह किया है कि वे उन्हें कोई महंगी वस्तु उपहार में न दें, इसके बजाय उन्होंने भक्तों से कहा है कि वे अपनी भक्ति को एक नेक कार्य में लगाएं और उन्हें एक ‘ईंट’ भेंट करके योगदान दें।

यहां की ईंटों का उपयोग ‘कोई उपहार नहीं, एक ईंट’ पहल के तहत कैंसर अस्पताल के निर्माण में एक बड़े उद्देश्य के लिए किया जाएगा।

वंचित कैंसर रोगियों के लिए निःशुल्क उपचार

इससे पहले, इस वर्ष फरवरी में, प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बागेश्वर धाम चिकित्सा एवं विज्ञान अनुसंधान संस्थान की आधारशिला रखी थी, जो वंचित कैंसर रोगियों को मुफ्त उपचार प्रदान करता है।

बागेश्वर बाबा अपने धाम लौट आये

बाबा ने अपनी लम्बी विदेश यात्रा के बाद तीन दिन मुंबई के बागेश्वर सनातन मठ में बिताए। कल देर रात वे वापस बागेश्वर धाम लौट आए. थका देने वाली यात्रा के बावजूद उन्होंने आराम नहीं किया और दिव्य दर्शन के लिए बागेश्वर धाम पीठ पहुंचे। उन्होंने वहां मौजूद सभी श्रद्धालुओं से आध्यात्मिक दर्शन के लिए बातचीत की।

सेवानिवृत्त शिक्षक श्री अशोक कुमार सोनी को भावभीनी विदाई

सिवनी: शासकीय माध्यमिक शाला भुरकुंडी, विकासखण्ड धनौरा, जिला सिवनी में आज एक भावुक क्षण देखने को मिला जब विद्यालय परिवार ने अपने प्रिय हेडमास्टर श्री अशोक कुमार सोनी को सेवानिवृत्ति के उपरांत विदाई दी।

श्री सोनी ने 31 मई 2025 को अपनी शासकीय सेवा पूरी कर शिक्षा के क्षेत्र में अपनी बहुमूल्य भूमिका को विराम दिया। उनके विदाई समारोह का आयोजन 27 जून 2025, शुक्रवार को विद्यालय परिसर में किया गया।

कार्यक्रम में विद्यालय के शिक्षकों, छात्रों तथा ग्रामवासियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया। सभी ने श्री सोनी के अनुशासन, शिक्षा के प्रति समर्पण, और बच्चों के सर्वांगीण विकास में किए गए योगदान की मुक्त कंठ से प्रशंसा की।

शिक्षकगणों और विद्यार्थियों ने गीत, भाषण और स्मृतिचिह्नों के माध्यम से श्री सोनी को यादगार विदाई दी। विद्यालय परिवार ने उन्हें “भावनात्मक हार्दिक अभिनंदन” अर्पित किया और उनके स्वस्थ, सुखद एवं सक्रिय जीवन की कामना की।

इस अवसर पर वरिष्ठ शिक्षकों ने कहा कि श्री सोनी जैसे समर्पित शिक्षक विरले होते हैं, जिनकी सेवा आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी।

सिवनी मेडिकल कॉलेज में इंटर्न डॉक्टर की मौत, राजस्थान के दौसा से आए थे डॉक्टर प्रदीप

सिवनी: सिवनी जिला मुख्यालय स्थित मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल में सोमवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। इंटर्नशिप के लिए सिवनी आए 27 वर्षीय डॉक्टर प्रदीप गुर्जर की अचानक तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उनकी मौत हो गई। इस घटना के बाद मेडिकल कॉलेज परिसर में शोक की लहर दौड़ गई।

अचानक बिगड़ी तबीयत, रास्ते में ही तोड़ दिया दम

प्राप्त जानकारी के अनुसार, डॉ. प्रदीप गुर्जर, जो दौसा (राजस्थान) के रहने वाले थे, सिवनी मेडिकल कॉलेज में फॉरेन मेडिकल ग्रेजुएट (FMG) स्टूडेंट के तौर पर 1 वर्ष की इंटर्नशिप कर रहे थे। वे मेडिकल कॉलेज परिसर के हॉस्टल में रह रहे थे।

सोमवार सुबह लगभग 8 बजे उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई। उस समय हॉस्टल में उनके साथ मौजूद अन्य डॉक्टर, जिनमें डॉ. सिमरन गावा भी शामिल थीं, उन्हें तुरंत इलाज के लिए बारापत्थर क्षेत्र स्थित बिसेन अस्पताल ले जाने निकले। लेकिन अस्पताल पहुँचने से पहले ही रास्ते में डॉ. प्रदीप की मौत हो गई। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

मौत के कारण पर संशय, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

डॉ. प्रदीप की मौत का कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं हो सका है। प्रथम दृष्टया दिल का दौरा (Heart Attack) माना जा रहा है, लेकिन इस संबंध में अंतिम पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही की जाएगी। शव को जिला अस्पताल भेजा गया है, जहाँ 1 जुलाई को परिजनों की मौजूदगी में पोस्टमार्टम कराया जाएगा।

हाल ही में मनाया था जन्मदिन, उसके बाद से महसूस कर रहे थे दर्द

सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. प्रदीप ने 25 जून को अपना जन्मदिन हॉस्टल में ही मनाया था। इसके बाद उन्होंने अपने कुछ साथियों से यह भी साझा किया था कि उन्हें पेट में हल्का दर्द महसूस हो रहा है। लेकिन उन्होंने इस बात को गंभीरता से नहीं लिया। पांच दिन बाद ही तबीयत अचानक इतनी बिगड़ी कि जान चली गई।

परिजन दौसा से सिवनी के लिए हुए रवाना

डॉ. प्रदीप की मौत की खबर मिलते ही उनके परिवार में मातम छा गया। उनके परिजन दौसा (राजस्थान) से सिवनी के लिए रवाना हो चुके हैं। पोस्टमार्टम प्रक्रिया पूरी होने के बाद शव परिजनों को सौंपा जाएगा।

मेडिकल कॉलेज में शोक, प्रशासन अलर्ट

युवा डॉक्टर की असामयिक मौत से कॉलेज के सहकर्मी, छात्र व संकायजन स्तब्ध हैं। कॉलेज प्रशासन ने घटना की जानकारी स्थानीय प्रशासन को दी है। डूंडा-सिवनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

डॉ. प्रदीप गुर्जर की अचानक मौत ने एक बार फिर यह सोचने पर मजबूर कर दिया है कि स्वस्थ दिखने वाले युवा भी गंभीर शारीरिक समस्याओं से अंजान हो सकते हैं। मेडिकल छात्रों के लिए तनाव, अनियमित दिनचर्या और पर्याप्त जांच की कमी गंभीर समस्याओं का कारण बन सकती है। प्रशासन से अपेक्षा की जा रही है कि ऐसी घटनाओं की गहराई से जांच की जाए ताकि भविष्य में उन्हें रोका जा सके।