सिवनी/ सिवनी कलेक्टर अंजू अरूण कुमार के निर्देशानुसार जिले में अवैध खनन, परिवहन एवं भंडारण के विरुद्ध खनिज विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मध्यप्रदेश खनिज (अवैध खनन, परिवहन तथा भंडारण का निवारण) नियम, 2022 के नियम 18 एवं 19 के तहत 16 एवं 17 नवंबर 2026 को अलग-अलग स्थानों पर कार्रवाई करते हुए रेत के अवैध परिवहन में संलिप्त तीन वाहनों को जब्त किया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर को धनौरा तहसील में सहायक खनि अधिकारी श्रीमती श्रीवंती परते द्वारा खनिज दल के साथ कार्रवाई की गई। इस दौरान वाहन क्रमांक MP 22 H 2044 को ओवरलोड अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक सोमेश यादव, निवासी सहसना, तहसील लखनादौन, जिला सिवनी बताया गया है।
इसी कार्रवाई के दौरान वाहन क्रमांक MP 50 H 1012 को भी अवैध रेत परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक नीरज वरकड़े, निवासी कुम्हड़ा, तहसील केवलारी, जिला सिवनी है। दोनों वाहनों को जब्त कर धनौरा थाना परिसर में खड़ा कराया गया तथा अवैध परिवहन के प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।
वहीं, 17 नवंबर को कुरई तहसील के ग्राम सापापार में प्रभारी खनि निरीक्षक/सर्वेयर रंजीत डेहरिया द्वारा आकस्मिक निरीक्षण के दौरान ट्रैक्टर क्रमांक MP22ZJ3639 मय ट्रॉली को अवैध रूप से रेत का परिवहन करते हुए पकड़ा गया। वाहन चालक नीलेश उईके, निवासी कोटकसा, तहसील कुरई, जिला सिवनी से वाहन जब्त कर पुलिस चौकी बालपार परिसर में खड़ा कराया गया तथा अवैध परिवहन का प्रकरण पंजीबद्ध किया गया।
खनिज विभाग द्वारा स्पष्ट किया गया है कि जिले में खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन एवं भंडारण पर रोक लगाने के लिए निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।


