Homeसिवनीजनविश्वास शिविर में गांव तक पहुंचा सिवनी जिला प्रशासन: ग्रामीणों की सुनी...

जनविश्वास शिविर में गांव तक पहुंचा सिवनी जिला प्रशासन: ग्रामीणों की सुनी समस्याएं, युवाओं को उद्यमिता का मिला संदेश

धोबीसर्रा में आयोजित शिविर में योजनाओं का लाभ दिलाने के साथ ग्रामीणों से सीधा संवाद, युवा उद्यमियों ने साझा किए सफलता के अनुभव

Date:

सिवनी: मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत कुरई विकासखंड के ग्राम धोबीसर्रा में शिविर आयोजित किया गया। शिविर में प्रशासन और जनप्रतिनिधियों ने ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं तथा पात्र हितग्राहियों को शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ दिलाने की दिशा में आवश्यक कार्रवाई की। शिविर में ग्रामीणों ने विभिन्न विभागों से संबंधित अपनी समस्याएं एवं आवेदन अधिकारियों के समक्ष रखे, जिन पर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई एवं निराकरण के निर्देश दिए गए।

शिविर में विधायक श्री कमल मर्सकोले, कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना, पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी, डीएफओ श्री गौरव मिश्रा, जिला पंचायत सदस्य श्री तेजसिंह रघुवंशी, जनपद अध्यक्ष श्री लोचन सिंह मर्सकोले, उपाध्यक्ष श्री हरदीप भाटिया, अनुविभागीय अधिकारी राजस्व कुरई श्री प्रशांत उइके सहित अन्य क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी उपस्थित रहे।

कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती के पूजन-अर्चन के साथ किया गया। इसके बाद उद्यम संवाद कार्यक्रम आयोजित हुआ, जिसमें विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर अपना व्यवसाय स्थापित करने वाले युवा उद्यमियों ने योजनाओं से मिले सहयोग और अपने अनुभव साझा किए। युवा उद्यमियों ने अपने अनुभव साझा कर अन्य युवाओं को भी शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए प्रेरित किया।

योजनाओं का लाभ लेकर युवाओं ने स्थापित किए उद्यम

उद्यम संवाद के दौरान एमएसएमई प्रोत्साहन योजना के हितग्राही श्री लक्ष्मण साहू ने 73 लाख रुपये की लागत से राइस मिल स्थापित करने की जानकारी दी। मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत ग्राम धोबीसर्रा के श्री मयूर चौधरी ने लोहा-सीमेंट व्यवसाय के लिए 8 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर अपना व्यवसाय प्रारंभ किया।

इसी प्रकार आचार्य विद्यासागर गो संवर्धन योजना के अंतर्गत श्रीमती सुलोचना सराठे को 6 लाख रुपये का लाभ मिला। आजीविका मिशन की सीसीएल योजना के माध्यम से श्री कृष्णा पटेल द्वारा बकरी एवं भैंस पालन का व्यवसाय किया जा रहा है। पीएमएफएमई योजना के अंतर्गत 24 लाख रुपये का ऋण लेकर गुड़ यूनिट प्रारंभ की गई है। वहीं ग्राम साल्हे के श्री रोहित उइके ने भगवान बिरसा मुंडा योजना के माध्यम से 7.30 लाख रुपये का ऋण प्राप्त कर स्वरोजगार की दिशा में कदम बढ़ाया।

इन युवा उद्यमियों के अनुभवों से शिविर में उपस्थित अन्य युवाओं को भी यह संदेश मिला कि शासन की योजनाओं का लाभ लेकर स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर तैयार किए जा सकते हैं। योजनाओं के माध्यम से आर्थिक सहायता प्राप्त कर युवा अपने कौशल और स्थानीय संसाधनों के अनुरूप व्यवसाय शुरू कर आत्मनिर्भर बन सकते हैं।

विधायक ने युवाओं से कहा- नौकरी तलाशने के साथ रोजगार देने वाले भी बनें

विधायक श्री कमल मर्सकोले ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान सरकार और जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल है। गांव में ही शिविर आयोजित होने से ग्रामीणों को अपनी समस्याएं अधिकारियों तक पहुंचाने और शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए दूर नहीं जाना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा कि शासन का प्रयास है कि ग्रामीण क्षेत्रों में रहने वाले प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचे। ग्रामीण योजनाओं की जानकारी प्राप्त करें और पात्रतानुसार उनका लाभ उठाएं। उन्होंने विशेष रूप से युवाओं का आह्वान करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी की तलाश तक सीमित न रहें, बल्कि अपनी क्षमता, हुनर और स्थानीय संसाधनों के आधार पर स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने की दिशा में आगे बढ़ें।

विधायक ने उद्यम संवाद में अपने अनुभव साझा करने वाले हितग्राहियों की सराहना करते हुए कहा कि इन युवाओं ने शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर न केवल अपना व्यवसाय शुरू किया है, बल्कि आगे चलकर अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर तैयार करने की दिशा में कदम बढ़ाया है। उन्होंने कहा कि एक युवा जब अपना उद्यम स्थापित करता है तो उसका लाभ उसके परिवार के साथ-साथ गांव और क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को भी मिलता है।

उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि यदि किसी योजना का लाभ लेने में कोई समस्या आ रही है तो उसे शिविर में अधिकारियों के समक्ष रखें। जनप्रतिनिधि और प्रशासन मिलकर समस्या के समाधान का प्रयास करेंगे। उन्होंने कहा कि ऐसे शिविरों का वास्तविक उद्देश्य तभी पूरा होगा, जब शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम पंक्ति में खड़े पात्र व्यक्ति तक पहुंचे।

कलेक्टर श्रीमती नेहा मीना ने कहा कि मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान का उद्देश्य शासन और प्रशासन को ग्रामीणों के और करीब लाना है। ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही योजनाओं का लाभ मिले और उनकी समस्याओं का निदान हो, यही शिविर का प्रमुख उद्देश्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिविर में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता से लेते हुए पात्र हितग्राहियों को योजनाओं का लाभ दिलाया जाए तथा समस्याओं के निराकरण के लिए आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

कलेक्टर ने ग्रामीणों को आयुष्मान कार्ड, फार्मर रजिस्ट्री सहित अन्य शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने युवाओं से भी अपनी रुचि, क्षमता और स्थानीय संसाधनों के अनुरूप उद्यम स्थापित करने के लिए शासकीय योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया।

साइबर अपराधों से बचाव की दी जानकारी

पुलिस अधीक्षक श्री कृष्ण लालचंदानी ने साइबर अपराधों से बचाव के संबंध में ग्रामीणों को जागरूक किया। उन्होंने मोबाइल फोन, बैंकिंग एवं ऑनलाइन लेन-देन के दौरान सावधानी बरतने तथा किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि होने पर तत्काल पुलिस को सूचना देने की अपील की।

डीएफओ श्री गौरव मिश्रा ने ग्रामीणों को वन विभाग की विभिन्न योजनाओं, वन संरक्षण एवं विभागीय गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने वनों के संरक्षण में ग्रामीणों की सहभागिता को महत्वपूर्ण बताया।

जनपद अध्यक्ष श्री लोचन सिंह मर्सकोले ने ग्रामीणों से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार उनका लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि योजनाओं का लाभ लेकर ग्रामीण परिवार आर्थिक रूप से मजबूत बन सकते हैं।

आत्मीयता से सुनीं समस्याएं, निराकरण के दिए निर्देश

जनविश्वास शिविर में जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीणों के बीच पहुंचकर उनसे आत्मीयता से संवाद किया और उनकी समस्याएं सुनीं। आवेदकों ने अपनी विभिन्न समस्याएं अधिकारियों के समक्ष रखीं। अधिकारियों ने समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई कर निराकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

शिविर में ग्रामीणों को विभिन्न शासकीय योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी देने के साथ पात्र हितग्राहियों को योजनाओं से जोड़ने की प्रक्रिया भी की गई। इस दौरान ग्रामीणों को शासन की योजनाओं का लाभ लेने, आवश्यक दस्तावेजों की पूर्ति करने तथा किसी भी समस्या की स्थिति में संबंधित विभाग से संपर्क करने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के माध्यम से प्रशासन ग्रामीण क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों से सीधे संवाद कर रहा है। इससे एक ओर जहां ग्रामीणों को स्थानीय स्तर पर ही अपनी समस्याएं रखने का अवसर मिल रहा है, वहीं दूसरी ओर पात्र हितग्राहियों को शासन की योजनाओं से जोड़ने और समस्याओं के त्वरित निराकरण की दिशा में भी प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं।

SHUBHAM SHARMA
SHUBHAM SHARMAhttps://shubham.khabarsatta.com
Shubham Sharma – Indian Journalist & Media Personality | Shubham Sharma is a renowned Indian journalist and media personality. He is the Director of Khabar Arena Media & Network Pvt. Ltd. and the Founder of Khabar Satta, a leading news website established in 2017. With extensive experience in digital journalism, he has made a significant impact in the Indian media industry.

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

प्राकृतिक खेती कर आय बढ़ा रहे सिवनी जिले के किसान: खेतों का कलेक्टर-एसपी ने किया अवलोकन

सिवनी: मुख्यमंत्री जनविश्वास शिविर के दौरान कलेक्टर नेहा मीना...