Seoni News: कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के 17वें स्थापना दिवस के अवसर पर जिले में सीएससी दिवस का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में वीएलई (विलेज लेवल एंटरप्रेन्योर), जनप्रतिनिधियों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों तथा आम नागरिकों ने भाग लिया।
आयोजन का उद्देश्य नागरिकों को सीएससी के माध्यम से उपलब्ध डिजिटल एवं जनकल्याणकारी सेवाओं की जानकारी देना तथा डिजिटल सशक्तिकरण को बढ़ावा देना था।
कार्यक्रम के दौरान सीएससी द्वारा प्रदान की जा रही विभिन्न सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई।
इनमें आयुष्मान भारत कार्ड, पैन कार्ड, आधार सेवाएं, डिजीपे के माध्यम से बैंकिंग एवं डिजिटल भुगतान, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, ई-श्रम पंजीकरण, टेली-लॉ (निःशुल्क विधिक परामर्श), ई-कोर्ट सेवाएं, रेल टिकट आरक्षण, बिजली-पानी एवं अन्य उपयोगिता बिलों का भुगतान, बीमा एवं पेंशन सेवाएं, पासपोर्ट आवेदन, डिजिटल शिक्षा, कृषि सेवाएं, लोनबाज़ार के माध्यम से ऋण सुविधा, कौशल विकास तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न ऑनलाइन सेवाएं शामिल हैं।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में श्रीमती सविता आर्य (तकनीकी सहायक, जिला पंचायत), डीपीएम आरजीएसए श्री भुवनेश डेहरिया, जिला परियोजना प्रबंधक श्री संजय रस्तोगी तथा एनआरएलएम वित्त समावेश के जिला प्रबंधक श्री राजेंद्र शुक्ला उपस्थित रहे।
इस अवसर पर सीएससी जिला प्रबंधक श्री शिवांशु जंघेला ने कहा कि पिछले 17 वर्षों में सीएससी ने ग्रामीण एवं दूरस्थ क्षेत्रों तक शासन की सेवाओं को सरल, पारदर्शी और सुलभ रूप में पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि आज सीएससी डिजिटल इंडिया अभियान का मजबूत आधार बन चुका है, जो नागरिकों को उनके गांव के निकट ही सरकारी एवं निजी सेवाएं उपलब्ध करा रहा है।
इससे लोगों के समय और धन की बचत होने के साथ-साथ ग्रामीण युवाओं के लिए स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित हुए हैं।
कार्यक्रम के अंत में उत्कृष्ट कार्य करने वाले वीएलई अमोल बिसेन, उज्जवल कटरे, राजेश कुल्हाड़े, संजय सोनी, मोहम्मद रेहान खान एवं पंकज चौधरी को प्रशस्ति-पत्र एवं सम्मान देकर सम्मानित किया गया।


