विभिन्न विकास कार्यो मुख्यमंत्री डॉ यादव के हस्ते होगा लोकार्पण- भूमिपूजन. मुख्यमंत्री डॉ यादव धान महोत्सव कार्यक्रम में होंगे शामिल
सिवनी: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 01 जुलाई को सिवनी आगमन प्रस्तावित है। मुख्यमंत्री डॉ यादव जिले में आयोजित धान महोत्सव कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह आयोजन कृषि, श्रीअन्न (मिलेट्स) संवर्धन और विकास कार्यों को समर्पित होगा, जिसमें बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि एवं आमजन शामिल होंगे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री डॉ यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से कोदो एवं कुटकी उत्पादक प्रदेश के 3,941 किसानों के बैंक खातों में डीबीटी के माध्यम से 2 करोड़ 82 लाख 99 हजार 300 की प्रोत्साहन राशि भी अंतरित की जाएगी। यह राशि ₹1,000 प्रति क्विंटल की दर से प्रदान की जा रही है, जिससे श्रीअन्न उत्पादन को बढ़ावा मिलने के साथ किसानों को आर्थिक संबल मिलेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री डॉ यादव जिले के विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन करेंगे। साथ ही विभिन्न हितग्राहीमूलक योजनाओं के हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया जाएगा।
कार्यक्रम का आकर्षण विभिन्न विभागों द्वारा लगाई जाने वाली थीम आधारित विकास प्रदर्शनी भी रहेगी। प्रदर्शनी में धान बुवाई के कृषि यंत्र, प्राकृतिक बीजों की प्रदर्शनी, कस्टम हायरिंग सेंटर, प्राकृतिक एवं नैचुरल फार्मिंग मॉडल, जीआई टैग प्राप्त सीताफल एवं मिलेट्स उत्पाद, पीएमएफएमई उत्पाद, आम की विभिन्न किस्में, स्व-सहायता समूहों द्वारा निर्मित हस्तशिल्प एवं मिट्टी कला उत्पाद, लघु वनोपज, स्थानीय उद्यमियों के उत्पाद तथा पोषण आहार का प्रदर्शन किया जाएगा। इसके साथ ही कृषिका एप की जानकारी भी किसानों के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र होंगे। प्रदर्शनी के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं, नवाचारों और उपलब्धियों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराई जाएगी।
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव के प्रस्तावित आगमन को लेकर जिला प्रशासन द्वारा कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड, सुरक्षा, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, पेयजल, विद्युत, यातायात तथा अन्य सभी आवश्यक व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दिया जा रहा है, ताकि कार्यक्रम का आयोजन भव्य, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण ढंग से संपन्न हो सके


