Seoni Kotwali Police News: मध्यप्रदेश के सिवनी में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं के बीच कोतवाली पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। थाना कोतवाली पुलिस ने दो अलग-अलग चोरी की वारदातों का पर्दाफाश करते हुए 3 आरोपियों और 1 विधिविरुद्ध बालक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया मोबाइल, नगदी, चांदी के सिक्के और जेवरात भी बरामद किए हैं।
इस कार्रवाई के बाद शहर में पुलिस की सक्रियता की चर्चा तेज हो गई है। पुलिस अधीक्षक कृष्ण लालचंदानी के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई।
एफसीआई रोड पर देर रात हुई थी चोरी
जानकारी के अनुसार 13 अप्रैल 2026 की रात करीब 1 बजे एफसीआई रोड गली नंबर-3 निवासी ओमप्रकाश अग्रवाल के घर का ताला तोड़कर चोर अंदर घुस गए थे। बदमाशों ने अलमारी में रखे 4000 रुपये नकद, चांदी के सिक्के और एक एंड्रॉयड मोबाइल चोरी कर लिया था।
घटना की शिकायत के बाद थाना कोतवाली में अपराध क्रमांक 288/2026 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
द्वारका नगर में भी चोरों ने बोला था धावा
इसके अलावा 9 मई 2026 की रात द्वारका नगर गली नंबर-4 निवासी सुनील सनोडिया के घर में भी चोरी की वारदात हुई थी। इस मामले में अपराध क्रमांक 363/2026 दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी।
दोनों मामलों में लगातार मिल रहे सुरागों और मुखबिर सूचना के आधार पर पुलिस ने संदिग्ध युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। सख्ती से पूछताछ करने पर आरोपियों ने दोनों चोरियों को अंजाम देना स्वीकार कर लिया।
पुलिस टीम ने ऐसे पकड़े आरोपी
एसडीओपी सचिन परते के मार्गदर्शन और थाना प्रभारी सतीश तिवारी के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी। पुलिस ने पुराने आपराधिक रिकॉर्ड और तकनीकी जानकारी के आधार पर आरोपियों तक पहुंच बनाई।
गिरफ्तार आरोपी
प्रकरण 288/2026
- राजकुमार दूधबूरे (19 वर्ष), निवासी अंबेडकर वार्ड, सिवनी
- एक विधिविरुद्ध बालक
प्रकरण 363/2026
- अरुण चौधरी (25 वर्ष), निवासी कुम्हारी मोहल्ला, सिवनी
- बंटी बेन (19 वर्ष), निवासी ललमटिया, सिवनी
क्या-क्या हुआ बरामद?
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी गया सामान बरामद किया है, जिसमें शामिल हैं:
- चांदी के सिक्के
- चांदी की 2 चेन
- चांदी की 6 बिछिया
- पोको कंपनी का एंड्रॉयड मोबाइल
- चोरी में इस्तेमाल किए गए औजार
बरामद मशरूका की कुल कीमत करीब 10 हजार रुपये बताई जा रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही अहम भूमिका
पूरे ऑपरेशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सतीश तिवारी, जयशंकर उईके, संतोष बेन, नवीन तिवारी, मिथिलेश, राजेंद्र राजपूत, अंकित देशमुख, प्रतीक, सतीश इनवाती और सिद्धार्थ दुबे की विशेष भूमिका रही।

