सिवनी। मध्यप्रदेश के सिवनी जिले में जबलपुर लोकायुक्त संगठन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए थाना कोतवाली सिवनी में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक (ASI) दिनेश रघुवंशी को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई मंगलवार 13 मई 2026 को बस स्टैंड स्थित एक चाय की दुकान पर की गई, जिससे पूरे पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया।
लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार, शिकायतकर्ता नंदकिशोर चौरसिया पिता श्री चंदन लाल चौरसिया (उम्र 54 वर्ष), निवासी ग्राम छितापार, थाना कुरई, जिला सिवनी ने आरोपी पुलिस अधिकारी के खिलाफ शिकायत दर्ज कराई थी।
बेटे को नौकरी दिलाने के नाम पर हुई थी ठगी
बताया गया कि आवेदक के बेटे अभिषेक चौरसिया को नौकरी दिलाने और सरकारी विभाग में वाहन लगवाने का झांसा देकर कुछ लोगों द्वारा फर्जीवाड़ा और ठगी की गई थी। इस मामले में नंदकिशोर चौरसिया ने थाना कोतवाली सिवनी में शिकायत देकर एफआईआर दर्ज करवाई थी।
जब आवेदक मामले की जांच और एफआईआर की प्रगति की जानकारी लेने जांच अधिकारी दिनेश रघुवंशी के पास पहुंचे, तब आरोपी ASI ने सही रिपोर्ट तैयार करने और कथित फर्जी हस्ताक्षरों की जांच करवाने के बदले 30 हजार रुपये रिश्वत की मांग की।
शिकायतकर्ता द्वारा बार-बार बातचीत करने पर आरोपी 20 हजार रुपये लेने को तैयार हो गया। इसके बाद आवेदक ने पूरे मामले की शिकायत जबलपुर लोकायुक्त कार्यालय में की।
बस स्टैंड की चाय दुकान पर बिछाया गया जाल
लोकायुक्त टीम ने शिकायत का सत्यापन करने के बाद योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। मंगलवार को बस स्टैंड स्थित चाय की दुकान पर जैसे ही आरोपी ASI दिनेश रघुवंशी ने शिकायतकर्ता से 20 हजार रुपये रिश्वत के रूप में लिए, लोकायुक्त टीम ने उसे मौके पर ही पकड़ लिया।
कार्रवाई के दौरान मौके पर मौजूद लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। अचानक हुई इस कार्रवाई से इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज
लोकायुक्त अधिकारियों ने बताया कि आरोपी दिनेश रघुवंशी पिता स्वर्गीय तुकरसिंह रघुवंशी (उम्र 57 वर्ष), पद- कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक, थाना कोतवाली जिला सिवनी, के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधन 2018) की धारा 7, 13(1)(B), 13(2) के तहत कार्रवाई की जा रही है।
लोकायुक्त टीम में शामिल रहे ये अधिकारी
इस ट्रैप कार्रवाई में दल प्रभारी नीतू त्रिपाठी, उप पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त जबलपुर, निरीक्षक राहुल गजभिए, टीएलओ निरीक्षक शशिकला मस्कुले, उप निरीक्षक शिशिर पांडेय सहित लोकायुक्त जबलपुर की विशेष टीम शामिल रही।
लोकायुक्त की आम जनता से अपील
लोकायुक्त संगठन ने कहा है कि भ्रष्टाचार के खिलाफ लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। यदि कोई अधिकारी या कर्मचारी रिश्वत की मांग करता है, तो आमजन लोकायुक्त कार्यालय जबलपुर से संपर्क कर शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
कार्यालय पता:
पुलिस अधीक्षक लोकायुक्त
सिविक सेंटर, जेडीए बिल्डिंग, तीसरी मंजिल, जबलपुर।

