सिवनी – नगर पालिका क्षेत्र में स्वच्छता अभियान सभी वार्डों में चलाया जा रहा है। प्रथम के कुछ दिन जब जिला कलेक्टर महोदय इन अभियानों में पहुंचे तब उक्त अभियान अपनी पूरी गति से चल रहा था, किंतु जैसे ही कलेक्टर साहब अपने अन्य कार्य में व्यस्त हुए वैसे ही उक्त अभियान ढाक के पात बनता नजर आ रहा है।
देखा तो यह तक जा रहा है कि जिन जिन वार्डों में अभियान होता है वहां महोदय के डर से उस क्षेत्र के सूअर और जानवर अन्य वार्डों में उन सूअर पालकों के द्वारा स्थानांतरित कर दिए जाते हैं ऐसा ही आज आजाद वार्ड में देखने को मिला जब 100 से 150 सूअर अचानक आजाद वार्ड में विचरण करते नजर आने लगी।
जब इसका कारण पता लगाया गया कि एकदम से इतने सारे जानवर कहां से आए तो जानकारी मिली कि आज नगर पालिका का कबीर वार्ड डूंडा सिवनी में सफाई अभियान चल रहा है और जिला कलेक्टर की आमद के डर से वहां के पूरे जानवर नगर के विभिन्न क्षेत्रों में डिस्ट्रीब्यूट कर दिए गए है।
आजाद वार्ड के वासियों ने जिला कलेक्टर से मांग की है कि वे अवैध रूप से हो रहे सूअर पालन के कार्य को बंद करवाएं जिससे कि स्वाइन फ्लू और इस जैसी अन्य बीमारियां जो कि इस नमी भरे मौसम में और तेजी से फैलती हैं। उनसे बचाव किया जा सके और जैसा कि उनकी मंशा है कि मेरा सिवनी बने नंबर वन, स्वच्छ हो सिवनी हमारा वह सपना पूरा हो सके।