सिवनी । जिले के धान उपार्जन केन्द्र पर किसानों की परेशानी कम होने का नाम नहीं ले रही है। खरीदी का समय कम होने से किसान अपनी उपज बेचने के लिए परेशान है। प्रशासन धान उपार्जन केन्द्रों पर किसानों से खरीदी की पर्याप्त व्यवस्था नहीं कर पाई है, जिसकी वजह से किसान निर्धारित समय में अपना धान नहीं बेच पाएंगे।
इसकी जानकारी के बाद से ही उनमें आक्रोश नजर आ रहा है।
सिवनी- नागपुर मार्ग पर ग्राम गोपालगंज के समीप ग्राम कलबोडी स्थित बेयरहाउस पर किसान बुधवार देर शाम को धान कब और कैसे बेचेंगे? यह पूछने के लिए पहुंचे थे। उसी समय खाद्य आपूर्ति विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। किसानों का आरोप है कि अधिकारी ने उनसे अभद्रता की। इस पर उन लोगों ने उनको बंधक बना लिया। कुरई पुलिस को दूरभाष पर इसकी सूचना दिए। कलबोड़ी वेयरहाउस पर उस समय सैकड़ों की संख्या में किसान मौजूद थे।
किसानों का कहना है कि सायं करीब 4.00 बजे खरीदी केंद्र पर खाद्य आपूर्ति निरीक्षक चौधरी व कनिष्ठ आपूर्ति अधिकारी उदय पहुंचे। किसानों का आरोप है कि निरीक्षक ने पहुंचते ही किसानों से दुर्व्यवहार शुरू कर दिया।
कुछ देर बाद किसानों के बीच निरीक्षक के साथ केन्द्र पर पहुंचे कनिष्ठ आपूर्ति निरीक्षक ने बताया कि वे लोग केन्द्र पर केवल यह जानने आए थे कि कितने किसानों से कितनी खरीदी हुई है। इस पर किसानों ने निरीक्षक द्वारा अभद्रता करने की बात कही तो वे इसका जवाब नहीं दे पाए। किसानों ने पूरे मामले की वीडियो बनाई है।
किसानों का कहना है कि शासन किसानों को परेशान नहीं करने की बात कर रही है और धरातल पर उनके नुमाइंदे निजी हित को लेकर अभद्रता कर रहे हैं। जिला आपूर्ति विभाग व नागरिक आपूर्ति निगम के अधिकारियों का व्यवहार सही नहीं है। दोनों कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी किसानों की समस्या का समाधान करने के बजाए मूकदर्शक बने हुए हैं।
इस घटनाक्रम के संबंध में आपूर्ति अधिकारी शेलेष शर्मा का पक्ष जानना चाहा गया लेकिन उनके मोबाइल 9424391927 उठाना उचित नहीं समझा।