सिवनी : राष्ट्रीय स्वयं सेवक एवं अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से अपना राजनैतिक जीवन काल आरंभ करने वाले युवा नेता आलोक दुबे ने आज प्रदेश भाजपा अध्यक्ष बीडी शर्मा द्वारा दी गई जबावदारी को निभाने के लिये जिला भाजपा अध्यक्ष का पदभार एक सादे समारोह में ग्रहण किया। दोपहर लगभग 12 बजे आरंभ हुये इस समारोह के दौरान उपस्थित वरिष्ठ भाजपा पदाधिकारियों एवं निर्वाचित जनप्रतिनिधियों के समक्ष अपने उद्गार व्यक्त करते हुये आलोक ने कहा कि कार्यकर्ता ही भाजपा की पूंजी है और इन्हें संगठन के हित में कार्य करने के लिये प्रोत्साहित करना मेरा प्रथम दायित्व होगा।
सारे देश सहित प्रदेश में जारी कोरोना संक्रमण को लेकर नवनियुक्त जिला भाजपा अध्यक्ष आलोक दुबे ने कहा कि एक-दूसरे से सामाजिक दूरी बनाये रखकर ही हम इस महामारी से ना केवल स्वयं के परिवार को सुरक्षित रख सकते है, बल्कि थोड़ी से सावधानी से सिवनी जिला भी इस प्रकोप से बच सकता है।
विद्यार्थी परिषद से राजनैतिक भूमिका में उतरे आलोक दुबे ने युवा मोर्चा के कार्यकर्ता के दौर पर छिंदवाड़ा एवं बालाघाट प्रभारी रहकर अपना दायित्व बखूबी निभाया, वहीं उन्होंने लगातार युवा मोर्चा में रहकर छात्र संघ चुनाव में भी अपनी नेतृत्व क्षमता का प्रमाण दिया था। वर्ष 2007 में वे अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के प्रांतीय अधिवेशन संयोजक भी रहे।
राजनैतिक क्षेत्र के अलावा आलोक नेहरू युवा केंद्र, श्री महावीर व्यायाम शाला, पंचज विकास परिषद एवं महाकाल समिति मठमंदिर जैसे धार्मिक और सामाजिक संगठन में भी अपनी सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं।
आज पदभार ग्रहण समारोह के दौरान सांसद ढालसिंह बिसेन, सिवनी विधायक मुनमुन राय, केवलारी विधायक राकेश पाल सिंह, पूर्व सांसद नीता पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष मीना बिसेन, पूर्व भाजपा जिला अध्यक्ष प्रेम तिवारी, किशोर सोनी के.के अध्यक्ष पिछड़ा वर्ग मोर्चा, वेद सिंह ठाकुर, प्रमोद कुमार जैन, भाजपा उपाध्यक्ष संतोष अग्रवाल, राजेश त्रिवेदी, ज्ञानचंद सनोडिया, कीरत सिंह बघेल, नगर अध्यक्ष नरेंद्र गुड्डू ठाकुर, जिला सहकारी बैंक के पूर्व अध्यक्ष अशोक तेकाम, युवा मोर्चा के जिला अध्यक्ष जयदीप सिंह चौहान, हरिश तिवारी, पप्पू सोनी, चंचलेश साहू, युवराज राहंगडाले, लालू राय, अजय डगोरिया सहित अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ता व पदाधिकारी उपस्थित रहे।