सिवनी। शनिवार को जिला मुख्यालय में सुबह से शाम तक कुछ घंटों में मौसम का अलग-अलग मिजाज देखने को मिला। शुक्रवार को बारिश के बाद शनिवार सुबह पूरा शहर घनघोर कोहरे की आगोश में दिखाई दिया।
कुछ देर के लिए आसमान में छाए कोहरे की चादर के बीच झांकता सूरज भी चांद जैसा प्रतीत हुआ। हालाकि सुबह 8 बजे के बाद तीखी होती सूरज की किरणों के बीच कोहरा गायब हो गया।
इसके बाद दोपहर तक सूरज आसमान में तमतमाते दिखे। कुछ ही घंटों में लोगों को उमस भरी गर्मी का एहसास होने लगा। लेकिन शाम होते ही एक बार फिर मौसम ने करवट बदली और घने काले बादल छा गए। इसके बाद करीब आधा घंटे तक मेद्य जमकर बरसे और शहर को पानी से तरबतर कर दिया।
इसके बाद वर्षा का दौर थम गया। वहीं दिन का अधिकतम और न्यूनतम तापमान लगभग 25 डिसे के आसपास रहा।करीब आधा घंटे की वर्षा में आधा इंच (11.4 मिमी) दर्ज की गई है।
कई हिस्सों में गिरा पानी –
शनिवार को जिले के कई हिस्सों में अच्छी वर्षा हुई। सिवनी के अलावा छपारा क्षेत्र में बादल छाने के साथ ही झमाझम वर्षा हुई।कई क्षेत्रों में सड़कें जलमग्न हो गई। निचले स्थानों पर रपटे-पुलिया पर पानी बढ़ जाने से लोगों को आवाजाही में समस्या हुई। बारिश के कारण जनजीवन प्रभावित हुआ।