भोपाल। नर्मदा घाटी विकास राज्य मंत्री भारत सिंह कुशवाह ने कहा कि किसानों के सहयोग से आत्म-निर्भर मध्यप्रदेश का निर्माण करेंगे।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के उद्यानिकी किसानों को उन्नत तरीके से जैविक कृषि के लिए उद्यानिकी विभाग लगातार प्रोत्साहित कर रहा है। विभागीय नर्सरियों में जैविक कृषि कर किसान भाईयों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
राज्य मंत्री कुशवाह ने गुरुवार को खण्डवा जिले के रीछी उद्यान प्रक्षेत्र भ्रमण के दौरान उक्त बातें कही। उन्होंने रीछी उद्यान प्रक्षेत्र में जैविक तरीकों से उत्पादित की जा रही फसलों का निरीक्षण किया।
उन्होंने उद्यान विभाग के अधिकारियों से कहा कि सभी किसानों को अधिक से अधिक जैविक खेती करने के लिये प्रेरित करें। राज्य मंत्री कुशवाह ने प्रक्षेत्र में जैविक खाद के निर्माण की प्रक्रियाओं के संबंध में अधिकारियों से चर्चा की।
अधिकारियों ने बताया कि ड्रिप एरिगेसन से पानी की बचत होती है एवं मल्चिंग विधि से फसलों को खरपतवार से दूर रखा जा सकता है।
काली सिंध माइक्रो सिंचाई परियोजना का लिया जायजा
मंत्री कुशवाह ने खंडवा में काली सिंध माइक्रो सिंचाई परियोजना के फेस-1 और फेस-2 की कार्य प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने सिंचाई परियोजना के निरीक्षण के दौरान पम्प हाउस, केनाल निर्माण, पाइप लाइन के कार्यों के संबंध में अधिकारियों से जानकारी प्राप्त की। उन्होंने अधिकारियों को कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान रखने और सभी कार्यों को तय समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए।