थाईलैंड और वियतनाम के पर्यटकों के मन को भाया मध्य प्रदेश का सांची

By SHUBHAM SHARMA

Published on:

Sanchi-MP

भोपाल। पर्यटन, संस्कृति और धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व मंत्री उषा ठाकुर (Uma Thakur) और प्रमुख सचिव शिव शेखर शुक्ला (Shiv SHekhar Shukla) के थाईलैंड, मलेशिया और कम्बोडिया दौरे के सकारात्मक परिणाम अब आने लगे है।

इसी क्रम में भगवान बुद्ध और रामायण में भगवान श्रीराम का किरदार निभाने वाले प्रसिद्ध अभिनेता और बौद्ध भिक्षु गगन मलिक के नेतृत्व में थाईलैंड और वियतनाम से आए करीब 30 पर्यटकों ने विश्व धरोहर सांची स्तूप का भ्रमण किया।

टूरिज्म बोर्ड के अपर प्रबंध संचालक विवेक श्रोत्रिय ने सांची स्तूप की भव्यता और बुद्धत्व अध्यात्म की आभा से सभी पर्यटकों का परिचय कराया।

जनसम्पर्क अधिकारी अनुराग उइके ने रविवार को जानकारी देते हुए बताया कि पहली बार भारत की यात्रा पर आए पर्यटक ले थी येन को सांची बहुत पसंद आया। उन्होंने कहा कि वह अगली बार भी सांची आना चाहेंगे।

बौद्ध भिक्षु गगन मलिक ने कहा कि सभी पर्यटकों का अनुभव बहुत शानदार रहा। यह हमारी जिंदगी में न भूलने वाला पल बन गया है। आगे भी दक्षिण पूर्व एशियाई देशों से बौद्ध धर्म के अनुयायी और पर्यटक मध्यप्रदेश में पर्यटन के लिए आते रहेंगे।

उल्लेखनीय है कि मंत्री उषा ठाकुर ने अगस्त माह में दक्षिण पूर्व एशियाई देशों में प्रदेश के बौद्ध धर्म के महत्व के स्थानों और बुद्धिस्ट सर्किट का प्रचार-प्रसार किया था। साथ ही पर्यटकों को प्रदेश की यात्रा के लिए आमंत्रित भी किया था।

मंत्री उषा ठाकुर पर्यटन विभाग के अधिकारियों के साथ थाईलैंड में बुद्धभूमि भारत-बुद्ध के पद चिन्हों पर यात्रा कार्यक्रम में शामिल हुई थी। साथ ही मलेशिया एवं कम्बोडिया में पर्यटन रोड-शो में भी भाग लिया था।

SHUBHAM SHARMA

Shubham Sharma is an Indian Journalist and Media personality. He is the Director of the Khabar Arena Media & Network Private Limited , an Indian media conglomerate, and founded Khabar Satta News Website in 2017.

Leave a Comment