भोपाल । मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस आगामी 14 जनवरी को मकर संक्रांति के पर्व पर महिला शक्ति को सुदृढ़, सशक्त बनाने और प्रदेश की भाजपा सरकार को उखाड़ फेंकने के लिए प्रदेश में ”लड़की हूं, लड़ सकती हूं” अभियान की शुरुआत करेगी।
मध्यप्रदेश महिला कांग्रेस की अध्यक्ष डॉ. अर्चना जायसवाल ने बुधवार को उक्त जानकारी देते हुए बताया कि मकर संक्रांति के पर्व पर इस अभियान की शुरुआत प्रदेश स्तर पर राजधानी भोपाल में प्रदेश कांग्रेस कार्यालय प्रांगण के समीप दोपहर 3 बजे हाेगी।
इस मौके पर हनुमान चालीसा पाठ, भजन, पूजन-पाठ, तिल-गुढ़ का प्रसाद वितरण, महिलाओं को हल्दी कुमकुम लगाने के साथ पतंगे भी उड़ाई जाएगी।
साथ ही प्रदेश में बढ़ रही कोरोना महामारी को समाप्त करने के लिए ईश्वर से प्रार्थना की जाएगी। इसके साथ ही महिला कांग्रेस की समस्त जिला इकाइयों में भी इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।