गुनाः सड़क हादसे में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. गौतम की मौत

SHUBHAM SHARMA
2 Min Read

गुना । शिवपुरी जिले के अमोला थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक सड़क हादसे में गुना जिले के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. हेमंत गौतम की मौत हो गई।

बताया जा रहा है कि सीएमएचओ डॉ. गौतम सरकारी वाहन से दतिया जा रहा थे, इसी दौरान उनका वाहन टैंकर में पीछे से घुस गया। कलेक्टर ने इस घटना को लेकर दुख व्यक्त किया है।

जानकारी के अनुसार सीएमएचओ डॉ. गौतम रविवार को अवकाश के चलते परिवार से मिलने के लिए दतिया जा रहे थे।

इसी दौरान सुबह करीब 8.00 बजे उनका सरकारी वाहन (जीप) शिवपुरी जिले के नेशनल हाइवे-27 स्थित अमोला थाना क्षेत्र में उनकी जीप पीछे से गैस टैंकर में घुस गया। बताया जा रहा है कि कोहरे की वजह से यह हादसा हुआ।

उनकी जीप खड़े टैंकर से जा टकराई। हादसे में सीएमएचओ डॉ. गौतम और उनका चालक घायल हो गए। स्थानीय लोगों ने उन्हें करैरा अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने सीएमएचओ डॉ. गौतम को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने के बाद सीएमएचओ के परिजन करैरा पहुंचे।

कलेक्टर फ्रेक नोबल ए. ने बताया कि डॉ. हेमंत गौतम का एक पखवाड़े पहले दतिया से गुना स्थानांतरण हुआ था। यहां वह सीएमएचओ के पद पर पिछले 15 दिन से काम देख रहे थे।

बीते रोज उन्होंने एक दिन का अवकाश मांगा था, जिसकी वजह से वह सुबह ही दतिया सरकारी जीप से रवाना हो गए, लेकिन सड़क हादसे में उनका निधन हो गया।

जानकारी के अनुसार सीएमएचओ डॉ. गौतम के परिवार में पत्नी और दो बेटियां हैं। बड़ी बेटी शानू गजराजा मेडिकल कालेज में डॉक्टर है, तो छोटी बेटी मेडिकल की पढ़ाई कर रही है। पत्नी ममता गौतम अपनी बेटियों के साथ करेरा अस्पताल पहुंची। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है।

Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *