Homeक्रिकेटभारतीय क्रिकेटर पहले कोविड टेस्ट में पास, परिवार साथ रखने की मिली...

भारतीय क्रिकेटर पहले कोविड टेस्ट में पास, परिवार साथ रखने की मिली अनुमति

Date:

चेन्नई। भारत और इंग्लैंड के बीच खेली जाने वाली चार मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए भारतीय टीम के खिलाड़ी चेन्नई पहुंच चुके हैं। पहले दो मैच चेन्नई में ही खेले जाएंगे। इस सीरीज के दौरान टीम के सदस्यों को अपने परिवार वालों को साथ रखने की अनुमति मिली है। ऑस्ट्रेलिया के दौरे पर भी टीम के खिलाड़ियों के सदस्य उनके साथ गए थे।

भारतीय क्रिकेटरों का गुरुवार को आरटी-पीसीआर का पहला टेस्ट निगेटिव रहा और उन्हें इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टेस्ट सीरीज से पहले दो फरवरी से अभ्यास शुरू करने के लिए अभी दो और टेस्ट से गुजरना होगा। पूरी भारतीय टीम पहले ही चेन्नई पहुंच चुकी है और दोनों टीमें एक ही होटल में ठहरी हुई हैं।

बीसीसीआइ के एक अधिकारी ने कहा, ‘मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) आइपीएल बायो-बबल (कोरोना से बचाव के लिए बनाया गया सुरक्षित माहौल) की तरह ही है। हमारे खिलाडि़यों का एक आरटी-पीसीआर टेस्ट हो चुका है और अभ्यास शुरू करने से पहले अभी दो टेस्ट और होने हैं। अभी खिलाड़ी अपने कमरों में ही रहेंगे।’

खिलाडि़यों को अनुकूलन विशेषज्ञ निक वेब और सोनम देसाई की देखरेख में अपने कमरों में व्यायाम करके यह समय बिताना होगा। इसके अलावा बीसीसीआइ ने खिलाडि़यों को अपने परिवार साथ रखने की अनुमति दे दी है क्योंकि कड़े क्वारंटाइन के दौरान उन्हें बेहद एकांत में रहना पड़ सकता है। उप कप्तान अजिंक्य रहाणे, सीनियर बल्लेबाज रोहित शर्मा, विकेटकीपर रिद्धिमान साहा और ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या अपने परिवारों के साथ पहुंचे हैं।

भारत- इंग्लैंड टेस्ट सीरीज का कार्यक्रम

पहला टेस्ट – 5 फरवरी से 9 फरवरी (चेन्नई)

दूसरा टेस्ट – 13 फरवरी से 17 फरवरी (चेन्नई)

तीसरा टेस्ट – 24 फरवरी से 28 फरवरी (अहमदाबाद)

चौथा टेस्ट- 4 मार्च से 7 मार्च (अहमदाबाद)

Khabar Satta
Khabar Sattahttps://khabarsatta.com
खबर सत्ता डेस्क, कार्यालय संवाददाता

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related