Home Blog Page 41

सिवनी में 2 चाकूबाज गिरफ्तार: विश्व आदिवासी दिवस पर जुलूस से पहले फैला रहे थे डर

सिवनी। विश्व आदिवासी दिवस के मौके पर जहां पूरे जिले में सांस्कृतिक कार्यक्रमों और जुलूस की तैयारी जोरों पर थी, वहीं कोतवाली पुलिस ने माहौल बिगाड़ने की कोशिश करने वाले दो चाकूबाजों को धर दबोचा। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सिवनी के निर्देश और एएसपी श्री दीपक मिश्रा तथा सीएसपी श्रीमती पूजा पांडे के मार्गदर्शन में की गई।

जुलूस से पहले फैला रहे थे डर

दिनांक 09 अगस्त 2025 की दोपहर, जुलूस निकलने से ठीक पहले पुलिस को सूचना मिली कि कटंगी नाका ब्रिज के पास एक युवक, जिसने भगवा रंग की टी-शर्ट पहन रखी है और लंबे बाल रखे हैं, हाथ में धारदार बटन वाला चाकू लहराकर आने-जाने वालों को डराने-धमकाने की कोशिश कर रहा है।

इसी समय दूसरी सूचना तिलक वार्ड, रेलवे स्टेशन के पास से आई कि एक अन्य व्यक्ति, जिसने रंगीन शर्ट और नीली जींस पहन रखी है, हाथ में लोहे का जंग लगा बका लिए राहगीरों को भयभीत कर रहा है।

पुलिस की फिल्मी अंदाज़ में घेराबंदी

सूचना मिलते ही थाना कोतवाली के अलग-अलग टीमों ने मोर्चा संभाला। चीता स्टाफ और प्रत्यक्षदर्शी गवाहों की मदद से दोनों स्थानों पर घेराबंदी की गई। त्वरित कार्रवाई में पुलिस ने पहले कटंगी नाका ब्रिज से नितेश सनोडिया (32), निवासी बोरदई को पकड़ा, जिसके पास से एक अवैध धारदार चाकू बरामद हुआ।

दूसरी टीम ने तिलक वार्ड क्षेत्र से बालमुकुन्द यादव (56), निवासी अलोनिया को दबोचा, जिसके पास से एक जंग लगा अवैध बका मिला।

आरोपियों पर मामला दर्ज

दोनों के पास से बरामद हथियार जब्त कर, उनके खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 25 के तहत दो अलग-अलग प्रकरण दर्ज किए गए। पुलिस अब मामले की विवेचना में जुटी है।

गिरफ्तार आरोपी –

  1. नितेश सनोडिया, पिता दिलीप सनोडिया, उम्र 32 वर्ष, निवासी ग्राम बोरदई, थाना डुण्डासिवनी
  2. बालमुकुन्द यादव, पिता झुग्गीलाल यादव, उम्र 56 वर्ष, निवासी ग्राम अलोनिया, थाना बंडोल, जिला सिवनी

जब्त हथियार –

  • 01 धारदार चाकू
  • 01 जंग लगा बका

पुलिस टीम की सराहना

इस त्वरित कार्रवाई में थाना प्रभारी कोतवाली श्री किशोर वामनकर, सउनि प्रमोद मालवी, प्र.आर. मुकेश गोंडाने, आर. सौरभ सिंह, अखिलेश माहोरे, राजेन्द्र राजपूत और चीता स्टाफ के अन्य सदस्य शामिल रहे। स्थानीय नागरिकों ने पुलिस की सतर्कता और तत्परता की प्रशंसा की है।

सिवनी में पांच मंडल अध्यक्षों की घोषणा, युवराज राहंगडाले और रामजी चंद्रवंशी पर मंडरा रहे बदलाव के बादल

सिवनी। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने सिवनी जिले में संगठनात्मक बदलाव का बिगुल बजा दिया है। लंबे इंतजार के बाद आखिरकार पांच मंडल अध्यक्षों के नामों की आधिकारिक घोषणा कर दी गई है। इस घोषणा ने जहां कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा भर दी है, वहीं राजनीतिक गलियारों में एक नई सुगबुगाहट भी शुरू हो गई है—क्योंकि घोषित पांच नामों में से दो पर बदलाव की तलवार लटक रही है।

सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, पार्टी आलाकमान ने सिवनी उत्तर मंडल अध्यक्ष की जिम्मेदारी युवराज राहंगडाले को और करकोटी मंडल अध्यक्ष की कमान रामजी चंद्रवंशी को सौंपी है। लेकिन, भीतरखाने से खबर यह है कि इन दोनों नामों को लेकर स्थानीय स्तर पर असंतोष पनप रहा है। कहा जा रहा है कि कुछ वरिष्ठ कार्यकर्ताओं और स्थानीय नेताओं ने इन नियुक्तियों पर आपत्ति दर्ज कराई है, जिसके चलते भोपाल से इन नामों पर पुनर्विचार के संकेत मिले हैं।

पार्टी में हलचल, कार्यकर्ताओं में असमंजस

घोषणा के महज कुछ घंटे बाद ही भाजपा के जिला कार्यालय से लेकर सोशल मीडिया तक इस संभावित बदलाव की चर्चा जोरों पर है। कार्यकर्ताओं के बीच सवाल उठ रहे हैं—

  • “क्या आलाकमान अपना फैसला बदल देगा?”
  • “क्या जल्द ही नए चेहरे सामने आएंगे?”

भाजपा के अंदरूनी सूत्र बताते हैं कि यह मामला सिर्फ नामों का नहीं, बल्कि गुटबाजी और स्थानीय समीकरणों का भी है। यही वजह है कि बदलाव की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता।

सभी की निगाहें भोपाल पर

संगठनात्मक बदलाव के इस दौर में अब सबकी निगाहें सीधे भोपाल स्थित पार्टी नेतृत्व पर टिकी हैं। आने वाले कुछ दिनों में तस्वीर साफ हो सकती है कि युवराज राहंगडाले और रामजी चंद्रवंशी अपनी कुर्सी बचा पाएंगे या नहीं।

फिलहाल, जिले के राजनीतिक माहौल में रहस्यमय सन्नाटा और तेज़ चर्चाओं का अनोखा संगम देखने को मिल रहा है। भाजपा कार्यकर्ता एक ओर जश्न मना रहे हैं, तो दूसरी ओर यह सोचकर सतर्क भी हैं कि कहीं यह खुशी अस्थायी न साबित हो जाए।

त्योहारों में यात्रियों को तोहफ़ा: भारतीय रेलवे की ‘राउंड ट्रिप पैकेज’ योजना, रेलवे टिकिट में 20% की छूट

INDIAN RAILWAY 20% DISCOUNT ON ROUND TRIP – त्योहारों का मौसम आते ही रेलवे स्टेशनों पर भीड़, टिकट बुकिंग में परेशानी और लंबी वेटिंग लिस्ट यात्रियों के लिए सिरदर्द बन जाती है। ऐसे में भारतीय रेलवे ने इस बार यात्रियों को एक खास तोहफ़ा देने का फैसला किया है। भीड़ कम करने, बुकिंग को सुचारू बनाने और यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए रेलवे ने “राउंड ट्रिप पैकेज” नामक एक प्रायोगिक योजना शुरू करने की घोषणा की है, जिसमें आने-जाने दोनों यात्राओं की बुकिंग पर छूट मिलेगी।

रेलवे अधिकारियों के अनुसार, यह योजना उन यात्रियों के लिए लागू होगी जो त्योहारों के दौरान अपनी आने और जाने की यात्रा एक साथ बुक करेंगे। इसके तहत वापसी यात्रा के मूल किराए पर 20% की सीधी छूट दी जाएगी।

योजना के मुख्य बिंदु:

  • एक साथ बुकिंग का लाभ: आगे और वापसी, दोनों यात्राओं के टिकट एक साथ बुक करने पर ही छूट मिलेगी। दोनों यात्राओं के यात्री विवरण समान होने चाहिए।
  • बुकिंग तिथियां:
    • आगे की यात्रा – 13 अक्टूबर से 26 अक्टूबर के बीच
    • वापसी यात्रा – 17 नवंबर से 1 दिसंबर के बीच
  • बुकिंग कब शुरू होगी: एआरपी तिथि 13 अक्टूबर के लिए बुकिंग 14 अगस्त से शुरू होगी।
  • छूट की शर्तें:
    • केवल कन्फर्म टिकट पर ही योजना लागू होगी।
    • बुकिंग एक ही श्रेणी और एक ही ओडी (Origin-Destination) जोड़ी के लिए होनी चाहिए।
    • फ्लेक्सी किराया वाली ट्रेनों में यह छूट नहीं मिलेगी।
    • टिकट में कोई बदलाव या रिफंड की अनुमति नहीं होगी।
  • बुकिंग का माध्यम: टिकट या तो ऑनलाइन या काउंटर से बुक करना होगा, दोनों माध्यम का मिश्रण नहीं चलेगा।

यात्रियों के लिए फायदे

त्योहारों के समय, जब ट्रेन टिकटों की मांग सबसे ज्यादा होती है, यह योजना न केवल पैसे बचाएगी, बल्कि बुकिंग में भी आसानी लाएगी। साथ ही, रेलवे का उद्देश्य व्यस्त रूट्स पर यात्री भार को संतुलित करना और विशेष ट्रेनों का भी प्रभावी उपयोग करना है।

रेलवे सूत्रों का कहना है कि यदि यह योजना सफल होती है, तो इसे आगे भी जारी रखा जा सकता है, जिससे यात्रियों को पूरे साल इस तरह के पैकेज का लाभ मिल सकेगा।

त्योहारों में जहां आमतौर पर यात्रा जेब पर भारी पड़ती है, वहीं ‘राउंड ट्रिप पैकेज’ योजना एक राहत की सांस साबित हो सकती है। अब यात्री पहले से योजना बनाकर आरामदायक, सस्ती और परेशानी-मुक्त यात्रा का आनंद ले सकते हैं।

मध्य प्रदेश मौसम अपडेट: हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल में भारी बारिश का अलर्ट, अगले 24 घंटे में बरसेंगे बादल

भोपाल (मध्य प्रदेश): मध्य प्रदेश में मॉनसून एक बार फिर पूरी रफ्तार पकड़ने वाला है। मौसम विभाग ने रविवार, 10 अगस्त को हरदा, नर्मदापुरम और बैतूल जिलों के लिए भारी बारिश की चेतावनी जारी की है। अगले 24 घंटों में इन जिलों में 4.5 इंच तक वर्षा होने की संभावना जताई गई है।

यह अलर्ट क्षेत्र में सक्रिय टर्फ लाइन और चक्रवाती परिसंचरण के कारण जारी किया गया है। यानी आसमान से बरसने वाले पानी का सिलसिला अब लंबा खिंच सकता है।

पूरे प्रदेश में येलो अलर्ट

इन तीन जिलों के अलावा, राज्य के सभी जिलों में गरज-चमक के साथ हल्की बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम वैज्ञानिक अरुण शर्मा ने बताया कि अगले पाँच दिनों में कई जिलों में भारी वर्षा के आसार हैं।

उन्होंने कहा, “बंगाल की खाड़ी में बन रहा कम दबाव का क्षेत्र 13 से 14 अगस्त के बीच बारिश की रफ्तार बढ़ा देगा। इससे अगस्त के दूसरे हिस्से में लगातार भारी बारिश देखने को मिलेगी।”

बारिश का शनिवार

शनिवार को प्रदेश के कई हिस्सों में बादल मेहरबान रहे। राजधानी भोपाल में दोपहर बाद आसमान काला-सा हो गया और हल्की बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया।

बारिश का आंकड़ा

  • 1 जून से 31 जुलाई: प्रदेश में औसतन 28 इंच बारिश
  • 1 से 7 अगस्त: केवल 0.8 इंच बारिश
  • ग्वालियर सहित 9 जिलों ने मौसमी वर्षा का कोटा पूरा किया
  • इंदौर और उज्जैन संभाग अब भी औसत से कम बारिश में हैं

पूर्वी बनाम पश्चिमी एमपी

  • पूर्वी मध्य प्रदेश (जबलपुर, सागर, शहडोल, रीवा संभाग) → औसत से 37% अधिक बारिश
  • पश्चिमी मध्य प्रदेश (भोपाल, इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर, चंबल, नर्मदापुरम संभाग) → औसत से 27% अधिक बारिश

अगर आप हरदा, नर्मदापुरम या बैतूल में हैं तो छाता और रेनकोट तैयार रखिए, क्योंकि अगले 24 घंटे में बादल आपको तर-बतर कर सकते हैं। और बाकी जिलों के लोग भी बेफिक्र न रहें—मॉनसून अब पूरे प्रदेश में अपना जलवा दिखाने को तैयार है।

सिवनी में दिल दहला देने वाला हादसा: कांवड़ियों को डंपर ने कुचला, 2 की मौत, 15 से अधिक घायल

सिवनी, मध्यप्रदेश: सावन का महीना, भोलेनाथ के जयकारे, और कांवड़ियों की टोली… लेकिन बनारस से अकोला की ओर बढ़ रही श्रद्धा की यह यात्रा सिवनी में एक भीषण हादसे में बदल गई। गुरुवार की रात करीब 10:30 बजे सेंटर प्वाइंट होटल के सामने तेज़ रफ्तार डंपर ने कांवड़ियों को कुचल दिया। इस दर्दनाक हादसे में 2 श्रद्धालुओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 15 से 20 कांवड़िए गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।

हादसे के बाद मची चीख-पुकार

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कांवड़ियों का दल सड़क के किनारे से गुजर रहा था। तभी अचानक तेज रफ्तार में आ रहे एक डंपर ने नियंत्रण खो दिया और सीधे कांवड़ियों के ट्रैक्टर के साथ पैदल चल रहे कांवड़ियों पर घुस गया। घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे, लेकिन तब तक दो कांवड़िए जीवन की डोर तोड़ चुके थे।

घायलों का जिला अस्पताल में इलाज जारी

घायल कांवड़ियों को तुरंत जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां कुछ की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की एक टीम लगातार निगरानी में लगी है। वहीं, जिला प्रशासन ने घायलों के इलाज की पूरी व्यवस्था करने के निर्देश दिए हैं।

मृतकों की पहचान और शिनाख्त जारी

मारे गए कांवड़ियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है। पुलिस उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश कर रही है। बताया जा रहा है कि ये कांवड़िए काशी बनारस से वापस अकोला महाराष्ट्र जा रहे थे।

श्रद्धा – हादसा और अनेक सवाल

सड़क पर चल रहे श्रद्धालुओं की सुरक्षा का जिम्मा किसका है? क्या भारी वाहनों पर नियंत्रण के इंतजाम पर्याप्त हैं? ऐसे कई सवाल हैं, जिनका जवाब प्रशासन को देना होगा। कांवड़ यात्रा केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, लाखों लोगों की आस्था का प्रतीक है – और उसकी सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।

यह घटना एक बार फिर सोचने पर मजबूर करती है कि सड़क सुरक्षा और धार्मिक यात्राओं के दौरान प्रशासनिक सतर्कता कितनी जरूरी है।

सिवनी में मानव तस्करी: ढाई वर्षीय मासूम को चोरी कर 50,000 में बेचा,सिवनी पुलिस की मेहनत से खुशियों में बदली कहानी

बरघाट, सिवनी – कहते हैं कि मां की ममता और पुलिस की मेहनत अगर साथ मिल जाए तो कोई भी नामुमकिन मुमकिन बन सकता है। ऐसा ही एक दिल को छू जाने वाला मामला सामने आया है सिवनी जिले के बरघाट विकासखंड के ग्राम पौनारकला से, जहां शादी समारोह से रहस्यमयी ढंग से अपहृत ढाई वर्षीय मासूम देव को चार महीने बाद पुलिस ने सकुशल बरामद कर लिया है।

23 अप्रैल की रात: जब खुशी मातम में बदल गई

दिनांक 23 अप्रैल 2025 को देव अपने माता-पिता के साथ एक रिश्तेदार के विवाह समारोह में शामिल होने गया था। देर रात नींद आने पर उसकी मां ने उसे पास के एक कमरे में सुला दिया और बाकी परिवार शादी के कार्यक्रम में व्यस्त हो गया। लेकिन जब सुबह उठने पर बच्चा बिस्तर से नदारद मिला, तो मानो पूरे परिवार की दुनिया ही उजड़ गई।

परिजनों ने पहले गांव और रिश्तेदारी में बच्चे की तलाश की, लेकिन जब कोई सुराग नहीं मिला तो अगली सुबह बरघाट थाना में रिपोर्ट दर्ज करवाई गई। पुलिस ने तत्काल अपराध क्रमांक 226/25 के तहत धारा 137(2) भादंवि में मामला पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी।

50 हजार में बिका मासूम!

जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ी, चौंकाने वाली सच्चाई सामने आई। पुलिस को पता चला कि देव का अपहरण पुष्पा उर्फ पुष्पकला, पत्नी रविंद्र धुर्वे ने किया था। यह महिला मूलतः ग्राम पिंडरई की निवासी है लेकिन वर्तमान में महाराणा प्रताप नगर, सिवनी में किराये के मकान में रह रही थी।

पुष्पा ने देव को ₹50,000 में शीला साहू नामक महिला को बेच दिया था, जो सिवनी में अपने पति राजकुमार उर्फ गोपाल साहू के साथ रहती है और निःसंतान है।

तीन थानों की पुलिस ने रात-दिन एक कर दिया

इस केस की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक सुनील मेहता और एसडीओपी ललित गठरे ने बरघाट, अरी और कोतवाली सिवनी थानों की एक संयुक्त टीम गठित की। चार महीनों तक इन थानों की पुलिस दिन-रात जिले और आसपास के इलाकों में बच्चें की तलाश में जुटी रही।

सूफी नगर, सिवनी से प्राप्त खुफिया जानकारी पर जब पुलिस ने दबिश दी, तो देव को बरामद करने में बड़ी सफलता हाथ लगी।

ऐसे लगा सुराग

स्थानीय लोगों से पुलिस को सूचना मिली थी कि एक महिला, जो निःसंतान है, अचानक एक छोटे बच्चे के साथ देखी जा रही है और वह महीने में मुश्किल से एक-दो बार ही बच्चे को घर से बाहर निकालती है।

पुलिस ने जब महिला के घर में छानबीन की, तो बच्चे की पहचान और सारी सच्चाई सामने आ गई। पूछताछ के दौरान पुष्पा और शीला दोनों ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया।

मां की गोद में लौटा ‘देव’, मां की आंखों से छलक पड़े खुशी के आंसू

चार महीने तक ममता से दूर रहा मासूम देव, जब अपनी असली मां की गोद में पहुंचा, तो उसे पहचानना तक मुश्किल हो रहा था। लेकिन जैसे ही मां ने उसे बाहों में भरकर पुकारा – “देव बेटा,” तो मानो किसी भूले हुए राग को फिर से सुन लिया हो, और मां-बेटे की आंखें भर आईं।

अभियुक्तों पर दर्ज हुए गंभीर अपराध, भेजे गए जेल

पुलिस ने पुष्पा उर्फ पुष्पकला (35 वर्ष) और शीला साहू पर धारा 137(2), 143(2), 64(1), 3, 4 न्याय सहिता के तहत केस दर्ज किया है। दोनों महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

महत्वपूर्ण तथ्य

  • अपहरण करने वाली महिला का शादी समारोह या परिवार से कोई भी संबंध नहीं था।
  • शादी में मेहमान बनकर शामिल होकर बच्चे को अगवा किया गया।
  • बच्चे को एक ऐसी महिला को बेचा गया, जो वर्षों से संतान सुख से वंचित थी।

यह मामला न सिर्फ पुलिस की सतर्कता और समर्पण का उदाहरण है, बल्कि समाज को भी यह संदेश देता है कि हर अजनबी पर आंख मूंदकर भरोसा करना खतरनाक हो सकता है।

पुलिस की मेहनत का ही नतीजा है कि आज देव अपने घर, अपनी मां की गोद में वापस है।

सिवनी: भुरकलखापा के पास मिला रहस्यमयी शव, इलाके में फैली सनसनी – पुलिस जुटी जांच

सिवनी, मध्य प्रदेश – सिवनी जिले के भुरकलखापा गांव के पास स्थित बिठली के एक सुनसान पहाड़ी नाले में मंगलवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब वहां एक अज्ञात व्यक्ति का शव पेड़ से लटका हुआ पाया गया। शव गमछे के सहारे फांसी पर लटका हुआ था, जिससे प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या जैसा प्रतीत हो रहा है, लेकिन कई सवाल अब भी अनसुलझे हैं।

🔍 शव की हालत ने बढ़ाई रहस्य की परतें

मौके पर पहुंची पुलिस टीम ने बताया कि शव करीब 5 से 7 दिन पुराना है और सड़ने की अवस्था में था। मृतक की उम्र लगभग 35 से 40 वर्ष के बीच आंकी जा रही है। उसने काली टी-शर्ट और काली जींस पहन रखी थी।

पुलिस के अनुसार, शव जिस अवस्था में मिला है, उससे ये साफ है कि घटना कई दिन पुरानी है। लेकिन सबसे हैरानी की बात यह है कि अब तक उसकी पहचान नहीं हो पाई है। आसपास के गांवों में भी किसी व्यक्ति के लापता होने की सूचना दर्ज नहीं कराई गई है।

🕵️‍♂️ आत्महत्या या कुछ और?

मामला अब सिर्फ आत्महत्या का नहीं, बल्कि संभावित हत्या और साजिश की दिशा में भी मुड़ता नजर आ रहा है। सवाल उठता है कि –

  • यदि यह आत्महत्या थी, तो इतनी सुनसान जगह पर क्यों?
  • कोई पहचान पत्र या दस्तावेज मृतक के पास क्यों नहीं मिले?
  • शव मिलने की सूचना के बाद भी अब तक कोई परिजन क्यों नहीं आया?

📞 जनसहयोग की अपील

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है। साथ ही आसपास के थानों में भी शव की जानकारी भेजी गई है। आमजन से अपील की गई है कि यदि किसी को भी इस व्यक्ति के बारे में कोई जानकारी हो, तो तुरंत नजदीकी पुलिस स्टेशन से संपर्क करें।

🗣️ स्थानीय लोगों में भय और चर्चा का माहौल

घटना के बाद से ही गांव में दहशत और चर्चाओं का माहौल है। ग्रामीणों का कहना है कि इस इलाके में पहले कभी ऐसा मामला सामने नहीं आया। कुछ लोगों का यह भी मानना है कि कहीं ये साजिश के तहत की गई हत्या तो नहीं?

🚨 पुलिस ने शुरू की गहन जांच

पुलिस अब मोबाइल डेटा, लापता लोगों की रिपोर्ट और आसपास के CCTV फुटेज के जरिए मृतक की पहचान और घटना के पीछे की सच्चाई जानने की कोशिश में जुटी है।

SEONI BREAKING: रेलवे की हाईटेंशन लाइन से टकराया कांवड़ का झंडा, करंट लगने से चार श्रद्धालु झुलसे – सिवनी में मचा हड़कंप

सिवनी, मध्यप्रदेश। सावन का महीना और कांवड़ यात्रा का जोश—श्रद्धा से लबरेज़ माहौल आज उस वक्त मातम में बदल गया, जब सिवनी जिले में चार कांवड़िये हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आ गए। घटना सोमवार सुबह की है, जब श्रद्धालु लखनवाड़ा के पास बैनगंगा नदी से भोमा की ओर कांवड़ यात्रा कर रहे थे। जैसे ही वे छिंदवाड़ा रोड स्थित रेलवे क्रॉसिंग के पास पहुंचे, एक बड़ा हादसा हो गया।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, जयकारों की गूंज के बीच श्रद्धालुओं का दल रेलवे क्रॉसिंग पार कर रहा था। इसी दौरान एक कांवड़िया जोश में ऊँचा झंडा लहराने लगा। लेकिन इस झंडे में लगी स्टील की रॉड ऊपर से गुजर रही रेलवे की ओवरहेड हाई वोल्टेज तार से छू गई और जोरदार करंट फैल गया। नतीजा—चार कांवड़िये बुरी तरह झुलस गए और मौके पर ही गिर पड़े।

घायल हुए सभी श्रद्धालु भोमा गांव के निवासी

घायलों की पहचान भोमा गांव के युवकों के रूप में हुई है। स्थानीय लोगों और अन्य कांवड़ियों ने तत्काल उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चारों की हालत गंभीर बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम घायलों के इलाज में जुटी है, वहीं परिजन भी अस्पताल पहुंच चुके हैं।

हादसे के बाद मची अफरा-तफरी, रेलवे और प्रशासन मौके पर पहुंचे

घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कांवड़ यात्रा में शामिल अन्य श्रद्धालु भयभीत हो गए और भगदड़ जैसे हालात बन गए। स्थानीय लोग मदद के लिए दौड़े और घायलों को अस्पताल तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।

प्रशासन और रेलवे विभाग के अधिकारी भी कुछ ही देर में मौके पर पहुंच गए और मामले की जांच शुरू कर दी गई है।

गांव में पसरा मातम, सावन की श्रद्धा पर छाया सन्नाटा

भोमा गांव में जब हादसे की खबर पहुंची, तो पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। लोगों को यकीन नहीं हो रहा था कि जो युवक श्रद्धा से भरी यात्रा पर निकले थे, वे अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझ रहे हैं।

प्रशासन की अपील – कांवड़ यात्रा में बरतें विशेष सावधानी

प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि कांवड़ यात्रा के दौरान ऊँचे और धातुयुक्त झंडों के उपयोग से बचें, खासकर रेलवे ट्रैक या बिजली की हाई वोल्टेज लाइनों के आस-पास।

यह हादसा एक गंभीर चेतावनी है कि श्रद्धा और सुरक्षा दोनों को समान रूप से महत्व देना चाहिए।

⚠️ विशेष सावधानी बरतें:

  • धातुयुक्त झंडों का प्रयोग न करें।
  • रेलवे लाइन या बिजली के तारों के पास सावधानी से चलें।
  • यात्रा से पहले मार्ग की सुरक्षा जानकारी अवश्य लें।

यह हादसा एक बार फिर हमें याद दिलाता है कि धार्मिक आस्था अपनी जगह है, लेकिन सुरक्षा की अनदेखी एक पल में अनर्थ कर सकती है। सावन की पवित्रता को बनाए रखने के लिए ज़रूरी है कि हम खुद भी सतर्क रहें और दूसरों को भी जागरूक करें।

सिवनी: एक ही रात में 4 चोरी करने वाला शातिर अफरोज खान उर्फ बिजली चढ़ा पुलिस के हत्थे

सिवनी, मध्यप्रदेश। सिवनी में अपराध की दुनिया का एक जाना-पहचाना चेहरा, अफरोज उर्फ ‘बिजली’ एक बार फिर पुलिस की गिरफ्त में आ गया है। महज 20 साल की उम्र में चार नकबजनी के मामलों में जेल जा चुका अफरोज इस बार एक ही रात में चार वारदातों को अंजाम देकर इलाके में दहशत फैलाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन पुलिस की चौकस निगाहें और तगड़ी रणनीति ने उसका खेल बिगाड़ दिया।

शहर में एक के बाद एक 5 चोरियाँ, पुलिस भी रह गई हैरान!

दिनांक 26 जुलाई से 28 जुलाई 2025 तक सिवनी शहर में चोरी की 5 बड़ी घटनाएं सामने आईं, जिनमें किराना दुकान, गोदाम, स्कूटी, नकदी और सोने-चांदी के जेवरात शामिल थे। पुलिस जब इन वारदातों की तफ्तीश में जुटी, तो सभी मामलों में एक ही तरीके और अंदाज से काम करने का अंदेशा मिला।

उल्लेखनीय है कि दिनांक 26/03/2025 को प्रार्थी संतोष अग्रवाल निवासी तिलक वार्ड सिवनी द्वारा इसकी बाबा ट्रेडर्स के नाम की किराना की थोक एवं चिल्लर बिक्री की दुकान से दिनांक 25 मार्च की रात्रि में किसी अज्ञात नकाबपोस व्यक्ति द्वारा दुकान के दुकान का ताला तोड़कर दुकान के केश काउन्टर के ड्राज से 70000/- रुपये चोरी कर लेने की रिपोर्ट पर अज्ञात आरोपी के विरूध्द अपराध क्रमांक 220/2025 धारा 331(4), 305 (a) बीएनएस का पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।

इसी प्रकार दिनांक 27/07/2025 को प्रार्थी गजेन्द्र गोखे निवासी खटीक मोहल्ला आजाद वार्ड सिवनी द्वारा इसके घर के नीचे स्थित गोदाम से गोदाम का ताला तोड़कर गोदाम में रखी स्कूटी सुजूकी एक्सेस क्रमांक MP22SB0391 को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 644/2025 धारा 331(4), 305 (a) बीएनएस का अपराध पंजीबध्द कर विवेचना में लिया गया।

दिनांक 27/07/2025 को प्रार्थी रवि कुमार केवट निवासी केवटी मोहल्ला सिवनी द्वारा इसके केवटी मोहल्ला सिवनी स्थित घर का ताला तोड़कर पेटी आलमारी में रखे जेवरात एवं नकदी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 645/2025 धारा 331 (4), 305 (a) बीएनएस पंजीबध्द कर विवेचना में लिया हैं।

दिनांक 27/07/2025 को प्रार्थी अंशुल बैश निवासी गोंड़ी मोहल्ला गांधी वार्ड सिवनी द्वारा इसके घर का ताला तोड़कर आलमारी में रखे जेवरात एवं नकदी किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 646/2025 धारा 331(4),305(a) बीएनएस पंजीबध्द कर विवेचना में लिया हैं।

दिनांक 28/07/2025 को प्रार्थी संतोष सोनी निवासी महावीर वार्ड सिवनी द्वारा इसके घर का ताला तोडकर आलमारी में रखे सोने चांदी के जेवरात कीमती 50000/- को घटना दिनांक को किसी अज्ञात व्यक्ति द्वारा चोरी कर ले जाने की रिपोर्ट पर अपराध क्रमांक 648/2025 धारा 331 (4), 305 (a) बीएनएस पंजीबध्द कर विवेचना में लिया हैं।

सीसीटीवी फुटेज बना सबसे बड़ा हथियार

थाना कोतवाली पुलिस द्वारा मामले की गंभीरता को देखते हुए एक विशेष टीम गठित की गई। सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से एक युवक हर वारदात में संदिग्ध नजर आया। पहचान हुई — अफरोज उर्फ बिजली उर्फ मारी, पिता सलीम खान, निवासी हड्डी गोदाम, भगतसिंह वार्ड, सिवनी।

सख्ती से पूछताछ में फूटा राज, सबकुछ उगल दिया अफरोज ने

पूछताछ में अफरोज ने कुबूल किया कि उसने ही इन सभी नकबजनी की वारदातों को अंजाम दिया। उसने चोरी के जेवरात पुरानी सब्जी मंडी में पीपल के पेड़ के नीचे और स्कूटी को भी पास में ही छिपाया था।

घटनाओं में उपयोग की गई मोटरसाइकिल MP22J1263 को भी आरोपी की निशानदेही पर जप्त किया गया।

कुल बरामदगी – जब्तशुदा मसरुका की कीमत 1.92 लाख रुपये

वस्तुविवरण
सोने-चांदी के जेवरात₹80,000
स्कूटी सुजुकी एक्सेस MP22SB0391₹70,000
नकदी₹12,300
मोटरसायकिल (घटना में प्रयुक्त)₹30,000
औजार (पेचकस, लोहे की रॉड)–
कुल₹1,92,300

कौन है अफरोज उर्फ बिजली?

  • उम्र: 20 वर्ष
  • निवास: हड्डी गोदाम, भगतसिंह वार्ड, सिवनी
  • पहले से दर्ज अपराध: कोतवाली में 4 नकबजनी व चोरी के प्रकरण

अफरोज पर पहले से कई मामले दर्ज हैं, लेकिन उसने अपराध की दुनिया से नाता तोड़ने के बजाय, और अधिक शातिराना तरीके से वारदातें करना शुरू कर दिया।

पुलिस की शानदार कार्रवाई, शहरवासियों ने की सराहना

इस सफल खुलासे में नगर पुलिस अधीक्षक श्रीमती पूजा पांडेय, थाना प्रभारी निरीक्षक किशोर वामनकर समेत पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। विशेष रूप से प्र.आर. मनोज पाल, मुकेश गोंडाने, जगदीश घोडेश्वर एवं अन्य टीम सदस्यों की सजगता और तकनीकी दक्षता ने एक बड़ा अपराधी जेल की सलाखों के पीछे पहुंचाया।

सिवनी पुलिस की सक्रियता और तेज कार्रवाई ने यह साबित कर दिया है कि अपराध चाहे जितना भी शातिर हो, कानून की पकड़ से नहीं बच सकता। अफरोज उर्फ बिजली अब जेल में है, और शहरवासियों ने राहत की सांस ली है। ऐसे ही पुलिस-जन सहयोग से सिवनी शहर को अपराधमुक्त बनाना अब दूर की बात नहीं।

📢 पढ़ते रहिए ‘खबर सत्ता’ – आपकी अपनी खबर, सबसे सटीक और सबसे पहले!

डिजिटल भारत की उड़ रही धज्जियाँ: CSC DIGISIGN की लापरवाही से महीनों से परेशान VLE और आम उपभोक्ता

नई दिल्ली | विशेष रिपोर्ट: “डिजिटल भारत” (Digital Bharat) — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM NARENDRA MODI) की इस महत्वाकांक्षी योजना का उद्देश्य देश को डिजिटल (Digital India) रूप से सशक्त बनाना है, लेकिन इस सपने को पंख लगाने से पहले ही कुछ संस्थाएं इसकी जड़ों में मट्ठा डालने पर तुली हुई हैं। ऐसी ही एक संस्था है CSC DIGISIGN, जो डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) की सुविधा देने के लिए नियुक्त की गई है। लेकिन हालात यह हैं कि CSC DIGISIGN की टीम खुद डिजिटल भारत की जड़ों को कमजोर कर रही है।

🔴 VLE और सब्सक्राइबर कर रहे महीनों से इंतजार

देशभर के हजारों VLE (Village Level Entrepreneurs) और आम उपभोक्ता महीनों से डिजिटल सिग्नेचर सर्टिफिकेट (DSC) के लिए परेशान हैं। इन लोगों ने बार-बार आवेदन किया, आवश्यक दस्तावेज दिए, लेकिन न तो सिग्नेचर जनरेट हुआ, न ही किसी प्रकार की सहायता मिली।

“हमने दर्जनों बार CSC DIGISIGN की टीम को कॉल और ईमेल किए, लेकिन हर बार हमें निराशा ही हाथ लगी,” — यह कहना है एक परेशान VLE का, जो पिछले तीन महीनों से अपनी फाइल अटकी होने की वजह से सरकारी सेवाएं देने में असमर्थ है।

📞 सपोर्ट सिस्टम नाम मात्र का, कॉल उठाना भी गंवारा नहीं

CSC DIGISIGN का कस्टमर सपोर्ट सिस्टम एकदम नाकारा और ढकोसला मात्र बन चुका है। कॉल सेंटर में फोन उठाने वाला कोई नहीं, ईमेल्स का कोई जवाब नहीं और पोर्टल पर शिकायतें करने पर भी सिर्फ टोकन नंबर दे दिया जाता है, समाधान कभी नहीं मिलता।

🇮🇳 जब सरकार डिजिटल इंडिया की बात कर रही, तब सरकारी टीम ही लगा रही ब्रेक!

यह हैरानी की बात है कि भारत सरकार की ही अधीनस्थ संस्था CSC (Common Services Center) की एक यूनिट ही डिजिटल इंडिया अभियान को नुकसान पहुंचा रही है। एक ओर मोदी सरकार करोड़ों रुपये खर्च कर डिजिटल सेवाओं का प्रचार-प्रसार कर रही है, वहीं दूसरी ओर उनकी ही एक सर्विस यूनिट CSC DIGISIGN, उसी डिजिटल सेवा को अपंग बना रही है।

🚨 क्या जिम्मेदारों पर होगी कोई कार्रवाई?

अब सवाल यह उठता है कि जब CSC DIGISIGN जैसी संस्थाएं ही आम जनता और VLEs को समय पर सेवाएं देने में विफल हैं, तो क्या भारत सरकार इस पर कोई कठोर कदम उठाएगी? क्या ऐसे गैर-जिम्मेदार अधिकारियों को जवाबदेह ठहराया जाएगा, या फिर डिजिटल इंडिया केवल एक दिखावटी नारा बनकर रह जाएगा?

📢 हमारी अपील:
अगर आप भी CSC DIGISIGN की लापरवाही का शिकार हुए हैं, तो इस खबर को शेयर करें और अपनी आवाज़ उठाएं। सरकार तभी सुध लेगी, जब जनता सवाल पूछेगी।

✍️ रिपोर्ट: शुभम शर्मा
📅 तारीख: 25 जुलाई 2025
📰 सोर्स: फील्ड रिपोर्ट, VLE कम्युनिटी प्रतिक्रिया, सोशल मीडिया रिव्यू