इंदौर । इंदौर से 22 किलोमीटर दूर मेरोद फाटा में तड़के तीन बजे के करीब एक बिजली ग्रिड में आग गई। फायर ब्रिगेड की गाड़ियों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
आग लगने की वजह ओवरलोड के कारण हीट बढ़ना बताया जा रहा है। जिस ग्रिड में आग लगी थी उसमें करीब 20 टन ऑयल था। अगर समय पर आग पर काबू नहीं किया जाता तो बड़ा हादसा हो सकता था। घटना से करोड़ों का नुकसान हुआ है।
फायर ब्रिगेड एसपी रामसिंह निगवाल ने बताया कि ग्रिड में आग लगने की सूचना तड़के 3 बजे मिली थी। आग मेरोद फाटा के पास बिजली कंपनी की एक ग्रिड में लगी थी।
जैसे ही सूचना मिली हमने मौके पर फायर ब्रिगेड की गाड़ियां रवाना कीं। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हालांकि इस ग्रिड से शहर में किसी तरह की बिजली सप्लाई नहीं होती है। यह ग्रिड इंदिरा सागर बांध से जबलपुर की ओर बिजली सप्लाई करती है। इस वजह से शहर की बिजली सप्लाई प्रभावित नहीं हुई।
इस ग्रिड में आग के कारण इसका लोड दूसरी दो अन्य ग्रिड में शिफ्ट कर दिया था।
फायर एसपी निगवाल ने बताया कि यहां बिजली सप्लाई की तीन ग्रिड लगी हुई हैं। जिनमें से दो ग्रिडों को सुरक्षित बचा लिया गया।
उन्होंने बताया कि एक ग्रिड में करीब 20 टन के लगभग ऑयल रहता है। अगर समय पर आग पर काबू नहीं किया जाता तो बड़ा नुकसान हो सकता था।

