छिंदवाड़ा : कोरोना मरीज की मौत, धरने पर बैठीं अस्पताल की नर्सें

SHUBHAM SHARMA
2 Min Read
chhindwara corona virus news

छिंदवाड़ा: मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा में कोरोना पॉजिटिव की मौत के बाद जिला अस्पताल में नर्सिंग स्टाफ ने मोर्चा खोल दिया है. उन्होंने सुरक्षा उपकरण उपलब्ध करवाने, सैनिटाइजर, मास्क एवं अन्य सामग्री की मांग को लेकर काम बंद कर दिया है. स्वास्थ्यकर्मियों ने काम करने से साफ इनकार करते हुए हाथ खड़े कर दिए हैं.

बताया जा रहा है कि सुरक्षा उपकरण के लिए लंबे समय से मांग की जा रही है. नर्सिंग स्टाफ का कहना है कि स्वास्थ्य विभाग के द्वारा सैनिटाइजर, मास्क, पीपीई किट उपलब्ध करवाई जानी चाहिए. इन जरूरी सामग्री के बगैर काम करना स्वास्थ्यकर्मी और नर्सिंग स्टॉफ के लिए भारी पड़ सकता है. संक्रमित होने के आसार भी बढ़ जाते हैं.

आपको बता दें कि मध्य प्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में कोरोना वायरस के एक मरीज की मौत हो गई. किशन लाल इवनाती नाम के इस व्यक्ति की मौत आज शनिवार 4 अप्रैल की सुबह 6:30 बजे  इलाज के दौरान हुई. बता दें कि कोरोना से यह जिले में पहली मौत है.वहीं पूरे मध्य प्रदेश में पॉजिटिव मरीजों का आंकड़ा 161 पहुंच गया है.

आधिकारिक जानकारी के अनुसार किशन लाल कुछ दिन पहले ही इंदौर से अपने गांव छिंदवाड़ा लौटा था. किशन लाल को कुछ दिन पूर्व ही कोरोना वायरस की पुष्टि होने पर जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में भर्ती कराया गया था.

TAGGED:
Share This Article
1 Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *